PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 15 OCT 2020 6:13PM by PIB Delhi

 

Coat of arms of India PNG images free download https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0015IFJ.jpg

 

(पिछले 24 घंटों में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल हैं)

  • भारत ने अभूतपूर्व रिकॉर्ड स्‍थापित किया, संक्रमण दोगुना होने का समय लगभग 73 दिन हुआ
  • सक्रिय मामलों की प्रतिशतता में और कमी आई, अब यह कुल मामलों की लगभग 11 प्रतिशत है
  • पिछले 24 घंटों में 81,514 नई रिकवरी,पिछले 24 घंटों के दौरान 67,708 नए पुष्ट मामले
  • प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीन शोध और वितरण योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की
  • स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से कोविड के संबंध में उचित व्यवहार अपनाने का आग्रह किया
  • कोविड-19 के खिलाफ जन आंदोलन को गति देने के लिए आयुष क्षेत्र की तैयारी
  • भारत दुनिया भर में जेनेरिक दवाओं के सबसे बड़े निर्माताओं और निर्यातकों में शामिल है : श्री डीवी सदानंद गौड़ा

 

 

#Unite2FightCorona

#IndiaFightsCorona

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0050API.jpg

Image

भारत ने अभूतपूर्व रिकॉर्ड स्‍थापित किया, संक्रमण दोगुना होने का समय लगभग 73 दिन हुआ,सक्रिय मामलों की प्रतिशतता में और कमी आई, अब यह कुल मामलों की लगभग 11 प्रतिशत है

भारत में मरीजों के ठीक होने की संख्‍या में लगातार भारी बढ़ोतरी हो रही है तथा सक्रिय मामलों की प्रतिशतता में भी काफी कमी हुई है। इसके परिणामस्‍वरूप संक्रमण के दोगुना होने के समय में तेजी से सुधार हुआ है। अब यह लगभग 73 दिन (72.8 दिन) है। यह दैनिक नए मामलों में काफी गिरावट को दर्शाता है। इसके परिणामस्‍वरूप कुल मामले दोगुना होने में लगने वाले समय में बढ़ोतरी हुई है। भारत ने अगस्त के मध्य में संक्रमण मामले दोगुना होने की दर 25.5 दिन थी। अब दोगुनी होने की दर लगभग 73 दिन होने में भारत ने लंबा रास्‍ता तय किया है।पिछले 24 घंटों में 81,514 नई रिकवरी हुई हैं। इसे मिलाकर मरीजों के ठीक होने की कुल संख्‍या अब लगभग 64 लाख (63,83,441) हो गई है। राष्ट्रीय रिकवरी दर में एक दिन में अधिक संख्‍या में हुई रिकवरी लगातार परिलक्षित हो रही है जो 87 प्रतिशत से अधिक हो गई है, अब यह 87.36 प्रतिशत है। 10 राज्यों/ केन्‍द्र शासित प्रदेशों का नए मरीज ठीक होने के मामलों में 79 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में एक दिन में 19,000 रोगी ठीक हुए हैं जबकि कर्नाटक में 8,000 से अधिक नए मरीज ठीक हुए हैं।वर्तमान में सक्रिय मामले देश के कुल पॉजि‍टिव मामलों के 11.12 प्रतिशत हैं। पॉजिटिव मामलों की संख्‍या 8,12,390 है। जो एक सप्ताह से 9 लाख से नीचे चल रही हैं। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 67,708 नए पुष्ट मामले दर्ज किए गए। 77 प्रतिशत नए पुष्ट मामले 10 राज्यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों से हैं। ऐसे मामलों की संख्‍या महाराष्ट्र में 10,000 से अधिक है जबकि कर्नाटक में यह संख्‍या 9,000 से अधिक है। वर्तमान में सक्रिय मामले देश के कुल पॉजि‍टिव मामलों के 11.12 प्रतिशत हैं। पॉजिटिव मामलों की संख्‍या 8,12,390 है। जो एक सप्ताह से 9 लाख से नीचे चल रही हैं। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 67,708 नए पुष्ट मामले दर्ज किए गए। 77 प्रतिशत नए पुष्ट मामले 10 राज्यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों से हैं। ऐसे मामलों की संख्‍या महाराष्ट्र में 10,000 से अधिक है जबकि कर्नाटक में यह संख्‍या 9,000 से अधिक है।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664826

