MIFF banner

19वां मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ 2026) डॉक्‍यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्‍शन और एनिमेशन फिल्मों में उत्कृष्टता के के साथ संपन्‍न


सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय डॉक्‍यूमेंट्री फिल्म के लिए गोल्डन कॉंच पुरस्कार पोलिश डॉक्‍यूमेंट्री फिल्म 'सिल्वर' को दिया गया

सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता फिल्मों के लिए सिल्वर कॉंच 'अंडर द स्नो' (शॉर्ट फिक्‍शन) और 'मायाज़ सांग' (एनिमेशन) को दिया गया

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए ‘आर्मस्ट्रांग फ्रॉम आंगालम्मन टेम्पल स्ट्रीट’ (एनिमेशन), ‘स्‍मॉल क्‍लाऊड्स’ (शॉर्ट फिक्‍शन) और ‘वाई’ (डॉक्यूमेंट्री) ने सिल्वर कॉंच जीता

एमआईएफएफ रचनात्मक उत्कृष्टता का जश्न मनाने वाले एक वैश्विक आंदोलन के रूप में विकसित हुआ है, "भारत में बनाएं, विश्व के लिए बनाएं" भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देता है: महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने एमआईएफएफ समापन समारोह में एआई के जिम्मेदार उपयोग और फिल्म निर्माताओं की बौद्धिक संपदा की सुरक्षा का आग्रह किया

19वां मुंबई अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्‍म महोत्‍सव (एमआईएफएफ 2026) आज संपन्न हुआ। इसमें फ़िल्म निर्माता, फ़िल्म प्रेमी, इंडस्ट्री के पेशेवर और युवा क्रिएटिव लोग उत्साह के साथ शामिल हुए, ये सभी सिनेमा, कहानी कहने की कला, कलात्मक कार्यों और क्रिएटिविटी के प्रति अपने जुनून से एकजुट हुए थे।

समापन समारोह के दौरान डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन और शॉर्ट फिक्शन फिल्म निर्माण में बेहतरीन काम के लिए कुल 17 पुरस्कार प्रदान किए गए।

सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म के लिए गोल्डन कॉच और 10 लाख रुपये (फिल्म के निर्देशक और निर्माता के बीच समान रूप से साझा किया जाएगा) का पुरस्कार पोलिश डॉक्यूमेंट्री फिल्म सिल्वर को मिला। पोलिश इंस्टीट्यूट की मिनिस्टर प्लेनिपोटेंशियरी और डायरेक्टर, सुश्री मालगोरज़ाता वेजिस-गोलेबियाक ने फ़िल्म की डायरेक्टर सुश्री नतालिया कोनियार्ज़ और प्रोड्यूसर श्री मैसी कुबिकी की ओर से यह सर्वश्रेष्‍ठ पुरस्‍कार प्राप्‍त किया।

सर्वश्रेष्‍ठ अंतर्राष्‍ट्रीय शॉर्ट फ़िक्शन फ़िल्म के लिए 'सिल्वर कॉच' पुरस्‍कार और 5 लाख रूपए का नकद इनाम ईरानी फ़िल्म 'अंडर द स्नो' को मिला। फ़िल्म के प्रोड्यूसर में से एक, श्री दीपांकर प्रकाश ने फ़िल्म की डायरेक्टर सुश्री नफ़ीसे ज़ारे और दूसरी प्रोड्यूसर सुश्री कोट्टुकाथिरा प्रकाश की ओर से यह पुरस्‍कार लिया।

सर्वश्रेष्‍ठ अंतर्राष्‍ट्रीय एनिमेशन फ़िल्म के लिए 'सिल्वर कॉच' पुरस्‍कार और 5 लाख रूपए का नकद इनाम (जिसे फ़िल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के बीच बराबर साझा किया जाएगा) जर्मन एनिमेशन फ़िल्म 'मायाज़ सॉन्ग' को मिला। यह पुरस्‍कार लीड एनिमेटर और स्टूडियो की प्रतिनिधि सुश्री सानिका कुलकर्णी ने फ़िल्म की डायरेक्टर और प्रोड्यूसर सुश्री फ्रांज़िस्का शोनेनबर्गर और श्री जयकृष्णन सुब्रमण्यन की ओर से लिया।

राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में सर्वश्रेष्‍ठ एनिमेशन फ़िल्म के लिए 'सिल्वर कॉच' पुरस्‍कार और 3 लाख रूपए का नकद इनाम तमिल भाषा की एनिमेशन फ़िल्म 'आर्मस्ट्रांग फ्रॉम अंगालम्मन टेम्पल स्ट्रीट' को मिला। डायरेक्टर और प्रोड्यूसर श्री भुवनेश एम. कुमार ने 'सिल्वर कॉच' पुरस्‍कार और नकद इनाम लिया।

