पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालय संवाददाता सम्मेलन


सीजीडी कंपनियां पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन दे रही हैं

वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एलपीजी आपूर्ति की निगरानी जारी है

घरेलू एलपीजी उत्पादन में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है

ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग लगभग 84 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 90 प्रतिशत हो गई है

राज्य सरकारें जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रवर्तन उपाय कर रही हैं

एलपीजी वाहक शिवालिक आज भारत पहुंचेगा; नंदा देवी के कल सुबह स्व्देश पहुंचने की संभावना है

28 फरवरी से पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र से लगभग 2,20,000 यात्री भारत लौट चुके हैं

तेहरान में भारतीय दूतावास पूरी तरह से कार्यरत है

प्रविष्टि तिथि: 16 MAR 2026 5:09PM by PIB Delhi

पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालय संवाददाता सम्मेलन नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं। आज के संवाददाता सम्मेलन (16 मार्च 2026) में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने ईंधन आपूर्ति, समुद्री संचालन, क्षेत्र में भारतीय नागरिकों के कल्याण और संबंधित जन सूचना प्रयासों पर नवीनतम जानकारी साझा की। इससे पहले 11, 12, 13 और 14 मार्च को भी संवाददाता सम्मेलनआयोजित किए गए थे।

ईंधन की आपूर्ति और उपलब्धता

होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से उत्पन्न स्थिति के संदर्भ में, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ईंधन आपूर्ति की स्थिति और पेट्रोलियम उत्पादों तथा एलपीजी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में मीडिया को जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार:

कच्चा तेल और तेल शोधन कारखाने

  • सभी तेल शोधन कारखाने उच्च क्षमता पर काम कर रहे हैं और पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार उपलब्ध है। भारत पेट्रोल और डीजल उत्पादन में आत्मनिर्भर है तथा घरेलू मांग को पूरा करने के लिए इन ईंधनों के आयात की आवश्यकता नहीं है

 

खुदरा दुकानें

  • तेल विपणन कंपनियों द्वारा खुदरा दुकानों पर ईंधन की कमी के कोई मामले सामने नहीं आए हैं और पेट्रोल तथा डीजल की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है

  • नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे घबराकर खरीदारी करें क्योंकि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

प्राकृतिक गैस

  • प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को संरक्षित गैस आपूर्ति प्रदान की जा रही है, जिसमें पीएनजी और सीएनजी को 100 प्रतिशत आपूर्ति शामिल है, जबकि औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति लगभग 80 प्रतिशत पर विनियमित की जा रही है

  • प्रमुख शहरों और शहरी क्षेत्रों में वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी (पेट्रोलियम-आधारित गैस) का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है और होटल, रेस्तरां, अस्पताल और छात्रावास जैसे प्रतिष्ठान अधिकृत सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं के माध्यम से पीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।

  • उपभोक्ता सीजीडी कंपनियों के ईमेल, ग्राहक पोर्टल, पत्रों या कॉल सेंटरों के माध्यम से पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं और जहां पाइपलाइन नेटवर्क पहले से मौजूद हैं, वहां कनेक्शन शीघ्रता से प्रदान किए जा रहे हैं।

  • कई सीजीडी कंपनियां पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन दे रही हैं, जिनमें इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और गेल गैस लिमिटेड द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 500 रुपये मूल्य की मुफ्त गैस, महानगर गैस लिमिटेड द्वारा घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं के लिए 500 रुपये के पंजीकरण शुल्क और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षा जमा राशि में छूट, और बीपीसीएल द्वारा सभी वाणिज्यिक कनेक्शनों के लिए सुरक्षा जमा राशि में छूट शामिल है।

  • सरकार सीजीडी नेटवर्क का विस्तार कर रही है और पीएनजीआरबी ने सीजीडी संस्थाओं को संसाधनों की तैनाती में तेजी लाने, मौजूदा कनेक्शनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने और आपूर्ति शुरू करने की समयसीमा को कम करने की सलाह दी है।

