PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 06 JUN 2020 6:27PM by PIB Delhi

(पिछले 24 घंटे में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल है)

 

पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 4,611 मरीज स्वस्थ हो गए, जिससे स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,14,073 हो गई। इस प्रकार सुधार (रिकवरी) की दर 48.20 प्रतिशत हो गई है।

1,15,942 सक्रिय मामले चिकित्सा देख-रेख में हैं; कोविड-19 के चलते कुल 6,642 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

पिछले 24 घंटों में कुल 1,37,938 नमूनों की जांच की गई; अभी तक कुल 45,24,317 नमूनों की जांच हो चुकी है।

राष्ट्रपति ने कृषि और सहायक गतिविधियों में लगे किसानों के लिए ग्रामीण भारत को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से दो अध्यादेश जारी किए।

 

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से कोविड-19 पर प्राप्त अपडेट

पिछले 24 घंटों के दौरान, कुल 4,611 कोविड19 मरीज़ ठीक हुए हैं। इस प्रकार, अब तक, कुल 1,14,073 मरीज कोविड19 से ठीक हो चुके हैं। कोविड19 रोगियों के ठीक (रिकवरी) होने की दर 48.20 प्रतिशत है। वर्तमान में, 1,15,942 सक्रिय मामले हैं और सभी गहन चिकित्सा देख-रेख में हैं। आईसीएमआर ने संक्रमित व्यक्तियों में नोवेल कोरोना वायरस का पता लगाने के लिए परीक्षण क्षमता को और बढ़ा दिया है। सरकारी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 520 हो गयी है और निजी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 222 (कुल 742) हो गयी है। पिछले 24 घंटों में 1,37,938 नमूनों की जांच की गई। इस प्रकार अब तक जांचे गए नमूनों की कुल संख्या 45,24,317 है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005OGRQ.jpg

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

ऑपरेशन समुद्र सेतु-आईएनएस जलाश्व 700 भारतीयों को लेकर माले से तूतीकोरिन के लिए रवाना हुआ

अपने नागरिकों को समुद्र द्वारा विदेशी तटों से वापस लाने के भारत के राष्ट्रीय प्रयास के लिए भारतीय नौसेना के योगदान-ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत भारतीय नौसेना जहाज जलाश्व अपने तीसरे दौरे पर 04 जून, 2020 को माले, मालदीव पहुंचा। 05 जून 2020 को वहां इस जहाज में 700 भारतीय नागरिक सवार हुए तथा देर शाम यह भारत के लिए रवाना हुआ। यह जहाज यात्रा के दौरान कोविड प्रोटोकॉलों का सख्ती से पालन करेगा और इसके 07 जून 2020 को तूतीकोरिन पहुंचने की उम्मीद है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कागामे के बीच फोन पर बातचीत हुई

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने रवांडा के राष्ट्रपति महामहिम पॉल कागामे से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने कोविड-19 महामारी के चलते उनकी स्वास्थ्य प्रणालियों और अर्थव्यवस्थाओं के सामने पैदा हुई चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने इस संकट से उबरने और नागरिकों का बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की दिशा में अपने-अपने देशों में उठाए गए कदमों से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। दोनों नेताओं ने वर्तमान संकट के दौरान एक दूसरे के प्रवासी नागरिकों को हर संभव सहायता देने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने रवांडा के राष्ट्रपति को कोरोना वायरस से लड़ाई में रवांडा के प्रयासों को भारत की तरफ से निरंतर समर्थन देने का भरोसा दिलाया, जिसमें चिकित्सा सहायता भी शामिल है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

राष्ट्रपति ने ग्रामीण भारत और कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो अध्यादेशों को जारी किया

आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में सुधारों के लिए भारत सरकार द्वारा ऐतिहासिक फैसलों की घोषणा के बाद, भारत के राष्ट्रपति ने कृषि और सहायक कार्यों में लगे किसानों के लिए ग्रामीण भारत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निम्नलिखित अध्यादेशों को जारी किया है: कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य  (संवर्धन और सुविधा) अध्यादेश 2020; और मूल्य आश्वासन पर किसान समझौता (अधिकार प्रदान करना और सुरक्षा) और कृषि सेवा अध्यादेश 2020।   

