प्रधानमंत्री कार्यालय

प्रधानमंत्री ने श्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिये जाने के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की

Posted On: 23 JAN 2024 9:05PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सामाजिक न्याय के प्रणेता श्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न दिये जाने के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

श्री मोदी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की जन्म-शताब्दी के अवसर पर यह निर्णय देशवासियों को गौरवान्वित करेगा। पिछड़ों और वंचितों के उत्थान के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया है:

“मुझे इस बात की बहुत प्रसन्नता हो रही है कि भारत सरकार ने समाजिक न्याय के पुरोधा महान जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उनकी जन्म-शताब्दी के अवसर पर यह निर्णय देशवासियों को गौरवान्वित करने वाला है। पिछड़ों और वंचितों के उत्थान के लिए कर्पूरी जी की अटूट प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी है। यह भारत रत्न न केवल उनके अतुलनीय योगदान का विनम्र सम्मान है, बल्कि इससे समाज में समरसता को और बढ़ावा मिलेगा।”

***

एमजी/एआर/आरके/एजे



(Release ID: 1999025) Visitor Counter : 429