प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत-कनाडा राजनेताओं का संयुक्त वक्तव्य

प्रविष्टि तिथि: 02 MAR 2026 5:05PM by PIB Delhi

भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर, कनाडा के प्रधानमंत्री महामहिम मार्क कार्नी ने 27 फरवरी – 2 मार्च 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा की। कनाडा के प्रधानमंत्री बनने के बाद, यह प्रधानमंत्री कार्नी की पहली भारत यात्रा थी और यह 2018 के बाद कनाडा के किसी प्रधानमंत्री की भारत की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। प्रधानमंत्री कार्नी के साथ; वरिष्ठ मंत्रियों, प्रांतीय नेताओं और प्रमुख सीईओ सहित कनाडा का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया था।          

कूटनीतिक संबंधों की स्थापना की 79वीं वर्षगांठ मनाते हुए, राजनेताओं ने कनाडा–भारत संबंधों के महत्व की पुष्टि की, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों के आपसी गहरे संबंधों, सार्वभौमिकता और भौगोलिक अखंडता के प्रति सम्मान और कानून के शासन के प्रति संयुक्त प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। 

राजनेताओं ने स्वीकार किया कि एक जटिल और अनिश्चित वैश्विक संदर्भ में, दो जीवंत लोकतंत्रों के बीच एक मजबूत, सुदृढ़ और भविष्योन्मुख साझेदारी; पारस्परिक समृद्धि और साझा वैश्विक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और कनाडा के बीच करीबी सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय नियमों और मानकों को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी, जिन्हें निष्पक्ष रूप से लागू किया जाएगा, इससे आर्थिक सुदृढ़ता बढ़ेगी, सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा और जलवायु परिवर्तन, तेजी से प्रौद्योगिकी परिवर्तन एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य सहित वैश्विक चुनौतियों का समाधान किया जा सकेगा। नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने, समावेशी विकास का समर्थन करने, और भारत-प्रशांत और इसके परे शांति, स्थिरता और समृद्धि में योगदान देने के लिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मंचों पर मिलकर काम करने के अपने साझा संकल्प की पुष्टि की।

इस साझा दृष्टि को आधार मानते हुए, नेताओं ने 'वसुधैव कुटुम्बकम' या 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' के सिद्धांत को भारत–कनाडा नवीन रणनीतिक साझेदारी की प्रमुख मार्गदर्शक रूपरेखा के रूप में अपनाने पर सहमति व्यक्त की, जो स्थायित्व, समावेश और वैश्विक सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने विकसित भारत के दृष्टिकोण और कनाडा के 'बिल्ड कनाडा स्ट्रॉंग' एजेंडा के बीच सामंजस्य को रेखांकित किया और इस बात की पुष्टि की कि विकास, नवाचार, ऊर्जा स्रोतों में बदलाव, खाद्य और पोषण सुरक्षा, विश्वासनीय डिजिटल इकोसिस्टम, सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाएं, कौशल और प्रतिभा का आवागमन और मानव-केंद्रित विकास में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाना दोनों देशों और व्यापक दुनिया के लिए सशक्त समाज, साझा समृद्धि और अधिक स्थायी भविष्य के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा।

नये रोडमैप की प्रगति और कार्यान्वयन

दोनों नेताओं ने कनानास्किस में जी7 शिखर सम्मेलन और जोहान्सबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई अपनी बैठकों के बाद से कनाडा–भारत संबंधों के लिए नए रोडमैप के क्रियान्वयन में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का स्वागत किया, जिससे कनाडा–भारत साझेदारी को मजबूत करने के लिए स्पष्ट दिशा प्राप्त हुई।

उन्होंने मंत्री-स्तरीय दोहरी बैठकों की बारंबारता में वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया; जिसने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में नयी गति दी है; विभिन्न संस्थागत संवाद तंत्रों की सक्रियता और संवर्धित उप-राष्ट्रीय जुड़ाव का स्वागत किया, जो आपसी समझ और नीति समन्वय को गहरा करने में उनकी महत्ता को रेखांकित करता है; अपने-अपने मिशनों में राजनयिक प्रतिनिधियों की वापसी को मान्यता दी; और द्विपक्षीय संबंधों को क्रमिक रूप से  सामान्य बनाने की दिशा में उठाए गए रचनात्मक कदमों की सराहना की, जो आपसी सम्मान, समायोजन और सहयोग की भावना में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।

नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की मजबूत वाणिज्यिक आधारशिला पर प्रकाश डाला, जो व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए बातचीत की शुरुआत और हाल के महीनों में महत्वपूर्ण व्यावसायिक घोषणाओं और निवेश प्रतिबद्धताओं में परिलक्षित होती है। ये विकास द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के पैमाने के विस्तार, विविधीकरण और परिष्कृत प्रारूप को दिखाते हैं और दोनों बाजारों में व्यवसायों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का संकेत देते हैं। नेताओं ने उल्लेख किया कि क्षमता प्रदान करने वाले नीतिगत वातावरण के समर्थन के साथ, उद्योग और सरकार के बीच सतत संवाद, प्राथमिक क्षेत्रों में नई संभावनाओं को सामने लाने और वाणिज्यिक गति को दीर्घकालिक, आपसी लाभकारी आर्थिक विकास में बदलने के लिए आवश्यक होगे।

राजनेताओं ने निम्नलिखित प्राथमिक क्षेत्रों में सहयोग को प्रगाढ़ करने पर सहमति जताई:

एक पृथ्वी

रणनीतिक ऊर्जा साझेदारी

ऊर्जा क्षेत्रों में अपनी पूरक ताकतों को मान्यता देते हुए, नेताओं ने भारत-कनाडा रणनीतिक ऊर्जा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की, जिसका उद्देश्य ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने दोनों देशों की सुरक्षा, कल्याण और आर्थिक शक्ति के लिए ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति के विविधीकरण के अत्यधिक महत्व को दोहराया और स्वच्छ ऊर्जा, पारंपरिक ऊर्जा, नागरिक परमाणु ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग बढ़ाने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता पर जोर दिया, ताकि किफायती मूल्य, स्थायित्व और आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके।

राजनेताओं ने भारत ऊर्जा सप्ताह, 2026 में कनाडा–भारत मंत्रीस्तरीय ऊर्जा संवाद के फिर से शुरू होने का स्वागत किया और इसे उच्च-स्तरीय नीति संवाद को बनाए रखने और ऊर्जा सुरक्षा, आपूर्ति के विविधीकरण और दीर्घकालिक बाजार एकीकरण पर रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एक प्रमुख संस्थागत मंच के रूप में मान्यता दी। उन्होंने संवाद के अंतर्गत संयुक्त कार्य योजना के अंतिम रूप का भी स्वागत किया।

नेताओं ने स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु-संबंधित मूल्य श्रृंखलाओं में सहयोग को बढ़ाने की संभावना पर भी प्रकाश डाला, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा, हाइड्रोजन और इसके व्युत्पन्न, जैव-इंधन, सतत विमानन ईंधन, बैटरी भंडारण, और विद्युत प्रणाली का आधुनिकीकरण शामिल है तथा साझा जलवायु उद्देश्यों और ऊर्जा स्रोतों में बदलाव लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में इन क्षेत्रों की केंद्रीय भूमिका को मान्यता दी।

नेताओं ने कार्बन कैप्चर, उपयोग और भंडारण (सीसीयूएस) के समाधानों में सहयोग को एक प्रमुख क्षेत्र के रूप में रेखांकित किया, जो ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों के सतत उत्पादन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

नेताओं ने इस इरादे को दोहराया कि वे सरकार से सरकार और व्यवसाय से व्यवसाय के बीच सतत संबंधों को बढ़ावा देंगे, जिसमें निरंतर विशेषज्ञ सहयोग और द्विपक्षीय और बहुपक्षीय व्यवस्था के माध्यम से सहयोग शामिल है, ताकि रणनीतिक ऊर्जा साझेदारी दोनों देशों के लिए ठोस, दीर्घकालिक लाभ प्रदान कर सके।

ऊर्जा व्यापार

नेताओं ने उल्लेख किया कि सुदृढ़ संस्थागत जुड़ाव द्विपक्षीय ऊर्जा व्यापार का विस्तार करने में सहायक होगा, जिसमें तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी), तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी), कच्चा तेल, परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पाद, पोटाश और यूरेनियम आपूर्ति शामिल हैं। इस संदर्भ में, उन्होंने कैमेको और परमाणु ऊर्जा विभाग के बीच यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए 2.6 बिलियन कनाडाई डॉलर के व्यावसायिक समझौते का स्वागत किया, जो भारत की नागरिक परमाणु ऊर्जा उत्पादन, स्वच्छ ऊर्जा स्रोत लक्ष्यों और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देगा।

राजनेताओं ने उल्लेख किया कि कनाडा एलएनजी का एक प्रमुख वैश्विक आपूर्तिकर्ता बनने की स्थिति में है और भारत की कनाडा से एलएनजी प्राप्त करने की इच्छा का स्वागत किया। उन्होंने इस बात का भी स्वागत किया कि पिछले पांच वर्षों में कनाडा भारी तेल का एक महत्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है। भारत, जो अगले दो दशकों में वैश्विक ऊर्जा मांग में वृद्ध‍ि में सबसे बड़ा योगदानकर्ता बनने की स्थिति में है तथा इसकी वर्तमान स्थिति से प्रे दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता और चौथा सबसे बड़ा एलएनजी आयातक होने की है, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय ऊर्जा व्यापार को और बढ़ाने की महत्वपूर्ण संभावनाओं को स्वीकार किया। इसमें भारत द्वारा कनाडा से तेल और एलएनजी का बढ़ा हुआ आयात, साथ ही भारत से कनाडा को परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति शामिल है। इस संदर्भ में, कनाडा ने भारी तेल निर्यात अवसंरचना और भारत-प्रशांत बाजार में एलएनजी आपूर्ति का विस्तार करने की अपनी योजनाओं की फिर से पुष्टि की, जो कनाडा के 2030 तक प्रति वर्ष 50 मिलियन टन एलएनजी और 2040 तक 100 मिलियन टन तक का उत्पादन करने के घोषित लक्ष्य के माध्यम से पूरी की जाएगी।

नेताओं ने भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र के तेल और गैस कंपनियों और कनाडाई ऊर्जा कंपनियों के बीच तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए चर्चाओं का स्वागत किया। उन्होंने भारत के साथ कनाडा की पहली लंबी अवधि की एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पूरा करने के लिए चल रहे सहयोग का उल्लेख किया और विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की साझेदारियाँ ऊर्जा व्यापार में और विविधता लाएंगी, आपूर्ति सुरक्षा को मजबूत करेंगी और हाइड्रोकार्बन मूल्य श्रृंखला में सहयोग के नए अवसर पैदा करेंगी।

दोनों पक्षों ने बड़े निजी निवेश प्रवाह और लंबी अवधि की खरीद व्यवस्थाओं के लिए समर्थन दोहराया, जिसमें व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक ऊर्जा साझेदारियों का समर्थन करने के लिए ऋण, वित्तपोषण और इक्विटी निवेश जैसे उपकरण शामिल हैं। भारत-कनाडा ऊर्जा संवाद के माध्यम से, दोनों पक्ष लंबी अवधि के अनुबंधों का पता लगाने और इस व्यापार को बढ़ाने की चुनौतियों को संबोधित करने के लिए एक संयुक्त कार्य योजना की स्थापना करेंगे, जिसमें पोत-परिवहन लागत और कनाडाई भारी तेल आपूर्ति की बढ़ती उपलब्धता शामिल हैं।