सर्वश्रेष्‍ठ भारतीय शॉर्ट फ़िक्शन फ़िल्म के लिए 'सिल्वर कॉच' पुरस्‍कार और 3 लाख रूपए का नकद इनाम फ़िल्म 'स्मॉल क्लाउड्स' को मिला। एफटीआईआई द्वारा बनाई गई इस फ़िल्म के लिए पुरस्‍कार एफटीआईआई के वाइस चांसलर श्री धीरज सिंह और डायरेक्टर श्री शुभम सुमित ने लिया।

सर्वश्रेष्‍ठ भारतीय डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म के लिए 'सिल्वर कोंच' पुरस्‍कार और 5 लाख रूपए का नकद इनाम (जिसे फ़िल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के बीच बराबर साझा किया जाएगा) डॉक्यूमेंट्री 'वाई' को मिला। डायरेक्टर श्री साईनाथ एस. उसकैकर और प्रोड्यूसर श्री भरतबाला गणपति की ओर से श्री जवाहर शर्मा ने यह पुरस्‍कार लिया।

अंतर्राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में सर्वश्रेष्‍ठ सिनेमैटोग्राफर का पुरस्‍कार भारतीय डॉक्यूमेंट्री 'टर्टल वॉकर' के लिए श्री कृष्ण मखीजा को मिला।

अंतर्राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्‍ठ एडिटिंग का पुरस्‍कार रूस की शॉर्ट फिक्शन फिल्म 'अबाउट द काउ' के लिए सुश्री एवगेनी स्मिरनोव और श्री मैक्सिम स्मिरनोव को मिला। डायरेक्टर श्री एंटन सिमुखिन ने एडिटिंग करने वाली इस जोड़ी की तरफ से पुरस्‍कार लिया।

अंतर्राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्‍ठ साउंड डिज़ाइनर का पुरस्‍कार फिल्म 'देवा आज पान व्हाय' के लिए श्री अभय रुमडे (पर्पल हेज़ स्टूडियो) को मिला।

"विकसित भारत/वंदे मातरम के 150 वर्ष/भारत@2026" विषय पर सर्वश्रेष्‍ठ शॉर्ट फिल्म का पुरस्‍कार 'द लास्ट शेल्टर' ने जीता। यह पुरस्‍कार श्री भरत अरोड़ा और श्री राजेश भाटिया ने लिया।

सबसे इनोवेटिव/एक्सपेरिमेंटल फिल्म के लिए प्रमोद पति स्पेशल जूरी पुरस्‍कार ताइवानी फिल्म 'द होर्डर्स' को मिला और इसे डायरेक्टर सुश्री चुआन-यिंग लियाओ ने लिया।

राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में सर्वश्रेष्‍ठ साउंड डिज़ाइन पुरस्‍कार फिल्म 'कोवार्टी' के लिए श्री बिग्यना दहल को मिला।

राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में सर्वश्रेष्‍ठ एडिटिंग पुरस्‍कार फिल्म 'मेडे' (MAYDAY) के लिए श्री अखिल कृष्णन को मिला। डायरेक्टर श्री सरथ अंबाट ने एडिटर श्री अखिल कृष्णन की तरफ से पुरस्‍कार लिया।

राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में सर्वश्रेष्‍ठ सिनेमैटोग्राफर का पुरस्‍कार फिल्म 'स्मॉल क्लाउड्स' के लिए श्री रणधीर बिस्वास को मिला।

इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म क्रिटिक्स द्वारा शुरू किया गया FIPRESCI इंटरनेशनल क्रिटिक्स प्राइज़ श्री प्रदीप केनचनुरु को उनकी फिल्म 'द हग ऑफ एम्प्टिनेस' के लिए दिया गया।

सर्वश्रेष्‍ठ स्टूडेंट फिल्म के लिए आईपीडीए पुरस्‍कार श्री मिलन कुमार को फिल्म 'द ओल्ड बुल नोज़, ऑर वन्स न्यू' के लिए मिला।

सर्वश्रेष्‍ठ डेब्यू डायरेक्टर के लिए दादा साहब फाल्के चित्रनगरी पुरस्‍कार सुश्री पूजा टोलानी को उनकी फिल्म 'राज़ा' के लिए मिला।

