PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 14 JUN 2020 7:08PM by PIB Delhi

(पिछले 24 घंटे में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल है)

कोविड-19 से अभी तक 1,62,378 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जिसमें पिछले 24 घंटों में ठीक हुए 8,049 लोग शामिल हैं। इस प्रकार सुधार की दर बढ़कर 50 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर गई है।

प्रधानमंत्री ने अपने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ कोविड-19 के संदर्भ में राष्ट्रीय स्तर पर हालात और तैयारियों की समीक्षा की।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए हुई बैठक की अध्यक्षता की; राष्ट्रीय राजधानी में 2 दिन के भीतर कोविड-19 के परीक्षण दोगुने और 6 दिन में तीन गुने हो जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि दवा रेमडेसिवीर को सिर्फ सीमित आपातकालीन उद्देश्य से उपयोग को जांच चिकित्सा के लिए शामिल किया गया है।

Image

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से कोविड-19 पर प्राप्त अपडेट; मरीजों के ठीक होने (रिकवरी) की दर 50 प्रतिशत से भी अधिक हुई; कोविड-19 के कुल 1,62,378 रोगी ठीक हो चुके हैं

पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 8,049 रोगियों के ठीक होने के साथ ही रिकवरी दर 50 प्रतिशत से भी अधिक हो गई है। अब तक कोविड-19 के कुल 1,62,378 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में मरीजों के ठीक होने (रिकवरी) की दर 50.60 प्रतिशत है। इससे यह पता चलता है कि कोविड-19 के जितने भी मामले हैं, उनमें से आधे मरीज इस रोग से ठीक हो चुके हैं। समय पर रोग का पता लग जाने और समुचित चिकित्सीय उपचार से ही इतनी बड़ी संख्या में मरीज ठीक हो पाए हैं।

संक्रमित व्यक्तियों में नोवेल कोरोना वायरस का पता लगाने के लिए आईसीएमआर की परीक्षण (टेस्टिंग) क्षमता निरंतर बढ़ाई जा रही है। सरकारी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ाकर 646 और निजी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ाकर 247 (कुल 893) कर दी गई है। पिछले 24 घंटों में 1,51,432 नमूनों की जांच की गई। इस प्रकार अब तक कुल 56,58,614 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

कोविड-19 अपडेटः रेमडेसिवीर की स्थिति

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 13 जून, 2020 को कोविड-19 के लिए एक अपडेटेड क्लिनिकल मैनेजमेंट प्रोटोकॉल जारी किया गया है, जिसमें रेमडेसिवीर को टोसिलिजुमैब के ऑफ लेबल उपयोग और कान्वलेसन्ट प्लाज्मा के साथ केवल सीमित आपातकालीन उपयोग के उद्देश्यों के लिए एक "जांच चिकित्सा" के रूप में शामिल किया गया है। इस प्रोटोकॉल में इस बात का उल्लेख भी स्पष्ट रूप से किया गया है कि इन उपचारों का उपयोग सीमित उपलब्ध साक्ष्य और वर्तमान में सीमित उपलब्धता पर आधारित है। आपातकालीन उपयोग के तहत रेमडेसिवीर का इस्तेमाल ऐसे रोगियों पर करने पर विचार किया जा सकता है, जो मॉडेरट या मध्यम स्थिति में हों (जिन्हें ऑक्सीजन पर रखा गया हो), लेकिन कोई निर्दिष्ट कॉन्ट्रइंडिकेशंस न हों। देश में ऐसे वयस्क, जो संदिग्ध हैं या प्रयोगशाला में उनके कोविड-19 से पीड़ित होने की पुष्टि हो चुकी है और ऐसे बच्चे जो गंभीर बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, उनके लिए सीमित आपातकालीन दवाओं का उपयोग किया जाना निम्नलिखित शर्तों के अधीन हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

प्रधानमंत्री ने कोविड-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई की समीक्षा की