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीन शोध और वितरण योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोविड-19 वैक्सीन के विकसित किया जाने के साथ-साथ टेस्टिंग तकनीक, संपर्कों की पहचान, दवा और इसके उपचार इत्यादि की समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्रीय स्वस्थ्य मंत्री श्री हर्ष वर्धन; सदस्य (स्वास्थ्य), नीति आयोग; प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार; वरिष्ठ वैज्ञानिक और अन्य अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कोविड-19 की उभरती चुनौतियों के बीच भारतीय वैक्सीन निर्माताओं और वैक्सीन विकसित करने वालों द्वारा किए जा रहे उनके प्रयासों के लिए उनकी सराहना की और ऐसे किसी भी प्रयास में सरकार के पूर्ण निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नियामक सुधार एक निरंतर प्रक्रिया है और सभी क्षेत्रों में आगे आने वाले विशेषज्ञों और उभरते क्षेत्रों का नियामक द्वारा सक्रियता से लगातार इस्तेमाल किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने वैक्सीन के समग्र वितरण और इसे लोगों तक पहुंचाने के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रबंधों और मौजूदा तंत्र की भी जानकारी ली। इसमें पर्याप्त खरीद, बड़े पैमाने पर इसके भंडारण की तकनीकि और अलग-अलग क्षेत्रों तक इसे पहुंचाने तथा लोगों के बीच इसका सुरक्षित वितरण शामिल है।प्रधानमंत्री ने यह प्रतिबद्धता फिर दोहराई की भारत न सिर्फ अपने देश के लोगों के लिए बल्कि समूचे विश्व के लिए कोविड-19 के खिलाफ परीक्षण, वैक्सीन और निदान के सस्ते, सुलभ और स्वीकार्य उपायों की दिशा में प्रयासरत है।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664882

डॉ. हर्षवर्धन ने खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफएसएसएआई के 'विज़न 2050' पर सरकार के समग्र प्रयासों को और बढ़ावा देने के लिए अंतर-मंत्रालयी बैठक की अध्यक्षता की।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ईट राइट इंडिया अभियान के तहत 'विजन 2050' के उद्देश्यों को साकार करने के लिए 'सरकार के समग्र दृष्टिकोण' के अंतर्गत आज खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफएसएसएआई तथा विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अंतर-मंत्रालयी बैठक की अध्यक्षता की। केंद्रीय मंत्री ने इस तथ्य पर ध्यान आकर्षित कराया कि, भारत में खाद्य जनित बीमारियों से उबरने में प्रति वर्ष लगभग 15 अरब डॉलर खर्च हो जाते हैं। बच्चों में अपक्षय होना (21%), सामान्य से कम वज़न रहना (36%) और अविकसित होना (38%) आम हैं। एनीमिया से पीड़ित 50% महिलाओं और बच्चों के साथ; बीते वक़्त में (2005 से 2015 के दौरान) में मोटापे की व्यापकता पुरुषों के बीच 9.3% से बढ़कर 18.6% हो चुकी है और गैर-संचारी रोगों के कारण होने वाली मौतों में वृद्धि के साथ-साथ महिलाओं के बीच मोटापे की व्यापकता 12.6% से 20.7% तक पहुंच गई है। इस प्रकार, 'खाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा' की ओर बढ़ने के लिए, इन सभी मंत्रालयों से आम लक्ष्यों तथा रणनीतियों को निर्धारित करने और उनके कार्यों के अनुसार तालमेल बनाने के लिए एक साझा मंच बनाने की उम्मीद की जाती है।डॉ. हर्षवर्धन ने सामने आए हुए चौंकाने वाले आंकड़ों पर ध्यान देते हुए कहा कि, 'ईट राइट इंडिया' और 'फिट इंडिया' अभियान देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत परिवर्तनकारी साबित होंगे। इनके परिणाम हम सभी को आने वाले दस वर्षों में दिखाई देंगे। 