महत्वपूर्ण खनिज सहयोग

राजनेताओं ने दोनों बाजारों में चल रही परियोजनाओं के पैमाने और उभरते अवसरों की पहचान करते हुए, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन क्षेत्रों में दीर्घकालिक, परस्पर निवेश साझेदारियों को गहरा करने के अपने संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिज सहयोग पर आधारित समझौता ज्ञापन पर हुए हस्ताक्षर का स्वागत भी किया, जो मजबूत, सुरक्षित और विविधीकृत महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण करने के उनके साझा संकल्प को प्रतिबिंबित करता है। इस संदर्भ में, उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों के जिम्मेदार और विविधतापूर्ण उत्पादन और आपूर्ति का समर्थन करने वाले जी7 महत्वपूर्ण खनिज कार्ययोजना पर भारत के समर्थन का स्वागत किया, और उन मूल्य श्रृंखलाओं में निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित किया जो स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत उत्पादन, और प्रौद्योगिकी के लिए आवश्यक हैं। नेताओं ने मार्च 2026 में प्रॉस्पेक्टर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ़ कनाडा (पीडीएसी) की बैठक में भारतीय उपस्थिति और कनाडा में ग्रीष्म 2026 में एक मंत्री-नेतृत्व वाली भारतीय ऊर्जा और उद्योग प्रतिनिधिमंडल की प्रतिबद्धता पर भी चर्चा की ताकि कनाडाई और भारतीय कंपनियों के लिए मजबूत व्यावसायिक परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें। 

नेताओं ने स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों और भविष्य-उन्मुख उद्योगों का समर्थन करने के लिए निवेश सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिज और ऊर्जा स्रोतों में बदलाव के तरीकों पर सहयोग को गहरा करने, भारत की खनिज भंडार पहल को सुरक्षित करने में मदद करने के लिए सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने, और कनाडाई और भारतीय कंपनियों के लिए मजबूत व्यावसायिक परिणामों का समर्थन करने के साथ-साथ उत्सर्जन में कटौती और ऊर्जा स्रोतों में बदलाव से जुड़ी प्रौद्योगिकियों पर विशेषज्ञता साझा करने पर भी सहमति व्यक्त की।

स्वच्छ ऊर्जा सहयोग

राजनेताओं ने स्वच्छ ऊर्जा सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हुए हस्ताक्षर का भी स्वागत किया, जो सौर, पवन, जैव-ऊर्जा, लघु जल-विद्युत्, ऊर्जा भंडारण और क्षमता निर्माण में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक व्यापक संस्थागत रूपरेखा स्थापित करती है। उन्होंने एक ऐसा पारस्परिक रूप से लाभकारी स्वच्छ ऊर्जा भागीदारी बनाने पर सहमति व्यक्त की जो ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करे, सूचना आदान-प्रदान और संयुक्त निवेश अवसरों के माध्यम से ऊर्जा स्रोतों में बदलाव को तेजी से बढ़ाए और एक समर्पित संयुक्त कार्य समूह के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में द्विपक्षीय सार्वजनिक–निजी सहभागिता को बढ़ावा दे। यह सहयोग सतत आर्थिक विकास, भारत-प्रशांत में क्षेत्रीय सुदृढ़ता और समावेशी स्वच्छ ऊर्जा भविष्य बनाने के साझा उद्देश्य का समर्थन करेगा।

कनाडा 2050 तक बिजली की आपूर्ति को दोगुना करने तथा नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण का व्यापक विस्तार करने की उम्मीद करता है। इसी समय, भारत ने बड़े पैमाने पर सौर और ग्रिड-स्तरीय ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकियों में नेतृत्व और क्षमता का प्रदर्शन किया है, साथ ही छत पर लगे सौर और अन्य प्रकार के  नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों में पैमाने योग्य मॉडल भी प्रदर्शित किए हैं। इस संदर्भ में, नेताओं ने 2026 में भारत-कनाडा नवीकरणीय ऊर्जा और भंडारण शिखर सम्मेलन आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, ताकि उद्योग, निवेशक और सरकारी नीति-निर्माता एकत्र हो सकें तथा भविष्य की खरीदारी और आपूर्ति श्रृंखला साझेदारियों के माध्यम से इन प्रौद्योगिकियों का कनाडा में व्यापार विस्तार किया जा सके और इसमें विविधता लाई जा सके।

जलवायु और पर्यावरण

राजनेताओं ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण पर मौजूदा समझौता ज्ञापन के अंतर्गत सहयोग को प्रगाढ़ करने का स्वागत किया, और साझेदारी की मजबूती को रेखांकित किया। नेताओं ने विज्ञान-आधारित, समावेशी और न्यायसंगत जलवायु कार्रवाई के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता हानि, प्रदूषण और पारिस्थितिकी तंत्र के क्षरण का समाधान कर सतत विकास को आगे बढ़ाने के लिए वर्तमान में जारी द्विपक्षीय प्रयासों पर प्रकाश डाला तथा जलवायु शमन और अनुकूलन, जैव विविधता संरक्षण, और प्लास्टिक प्रदूषण कम करने पर सहयोग को मजबूत करने, विशेष रूप से प्रतिरोध क्षमता बढ़ाने और कमजोर समुदायों का समर्थन करने पर सहमति व्यक्त की।

वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा प्लेटफ़ॉर्म

कनाडा अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का सदस्य बनना चाहता है - भारत ने कनाडा के इस निर्णय का स्वागत किया, यह निर्णय स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ाने के लिए कनाडा की मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। नेताओं ने इस बात का उल्लेख किया कि सौर ऊर्जा के उपयोग, नवाचार और क्षमता निर्माण पर कनाडा की भागीदारी, विशेष रूप से विकासशील और जलवायु-संवेदनशील क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करेगी। उन्होंने सहमति व्यक्त की कि अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के माध्यम से बढ़ा सहयोग द्विपक्षीय स्वच्छ ऊर्जा पहलों का पूरक होगा और वैश्विक ऊर्जा स्रोतों में बदलाव को तेज करने और साझा स्थिरता लक्ष्यों को प्राप्त करने में सार्थक योगदान देगा।

भारत ने कनाडा द्वारा वैश्विक जैव-इंधन गठबंधन में अपनी भागीदारी को पूर्ण सदस्य के रूप में उन्नत करने के लिए मौलिक दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर किये जाने का स्वागत किया। इस कदम से वैश्विक स्तर पर सतत जैव-इंधन को अपनाने को और बढ़ावा मिलेगा और जैव-इंधन आपूर्ति श्रृंखला, मानक और तैनाती में सहयोग मजबूत होगा, जिसमें स्थायित्व मानकों और जीवनचक्र उत्सर्जन पर सहयोग शामिल हैं।

सतत कृषि और पोषण सुरक्षा

कृषि और कृषि-खाद्य प्रणालियों में भारत और कनाडा के बीच बढ़ती पूरकता की पहचान करते हुए, नेताओं ने खाद्य सुरक्षा, कृषि उत्पादकता और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ाने के लिए सहयोग को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया। नेताओं ने कृषि-तकनीक, अनुसंधान और मूल्य-वर्धित खाद्य उत्पादन में सहयोग के अवसरों का विस्तार करने पर प्रकाश डाला और सहमति व्यक्त की कि मजबूत कृषि साझेदारी सतत कृषि प्रथाओं, पोषण सुरक्षा, और परस्पर लाभकारी व्यापार और निवेश को आगे बढ़ाएगी।

नेताओं ने एनआईएफटीईएम, कुंडली में कनाडा–भारत दाल प्रोटीन उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने पर सहयोग के प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने सस्काचेवान प्रांत की दाल उत्पादन और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व जैसी पूरक ताकतों और भारत को दाल का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता होने का उल्लेख किया। नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि यह पहल कृषि-खाद्य अनुसंधान सहयोग को मजबूत करेगी, दाल प्रोटीन प्रसंस्करण और सुदृढ़ीकृत भोजन विकास को आगे बढ़ाएगी तथा किफायती, उच्च गुणवत्ता वाले पोषण तक पहुंच में सुधार करने में योगदान देगी, इसके साथ ही दोनों देशों के बीच उप-राष्ट्रीय साझेदारियों और उद्योग–शिक्षा जगत संबंधों को भी मजबूत करेगी।

एक परिवार

प्रतिभा में निवेश

राजनेताओं ने भारत और कनाडा के लोगों के आपसी संबंधों को बढ़ावा देने में शिक्षा और प्रतिभा के आवागमन की केंद्रीय भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने उल्लेख किया कि छात्रों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों की आवाजाही पारस्परिक रूप से लाभकारी रही है, जिससे दोनों देशों में नवाचार इकोसिस्टम और आर्थिक विकास मजबूत हुआ है।

नवाचार को बढ़ावा देने; ज्ञान-प्राप्ति के परिणामों में सुधार करने; और भविष्य के अनुरूप कार्यबल बनाने में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग के महत्व को मान्यता देते हुए, नेताओं ने उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच सहयोग को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की, जिसमें उद्योग-संरेखित कौशल प्रशिक्षण को बढ़ाना; संयुक्त, दोनों की डिग्री और अनुकूल कार्यक्रमों का विस्तार करना; भारत में प्रमुख कनाडाई संस्थानों के बाहरी कैंपसों की स्थापना को सुगम बनाना; उभरती प्रौद्योगिकियों में शोध भागीदारी को मजबूत करना; और इस क्षेत्र में सहयोग को और बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा पर संयुक्त कार्य समूह को पुनर्जीवित करना शामिल हैं।

नेताओं ने भारत के अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) और कनाडा के एमआईटीएसीएस के बीच समझौता ज्ञापन का स्वागत किया, जिसके तहत ग्लोबलिंक रिसर्च इंटर्नशिप प्रोग्राम का विस्तार किया जाएगा, जिससे सालाना लगभग 300 भारतीय स्नातक छात्रों को कनाडाई विश्वविद्यालयों में अनुसंधान स्थान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रमुख पहल संस्थागत संबंधों को मजबूत करेगी, विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करेगी, और प्रत्यक्ष अनुसंधान और पेशेवर प्रशिक्षण के माध्यम से भविष्य के लिए तैयार कौशल का विकास करेगी।

नेताओं ने एक नई और विकसित हो रही पहल, संयुक्त प्रतिभा और नवाचार रणनीति का स्वागत किया, जिसका उद्देश्य साझा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में कनाडाई अनुसंधान और नवाचार क्षमता को शामिल करना और संरचित आवागमन, संयुक्त प्रशिक्षण तरीकों और अनुसंधान सहयोग के माध्यम से द्विपक्षीय प्रतिभा के प्रवाह को सुदृढ़ करना है।