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ भारत की ओर से जारी कार्रवाई की समीक्षा के लिए वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ कल एक विस्तृत बैठक की। इस बैठक में महामारी के संदर्भ में राष्ट्रीय स्तर की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में दिल्ली सहित विभिन्न  राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की स्थिति का जायजा लिया गया। राजधानी में कोविड-19 के मौजूदा और उभरते परिदृश्य पर चर्चा की गई और अगले 2 महीने के अनुमानों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रधानमंत्री ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण उत्पन्न चुनौती से निपटने की समन्वित और समग्र योजना तैयार करने के लिए गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को उपराज्यपाल, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ भारत सरकार और दिल्ली सरकार के समस्त, वरिष्ठ अधिकारियों, दिल्लीं नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में आपात बैठक बुलाने का सुझाव दिया।

http://static.pib.gov.in/WriteReadData/Gallery/PhotoGallery/2020/Jun/I2020061488833.JPG

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता की

इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, दिल्ली के उप राज्यपाल श्री अनिल बैजल, दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविन्द केजरीवाल और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली को सुरक्षित रखने और कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तत्काल 500 रेलवे कोच दिल्ली को देने का निर्णय लिया जिससे दिल्ली में कोरोना के मरीजों के लिए 8000 बेड बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अगले दो दिन में कोरोना की टेस्टिंग को बढ़ाकर दोगुना किया जायेगा और 6 दिन में तीन गुना किया जायेगा। श्री शाह ने कहा कि नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी.के.पॉल की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई जो निजी अस्पतालों द्वारा कोरोना बेड में से 60 प्रतिशत बेड कम रेट पर उपलब्ध कराने, कोरोना की जांच और उसके उपचार की दर तय करना सुनिश्चित करेगी। यह समिति कल तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कृषि के क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कृषि के क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि इससे कृषि क्षेत्र में समृद्धि बढ़ेगी, जिससे देश में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और देश में समृद्धि आएगी। उन्होंने वैज्ञानिकों से कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की कठिनाइयों को कम करने में योगदान देने का आह्वान किया। श्री तोमर ने कहा कि कोविड संकट में, जब विश्व अर्थव्यवस्था के पहिए की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, तब भारत के किसानों ने गांवों में उपलब्ध साधनों से ही बंपर पैदावार की, लॉकडाउन में फसल कटाई का काम सामान्य गति से जारी रहा और उपार्जन भी पिछली बार से अधिक रहा, खरीफ की फसलों की बुवाई भी पिछली बार से 45 प्रतिशत अधिक रही है। ये सब किसानों व हमारे गांवों की ताकत को प्रदर्शित करता है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

बीएआरसी में उच्च गुणवत्ता युक्त और किफायती फेस मास्क विकसित किया गयाः डॉ. जितेन्द्र सिंह

भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) मुंबई में उच्च गुणवत्ता वाला फेस मास्क विकसित किया गया है। बीएआरसी परमाणु ऊर्जा विभाग से संबद्ध है। एचईपीए फिल्टर का उपयोग करके मास्क विकसित किया गया है और इसके किफायती होने की भी उम्मीद है। केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पिछले एक साल के दौरान अंतरिक्ष विभाग की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कोविड -19 महामारी के मद्देनजर समाज के समर्थन में आने के लिए वैज्ञानिक समुदाय की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले फेस मास्क के अलावा परमाणु/न्यूक्लियर वैज्ञानिकों ने विकिरण कीटाणुशोधन के बाद व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के पुन: उपयोग के लिए प्रोटोकॉल भी विकसित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय इस पर विचार कर रहा है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि आरटीपीसीआर परीक्षण किट विकसित करने के लिए नए क्षेत्रों की पहचान की गई है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