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664867

डॉ. हर्षवर्धन ने सभी एम्स और केन्द्र सरकार के अस्पतालों के प्रमुखों के साथजन आन्दोलनऔर कोविड उपयुक्त व्यवहार पर बैठक की अध्यक्षता की

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कल सभी एम्स और केंद्रीय अस्पतालों के प्रमुखों के साथ कोविड उचित व्यवहार पर "जन आन्दोलन" के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक की अध्यक्षता की। महामारी के खिलाफ देश की सामूहिक लड़ाई में आगामी महीनों की गंभीरता का उल्लेख करते हुए, डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि अब हम कोविड-19 के खिलाफ अपनी लड़ाई के दसवें महीने में प्रवेश कर रहे हैं। 8 जनवरी को हमने विशेषज्ञ समूह की पहली बैठक की थी और तब से यह यात्रा अथक रूप से जारी है। लेकिन आज हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि हमने कोविड के खिलाफ अपनी लड़ाई के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा तैयार किया है जिसमें 90 लाख से अधिक बेड, 12,000 से अधिक क्वारंटीन केंद्र और 1900 से अधिक लैब शामिल हैं। उन्होंने सभी योद्धाओं के अथक और समर्पित प्रयासों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए उन्हें सलाम किया और उन योद्धाओं की मृत्यु पर शोक जताया जिन्होंने दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए अपने जीवन का बलिदान दे दिया।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने देश भर के लोगों से इस माह की 8 तारीख को प्रारंभ किए गए 'जन आंदोलन' के एक अंग के रूप में माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान का पालन करते हुए कोविड के संबंध में उचित व्यवहार अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस वायरस ने पूरी दुनिया पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है, लेकिन सरल एहतियाती उपाय कोरोनोवायरस को काफी हद तक रोकने में कारगर हैं। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थलों पर मास्क/फेस कवर पहनना और हाथ धोना और श्वसन शिष्टाचार का पालन करना ही सामाजिक वैक्सीन के प्रमुख सिद्धांत हैं।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664661

कोविड-19 के खिलाफ जन आंदोलन को गति देने के लिए आयुष क्षेत्र की तैयारी, लगभग 2000 लोगों ने कोविड-19 संकल्प लिया

आयुष मंत्रालय ने कोविड-19 पर जन आंदोलन अभियान की शुरुआत की है। यह जन आंदोलन कोविड-19 के प्रति लोक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया के संबंध में है। कोविड-19 महामारी से मुकाबले के लिए उचित व्यवहार का अभियान, माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 8 अक्टूबर को एक ट्वीट के माध्यम से शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य आगामी त्योहारों और सर्दी के मौसम को देखते हुए देशभर में लोगों को जागरूक करना और कोविड-19 से बचाव के मान्य तरीकों का अनुपालन करना तथा लोगों को अनुपालन के लिए प्रेरित करना था। आयुष मंत्रालय के अधीन पेशेवर भी जनता के साथ करीब रहकर काम करते हैं, अतः यह क्षेत्र भी इस अभियान को गति देने की तैयारी कर रहा है। इस जन आंदोलन अभियान का संचालन जनता की भागीदारी से संभव होगा। आयुष चिकित्सक और अन्य पेशेवर उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे और देश भर में कोविड-19 से संबंधित प्रासंगिक सूचना लोगों तक पहुंचाएंगे। इस अभियान की मुख्य बात होगी 'अनलॉक विद प्रिकॉशन'। जिन तीन मुख्य बातों पर जोर दिया जा रहा है उनमें मास्क पहनना, सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना और हाथ की सफाई का ध्यान रखना शामिल है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए मंत्रालय से संबंधित कार्यालय और इसके अधीन आने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां, निजी उद्योग क्षेत्र तथा शिक्षा संस्थानों के साथ साझेदारी कर रहे हैं। आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की मदद से राज्यों और संघ शासित प्रदेशों में चल रहे आयुष दवाखाने और राज्य तथा संघ शासित क्षेत्रों में आयुष निदेशालय, आयुष मंत्रालय के लिए व्यवहार में बदलाव का संदेश फैलाने में बड़े नेटवर्क की भूमिका निभाएंगे। 