नेताओं ने नवाचार को आगे बढ़ाने, क्षमता निर्माण करने और साझा भारत-प्रशांत प्राथमिकताओं का समर्थन करने के लिए गहरी संस्थागत साझेदारी, शोधकर्ता की आवाजाही और ज्ञान विनिमय को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। इस संदर्भ में, उन्होंने कनाडा के भारत-प्रशांत छात्रवृत्ति और कनाडावासियों के लिए फैलोशिप (आईपीएसएफसी) कार्यक्रम का स्वागत किया और इसे कनाडाई और भारतीय संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस कार्यक्रम के तहत 11 कनाडाई उच्च शिक्षा संस्थानों के 85 से अधिक कनाडाई स्नातक छात्र और शोधकर्ता भारत की यात्रा करेंगे, ताकि प्रमुख भारतीय अकादमिकों के साथ प्राथमिक क्षेत्रों में सहयोग कर सकें, जिनमें स्वच्छ हाइड्रोजन, जलवायु सहनीयता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ता और सतत विकास शामिल हैं। नेताओं ने शिक्षा से संबंधित चौबीस एमओयू के पूरे होने का भी स्वागत किया।

लोगों के आपसी—संबंध और सांस्कृतिक सहयोग

भारत और कनाडा के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों और लोगों के जीवंत आपसी—संबंधों को मान्यता देते हुए, नेताओं ने यह रेखांकित किया कि सांस्कृतिक सहयोग द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने उल्लेख किया कि सतत सांस्कृतिक आदान-प्रदान पारस्परिक समझ को मजबूत करता है, विविधता का जश्न मनाता है, और समाजों के बीच स्थायी संबंध स्थापित करता है, साथ ही रचनात्मक अर्थव्यवस्थाओं और नवाचार का समर्थन करता है। नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि संस्कृति, धरोहर और रचनात्मक उद्योगों में निकट सहयोग द्विपक्षीय संबंधों को और समृद्ध करेगा तथा समावेशी विकास और साझा समृद्धि में सार्थक योगदान देगा।

नेताओं ने सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े समझौता ज्ञापन पर हुए हस्ताक्षर का स्वागत किया, और कला, विरासत, दृश्य और श्रव्य मीडिया, संगीत और रचनात्मक उद्योगों में विस्तारित सहयोग के माध्यम से दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों को गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लक्षित पहलों के माध्यम से दोनों देशों के सांस्कृतिक संस्थानों और रचनाकारों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

नेताओं ने सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए उभरती तकनीकों, जिसमें वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता शामिल हैं, की संभावनाओं पर भी जोर दिया, और इस क्षेत्र में स्थायी सांस्कृतिक संवाद, रचनात्मक साझेदारियों और आपसी समझ का समर्थन करने पर बल दिया।

नेताओं ने दोनों देशों में आदिवासी और जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने के महत्व की पुन: पुष्टि की और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों और राष्ट्रीय विकास में उनके लगातार योगदान को मान्यता दी। उन्होंने भारत जनजातीय महोत्सव (बीटीएफ) 2026 का स्वागत किया, इसे उद्यमिता, सांस्कृतिक संरक्षण और स्थायी आजीविका में वैश्विक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच का उदाहरण बताया। नेताओं ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान, कौशल विकास, पारंपरिक ज्ञान और समुदाय-आधारित उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच जैसे क्षेत्रों में संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की, ताकि समावेशी विकास को मजबूत किया जा सके और विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं के प्रति आपसी सम्मान पर आधारित लोगों के आपसी संबंधों को सुदृढ़ किया जा सके।

नेताओं ने हाल ही में कनाडा–भारत ट्रैक II रणनीतिक संवाद का स्वागत किया, जिसने नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों, व्यवसायिक नेताओं और नागरिक समाज को एक साझा मंच प्रदान किया, ताकि आर्थिक स्थायित्व, उभरती तकनीकें, ऊर्जा सुरक्षा, और लोगों के आदान-प्रदान सहित अन्य मुद्दों के लिए कूटनीतिक पुनःस्थापना को ठोस सहयोग में बदलने के तरीकों की खोज की जा सके। उन्होंने उल्लेख किया कि यह उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान संस्थागत जुड़ाव, विस्तारित क्षेत्रीय सहयोग, और साझा नीति संवाद के महत्व को रेखांकित करता है, जो सरकार-से-सरकार के आधिकारिक तंत्रों के स्थायी पूरक के रूप में काम करता है। नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि औपचारिक और ट्रैक II मंचों में सतत संवाद पारस्परिक समझ को गहरा करने, द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने, और व्यावहारिक, भविष्य-उन्मुख पहलों को सूचित करने में मदद करेगा, जो दोनों समाजों के लिए ठोस लाभ प्रदान करेगा।

नेताओं ने दोनों देशों के बीच नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में सहयोग के मजबूत इतिहास और आर्थिक वृद्धि, हवाई-संपर्क और लोगों के आदान-प्रदान में इसके महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता दी। उन्होंने दोनों देशों में सुरक्षित, स्थायी और सुदृढ़ उड्डयन इकोसिस्टम को बढ़ावा देने में मदद करने के लिए नागरिक उड्डयन सहयोग पर अपने संयुक्त समझौता ज्ञापन को नवीनीकृत करने के लिए जारी कार्य के माध्यम से इस सहयोग को गहरा करने की अपनी इच्छा व्यक्त की।

एक भविष्य

विज्ञान और प्रौद्योगिकी संरचना

इस बात को मान्यता देते हुए कि प्रौद्योगिकी और नवाचार आर्थिक विकास, प्रतिस्पर्धा और सामाजिक सुदृढ़ता के मुख्य प्रेरक हैं, नेताओं ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार में भारत-कनाडा सहयोग को और गहरा करने के महत्व पर जोर दिया। यह संगम इस आवश्यकता को उजागर करता है कि संस्थागत तंत्रों को पुनर्जीवित किया जाए जो महत्वाकांक्षा को समन्वित, परिणामोन्मुखी सहयोग में बदल सके। संयुक्त विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग समिति (जेएसटीसीसी) की फिर से शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है जो महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने, सुरक्षित और विश्वसनीय डिजिटल ईकोसिस्टम को मजबूत करने, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और ऊर्जा नवाचार को तेज करने और शोध साझेदारियों का विस्तार करने के लिए एक नवीनीकृत मंच प्रदान करता है।

