PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 28 JUN 2020 6:51PM by PIB Delhi

       Coat of arms of India PNG images free download

 

(पिछले 24 घंटे में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल हैं)

देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की संख्या सक्रिय मामलों की तुलना में 1,06,661 ज्यादा हो गई है।

अभी तक कोविड-19 के 3,09,712 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जिनमें पिछले 24 घंटों में ठीक हुए 13,832 लोग शामिल हैं। कोविड-19 मरीजों के स्वस्थ होने की दर 58.56 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान 2,31,095 परीक्षण हुए, जिससे अभी तक नमूनों के परीक्षणों की संख्या बढ़कर 82,27,802 हो गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे सामने मौजूद भयावह आपदा के बावजूद, भारत के संस्कार यानी जिंदगी जीने के तरीके सभी की निस्वार्थ भाव से सेवा करने के लिए प्रेरणा देते हैं।

उपराष्ट्रपति ने लोगों को घबरानेकी नहीं, बल्कि रोकथाम’  और सुरक्षाके उपाय अपनाने की सलाह दी है

Description: C:\Users\VARUN\Desktop\image005GOQ5.jpg

Description: C:\Users\VARUN\Desktop\Corona watch 28 june 2020.jpg

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से कोविड-19 पर प्राप्त अपडेट: संक्रमण से ठीक होने के मामले तेजी से सक्रिय मामले से आगे निकले रहे हैं; ठीक होने (रिकवरी) की दर बढ़कर 58.56 प्रतिशत हो गई

कोरोना वायरस के संक्रमण से रोगियों के ठीक होने और इसके सक्रिय मामलों के बीच अंतर 1,00,000 से अधिक हो गया है। आज की तारीख में इस संक्रमण से ठीक होने वाले रोगियों की संख्या इसके सक्रिय मामलों की संख्या से 106,661 अधिक है। इस प्रकार, अब तक कोविड-19 बीमारी से कुल 3,09,712 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोविड-19 के रोगियों के ठीक होने (रिकवरी) की दर बढ़कर 58.56 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के कुल 13,832 रोगी ठीक हुए है। अभी कोविड-19 के 2,03,051 सक्रिय मामले हैं और सभी गहन चिकित्सा देख-रेख में है। भारत में अब कोविड-19 के लिए समर्पित 1036 नैदानिक प्रयोगशालाएं हैं। इसमें 749 सरकारी और 287 निजी प्रयोगशालाएं हैं। हर रोज 2,00,000 से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में परीक्षण किए गए नमूनों की संख्या बढ़कर 2,31,095 हो गई है। आज तक कुल 82,27,802 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें

 ‘मन की बात 2.0की 13वीं कड़ी में प्रधानमंत्री के सम्बोधन का मूल पाठ

 “मेरे प्यारे देशवासियो, संकट चाहे जितना भी बड़ा हो, भारत के संस्कार यानी जिंदगी जीने के तरीके सभी की निस्वार्थ भाव से सेवा की प्रेरणा देते हैं। भारत ने जिस तरह मुश्किल समय में दुनिया की मदद की, उसने आज, शांति और विकास में भारत की भूमिका को और मज़बूत किया है। दुनिया ने इस दौरान भारत की विश्व बंधुत्व की भावना को भी महसूस किया है, और इसके साथ ही, दुनिया ने अपनी संप्रभुता और सीमाओं की रक्षा करने के लिए भारत की ताकत और प्रतिबद्धता को भी देखा है। लद्दाख में भारत की भूमि पर, आंख उठाकर देखने वालों को करारा जवाब मिला है। भारत, मित्रता निभाना जानता है, तो, आंख-में-आंख डालकर देखना और उचित जवाब देना भी जानता है। हमारे वीर सैनिकों ने दिखा दिया है कि वो, कभी भी भारत माता के गौरव पर आंच नहीं आने देंगे।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें

उपराष्ट्रपति ने लोगों को घबरानेकी नहीं, बल्कि रोकथाम’  और सुरक्षाके उपाय अपनाने की सलाह दी

उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू ने सभी देशवासियों से अपील की है कि वे कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होकर लोगों के जीवन और आजीविका की रक्षा करें। आज एक फेसबुक पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार उपाय कर रही है। उन्होंने सभी से आवश्यक सावधानी बरतने और दिशा-निर्देशों का पालन करके सरकार का सहयोग करने को कहा। इस अभूतपूर्व स्वास्थ्य संकट के खिलाफ लोगों से सामूहिक रूप से लड़ने का आह्वान करते हुए, श्री नायडू ने कहा कि हमारे देश की ताकत आध्यात्मिकता में हमारा भरोसा और विज्ञान में विश्वास है। कोविड-19 का समाधान सावधानी में निहित है, की बात करते हुए उपराष्ट्रपति ने कुछ सरल उपाय सुझाए जैसे- फेस मास्क का इस्तेमाल, सामाजिक दूरी का पालन और लगातार हाथों को धोते रहना क्योंकि सुरक्षित रहने के यही ज्ञात उपाय हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कल दिल्ली में 10,000 बिस्तर वाले सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर की तैयारियों की समीक्षा की

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कल दिल्ली में राधा स्वामी सत्संग ब्यास में 10,000 बिस्तर वाले सरदार पटेल कोविड सेंटर की तैयारियों की समीक्षा की। श्री अमित शाह ने कहा कि 10,000 बिस्तर वाला यह कोविड केयर सेंटर दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेगा। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा चुनौतीपूर्ण समय में इस कोविड केयर सेंटर का संचालन करने के लिए आईटीबीपी कर्मियों के साहस की सराहना की। उनकी राष्ट्र और दिल्ली के लोगों की सेवा करने की प्रतिबद्धता अद्वितीय है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने जी-20 सदस्यों के समक्ष कोविड-19 के दौर में शिक्षा प्रणाली में सकारात्मक बदलाव लाने के भारत के प्रयासों का उल्लेख किया

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री श्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने जी-20 शिक्षा मंत्रियों की विशेष वर्चुअल बैठक में भाग लिया। इस विशेष सत्र का आयोजन शिक्षा क्षेत्र पर कोविड-19 महामारी के प्रभावों, विभिन्न देशों ने इसका सामना कैसे किया और सदस्य देश इस कठिन समय में शिक्षण गतिविधियों को आगे बढ़ाने में कैसे सहयोग कर सकते हैं जैसे मुद्दों पर विचार-विर्मश के लिए किया गया। केंद्रीय मंत्री ने सभी सदस्यों को शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों पर कोविड-19 के प्रभाव को कम करने के भारत के प्रयासों की जानकारी दी। श्री पोखरियाल ने कोविड-19 संकट के दौरान डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के प्रयासों के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्कृष्ट डिजिटल शैक्षिक सामग्री तैयार की गई है। ये दीक्षा, स्वयं, वर्चुअल लैब, पीजी पाठशाला और नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी जैसे विभिन्न प्लेटफार्मों पर उपलब्ध हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें

श्री अर्जुन मुंडा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये जीईएम पर ट्राइब्स इंडिया के उत्पादों और ट्राइफेड की नई वेबसाइट की शुरुआत की

वर्तमान कोविड-19 महामारी के कारण हमारे देश में उत्पन्न- अभूतपूर्व स्थिति ने समाज के सभी वर्गों को प्रभावित किया है। गरीब और हाशिये के समुदायों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है और इस विकट स्थिति के दौरान आदिवासी भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। ऐसे मुश्किल समय में आदिवासी कारीगरों के बोझ को कम करने के लिए, ट्राइफेड, जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आदिवासियों की आजीविका को बनाए रखने के लिए पिछड़ चुकी आर्थिक गतिविधियों में फिर से जान डालने के लिए तत्काल अनेक पहलें शुरू की हैं। ट्राइफेड डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म की शुरुआत करने के लिए एक वीडियो कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि "ट्राइफेड योद्धाओं" की टीम आदिवासी जीवन और आजीविका को बदलने के लिए वन उपज, हथकरघा और हस्तशिल्प पर आधारित जनजातीय व्यापार को नई ऊंचाई पर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न आवश्यकताओं- चाहे व्यापार संचालन हो, खरीदारी और सूचना हो- को पूरा करने के लिए अधिक से अधिक लोगों के ऑनलाइन होने के साथ वे डिजिटलीकरण अभियान में सम्मिलित हो रहे हैं ताकि गांव आधारित आदिवासी उत्पादकों को मानचित्र पर लाकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अत्याधुनिक ई-प्लेटफॉर्मों की स्थापना की जा सके जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें

 

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

केरल : राज्य के पर्यटन मंत्री कडकमपल्ली सुरेंद्रन ने कहा कि तिरुवनंतपुरम में कोविड की स्थिति खासी गंभीर है और उन्होंने सभी नागरिकों से सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया है। इस बीच, इदप्पल, मल्लापुरम में एक निजी अस्पताल के दो चिकित्सकों, एक नर्स और 3 पैरामेडिकल कर्मचारी कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं; सामुदायिक संक्रमण की आशंकाओं के चलते चार पंचायतों को संक्रमण प्रभावित क्षेत्र बना दिया जाएगा, क्योंकि वे कर्मचारी शनिवार तक ड्यूटी पर थे। केएसआरटीसी ने एक परिचालक के कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद अपने गुरुवायुर डिपो को बंद कर दिया है। राज्य के बाहर इस वायरस से चार अन्य केरल के लोगों की मौत हो गई; इनमें तीन लोगों की खाड़ी देशों और एक की मुंबई में मृत्यु हुई थी। कल केरल में कोविड के 195 नए मामले दर्ज किए गए, जो राज्य में किसी एक दिन के लिहाज से सबसे ऊंचा आंकड़ा था, जिनमें से 180 मामले बाहर से आए लोगों से संबंधित हैं। वर्तमान में राज्य में 1,939 मरीजों का उपचार चल रहा है और राज्य भर में 1,67,978 लोग क्वारंटाइन में हैं।

तमिलनाडु : पुडुचेरी में कोविड-19 से एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की मौत हो गई; 29 नए मामले दर्ज किए गए; 252 मरीजों को डिस्चार्ज किए जाने के बाद संघ शासित क्षेत्र में सक्रिय मामलों की संख्या 385 के स्तर पर है और अभी तक 11 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। तमिलनाडु में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 1,000 से ज्यादा हो गई है। राज्य में अभी तक 78,335 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से कल तक कुल 44,094 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 

कर्नाटक : चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने कहा कि सोमवार की शाम तक 10,000 बिस्तरों वाले केन्द्रों की स्थापना का काम जारी है; निजी अस्पतालों को 50 प्रतिशत बिस्तर कोविड-19 मरीजों के उपचार के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्नाटक ने राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़ने के साथ रविवार यानी 5 जुलाई से पूर्ण लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की है। राज्य में कल 918 पॉजिटिव मामले सामने आए, जो अभी तक कर्नाटक में किसी एक दिन में मरीजों की संख्या में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। कुल पॉजिटिव मामले : 11923, सक्रिय मामले : 4441, मृत्यु : 191, डिस्चार्ज : 7287।

आंध्र प्रदेश : उप मुख्यमंत्री के. नारायण स्वामी के पुत्तूर स्थित आवास पर तैनात दो सुरक्षाकर्मी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेस (एनटीआरयूएचएस) के वाइस चांसलर श्याम प्रसाद ने कहा कि पीजी मेडिकल और दंत चिकित्सा के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षाएं अगस्त के पहले सप्ताह से शुरू होंगी। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 13,000 के पार पहुंच गए। 25,778 नमूनों के परीक्षण के बाद पिछले 24 घंटों में 813 नए मामले सामने आए, 401 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया और 12 लोगों की मृत्यु हो गई। 813 मामलों में से 50 अंतर-राज्यीय मामलों और आठ विदेश से आए लोगों से संबंधित थे। कुल मामले : 13098, सक्रिय मामले : 7021, डिस्चार्ज : 5908, मृत्यु : 169।

तेलंगाना : निजी प्रयोगशालाओं द्वारा की गई कोविड-19 में जांच में सामने आई विसंगतियों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ई. राजेंद्र ने कहा कि कई ऐसी प्रयोगशालाओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जो परीक्षण के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रही हैं और उनके नतीजों में विसंगतियां सामने आई हैं। कल तक दर्ज किए गए कुल मामले : 13436, सक्रिय मामले : 8265, मृत्यु : 243, स्वस्थ हुए : 4928।

महाराष्ट्र : राज्य में कोविड-19 के 5,318 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में अभी तक कुल 1,59,133 मामले सामने आ चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 67,600 के स्तर पर है। अभी तक 7,273 लोगों की कोविड संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है। अभी तक 8.97 लाख नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। महाराष्ट्र में तीन महीनों की बंदी के बाद अब जिम्नेजियम, नाई की दुकानें, सैलून और ब्यूटी पार्लर खोल दिए गए हैं।

गुजरात : राज्य में 615 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में अभी तक कुल मामले बढ़कर 30,733 हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 8,316 के स्तर पर है और 1,790 लोगों की संक्रमण के चलते मृत्यु हो चुकी है। अहमदाबाद नगर निगम ने शहर में एक ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे अस्पताल पर 77 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। 18 जून को कोविड-19 के गंभीर मरीज को 45 मिनट के लिए वेंटिलेटर युक्त बिस्तर का आवंटन नहीं करने पर उसकी मृत्यु हो गई थी, जिसके चलते यह जुर्माना लगाया गया था।

राजस्थान : राज्य में कोविड के 175 नए मामले सामने आए। इस प्रकार राज्य में अभी तक संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 17,119 हो गए हैं, जिनमें से सक्रिय मामले 3,297 के स्तर पर है। राजस्थान में सुधार की दर 78 प्रतिशत के स्तर पर है, जो देश में सबसे ज्यादा है। संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले बीकानेर (44 मामले) में सामने आए, उसके बाद जयपुर (26 मामले) और फिर झुंझुनू जिले (23 मामले) का नंबर रहा।

मध्य प्रदेश : राज्य में 203 नए मामले दर्ज किए गए। इस प्रकार राज्य में अभी तक कुल मामलों की संख्या बढ़कर 12,965 हो गई। सक्रिय मामलों की संख्या 2,444 के स्तर पर है और संक्रमण से मरने वालों की संख्या 550 के स्तर पर है।

छत्तीसगढ़ : राज्य में कोविड के 44 नए मामले दर्ज किए गए। अभी तक राज्य में कुल मामलों की संख्या 3,006 के स्तर पर पहुंच गई है। सक्रिय मामलों की संख्या 696 के स्तर पर है।

गोवा : राज्य में संक्रमण के 89 नए मामले सामने आए। अभी तक राज्य में कुल मामलों की संख्या 1,128 तक पहुंच चुकी है। सक्रिय मामलों की संख्या 706 के स्तर पर है। 

असम : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बातचीत की और ब्रह्मपुत्र नदी पर चिंताजनक हालात और गुवाहाटी के नजदीक भूस्खलन का जायजा लिया; उन्होंने राज्य को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मणिपुर : मणिपुर में तमेंगलोंग जिला अस्पताल में ट्रू एनएटी परीक्षण मशीन लगा दी गई है। यह राज्य का संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है। मणिपुर के समाज कल्याण और सहकारिता मंत्री नेमचा किपगेन ने विभिन्न संस्थागत क्वारंटाइन केन्द्रों में रह रहे लोगों के बीच कोविड-19 संक्रमण पर रोक लगाने के मसले पर हुई एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

मिजोरम : मिजोरम में असम राइफल्स ने कोविड-19 के खिलाफ प्रभावी सुरक्षात्मक उपाय सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए छातों के उपयोग के अनूठे विचार का पालन करना शुरू किया है। एनगोपा, मिमबुंग, कॉलबेम, न्यू वैखातलैंग और हनाह्लान गांवों के आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को छातों का वितरण किया गया है।

नागालैंड : नागालैंड में कोविड-19 के 25 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 412 हो गए। इनमें सक्रिय मामलों की संख्या 248 के स्तर पर है, वहीं 164 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

 

 

 

 

***

एसजी/एएम/एमपी/एसके



(Release ID: 1635071) Visitor Counter : 363