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664626

पांचवें आयुर्वेद दिवस का मुख्य विषय है-कोविड-19 के लिए आयुर्वेद

इस वर्ष के 'आयुर्वेद दिवस' का आयोजन कोविड-19 महामारी के प्रबंधन में आयुर्वेद की संभावित भूमिका पर केंद्रित होगा। सन् 2016 से प्रति वर्ष धन्वंतरि जयंती के दिन आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष यह दिवस 13 नवंबर 2020 को मनाया जायेगा। आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य आयुर्वेद और उसके अद्वितीय उपचार सिद्धांतों की शक्तियों पर ध्यान केंद्रित करना है। आयुर्वेद की क्षमता का उपयोग करके रोग और संबंधित मृत्यु दर को कम करने की दिशा में काम करना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, और राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति में योगदान के लिए आयुर्वेद की क्षमता का उपयोग करने के साथ-साथ समाज में चिकित्सा के लिये आयुर्वेदिक सिद्धांतों को बढ़ावा देना इसके उद्देश्यों में शामिल है। इस प्रकार, आयुर्वेद दिवस, उत्सव और समारोह से अधिक व्यवसाय और समाज के लिए समर्पण का एक अवसर है।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664872

भारत दुनिया भर में जेनेरिक दवाओं के सबसे बड़े निर्माताओं और निर्यातकों में शामिल है : श्री डीवी सदानंद गौड़ा

केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री श्री डीवी सदानंद गौड़ा ने कहा कि भारत दुनिया भर में जेनेरिक दवाओं के सबसे बड़े निर्माताओं और निर्यातकों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण में, आपातकालीन मामलों में एचसीक्यू और एज़िथ्रोमाइसिन को कोविड-19 के उपचार हेतु दवाओं में से एक के रूप में चिन्ह्ति किया गया था। दुनिया भर में 120 से अधिक देशों में भारत द्वारा इन दवाओं की आपूर्ति के बारे में उन्होंने कहा कि भारत ने दवाओं के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में ख्‍याति अर्जित की है।श्री गौड़ा ने कल देर शाम फिक्की द्वारा आयोजित एलईएडीएस 2020 के दौरान 'रीइमेजनिंग डिस्टेंस' पर वर्चुअल लैटिन अमेरिका और कैरेबियन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 तक भारतीय फार्मा उद्योग का कारोबार 65 बिलियन डॉलर का हो सकता है।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664676

वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक में हिस्सा लिया

केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कल सऊदी अरब की अध्यक्षता में जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की बैठक में हिस्सा लिया। जी-20 देशों के मंत्री और गवर्नर साल 2020 के वैश्विक आर्थिक दृष्टिकोण और कोविड-19 महामारी को लेकर जी-20 की प्रतिक्रिया एवं जी-20 की अन्य वित्तीय प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए एकत्रित हुए। पहले सत्र में वित्त मंत्री ने कोविड-19 से मुकाबले में जी-20 ऐक्शन प्लान के अपडेट्स पर बात की, जिसका जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों ने 15 अप्रैल 2020 को समर्थन किया था। श्रीमती सीतारमण ने जोर देकर कहा कि जी-20 ऐक्शन प्लान में अपडेट की गई प्रतिबद्धताओं को कार्रवाई के बिंदुओं के लिए वर्तमान नीति के संदर्भ में प्रासंगिक बनाए रखना होगा जिससे कोविड-19 के खिलाफ पॉलिसी रिस्पांस के रूप में यह प्रभावी बनी रहे।जी-20 ऐक्शन प्लान प्रतिबद्धताओं के अपडेशन के मुख्य मार्गदर्शक सिद्धातों की व्याख्या करते हुए श्रीमती सीतारमण ने रिकवरी प्लान्स में स्वास्थ्य और आर्थिक उद्देश्यों को संतुलित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वित्त मंत्री ने आगे सदस्य देशों के बीच नीतिगत प्रक्रियाओं की विविधता, घरेलू नीतिगत कार्रवाइयों से इंटरनेशनल स्पिलओवर और विशेष रूप से क्रेडिट रेटिंग डाउनग्रेड्स की प्रोसाइक्लिकैलिटी (वित्तीय प्रणाली और अर्थव्यवस्था के बीच इंटरैक्शन) के संबंध में वैश्विक नियामक संस्थाओं में आवश्यक सुधार पर विचार करने की जरूरत के बारे में भी बताया।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664624

राष्‍ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद और तुर्कमेनिस्‍तान के राष्‍ट्रपति ने टेलीफोन पर बातचीत की 

राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने आज(15 अक्टूबर,2020) तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति महामहिम श्री गुरबंगुली बर्दीमुहमेदोव के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इन नेताओं ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्‍कृतिक संबंधों से मजबूत हुए घनिष्‍ठ और सौहार्दपूर्ण संबंधों को स्‍वीकार किया। उन्‍होंने विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग की निरंतर गति के बारे में भी संतोष जाहिर किया। दोनों नेताओं ने व्‍यापार और आर्थिक क्षेत्रों में मौजूद अपार क्षमताओं पर सहमति व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने भारत और तुर्कमेनिस्तान की कंपनियों के बीच, विशेष रूप से फार्मास्‍युटिकल क्षेत्र में संयुक्‍त सहयोग की सफलता का उल्‍लेख किया।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664769

पैरा-तीरंदाज़ अंकित  कोविड जांच में पॉज़िटिव पाये गये, भारतीय खेल प्राधिकरण-साई के अधिकारियों ने सोनीपत के अस्पताल में स्थानांतरित किया

सोनीपत में भारतीय खेल प्राधिकरण के एनआरसी में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में भाग ले रहे पैरा-तीरंदाज़ अंकित, कोविड-19 जांच में पॉज़िटिव पाये गए हैं। उचित उपचार सुनिश्चित करने और उचित स्वास्थ्य देखभाल के लिए, अंकित को बुधवार को सोनीपत के भगवान दास अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। पैरा-तीरंदाजी शिविर 5 अक्टूबर को शुरू हुआ था। आठ तीरंदाजों सहित शिविर में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों ने कोविड-19 की आरटी-पीसीआर नकारात्मक जांच रिपोर्ट जमा करने के बाद शिविर में प्रशिक्षण शुरू किया था। शिविर के लिए जारी विशेष मानक संचालन प्रक्रिया-एसओपी के अनुसार, शिविर में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के नमूने 12 अक्टूबर को पुनः परीक्षण के लिए ले लिए गए जहाँ अंकित की रिपोर्ट पॉज़िटिव पाई गई। अस्पताल ले जाने से पहले उन्हें तुरंत सोनीपत में प्राधिकरण के एनआरसी मेडिकल सेंटर के ऊपर बनाए गए आइसोलेशन वॉर्ड में पहुंचा दिया गया।

 

अधिक जानकारी के लिए यहां पढ़े-

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1664510

 

पत्र सूचना कार्यालय के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

 