जब कोविड-19 संकट के दौरान कृषि और उससे संबद्ध गतिविधियों के परिवेश की परख हुई, तो इससे इस बात की एक बार फिर पुष्टि हुई कि केन्द्र सरकार को इस क्षेत्र में सुधार प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए और इसमें एक राष्ट्रीय कानूनी सुविधाजनक प्रणाली होनी चाहिए ताकि राज्य के भीतर और दो राज्यों के बीच कृषि उपज के व्यापार में सुधार हो सके। भारत सरकार ने इस बात को मान्याता दी कि किसान बेहतर मूल्य पर अपनी फसल को अपनी पसंद के स्थान पर बेच सकता है जिससे संभावित खरीदारों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। खेती के समझौतों के लिए एक सुविधाजनक ढांचा भी आवश्यक माना गया। अत: दो अध्यादेशों को जारी कर दिया गया।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए बैठक की अध्यक्षता की

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल निशंकने इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस स्कीम (आईओई) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान, मंत्री ने कहा कि आईओई और एचईएफए के कार्यों की निगरानी करने के लिए 15 दिनों में मानव संसाधन विकास मंत्रालय में एक परियोजना प्रबंधन इकाई की स्थापना की जानी चाहिए। श्री निशंक ने यह आश्वासन दिया कि आईओई के विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय की तरफ से एक प्रतिबद्धता पत्र जारी किया जाएगा कि आईओई के समझौता ज्ञापन के अनुसार खर्च के लिए धनराशि जारी की जाएगी। उन्होंने यह भी इच्छा व्यक्त किया कि अब निर्माण गतिविधियां खुल चुकी हैं और आईओई के कार्यों को तेज गति से किया जा सकता है जो कोविड-19 के कारण बंद हो गए थे।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विज्ञान के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के लिए कोविड-19 के लिए शोध प्रस्ताव आमंत्रित किए गए

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र  मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री श्री स्कॉट मॉरिसन एमपी ने 04 जून 2020 को भारत-आस्ट्रेलिया के नेताओं के वर्चुअल शिखर सम्मेलन के दौरान वर्ष 2020 में विशेष कोविड-19 सहयोग की घोषणा की गई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार और ऑस्ट्रेलिया के उद्योग, विज्ञान, ऊर्जा एवं संसाधन विभाग ने ऑस्ट्रेलिया-इंडिया स्ट्रे ‍टेजिक रिसर्च फंड (एआईएसआरएफ) के अंतर्गत इच्छुक वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से कोविड-19 के संबंध में साझा शोध परियोजनाएं आमंत्रित कीं। एआईएसआरएफ विज्ञान के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा संयुक्त रूप से प्रबंधित एवं वित्त पोषित मंच है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने मोदी सरकार 2.0 के अंतर्गत डोनर मंत्रालय की एक वर्ष की उपलब्धियों पर पुस्तिका और इसका ई-संस्करण लॉन्च किया

केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र कई प्रकार से एक रोल मॉडल के रूप में उभरा है। पिछले छह वर्षों से विकास के लिए एक सफल मॉडल के रूप में उभरने के बाद, अब यह क्षेत्र कोरोना प्रबंधन में भी रोल मॉडल के रूप में उभरा है और सामान्य कामकाजी स्थितियों में लौटने के बाद एक बार फिर से इसने अनुसरण करने के मामले में पूरे देश के लिए म़ॉडल प्रस्तुत किया है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा पिछले छह वर्षों में पूर्वोत्तर क्षेत्र को मिली प्राथमिकता और संरक्षण के कारण यह संभव हुआ है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

अरुणाचल प्रदेश : कोविड-19 की जांच के लिए कुल 10,790 नमूने लिए गए। सक्रिय मामलों की संख्या 46 है और एक मरीज स्वस्थ हो गया। 1,700 से ज्यादा जांच के नतीजे अभी तक नहीं आए हैं।

असम : असम में कोविड-19 की जांच में दो बार निगेटिव आने के बाद 38 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अभी तक कुल 547 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, सक्रिय मरीजों की संख्या 1,770 के स्तर पर है।

मणिपुर : मणिपुर में 11 लोगों के कोविड-19 पॉजिटिव मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 143 हो गई है। 52 लोगों के स्वस्थ होने के साथ सुधार की दर 36 प्रतिशत हो गई है।

मिजोरम :  मिजोरम को कोविड-19 के लिए आरटी-पीसीआर परीक्षण मशीन मिल गई है। इसे जोरम मेडिकल कॉलेज, आइजॉल में लगाया जाएगा।

नागालैंड : 12 अन्य फंसे नागरिक एयर इंडिया की उड़ान से गुवाहाटी से नागालैंड पहुंच गए। वापस लौटने वालों को अनिवार्य जांच और एकांत के लिए एग्री एक्सपो ले जाया गया है। मोकोकचुंग चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने नागालैंड में ट्रू-नैट मशीन एसेसरीज की खरीद के लिए कोविड-19 पर बने जिला कार्य बल को 3 लाख रुपये दान दिए।

केरल : राज्य में कोविड-19 से एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जिससे इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 15 हो गई है। पूर्व फुटबाल खिलाड़ी और संतोष ट्रॉफी में खेल चुके हमजा कोया (63) की आज मृत्यु हो गई, जिनका मलाप्पुरम में मंजेरी एमसी में उपचार चल रहा था। वह राज्य के ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जिनका कोविड के लिए प्लाज्मा उपचार चल रहा था। उनके परिवार के 5 सदस्यों का भी कोविड का उपचार चल रहा है। कोझिकोड में कोविड-19 मरीज के संपर्क में आने के बाद क्वारंटाइन में चल रहे 190 स्वास्थ्य कर्मचारियों में 118 लोगों के नमूने जांच में निगेटिव पाए गए। खाड़ी देशों में इस वायरस के चलते केरल के छह अन्य लोगों की मृत्यु के बाद मरने वालों की कुल संख्या 170 हो गई। राज्य में कल कोविड के मामले तीन अंकों में रहे और 111 लोग जांच में पॉजिटिव पाए गए। 973 मरीजों का उपचार अभी भी जारी है।

तमिलनाडु : पुडुचेरी में इंदिरा गांधी एमसी को 8 जून से गैर कोविड मरीजों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, पुडुचेरी में पांच नए लोगों के जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद संघ शासित क्षेत्र में कुल मामले बढ़कर 104 हो गए। तमिलनाडु में निजी अस्पतालों में कोविड-19 उपचार के लिए प्रति दिन की दर तय कर दी गईं : आईसीयू के लिए अधिकतम 15,000 रुपये; सामान्य वार्ड के लिए ग्रेड 1 और 2 अस्पतालों में अधिकतम 7,500 रुपये तथा ग्रेड 3 और 4 अस्पतालों में अधिकतम 5,000 रुपये होगी। मुख्यमंत्री ने उद्योगों से प्रवासियों के बजाय तमिलनाडु के कामगारों का उपयोग करने का अनुरोध किया है। चेन्नई में सरकारी अस्पतालों को मामलों में बढ़ोतरी के कारण कर्मचारियों की संख्या में भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। चेन्नई से संबंधित 1,116 मामलों के साथ कल राज्य में 1,438 नए मामले सामने आए और 12 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कुल मामले : 28,694, सक्रिय मामले : 12,697, मृत्यु : 232, डिस्चार्ज : 15,762। चेन्नई में सक्रिय मामलों की संख्या 9,437 के स्तर पर है।

कर्नाटक : राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक सतर्कता उपायों के साथ होटलों और रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति दे दी है। राज्य सरकार ने महाराष्ट्र से लौटने वालों के लिए नए एसओपी जारी किए, जिनमें निगेटिव रिपोर्ट के साथ 21 दिन का होम क्वारंटाइन शामिल है। अब चिकमंगलूर जिला 16 पुष्ट मामलों के उपचार के बाद कोविड मुक्त हो गया है। शुक्रवार को 515 पॉजिटिव मामलों के साथ राज्य में किसी एक दिन में सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए और पिछले रुझान की तरह इनमें दूसरे राज्यों से आए 482 लोग शामिल हैं। कुल पॉजिटिव मामले : 4,835, सक्रिय मामले : 3,088, मृत्यु : 57, स्वस्थ हुए : 1,688।

आंध्र प्रदेश : 8 जून से तिरुमाला मंदिर में दर्शन ट्रायल शुरू करने की तैयारियां हो गई हैं; अलिप्री चेक पोस्ट को पूरी तरह सुरक्षित कोविड-19 चेक प्वाइंट में परिवर्तित कर दिया गया है। राज्य में पॉजिटिव मामलों की 1.02 प्रतिशत दर के साथ कुल 4,36,335 नमूने लिए जा चुके हैं। 12,771 नमूनों के परीक्षण के बाद पिछले 24 घंटों के दौरान 161 नए मामले सामने आए, 29 लोग डिस्चार्ज कर दिए गए और किसी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई। कुल मामले : 3,588, सक्रिय मामले : 1192, स्वस्थ हुए : 2323, मृत्यु : 73। अभी तक कुल 741 प्रवासी जांच में पॉजिटिव पाए जा चुके हैं, जिनमें से 467 अभी भी सक्रिय हैं। विदेश से लौटे लोगों से संबंधित 131 मामलों में से 127 सक्रिय हैं।

तेलंगाना : डायलिसिस के रोगियों और उनके प्राथमिक संपर्क नोवेल कोरोना वायरस के शिकार हो रहे हैं, ऐसे ही चार मामले शुक्रवार को दर्ज किए गए। कोविड-19 मामलों में तेज बढ़ोतरी के बीच दक्षिण भारत में तेलंगाना द्वितीय संक्रमण दर तालिका में शीर्ष पर है, जबकि भारत में राज्य छठे पायदान पर है। 4 जून को कुल मामलों की संख्या 3,290 के स्तर पर रही। अभी तक 448 प्रवासी और विदेश से लौटे लोग जांच में पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र : कोविड-19 के 2,436 नए मामले दर्ज किए गए, इस प्रकार कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 80,229 के स्तर पर पहुंच गई है; वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 42,215 के स्तर पर है। हॉटस्पॉट मुंबई में संक्रमण के 1,150  नए मामले दर्ज किए गए, जिससे शहर में पॉजिटिव मामलों की संख्या 45,854 हो गई और जिनमें से 25,539 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। महाराष्ट्र में सुधार की दर 43.81 प्रतिशत के स्तर पर बनी हुई है, वहीं मृत्यु दर 3.55 प्रतिशत है।

गुजरात : कोविड-19 के 510 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 19,000 से ज्यादा हो गई है। वहीं शुक्रवार को कोविड-19 के चलते 35 मरीजों की मृत्यु हो गई और दिन भर में 344 लोग स्वस्थ हो गए। राज्य में स्वस्थ होने की दर में लगातार सुधार हो रहा है और अब यह बढ़कर 68.05 प्रतिशत हो गई है, जबकि मई के आखिरी हफ्ते में यह 44.3 प्रतिशत के स्तर पर थी।

मध्य प्रदेश : कोविड-19 के 234 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे राज्य में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 8,996 हो गई। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 2,734 के स्तर पर है। नए मामलों में से ज्यादातर हॉटस्पॉट इंदौर और भोपाल, उसके बाद नीमच जिले में सामने आए हैं। अभी तक राज्य में 384 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

राजस्थान : आज कोविड-19 के 44 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 10,128 हो गई। नए मामलों में से ज्यादातर पाली और चुरु जिलों में दर्ज किए गए। राज्य में मामले दोगुने होने की दर बढ़कर 20 दिन हो गई। स्वस्थ होने की दर भी सुधरकर 70 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है।

छत्तीसगढ़ : शुक्रवार को कोविड-19 के 127 नए मामले दर्ज किए गए और आज 18 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 894 के स्तर पर पहुंच गई। यह राज्य में 18 मार्च को पहला मामला सामने आने के बाद से अभी तक किसी एक दिन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। पिछले तीन दिन में राज्य में 300 नए मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

गोवा : कोविड-19 के 30 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 196 हो गई। राज्य में 415 यात्रियों को क्वारंटाइन केन्द्रों में भेज दिया गया है।

 

***

एसजी/एएम/एमपी/एसके



(Release ID: 1629992) Visitor Counter : 392