महाराष्ट्र के राज्‍यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा 19वें एमआईएफएफ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि थे।  इस अवसर पर उपस्थित विशेष अतिथियों में प्रेस सूचना ब्यूरो के प्रधान महानिदेशक श्री धीरेंद्र ओझा, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात, मशहूर फिल्ममेकर श्री आशुतोष गोवारिकर, फेस्टिवल डायरेक्टर और एनएफडीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री प्रकाश मगदूम, महाराष्ट्र सरकार के मराठी भाषा और सांस्कृतिक मामलों के सचिव श्री किरण कुलकर्णी और महाराष्ट्र के राज्‍यपाल के संयुक्‍त सचिव श्री एस. राममूर्ति शामिल थे।

एमआईएफएफ 2026 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए, महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा ने डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्शन और एनिमेशन फिल्मों के लिए समर्पित दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में से एक के रूप में इस महोत्सव की उल्लेखनीय यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तीन दशकों से अधिक समय से, एमआईएफएफ रचनात्मक प्रतिभाओं, कहानीकारों और दूरदर्शी लोगों के लिए एक जीवंत मंच के रूप में कार्य कर रहा है, जो एक राष्ट्रीय आयोजन से विकसित होकर कलात्मक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक विविधता और सार्थक कहानी बताने वाले एक वैश्विक उत्सव में बदल गया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच संस्करणों में देखी गई महत्वपूर्ण वृद्धि, एमआईएफएफ की बढ़ती प्रासंगिकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी पहचान को दर्शाती है।

राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा ने 1 मई 2025 को मुंबई में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए पहले 'वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट' (वेव्स) का भी उल्लेख किया। मीडिया, मनोरंजन, एनिमेशन, गेमिंग, डिजिटल कंटेंट और उभरती प्रौद्योगिकियों के लिए एक ग्लोबल प्लैटफ़ॉर्म  के रूप में परिकल्पित, इस समिट ने "कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज" की थीम के तहत 90 से अधिक देशों के क्रिएटर्स, निवेशकों, नीति निर्माताओं और इंडस्ट्री लीडर्स को एक साथ जोड़ा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वेव्स ने "क्रिएट इन इंडिया, क्रिएट फॉर द वर्ल्ड" के विजन को आगे बढ़ाते हुए क्रिएटिव इकॉनमी और डिजिटल स्टोरीटेलिंग के लिए भारत को एक ग्लोबल हब बनाने की महत्वाकांक्षा को और मजबूत किया है।

क्रिएटिव या "ऑरेंज इकोनॉमी" के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, श्री जिष्णु देव वर्मा ने फिल्म इंडस्ट्री को इसके सबसे मजबूत स्तंभों में से एक बताया। रोजगार पैदा करने और नवाचार को बढ़ावा देने के अलावा, फिल्में 'सॉफ्ट पावर' के सशक्त माध्यम के रूप में कार्य करती हैं, जो राष्ट्रों को अपने मूल्यों, परंपराओं और आकांक्षाओं को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचाने में सक्षम बनाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की सराहना की, क्योंकि उनमें वास्तविकता को दिखाने, इतिहास को संरक्षित करने, रूढ़ियों को तोड़ने और सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित करने की अद्भुत क्षमता होती है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने शॉर्ट फिल्म्स और एनिमेशन के महत्व पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जहाँ शॉर्ट फिल्में प्रयोग करने कलाकारों और नई प्रतिभाओं के लिए एक मंच प्रदान करती हैं, वहीं एनिमेशन शिक्षा, संचार, सांस्कृतिक संरक्षण और रचनात्मक अभिव्यक्ति के एक सशक्त माध्यम के रूप में विकसित हुआ है। तकनीक और कल्पना के तालमेल से, एनिमेशन जटिल विचारों को भी आकर्षक और सर्वसुलभ तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करता है।

इस बात पर गर्व व्यक्त करते हुए कि मुंबई इस महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन की मेजबानी जारी रखे हुए है, उन्होंने सिनेमा, कला और रचनात्मकता के अग्रणी केंद्र के रूप में महाराष्ट्र की स्थिति को दोहराया। उन्होंने युवाओं, विशेष रूप से ग्रामीण और जनजातीय समुदायों के लोगों तथा महिला फिल्म निर्माताओं को अपनी अनूठी कहानियाँ साझा करने के लिए अधिक प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। तकनीक को प्रगति का एक प्रमुख माध्यम मानते हुए, उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया और फिल्म निर्माताओं की बौद्धिक संपदा की सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। सभी पुरस्कार विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सार्थक कहानी कहना आज भी संवाद, सहानुभूति और सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए एक शक्तिशाली माध्यम है।