अंतरिक्ष सहयोग

राजनेताओं ने संबंधित एजेंसियों और निजी क्षेत्रों द्वारा अंतरिक्ष सहयोग पर रणनीतिक साझेदारी की जरूरत और पारस्परिक लाभ पर चर्चा की। 1996 में अंतरिक्ष सहयोग पर समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद से कनेडियन स्पेस एजेंसी (सीएसए) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के बीच 30 वर्षों में बने विश्वास के आधार पर, अंतरिक्ष एजेंसियां और उनके राष्ट्रीय व्यावसायिक और अनुसंधान इकोसिस्टम उभरते हुए अवसरों का तेजी से और संयुक्त रूप से लाभ उठाने के लिए तैयार हैं।

इस साझेदारी का मार्गदर्शन एमओयू के तहत एक महत्वाकांक्षी कार्यान्वयन व्यवस्था द्वारा किया जाएगा ताकि संयुक्त परियोजनाओं को कार्यान्वित किया जा सके और नए और उभरते क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग को सुविधाजनक बनाया जा सके, जिसमें वायुमंडलीय विज्ञान, अंतरिक्ष रोबोटिक्स और मानव अंतरिक्ष उड़ान के साथ अंतरिक्ष अन्वेषण और क्वांटम संचार प्रौद्योगिकियां शामिल हैं, जिन्हें उनकी एजेंसियों के बीच क्षमता निर्माण और ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देने से समर्थन मिलता है। व्यापक रूप से, उन्होंने अपने राष्ट्रीय अंतरिक्ष इकोसिस्टम के बीच संबंध को मजबूत करने के महत्व की पुष्टि की, जिसके तहत सरकार के संगठनों, उद्योग, स्टार्टअप, अकादमिक और शोध संस्थानों के बीच साझेदारी को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि पूरक ताकतों का लाभ उठाया जा सके, नवाचार को गति दी जा सके और साझा विकास लक्ष्यों में योगदान दिया जा सके।

डिजिटल और एआई सहयोग

अंतरिक्ष सहयोग को आधार बनाते हुए, भारत और कनाडा अंतरिक्ष और एयरोस्पेस प्रौद्योगिकियों में एआई को एकीकृत करने के लिए संयुक्त पहलों का पता लगाने की इच्छा रखते हैं। अंतरिक्ष अनुप्रयोगों और पृथ्वी अवलोकन के लिए इन एआई उपकरणों को सह-विकसित करके, दोनों देश नवाचार को आगे बढ़ाएंगे और अपनी तकनीकी संप्रभुता को मजबूत करेंगे।

नेताओं ने दूरस्थ चिकित्सा की नैदानिक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए एआई-सहायता प्राप्त उपकरणों पर सहयोग का पता लगाने पर सहमति व्यक्त की ताकि दोनों देशों के दूरदराज के क्षेत्रों में आधुनिक, विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जा सके।

उद्योग और अकादमिक साझेदारियों के महत्व को मान्यता देते हुए, दोनों पक्ष सीमा-पार कार्य-समन्वित शिक्षा अवसरों के एक कार्यक्रम की स्थापना करने का इरादा रखते हैं, जो भारतीय इंजीनियरों और शोधकर्ताओं को कनाडा के विश्व स्तरीय एआई अनुसंधान संस्थानों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने में सक्षम बनाएगा और कनाडाई इंजीनियरों को भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना इकोसिस्टम की बड़े पैमाने पर तैनाती में विशेषज्ञता का अनुभव प्राप्त होगा।

ऊर्जा की बढ़ती मांग और नवीकरणीय ऊर्जा की बढ़ती भूमिका के संदर्भ में सुदृढ़ विद्युत ग्रिड प्रणालियों के महत्व को मान्यता देते हुए, दोनों पक्षों ने ऊर्जा वृद्धि की भविष्यवाणी के लिए एआई एल्गोरिदम के विकास पर ज्ञान साझा करके सहयोग को मजबूत करने और विभिन्न जलवायु स्थितियों में बैटरी भंडारण को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने पर सहमति व्यक्त की, ताकि दोनों देशों में विश्वसनीय, कुशल और जलवायु-सहनीय ऊर्जा प्रणालियों का समर्थन किया जा सके।

नेताओं ने ऑस्ट्रेलिया–कनाडा–भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार (एसीआईटीआई) साझेदारी के तहत हुई प्रगति का स्वागत किया और नई दिल्ली में एआई समिट के दौरान तीन देशों के एआई मंत्रियों की हालिया बैठक का उल्लेख किया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्रौद्योगिकियों में व्यावहारिक त्रिपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक संयुक्त कार्ययोजना विकसित करने पर सहमति व्यक्त की और डिजिटल अवसंरचना, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग, इंटरनेट-ऑफ़-थिंग्स (आईओटी), साइबर सुरक्षा और स्टार्टअप इकोसिस्टम में गहन सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया। नेताओं ने आगे एआई स्वायत्तता, समावेशिता, पहुँच और विश्वसनीयता को बढ़ावा देने के लिए नीति और नियामक आदान-प्रदान को मजबूत करने; एआई अपनाने और संबंधित व्यवसाय-से-व्यवसाय साझेदारी को बढ़ावा देने; और कौशल विकास, प्रशिक्षण और ज्ञान-साझाकरण के माध्यम से संयुक्त क्षमता निर्माण को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की, ताकि विश्वसनीय नवाचार इकोसिस्टम को बढ़ावा दिया जा सके और ठोस परिणाम प्राप्त किए जा सकें। नेताओं ने प्रौद्योगिकी और नवाचार में सहयोग पर त्रिपक्षीय ऑस्ट्रेलिया-कनाडा-भारत एमओयू पर हस्ताक्षर करके इस कार्य को संहिताबद्ध करने का स्वागत किया।