महाराष्ट्र :  महाराष्ट्र सरकार ने आज सेमिशन बिगेन अगेनके एक भाग के रूप में  पुस्तकालय, अनुसंधान या प्रयोगशाला कार्य की आवश्यकता वाले उच्च शिक्षा संस्थान,मेट्रो रेल सेवा,व्यापारिक प्रदर्शनी और साप्ताहिक बाजारों को फिर से खोलने की अनुमति दे दी है। राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार गुरुवार से कंटेनमेंट जोन के बाहर इन सभी गतिविधियों को फिर खोलने की अनुमति दी जाएगी।

 

गुजरात :  गुजरात उच्च न्यायालय का परिसर कोविड-19 महामारी के दौरान पूर्ण स्वच्छता के लिए दूसरी बार 16 से 19 अक्टूबर तक बंद रहेगा। उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल ने बुधवार को एक परिपत्र जारी कर कहा कि इस  अवधि के दौरान अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की एंटीजन जांच करायी जाएगी। गुजरात में अस्पताल से छुट्टी मिलने वाले रोगियों की संख्या पॉजिटिव होने वाले लोगों से लगातार अधिक बनी हुई है और बुधवार को कोविड-19 के कुल संचयी मामले 1.55 लाख से अधिक हो गए। 

 

राजस्थान :  मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोविड-19 कल्याण कार्यक्रमों के सामाजिक लेखा परीक्षण का निर्णय लिया है। देश में पहली बार होने वाले इस प्रकार के लेखा परीक्षण के लिए गैर-सरकारी संगठनों की सहायता ली जाएगी। राज्य सरकार ने कोविड-19 के दौरान विशेष रूप से लॉकडाउन में ज़रूरतमंद लोगों की मदद के लिए विभिन्न योजनाओं जैसे दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तीन किश्तो में एक बार 3,500 रूपये की वित्तीय सहायता, मुफ्त राशन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित कई अन्य प्रयासों की शुरूआत की थी। 

 

मध्यप्रदेश :  राज्य में नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के सभी मंदिर खुले रहेंगे और श्रद्धालु मंदिरों के आसानी से दर्शन कर सकेंगे। कोरोना संक्रमण के कारण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के सभी लोगों से जहां तक संभव हो पूजा घरों में करने और मंदिर में भीड़ न करने की अपील की है। 

असम :  पिछले चौबीस घंटे के दौरान कोविड-19 के 1,39,868 नमूनों की जांच की गई जिसमें से 1,427 मामले पॉजिटिव पाए गए। असम मेें अब कोविड-19 के कुल 1,98,213 मामले हैं।

 

मेघालय :  राज्य में आज 176 व्यक्ति कोरोना वायरस से स्वस्थ हुए। मेघालय में अब 2,339 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 122 मामले बीएसएफ और सशस्त्र बलों से जुडे हैं। 

 

केरल :  मुख्यमंत्री पिनयारी विजयन ने आज तिरुवनंतपुरम में उच्च विषाणु विज्ञान संस्थान का उद्घाटन किया। यह संस्थान विभिन्न विषाणु पर अनुसंधान करेगा और इसके नैदानिक पहलू की समीक्षा करेगा। कोविड महामारी संकट को ध्यान में रखते हुए केरल राज्य बाल अधिकार आयोग ने राज्य के शैक्षणिक संस्थानों को इस वर्ष के शुल्क में पच्चीस प्रतिशत की कटौती की अनुमति देने का निर्देश दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सरकारी,सीबीएसई और आईसीएसई स्कूल में लागू होगा। राज्य में कल कोविड-19 के 6,244 नए मामले सामने आए। वर्तमान में केरल में 93,837 लोग उपचार प्राप्त कर रहे हैं और 2.78 लाख लोग निगरानी में हैं। राज्य में कोविड-19 से अब तक 1,066 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। 

 