केरल : स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा ने कहा कि राज्य सरकार मंगलवार को प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद चार्टर्ड विमानों से लौटने वाले अप्रवासियों के लिए कोविड-19 निगेटिव प्रमाण पत्र को अनिवार्य बनाने पर फैसला करेगी। मंत्री ने संकेत किया कि केरल अभी तक सामुदायिक संक्रमण से बचा हुआ है, क्योंकि लॉकडाउन में नरमी के बाद सामुदायिक संक्रमण के माध्यम से सिर्फ 10 प्रतिशत लोग ही इस बीमारी के संपर्क में आए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग इस आंकड़े को 5 प्रतिशत पर सीमित करने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। कोविड-19 से छह केरल वासियों की मृत्यु हो गई, जिनमें से 5 की खाड़ी देशों में और एक की मुंबई में मौत हुई। इसके साथ ही खाड़ी देशों में मरने वाले केरल के लोगों की संख्या बढ़कर 225 हो गई। कल राज्य में कोविड-19 के 85 नए मामले सामने आए। वर्तमान में 1,342 मरीजों का उपचार चल रहा है।         

तमिलनाडु : पुडुचेरी में कोविड-19 के 18 नए मामले सामने आए, जिससे मरीजों की संख्या बढ़कर 194 हो गई; वहीं अभी तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस से प्रभावित एआईएडीएमके के विधायक को हर चिकित्सा सहायता देने का भरोसा दिलाया है। कोयम्बटूर में 18 लोग कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाए गए। कल राज्य में 1,989 नए मामले सामने आए, 1,362 लोग स्वस्थ हो गए और 30 लोगों की मृत्यु हो गई। अकेले चेन्नई में 1,484 नए मामले सामने आए। कुल मामले : 42,687, सक्रिय मामले : 18,878, मृत्यु : 397, डिस्चार्ज : 22,047, चेन्नई में सक्रिय मामलों की संख्या : 14,180।

कर्नाटक : अटकलों के बीच चिकित्सा शिक्षा मंत्री के. सुधाकर ने कहा कि सरकार के सामने लॉकडाउन का कोई प्रस्ताव नहीं है। शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार ने कहा कि ऑनलाइन कक्षाओं पर प्रतिबंध लगाने का सरकार का इरादा प्रमाणिक है। कल 308 नए मामले सामने आए, 209 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया और तीन लोगों की मृत्यु हो गई। कुल पॉजिटिव मामले : 6,824, सक्रिय मामले : 3,092, मृत्यु : 81, डिस्चार्ज : 3,648।

आंध्र प्रदेश : विधानसभा सत्रों के बीच आंध्र प्रदेश सचिव ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं, विधायकों के कर्मचारियों को अनुमति देने से इनकार कर दिया गया है। भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने टीटीडी पर ट्वीट किया और कहा कि राज्य के नियंत्रण से तिरुमाला मंदिर को अलग करने से संबंधित याचिका आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में अपने अंतिम चरण में है। पिछले 24 घंटों के दौरान 15,633 नमूनों की जांच के बाद 253 नए मामले सामने आए और दो लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कुल मामले : 4,841, सक्रिय मामले : 2,034, स्वस्थ हुए : 2723, मृत्यु : 84।

तेलंगाना : कोविड-19 के बीच जिला अस्पतालों को चिकित्सकों की 60 प्रतिशत की कमी की सामना करना पड़ रहा है। प्रवासी कामगारों, फंसे हुए पर्यटकों और विद्यार्थियों की आवाजाही के लिए दक्षिण मध्य रेलवे अभी तक मंडल से विभिन्न गंतव्यों के लिए 240 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रहा है। श्रमिक ट्रेनों को चलाने के अलावा मंडल कार्यालय यहां से गुजरने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की देख-रेख भी कर रहा है। कुल मामलों की संख्या 4,737 बनी हुई है, जबकि अभी तक कुल 182 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इन मामलों में से अधिकांश ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम में दर्ज किए गए।

