पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय

श्री भूपेंद्र यादव ने केन्‍द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री का पदभार संभाला

श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री का पदभार संभाला

Posted On: 11 JUN 2024 4:42PM by PIB Bhopal

श्री भूपेंद्र यादव ने आज 11 जून 2024 को केन्‍द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। पर्यावरण भवन स्थित कार्यालय में सचिव (ईएफ एंड सीसी) सुश्री लीना नंदन और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। श्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भी राज्य मंत्री के रूप में पदभार संभाला।

पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केन्‍द्रीय मंत्री ने यह अवसर प्रदान करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह मंत्रालय में अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपने सहयोगी राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में इस मंत्रालय द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं और सरकार पर्यावरण और विकास को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मिशन लाइफ- पर्यावरण के लिए जीवनशैली जैसी पहलों पर ध्यान केंद्रित किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर पर्यावरण संकट है और माननीय प्रधानमंत्री ने ग्लासगो, जलवायु सम्मेलन 2021 में मिशन लाइफ- पर्यावरण के लिए जीवनशैली की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि मिशन लाइफ का उद्देश्य जलवायु-सकारात्मक कार्यों के लिए व्यक्तियों को संगठित करना और पर्यावरण के अनुकूल स्‍वतंत्र प्रयासों को सुदृढ़ और सक्षम करने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाना है।

माननीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का मानना ​​है कि पर्यावरण संरक्षण और विकास साथ-साथ चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री ने बढ़ती ग्‍लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए "एक पेड़ माँ के नाम" नामक पौधारोपण पहल भी शुरू की है और सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस पहल में भाग लें, जिसे माननीय प्रधानमंत्री ने 2024 में विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया है। इससे बढ़ते तापमान, मरुस्थलीकरण और जैव विविधता के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।

पदभार संभालने के बाद मंत्री ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की, जहाँ उन्हें मंत्रालय की प्रमुख पहलों और नीतिगत मुद्दों के बारे में जानकारी दी गई।

***

एमजी/एआरएम/केपी/डीवी

 


(Release ID: 2024589) Visitor Counter : 28