 एलपीजी

  • मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एलपीजी आपूर्ति की निगरानी जारी है।

  • एलपीजी वितरकों में आपूर्ति बंद होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

  • उद्योग जगत में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में लगभग 84 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

  • वितरक स्तर पर सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए, संकट से पहले डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) कवरेज को 53 प्रतिशत से बढ़ाकर लगभग 72 प्रतिशत कर दिया गया है

  • बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मणिपुर और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भारत सरकार के दिशानिर्देशों के अनुरूप गैर-घरेलू एलपीजी आवंटित करने के आदेश जारी किए हैं।

 

राज्य सरकारों द्वारा आयोजित बैठकें

  • राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

  • अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने स्थिति पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं और नागरिकों को सूचित रखने के लिए संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर रहे हैं।

प्रवर्तन कार्रवाई

  • राज्य सरकारें पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रवर्तन उपाय कर रही हैं

  • एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम और मिजोरम सहित कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है।

  • सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों ने सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और अनियमितताओं को रोकने के लिए 1,100 से अधिक खुदरा दुकानों और एलपीजी वितरकों पर औचक निरीक्षण किया है।

 अन्य सरकारी उपाय

  • सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, विशेष रूप से घरों और अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू एलपीजी आपूर्ति को निर्बाध रूप से सुनिश्चित करना है।

  • रिफाइनरियों से घरेलू एलपीजी उत्पादन में लगभग 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

  • 14 मार्च 2026 के एलपीजी नियंत्रण आदेश संशोधन के अंतर्गत, पीएनजी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन जामा करने होंगे और वे नए एलपीजी कनेक्शन प्राप्त नहीं कर सकते हैं।

  • समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में बुकिंग अंतराल को संशोधित करके 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक कर दिया गया है।

  • राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 48,000 किलोलीटर केरोसिन का अतिरिक्त आवंटन किया गया है और एलपीजी की मांग पर दबाव कम करने के लिए केरोसिन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधन उपलब्ध कराए गए हैं।

  • सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां डिजिटल एलपीजी रिफिल बुकिंग को बढ़ावा दे रही हैं और घबराहट में की जाने वाली बुकिंग को हतोत्साहित कर रही हैं, जबकि राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सरकारों से अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए समन्वित निरीक्षण करने का अनुरोध किया गया है।

जन सलाह

  • नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे घबराएं नहीं क्योंकि सरकार घरों और आवश्यक क्षेत्रों के लिए पर्याप्त एलपीजी उपलब्धता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है

  • वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री, जिसे पहले सीमित कर दिया गया था, आंशिक रूप से बहाल कर दी गई है और प्राथमिकता के आधार पर वितरण के लिए राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को उपलब्ध करा दी गई है।

  • एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग आईवीआरएस, एसएमएस, व्हाट्सएप, तेल विपणन कंपनियों के मोबाइल एप्लिकेशन और लोकप्रिय -कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा सकती है।

  • नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराहट में बुकिंग करने से बचें, डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और एलपीजी वितरकों के पास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।

  • उपभोक्ताओं को जहां भी संभव हो, पीएनजी जैसे वैकल्पिक ईंधन और इंडक्शन या इलेक्ट्रिक कुकटॉप का उपयोग करने और ऊर्जा संरक्षण करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

  • सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तेल विपणन कंपनियां निर्बाध एलपीजी रिफिल की आपूर्ति के बारे में जागरूकता फैला रहे हैं और मीडिया संगठनों से अनुरोध है कि वे गलत सूचना ना फैलाएं और अनावश्यक घबराहट से बचने के लिए आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।

 

समुद्री सुरक्षा और जहाजरानी संचालन

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने फारस की खाड़ी क्षेत्र में समुद्री स्थिति और भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में नवीनतम जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार:

  • इस क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय नाविकों से जुड़ी कोई भी जहाज संबंधी घटना सामने नहीं आई है।