महाराष्ट्र : राज्य में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में 3,427 की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,04,568 हो गई। वहीं मुंबई में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में एक हद तक कामयाबी मिली और संक्रमण में यह बढ़ोतरी राज्य के ग्रामीण इलाकों में दर्ज की गई और सोलापुर, औरंगाबाद, यवतमाल, जलगांव जैसे जिले प्रशासन के लिए चिंता की वजह बने रहे।    

गुजरात : कोविड-19 के नए मामलों के लिहाज से गुजरात के लिए जून का महीना अच्छा नहीं रहा और संक्रमण में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस महीने पहली बार किसी एक दिन में कोविड के 500 से ज्यादा नए मामले सामने आए और मामलों में बढ़ोतरी जारी रही। राज्य में संक्रमण के 517 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे कोविड मरीजों की कुल संख्या 23,079 के स्तर पर पहुंच गई। वहीं संक्रमण से 33 नए मरीजों की मृत्यु के साथ राज्य में मरने वालों की कुल संख्या 1,449 हो गई। जून महीने के शुरुआती 13 दिनों में राज्य में 6,285 मामले सामने आ चुके हैं।

राजस्थान : राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, रविवार को 131 नए मामलों के साथ कोविड-19 के मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 12,532 हो गई, वहीं चार नए लोगों की मृत्यु के साथ मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 286 हो गई। नए मामलों में से 40 मामले धौलपुर से, 34 भरतपुर से, 15 अलवर से और 12 जयपुर से सामने आए।

मध्य प्रदेश : भोपाल प्रशासन ने सोमवार से जनता के लिए धार्मिक स्थलों को खोले जाने की अनुमति दे दी है। अभी तक भोपाल में कोविड-19 के 2,145 नए मामले सामने आ चुके हैं और 69 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में 198 नए मामले सामने आने के बाद मध्य प्रदेश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 10,641 के स्तर पर पहुंच गई है।

छत्तीसगढ़ : राज्य में कोविड के 105 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1,550 के स्तर पर पहुंच गई। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 913 के स्तर पर बनी हुई है।

असम : असम में कोविड-19 के 43 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। इस प्रकार मामलों की संख्या 3,943 हो गई और सक्रिय मामले 2,127 के स्तर पर बने हुए हैं। 1,805 लोग स्वस्थ हो गए और 8 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

मणिपुर : राज्य में लौटने वालों का तुरंत परीक्षण सुनिश्चित करने के लिए मणिपुर सरकार ने एक नई कोविड-19 परीक्षण मशीन लगाने की योजना बनाई है, जो एक दिन में 3,000 से 4,000 तक नमूनों का परीक्षण कर सकती है। मणिपुर के मुख्यमंत्री ने कोविड-19 राज्य सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की; इसमें जहां तक संभव हो, राज्य में लौटने वाले सभी लोगों की जांच सुनिश्चित करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।

मिजोरम : मिजोरम पुलिस ने क्वारंटाइन केन्द्रों में नशीले पदार्थों और शराब की आपूर्ति करने वाले छह युवकों को गिरफ्तार किया है।

नागालैंड : नागालैंड में मोन जिला प्रशासन ने राज्य में लौटने वाले छह लोगों के जांच में कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद वांगखाओ सरकारी कॉलेज और आईटीआई कैम्पस की 1 किलोमीटर की परिधि के भीतर जनता की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य तम्बाकू नियंत्रण इकाई तम्बाकू मुक्त गांवों की पहचान का काम जारी रखे हुए है और राज्य भर में सार्वजनिक स्थलों पर थूकने पर प्रतिबंध को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

सिक्किम : सिक्किम में कोविड-19 के पांच नए पॉजिटिव मामले सामने आए। ये सभी मामले राज्य में वापस लौटने वाले लोगों से संबंधित हैं, इस प्रकार राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 63 के स्तर पर पहुंच गई है।

पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य

Image

******

एसजी/एएम/एमपी/एसके



(Release ID: 1631607) Visitor Counter : 354