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम लिमिटेड (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री प्रकाश मगदूम द्वारा एमआईएफएफ रिपोर्ट का भी औपचारिक विमोचन किया गया। अपने संबोधन में, श्री मगदूम ने कहा कि सबसे शक्तिशाली सच सबसे बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि सबसे छोटे और सबसे ईमानदार फ्रेम में बताए जाते हैं। डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिक्शन और एनिमेशन ऐसे रूप हैं जो दुनिया की वास्तविकताओं से मुंह नहीं मोड़ते, बल्कि उनके प्रभाव को दर्शकों के सामने आईने की तरह प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने बताया कि एमआईएफएफ 2026 को दुनिया भर से 1,459 फिल्मों की प्रविष्टियों के साथ शानदार प्रतिक्रिया मिली। कॉम्पिटिशन सेक्शन में 144 फिल्में शामिल थीं, जिनमें 52 इंटरनेशनल और 92 नेशनल एंट्री थीं और इनमें 13 देशों के फिल्ममेकर्स शामिल थे। नॉन-कॉम्पिटिशन सेक्शन में 46 प्रतिभागी देशों की कुल 202 फिल्में दिखाई गईं, जिनमें 106 अंतर्राष्ट्रीय और 96 राष्ट्रीय फिल्में शामिल थीं, जिन्हें मिलाकर कुल 83 घंटे से अधिक की स्क्रीनिंग हुई। इन अनुभागों को 24 क्यूरेटेड (विशेष रूप से तैयार) खंडों में व्यवस्थित किया गया था, जिनमें मोज़ेक, बेस्ट ऑफ फेस्ट, बुसान नेक्स्ट वेव, ऑस्कर विनर्स, रेमंड क्रुमे रेट्रोस्पेक्टिव, एनएफडीसी शोकेस, इकोज फ्रॉम नॉर्थ ईस्ट और मराठी फिल्म्स, IFFI CMOT आदि शामिल थे, जिन्होंने प्रशंसित कार्यों, उभरती आवाजों और क्षेत्रीय कहानियों को एक ही मंच पर एकत्रित किया। महान फिल्म निर्माता डेविड एटनबरो को 'सेंटेनरी ट्रिब्यूट' के तहत उनकी दो फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ सम्मानित किया गया। 'होमेज' सेक्शन में श्याम बेनेगल, फोटोग्राफर रघु राय और डॉक्यूमेंट्री मास्टर फ्रेडरिक वाइसमैन की फिल्में प्रदर्शित की गईं, जिनके कार्यों ने दर्शकों को याद दिलाया कि नॉन-फीचर सिनेमा क्यों महत्वपूर्ण बना हुआ है। एमआईएफएफ के इस संस्करण ने दो नए खास सेक्शन भी शुरू किए गए: 'इकोज़ फ्रॉम नॉर्थ ईस्ट', जिसमें इस क्षेत्र की सात फिल्में प्रदर्शित की गईं, और 'मराठी फिल्म्स', जिसमें फिल्म सिटी महाराष्ट्र के सहयोग से 19 फिल्में दिखाई गईं। यह भारतीय सिनेमा के भीतर विविध क्षेत्रीय आवाजों का उत्सव मनाने के प्रति एमआईएफएफ की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) के 19वें संस्करण के समापन के साथ ही, कहानी कहने की कला, क्रिएटिविटी और सिनेमाई उत्कृष्टता की भावना फिल्म निर्माताओं और दर्शकों को समान रूप से प्रेरित करती रहेगी। यदि फिल्में मानवीय संवेदनाओं का पोषण हैं, तो एमआईएफएफ ने एक बार फिर सशक्त कहानियों, विविध दृष्टिकोणों और परिवर्तनकारी विचारों के साथ हमारी चेतना को समृद्ध किया है। हालाँकि यह अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन सार्थक सिनेमा का उत्सव मनाने की यात्रा जारी है। फिल्म प्रेमी अब 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) और 2028 में होने वाले एमआईएफएफ के अगले संस्करण की प्रतीक्षा करेंगे, जब दुनिया भर के कहानीकारों का स्वागत करने और लोगों को जोड़ने, प्रेरित करने तथा गहरा प्रभाव पैदा करने की फिल्मों की चिरस्थायी शक्ति को दोहराने के लिए यह पर्दे फिर से उठेंगे।

***************

पीके/केसी/एमके/डीवी/डीए


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #MIFF2026. Tag us @pibmumbai on X, and we'll help spread your passion! For journalists, bloggers, and vloggers wanting to connect with filmmakers for interviews/interactions, reach out to us at miff.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


रिलीज़ आईडी: 2276371   |   Visitor Counter: 81

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Odia