इस साझा दृष्टि को ठोस परिणामों में बदलने के लिए, नेताओं ने नवीनीकृत भारत–कनाडा रणनीतिक भागीदारी को दो मूलभूत स्तरों पर संरचित करने पर सहमति व्यक्त की।

मूलभूत स्तर – 1: सुरक्षा और रक्षा सहयोग

सुरक्षा सहयोग

नेताओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के स्तर पर आयोजित नियमित द्विपक्षीय सुरक्षा संवाद के तहत हुई प्रगति का स्वागत किया और राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून प्रवर्तन प्राथमिकताओं पर सहयोग का मार्गदर्शन करने के लिए साझा कार्ययोजना पर सहमति का स्वागत किया। बहुलतावादी लोकतंत्रों के रूप में, उन्होंने हिंसक उग्रवाद, आतंकवाद, संगठित अपराध, जिसमें मादक पदार्थों और फेंटानिल प्रीकर्सर का अवैध प्रवाह शामिल हैं, साइबर अपराध, उगाही, वित्तीय धोखाधड़ी, तस्करी और संबंधित आपराधिक नेटवर्क से संबंधित मुद्दों को संबोधित करने के लिए सहयोग को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की। नेताओं ने द्विपक्षीय संचार को सुव्यवस्थित करने और समय पर जानकारी साझा करने में सक्षम बनाने के लिए सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन संपर्क तंत्र की स्थापना का समर्थन किया और घरेलू कानूनों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के अनुरूप साइबर सुरक्षा और प्रवासन प्रवर्तन पर सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक को जल्द से जल्द बुलाने का भी आह्वान किया।

रक्षा सहयोग

दोनों नेताओं ने व्यावहारिक सैन्य सहयोग के विस्तार के महत्व को पहचाना और सहयोगी गतिविधियों, संयुक्त प्रशिक्षण के अवसरों और पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान के माध्यम से रक्षा संबंधों को गहरा करने के अवसरों का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने रक्षा सामग्री सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ता और प्रशिक्षण एवं अभ्यास जैसे क्षेत्रों में एक नई समुद्री सुरक्षा साझेदारी का स्वागत किया।

दोनों देश भारत-कनाडा रक्षा वार्ता को संस्थागत बनाने पर सहमत हुए हैं, जो अधिक रक्षा सहयोग के अवसरों की पहचान करने के लिए संबंधित रक्षा नीतियों, क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं और रणनीतिक दृष्टिकोण पर विचारों का आदान-प्रदान करेगी।

इस संदर्भ में, उन्होंने संस्थागत संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में भारत में कनाडा के रक्षा दूतावास अधिकारी की नियुक्ति और वाशिंगटन डीसी में भारत द्वारा कनाडा में अपने रक्षा दूतावास अधिकारी की समवर्ती मान्यता का स्वागत किया।

बहुपक्षीय और संबंध

दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मंचों में सहयोग को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की। ये सहभागिताएं समन्वय को मजबूत करेंगी और एक जटिल रणनीतिक वातावरण में प्राथमिकताओं की साझा समझ को बढ़ावा देंगी।

नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि भारत-प्रशांत एक रणनीतिक और आर्थिक महत्व का क्षेत्र है और उन्होंने स्वतंत्र, खुला, समावेशी और सुदृढ़ भारत-प्रशांत के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने पूरे क्षेत्र में सतत विकास, समुद्री संरक्षा और सुरक्षा, जलवायु सहनीयता, परिवहन-संपर्क और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने में व्यावहारिक सहयोग के महत्व को रेखांकित किया। नेताओं ने संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने वाले नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय क्रम को आगे बढ़ाते हुए, क्षेत्रीय और वैश्विक संस्थाओं और साझेदारियों के माध्यम से समन्वय को मजबूत करने, अवसंरचना विकास, डिजिटल समावेश, आपदा तैयारी और जन-केंद्रित विकास का समर्थन करने में पूरक ताकतों का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्धता जताई।

नेताओं ने भारत के हिन्द महासागर क्षेत्र के दृष्टिकोण और कनाडा की भारत-प्रशांत रणनीति के बीच बढ़ते संयोजन का उल्लेख किया, जो स्थिरता, सतत विकास, परिवहन-संपर्क और समावेशी विकास में साझा हितों पर आधारित है। भारत ने कनाडा की हिन्द महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) में संवाद साझेदार के रूप में शामिल होने की रुचि का स्वागत किया, यह स्वीकार करते हुए कि समुद्री शासन, जलवायु सहनीयता, नीली अर्थव्यवस्था और क्षमता निर्माण में अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से कनाडा मूल्य वर्धन कर सकता है। नेताओं ने आपदा तैयारी, अवसंरचना विकास, डिजिटल समावेश और जन-केंद्रित विकास का समर्थन करने वाली व्यावहारिक पहलों के माध्यम से हिन्द महासागर में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की, और एक मुक्त, खुला, समावेशी और सुदृढ़ भारत-प्रशांत को आगे बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

मूलभूत स्तर – 2: व्यापार भागीदारी को आगे बढ़ाना

वाणिज्य और निवेश पर मंत्रीस्तरीय संवाद

नेताओं ने उल्लेख किया कि वाणिज्य और निवेश पर नवीनीकृत मंत्रीस्तरीय संवाद आपसी जुड़ाव के नवीनीकृत चरण को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को पुनर्जीवित करना और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और बढ़ती आर्थिक पूरकताओं पर आधारित सहयोग के लिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक एजेंडा स्थापित करना है।