  • वर्तमान में, फारस की खाड़ी के पश्चिमी भाग में भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज और 611 नाविक फंसे हुए हैं। पोत परिवहन महानिदेशालय, जहाज मालिकों, आरपीएसएल एजेंसियों और भारतीय दूतावासों के समन्वय से स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

  • 14 मार्च को लगभग 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने वाले दो भारतीय ध्वज वाले एलपीजी वाहकों में से, जहाज शिवालिक आज लगभग 1700 बजे मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचने वाला है, प्राथमिकता के आधार पर माल उतारने के लिए आवश्यक दस्तावेज पूरे हो चुके हैं, जबकि जहाज नंदा देवी के कल सुबह पहुंचने की संभावना है।

  • भारतीय ध्वज वाला जहाज जग लाडकी, जिसमें लगभग 80,800 मीट्रिक टन मुरबान कच्चा तेल भरा हुआ है, 14 मार्च 2026 को संयुक्त अरब अमीरात से रवाना हुआ और सुरक्षित रूप से भारत की ओर अग्रसर है। जहाज और उस पर सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।

  • पोत परिवहन महानिदेशालय के नियंत्रण कक्ष के सक्रिय होने के बाद से, सहायता मांगने वाले नाविकों, उनके परिवारों और समुद्री हितधारकों से 3,030 फोन कॉल और लगभग 5,497 ईमेल प्राप्त हुए हैं, जिनमें पिछले 48 घंटों में 310 से अधिक कॉल और 597 ईमेल शामिल हैं।

  • पोत परिवहन महानिदेशालय ने अब तक खाड़ी क्षेत्र से 286 भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिसमें पिछले 48 घंटों में 33 लोगों की स्वदेश वापसी शामिल है।

  • देश भर के प्रमुख बंदरगाह जहाजों की आवाजाही और माल ढुलाई कार्यों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं और पोत परिवहन लाइनों और माल ढुलाई हितधारकों को सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिसमें लंगरगाह, बर्थ किराया और भंडारण शुल्क में रियायतें शामिल हैं।

  • माल ढुलाई कार्यों को सुगम बनाने के लिए बंदरगाह सीमा शुल्क विभाग और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

  • जेएनपीए ने मध्य पूर्व जाने वाले कंटेनरों के लिए अस्थायी ट्रांसशिपमेंट भंडारण सुविधा प्रदान की है और जेएनपीए से आने वाले कंटेनरों के लिए ग्राउंड रेंट और ड्वेल टाइम शुल्क पर 100 प्रतिशत छूट और रीफर कंटेनर प्लग-इन शुल्क पर लगभग 80 प्रतिशत छूट 15 दिनों तक के लिए दी है।

  • वर्तमान में किसी भी प्रमुख बंदरगाह पर भीड़भाड़ नहीं है और जेएनपीए में निर्यात के लिए जाने वाले कंटेनरों की संख्या लगभग 5,600 से घटकर लगभग 3,900 हो गई है।

  • बंदरगाह उन मालवाहक जहाजों के लिए सुरक्षित लंगरगाह भी प्रदान कर रहे हैं जो खाड़ी की ओर जा रहे हैं और वर्तमान में वहां से गुजरने में असमर्थ हैं।

  • परिचालन संबंधी मुद्दों का समाधान करने के लिए सीमा शुल्क, बंदरगाहों और अन्य हितधारकों के सदस्यों के साथ पोत परिवहन महानिदेशालय के नेतृत्व में एक अंतर-मंत्रालय समूह का गठन किया गया है।

  • भारतीय नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के साथ-साथ समुद्री व्यापार और बंदरगाह संचालन की निरंतरता बनाए रखने के लिए मंत्रालय विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों, पोत परिवहन कंपनियों और समुद्री हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है।

क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा

विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की स्थिति पर नवीनतम जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में हैं। मंत्रालय ने कहा:

  • भारत सरकार ईरान में भारतीय नागरिकों से संबंधित स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और उनकी सुरक्षा एवं कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। तेहरान में भारतीय दूतावास की सहायता से ईरान में मौजूद 550 से अधिक भारतीय नागरिक जमीनी सीमा के रास्ते आर्मेनिया में प्रवेश कर चुके हैं, जबकि 90 से अधिक भारतीय नागरिक अजरबैजान में भी प्रवेश कर चुके हैं।

  • तेहरान में भारतीय दूतावास पूरी तरह से कार्यरत है।

  • पिछले कुछ दिनों में, उन्होंने तेहरान के बाहर के स्थानों से भारतीय विद्यार्थियों को ईरान के भीतर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

  • सरकार भारतीय नाविकों और ईरान में मछली पकड़ने वाले समुदाय के सदस्यों को रोजगार देने वाली कंपनियों के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार संपर्क में है और सभी भारतीय नागरिकों को दूतावास के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

  • विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा, कल्याण और संरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

  • भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए विदेश मंत्रालय का एक विशेष नियंत्रण कक्ष कार्यरत है, जबकि राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समन्वय जारी है।

  • क्षेत्र भर में भारतीय दूतावास चौबीसों घंटे सातों दिन चलने वाली हेल्पलाइनें संचालित कर रहा है, भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ संपर्क बनाए हुए है और नवीनतम सलाह जारी कर रहे हैं।

  • मिशन स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और फंसे हुए भारतीयों और अल्पकालिक आगंतुकों को वीजा सहायता, रसद सहायता और पारगमन सुविधा सहित कई प्रकार की सहायता प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सहायता के लिए पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के साथ भी समन्वय जारी है।

  • 28 फरवरी 2026 से अब तक पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र से लगभग 2,20,000 यात्री भारत लौट चुके हैं।

  • संयुक्त अरब अमीरात में, दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान संचालन आज सुबह अस्थायी निलंबन के बाद धीरे-धीरे फिर से शुरू हो गया है।

  • भारतीय और यूएई एयरलाइंस की सीमित उड़ानें अबू धाबी, रस अल खैमाह और फुजैराह से भी संचालित हो रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आज भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए 45 से अधिक उड़ानें निर्धारित हैं।

  • यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम समय सारिणी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करें और सहायता के लिए अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास या दुबई स्थित वाणिज्य दूतावास से 24×7 हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

  • सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं।

  • कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है और कतर एयरवेज द्वारा आज और कल भारत के लिए 3 उड़ानें संचालित करने की संभावना है।

  • कुवैत का हवाई क्षेत्र 28 फरवरी 2026 से बंद है। सऊदी अरब के अल कैसुमाह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारत के लिए जज़ीरा एयरवेज की विशेष गैर-निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानें संचालित होने की संभावना है।

  • बहरीन और इराक में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए, जहां हवाई क्षेत्र अभी बंद है, सऊदी अरब के रास्ते पारगमन की सुविधा जारी है।

  • 13 मार्च 2026 को ओमान के सोहार शहर में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई। इस घटना के बाद मस्कट स्थित भारतीय दूतावास मृतकों के परिवारों और संबंधित ओमान अधिकारियों के संपर्क में है। शवों को शीघ्र ही स्वदेश वापस लाने की संभावना है। दूतावास घायल भारतीय नागरिकों की स्थिति पर भी नजर रख रहा है, जिनमें से कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है।

  • बसरा में मिशन टीम सेफसी विष्णु के 15 भारतीय चालक दल के सदस्यों की सहायता कर रहा है, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया था और वे वर्तमान में बसरा के एक होटल में ठहरे हुए हैं। मिशन इराकी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है ताकि उनकी शीघ्र भारत वापसी हो सके और मृत भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस लाया जा सके।

सरकार ने फिर कहा है कि वह पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर रख रही है और संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए हुए है। प्रमुख क्षेत्रों में तैयारियों को सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

*****

पीके/केसी/एमकेएस/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2240893) आगंतुक पटल : 212
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Khasi , Urdu , Marathi , Nepali , Assamese , Bengali , Bengali-TR , Gujarati , Odia , Telugu , Kannada , Malayalam