सूचना और प्रसारण मंत्रालय
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यों को अगले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के आयोजन के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल प्रस्तावित करने का निमंत्रण दिया
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सिर्फ सम्मेलन कक्ष तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उससे आगे बढ़कर आम लोगों तक पहुंचेंगे: अश्विनी वैष्णव
प्रविष्टि तिथि:
22 SEP 2026 1:09PM by PIB Delhi
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार को देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों पर ले जाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुसार राष्ट्रीय कार्यक्रमों को पारंपरिक स्थलों से आगे ले जाकर देश भर की जगहों से जोड़ने की बात है।
श्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “हम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से प्रेरित होकर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों पर ले जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि एकता नगर को संपूर्ण विश्व में पहचान मिली है। यह बड़ी आकर्षक जगह है जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति स्थापित है। उन्होंने यह भी कहा कि जब भारत की माननीय राष्ट्रपति और देश भर से भारतीय फिल्म जगत की बड़ी हस्तियां ऐसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर आएंगी तो इससे अधिक लोगों को इस जगह के बारे में जानने और इसका अनुभव करने का मौका मिलेगा।
मंत्री महोदय ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को एक सम्मेलन कक्ष से आगे ले जाकर लोगों के करीब लाने और साथ ही पर्यटन के माध्यम से उन्हें और आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री अश्विनी वैष्णव ने सभी राज्यों को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित करने के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों की पहचान करते हुए प्रस्ताव देने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में सबसे अच्छी सुविधाओं के साथ-साथ उस स्थान के चहुंमुखी विकास की योजना भी शामिल होनी चाहिए। जिस राज्य के प्रस्ताव का चयन होगा वह प्रस्तावित पर्यटन स्थल पर आगामी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन करेगा।

मंत्री महोदय ने यह याद दिलाया कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत में जी-20 का आयोजन किया था तो इसके कार्यक्रम देश के अलग-अलग भागों में और अलग-अलग राज्यों में हुए थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को भी गंभीरतापूर्वक सोच-विचार के बाद पूरे देश में ले जाया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि फिल्म और पर्यटन को किस प्रकार एक साथ लाया जा सकता है।
श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि फिल्म और पर्यटन को एक साथ लाने से पर्यटन स्थलों को लाभ होगा और साथ ही राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को एक सम्मेलन कक्ष से आगे बढ़कर देश भर में वास्तविक जगहों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
***
पीके/केसी/केके/एमयू
(रिलीज़ आईडी: 2313384)
आगंतुक पटल : 150
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English
,
Urdu
,
Nepali
,
Marathi
,
Bengali-TR
,
Bengali
,
Assamese
,
Punjabi
,
Gujarati
,
Tamil
,
Telugu
,
Kannada
,
Malayalam