तमिलनाडु :  राज्य में लगातार तीसरे दिन कोविड-19 के मामलों में कमी दर्ज की गई। तमिलनाडु में संक्रमण के नए मामलो में थोड़ी कमी आई है और बुधवार को 4,462 लोग जांच में पॉजिटिव पाए गए। इसके साथ ही 5,083 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई और 52 और लोगों की कोविड-19 से मृत्यु हुई। चेन्नई में गत वर्ष के मुकाबले डेंगू के केवल दो प्रतिशत मामले दर्ज किए गए हैं। डेंगू के अधिकतम मामलों के समय रहने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून शहर में समाप्ति की ओर है। एक वरिष्ठ जीसीसी अधिकारी ने कहा है कि कोविड-19 में व्यस्त रहने वाले अस्पतालों ने मामलों का उचित उपचार नहीं किया होगा या मामले कम संख्या में सामने आए होंगे। 

 

कर्नाटक :  राज्य में उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों को दो दिन में एक बार कोविड की जांच करानी होगी। कर्नाटक सरकार ने बुधवार को कोविड-19 महामारी के मद्देनज़र इस वर्ष दशहरा और दीपावली उत्सव के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। पटाखों की बिक्री एक से 17 नवंबर तक की जाएगी और दशहरा में कम भीड़ को अनुमति दी जाएगी। राज्य में कोविड-19 के साथ सह-संक्रमण वाले रोगियों के मामले सामने आ रहे हैं और इससे डॉक्टर अन्य बीमारी की पहचान करने और दोनो परिस्थितियों के लिए उपचार करने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। इन बीमारियों में मलेरिया,टाइफाइड,टीबी,डेंगू,एच1एन1 और बैक्टीरियल निमोनिया शामिल हैं।

 

आंध्रप्रदेश :  केंद्र सरकार द्वारा अनलॉक 5.0 के अंतर्गत सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को पचास प्रतिशत क्षमता के खोलने की अनुमति देने के बाद भी राज्य में सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स बंद रहे। फिल्म प्रदर्शकों का कहना है कि कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के चलते पांच महीने से अधिक समय तक शूटिंग न होने के बाद नई फिल्मों के जारी न होने और रखरखाव की लागत अधिक बढ़ने जैसे मूल कारणों के चलते वो सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स नहीं खोलेंगे। इसके साथ ही सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी एसओपी के अंतर्गत कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन करने के लिए प्रत्येक सिनेमा हॉल को अन्य खर्चों के साथ कम से कम चार लाख रूपए व्यय करने होंगे। टीटीडी अध्यक्ष वाई वी सुब्बा रेड्डी कोरोना संक्रमण से प्रभावित पाए गए हैं। 

 

तेलंगाना : राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,432 नए मामले सामने आए,1,949 लोग स्वस्थ हुए और आठ लोगों की मृत्यु हुई। 1,432 मामलों में से 244 मामले जीएचएमसी में मिले। राज्य में अब कोरोना के कुल 2,17,670 मामले, 23,203 सक्रिय मामले, 1249 मृत्यु और 1,93,218 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है। कोविड-19 से लड़ाई में सरकार के प्रयासों का समर्थन करते हुए अपोलो अस्पताल ने गुरुवार को प्रतिदिन दस लाख कोविड वैक्सीन लगाने की तैयारी करने की घोषणा की। केंद्र सरकार द्वारा वैक्सीन उपलब्ध कराने पर अपोला अस्पताल अपने शीतगृह सुविधा के साथ 19 अखिल भारतीय दवाई आपूर्ति केंद्रों,70 अस्पताल,400 से अधिक क्लीनिक,500 कार्पोरेट स्वास्थ्य केंद्र और लगभग चार हजार दवाखाना के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल वैक्सीन की व्यवस्था करने के लिए करेगा।   

 

 

FACT CHECK


 

 

 

 


******

एमजी/एएम/एजे/डीए

 



(Release ID: 1665018) Visitor Counter : 380