सीईपीए और व्यापार संरचना

नेताओं ने एक महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के लिए चर्चाओं को पुनः शुरू करने के माध्यम से द्विपक्षीय आर्थिक सहभागिता को मजबूत करने की उनकी साझा प्रतिबद्धता की पुन: पुष्टि की। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि एक व्यापक व्यापार रूपरेखा, साझेदारी के लिए एक स्थायी आर्थिक आधार के रूप में काम करेगी और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 70 बिलियन कनाडाई डॉलर / 4.65 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाने की साझा आकांक्षा का समर्थन करेगा। उन्होंने सीईपीए वार्ता के लिए संदर्भ शर्तों के अंतिम रूप दिए जाने और हस्ताक्षर किये जाने और औपचारिक वार्ता की शुरुआत का स्वागत किया और 2026 के अंत तक वार्ता को समाप्त करने की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वाणिज्यिक गति

उभरते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य को स्वीकार करते हुए, दोनों पक्षों ने एक मजबूत, विश्वसनीय और पूर्व-अनुमान आधारित व्यापारिक संबंध के महत्व पर ज़ोर दिया जो आपूर्ति श्रृंखला के स्थायित्व को बढ़ाता है, बाहरी कमजोरियों को कम करता है, एक-दूसरे की संवेदनशीलताओं को स्वीकार करता है, और प्राथमिक क्षेत्रों में परस्पर लाभकारी सहयोग को बढ़ावा देता है। उन्होंने अपनी अर्थव्यवस्थाओं के गहरे एकीकरण को भी स्वीकार किया, जो भारत में कार्यरत कनाडाई कंपनियों और कनाडा में कार्यरत भारतीय कंपनियों के महत्वपूर्ण कार्यबल में परिलक्षित होता है, जो पहले ही साझेदारी को मज़बूत करने वाले महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वाणिज्यिक उपस्थिति को दिखाता है।

द्वि-पक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को अधिक वाणिज्यिक गतिशीलता प्रदान करने के लिए, नेताओं ने पारस्परिक मंत्रीस्तरीय नेतृत्व वाली चार व्यापार और निवेश बैठकों के एक कार्यक्रम का स्वागत किया, जिसमें दो कनाडा की यात्राएँ और दो भारत की यात्राएँ शामिल हैं, जो व्यापार प्रतिनिधिमंडलों के साथ होंगी। उन्होंने यह उल्लेख किया कि ये आदान-प्रदान नई वाणिज्यिक संभावनाओं को खोलने, निजी क्षेत्र की साझेदारी को गहरा करने, और दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को और अधिक एकीकृत करने में मदद करेंगे।

भारत-कनाडा सीईओ फोरम

राजनेताओं ने भारत-कनाडा सीईओ फोरम के पुनर्गठन का स्वागत किया, जो निजी क्षेत्र की भागीदारी को गहरा करने और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने में एक प्रमुख मंच के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने दोनों देशों के व्यापार नेताओं को प्रोत्साहित किया कि वे व्यापार, निवेश, नवाचार और आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ता में नए अवसरों की पहचान करने के लिए फोरम का उपयोग करें और सीईपीए वार्ता और व्यापक आर्थिक उद्देश्यों का समर्थन करने के लिए व्यावहारिक सिफारिशें प्रदान करें। नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि उद्योग, सरकार और वित्तीय संस्थानों के बीच मजबूत सहयोग; द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को अगले स्तर पर ले जाने में और दोनों देशों के व्यवसायों और नागरिकों के लिए ठोस लाभ प्रदान करने में आवश्यक होगा।

वित्त मंत्रियों की आर्थिक वार्ता

राजनेताओं ने वित्त मंत्रियों की आर्थिक और वित्तीय वार्ता के शुभारंभ का स्वागत किया, जो भुगतान आधुनिकीकरण, वित्तीय स्थिरता, फिनटेक नवाचार और पूंजी बाजार जैसी मुद्दों पर वित्त अधिकारियों को एक साथ लायेगी। प्रारंभिक प्राथमिकता के रूप में, इसमें तत्काल भुगतान के भविष्य पर सहयोग शामिल होगा और सीमा-पार भेजी जाने वाली राशि और व्यापार भुगतान के अवसरों का पता लगाया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम और पेमेंट्स कनाडा को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देना है तथा दोनों देशों में पर्यटन, शिक्षा, धन-प्रेषण और एसएमई के विकास का समर्थन करना है। उन्होंने उल्लेख किया कि वित्त मंत्रियों की पहली आर्थिक वार्ता 2026 में पारस्परिक रूप से सहमत समय पर आयोजित की जाएगी।

निष्कर्ष

प्रधानमंत्री कार्नी ने भारत सरकार और देश की जनता के प्रति उनके गर्मजोशीपूर्ण आतिथ्य के लिए अपनी हार्दिक सराहना व्यक्त की और इस व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए कनाडा की मजबूत प्रतिबद्धता को दोहराया।

दोनों नेताओं ने उच्च-स्तरीय संवाद जारी रखने का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि इस संयुक्त वक्तव्य में उल्लिखित पहलें भारत–कनाडा साझेदारी को और गहरा करेंगी, परस्पर विश्वास को मजबूत करेंगी और दोनों देशों और उनके लोगों के लिए ठोस, दीर्घकालिक लाभ प्रदान करेंगी।

उन्होंने पुष्टि की कि एक मजबूत भारत–कनाडा साझेदारी क्षेत्रीय स्थिरता, वैश्विक सुदृढ़ता और साझा समृद्धि में भी सकारात्मक योगदान देगी, जो अधिक समावेशी, स्थायी और सुरक्षित भविष्य बनाने की उनकी साझा प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।

***

पीके/केसी/जेके       


(रिलीज़ आईडी: 2234814) आगंतुक पटल : 60
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Bengali-TR , Manipuri , Assamese , Punjabi , Gujarati , Odia , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam