युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

वर्षांत समीक्षा: खेल विभाग


भारत ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में 22 स्वर्ण पदक सहित कुल 61 पदक जीत कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया

इतिहास में पहली बार, भारतीय पुरुष टीम ने 14 बार के विश्व चैंपियन इंडोनेशिया को हराकर अंतर्राष्ट्रीय थॉमस कप जीता

44 उत्कृष्ट एथलीटों/प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय खेल और साहसिक पुरस्कार 2022 प्रदान किए गए

भारत ने फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप, 44वें फिडे शतरंज ओलंपियाड और वाडा एथलीट बायोलॉजिकल पासपोर्ट संगोष्ठी-2022 जैसे अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों की मेजबानी की

गुजरात में 36वें राष्ट्रीय खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया

खेलों में डोपिंग-रोधी गतिविधियों को विनियमित करने के लिए वैधानिक निकाय के रूप में राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी एजेंसी के गठन के लिए संसद ने राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी विधेयक 2022 पारित किया

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे व पांचवें संस्करण और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के दूसरे संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया

15वें वित्त आयोग (2021-22 से 2025-26) के लिए जारी रखने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं "राष्ट्रीय खेल संघों को सहायता" और "खेलो इंडिया- खेल के विकास के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम" को स्वीकृति प्रदान के गई

Posted On: 20 DEC 2022 3:52PM by PIB Delhi

खेल विभाग की कैलेंडर वर्ष 2022 के लिए प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं:

महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का सराहनीय प्रदर्शन:

भारतीय दल, बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 22 स्वर्ण पदक सहित कुल 61 पदक जीतकर चौथे स्थान पर रहा। शूटिंग और ग्रीको-रोमन कुश्ती जैसे अधिक पदकों की संभावना वाले खेलों की अनुपस्थिति के बावजूद, भारतीय एथलीटों द्वारा कुश्ती में 12 पदक और भारोत्तोलन में 10 पदक के साथ स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए देश ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय लॉन बाउल्स टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने स्वर्ण और पुरुषों की टीम ने रजत पदक जीता।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001F3AK.jpg

बैडमिंटन के इतिहास में, थाईलैंड के बैंकॉक में प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय थॉमस कप (बैडमिंटन) टूर्नामेंट में पहली बार, भारतीय पुरुष टीम ने 14 बार के विश्व चैंपियन इंडोनेशिया को हराकर चैंपियनशिप का खिताब जीता। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस ऐतिहासिक अवसर को चिह्नित करने के लिए 21 मई, 2022 को टीम के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें सम्मनित भी किया। उबेर कप चैंपियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय महिला बैडमिंटन टीम को भी सम्मानित किया गया।

ब्राजील में डेफलिम्पिक्स 2021 प्रतियोगिता में भारतीय दल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारतीय एथलीटों ने इस प्रतियोगिता में 16 पदक (8 स्वर्ण, 1 रजत और 7 कांस्य) जीते। माननीय प्रधानमंत्री ने 21 मई, 2022 को देश के लिए प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को सम्मानित किया।

राष्ट्रीय खेल और साहसिक पुरस्कार 2022:

राष्ट्रपति ने 30 नवंबर, 2022 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रीय खेल और साहसिक पुरस्कार 2022 प्रदान किए। इस आयोजन में कुल 44 पुरस्कार प्रदान किए गए। इस वर्ष प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले एकमात्र खिलाड़ी महान टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल हैं। इस अवसर पर प्रदान किए जाने वाले अन्य पुरस्कारों में द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, खेल-कूद और गेम्स में लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ध्यानचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार, मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी और तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार शामिल हैं।

IMG_256

2022 में भारत द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम:

फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप भारत 2022 का 11 अक्टूबर, 2022 को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में उद्घाटन किया गया। यह पिछले पांच वर्षों में देश में आयोजित दूसरी बड़ी फुटबॉल प्रतियोगिता थी। मुंबई में 30 अक्टूबर 2022 को आयोजित फाइनल में स्पेन ने कोलंबिया को हराकर चैंपियन का खिताब हासिल किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 44वें फिडे शतरंज ओलंपियाड (28 जुलाई, 2022 से 10 अगस्त, 2022) का उद्घाटन 28 जुलाई 2022 को चेन्नई में जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में किया। इस आयोजन में 188 देशों के 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जो शतरंज ओलंपियाड के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक संख्या है। ओलंपियाड के बाद 19 जून, 2022 से नई दिल्ली में इंदिरा गांधी स्टेडियम में "शतरंज ओलंपियाड के लिए मशाल रिले" शुरू हुई। इस मशाल को 40 दिनों की अवधि में देश भर के 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर ले जाया गया, जिसके बाद यह अंत में शतरंज ओलंपियाड के आयोजन स्थल महाबलीपुरम, तमिलनाडु में पहुंची।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0034QDI.jpg

विश्व डोपिंग-रोधी एजेंसी (वाडा) एथलीट बायोलॉजिकल पासपोर्ट (एबीपी) संगोष्ठी-2022 का तीसरा संस्करण 12 से 14 अक्टूबर, 2022 तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। एथलीट बायोलॉजिकल पासपोर्ट, डोपिंग-रोधी और संबंधित अनुसंधान में एक बहुत ही महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपकरण है जो दुनिया को न केवल खेलों में डोपिंग का पता लगाने बल्कि उसे रोकने का अवसर प्रदान करता है। संगोष्ठी ने एथलीट बायोलॉजिकल पासपोर्ट के संबंध में हाल के रुझानों, चल रहे शोध और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए दुनिया भर के विशेषज्ञों के लिए एक मंच बनाने में मदद की। 56 देशों के 200 से अधिक प्रतिभागियों, वाडा के अधिकारियों, विभिन्न राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी संगठनों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों, एथलीट पासपोर्ट प्रबंधन इकाइयों (एपीएमयू) और वाडा मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं ने संगोष्ठी में भाग लिया।

The Union Minister for Information & Broadcasting, Youth Affairs and Sports, Shri Anurag Singh Thakur at the opening session of the “WADA Athlete Biological Passport (ABP) Symposium- 2022”, in New Delhi on October 12, 2022.

गुजरात में राष्ट्रीय खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन:

गुजरात में सूरत के पंडित दीनदयाल इंडोर स्टेडियम में 12 अक्टूबर, 2022 को 36वें राष्ट्रीय खेलों का सफलतापूर्वक समापन हुआ। सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) ने खेलों में 128 पदक (61 स्वर्ण सहित) के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। खेलों में इसके बाद महाराष्ट्र और हरियाणा का स्थान रहा। 36वें राष्ट्रीय खेल, 2022 का उद्घाटन 29 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अहमदाबाद में आयोजित एक समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री के साथ-साथ अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया था। देश भर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 15,000 से अधिक खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने 36 खेल स्पर्धाओं में भाग लिया, जिसने इसे अब तक का सबसे बड़ा राष्ट्रीय खेल आयोजन बना दिया। यह उल्लेखनीय है कि इस मंत्रालय ने सात साल के अंतराल के बाद दोबारा शुरू हुए खेलों के आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई है।

 

खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम:

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 20 अक्टूबर, 2022 को आयोजित एक समारोह में औपचारिक रूप से अगले वर्ष मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाले 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स की घोषणा की।

 https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005GLJL.jpg

खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) के चौथे संस्करण का आयोजन 04 जून 2022 से 13 जून 2022 तक पंचकूला, हरियाणा में सफलतापूर्वक किया गया। यह आयोजन महामारी के कारण विलंबित हो गया था। 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 4700 से अधिक प्रतियोगियों ने 5 स्वदेशी खेलों सहित 25 विभिन्न विधाओं में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लिया। हरियाणा राज्य ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2021 में महाराष्ट्र और कर्नाटक के बाद पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2021 में भारोत्तोलन और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं में कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए गए।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) का दूसरा संस्करण 24 अप्रैल 2022 से 03 मई 2022 तक कर्नाटक के बेंगलुरु में जैन विश्वविद्यालय सहित 5 स्थानों पर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था। 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के कुल 3894 प्रतियोगियों ने मल्लखंभ और योगासन जैसे स्वदेशी खेलों सहित 20 विभिन्न विधाओं में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग लिया। उद्घाटन समारोह 24 अप्रैल 2022 को कर्नाटक के राज्यपाल, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित किया गया था। समापन समारोह 3 मई, 2022 को उसी स्थान पर कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री भी उपस्थित थे। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, 2021 में जैन विश्वविद्यालय पदक तालिका में शीर्ष पर रहा और उसके बाद लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय और पंजाब विश्वविद्यालय रहे।

फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम:

खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत फिट इंडिया कार्यक्रम में फिट इंडिया स्कूल सप्ताह का चौथा संस्करण 15 नवंबर, 2022 को शुरू हुआ। इसके तहत विभिन्न खेल गतिविधियों और वार्षिक खेल दिवस का आयोजन, छात्रों का शारीरिक मूल्यांकन, योग एवं स्वदेशी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने आदि जैसी पहलों से छात्रों के बीच सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए देशभर के स्कूलों को प्रोत्साहित करना शामिल है। इसी तरह, फिट इंडिया प्रश्नोत्तरी के दूसरे संस्करण को देश भर के छात्रों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 8 और 9 दिसंबर, 2022 को आयोजित किए जाने वाले प्रारंभिक दौर के लिए, 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 42,490 स्कूलों के कुल 1,74,473 छात्रों ने पंजीकरण कराया है।

● "आजादी का अमृत महोत्सव" मनाने के लिए, फिट इंडिया फ्रीडम रन का तीसरा संस्करण 2 अक्टूबर, 2022 को नागरिकों के बीच फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया था। फिट इंडिया फ्रीडम रन 3.0  2 अक्टूबर 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक आयोजित किया गया।

 IMG_256

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने अपने फिट इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से 75 दिनों में यानी 9 सितंबर 2022 से 24 नवंबर 2022 तक 21,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने के लिए 75 मोटरसाइकिल चालकों (10 महिला मोटरसाइकिल चालकों) को शामिल करते हुए पूरे भारत में मोटरसाइकिल अभियान के लिए सहयोग किया है। इस अभियान में देश के लोगों के बीच फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेश प्रसारित करने वाली 6 अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं सहित 34 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 250 से अधिक जिलों को कवर करने की उम्मीद है। इस अभियान के दौरान 75 स्थानीय कार्यक्रम आयोजित करके भी इसे समर्थन दिया जा रहा है।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री ने 21 जुलाई 2022 को मुंबई में इस मंत्रालय द्वारा आयोजित एक समारोह में फिट इंडिया प्रश्नोत्तरी के राज्य स्तरीय विजेताओं को सम्मानित किया। नकद पुरस्कार के रूप में 36 स्कूलों के 72 छात्रों को 99 लाख रुपये का पुरस्कार दिया, जिन्होंने इस वर्ष फरवरी और मार्च के महीनों में आयोजित राज्य स्तरीय चरण में जीत हासिल की थी।

 

2022 में हस्ताक्षर किए गए समझौता ज्ञापन:

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के बीच 15 अक्टूबर, 2022 को आहार पूरक परीक्षण सुविधा स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह डोपिंग और पूरक आहार के क्षेत्र में 'आत्मनिर्भर' होने का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

● 14 सितंबर, 2022 को, राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसएफडी) ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जो युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की नई दिल्ली के नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) फाउंडेशन और ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आरईसी) फाउंडेशन के सहयोग के साथ एक योजना है। जिसमें दोनों फाउंडेशन ने देश में खेलों के विकास के लिए 215 करोड़ रुपये का योगदान दिया। एनटीपीसी अगले पांच वर्षों के लिए तीरंदाजी की खेल स्पर्धा को सहायता देगा और आरईसी फाउंडेशन अगले तीन वर्षों के लिए हॉकी (महिलाओं के लिए), एथलेटिक्स और मुक्केबाजी खेलों में सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय युवा कार्यक्र्म और खेल मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक वाटर स्पोर्ट्स सेंटर का उद्घाटन किया। रोइंग, कयाकिंग, कैनोइंग आदि की खेल स्पर्धाओं में एथलीटों को प्रशिक्षित करने के लिए वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण और राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

शारीरिक शिक्षा और खेल विज्ञान के क्षेत्र में रचनात्मक सहयोग के माध्यम से शिक्षण, अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ाने के लिए लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय (एलएनसीपीई), तिरुवनंतपुरम और स्वर्णिम गुजरात खेल विश्वविद्यालय, गांधीनगर के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। 

राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी विधेयक 2021:

नेशनल डोपिंग-रोधी बिल 2021, जो राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी संस्था (एनएडीए), नेशनल डोप जांच प्रयोगशाला (एनडीटीएल) और अन्य डोप परीक्षण सुविधाओं के कामकाज के लिए एक वैधानिक ढांचा प्रदान करता है। यह विधेयक 27 जुलाई 2022 को लोकसभा में पारित किया गया। इसके बाद 03 अगस्त 2022 को राज्यसभा में पारित किया गया। नया अधिनियम देश में खेलों में डोपिंग रोधी गतिविधियों को विनियमित करने के लिए खेल में डोपिंग-रोधी राष्ट्रीय बोर्ड के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रियों का सम्मेलन:

भारत के खेल संबंधी इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण को आगे बढ़ने के तरीके पर विचार-विमर्श करने और चर्चा करने के लिए 24 और 25 जून, 2022 के बीच केवड़िया (गुजरात) में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के युवा कार्यक्रम और खेल विभाग के प्रभारी मंत्रियों का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में 15 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के युवा कार्यक्रम और खेल विभाग के प्रभारी मंत्रियों और 33 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री ने इसकी अध्यक्षता की।

Image

 

खेल विभाग की दो योजनाओं को विस्तार:

15वें वित्त आयोग (2021-22 से 2025-26) के लिए जारी रखने के लिए इस विभाग की दो महत्वपूर्ण योजनाओं, अर्थात् "राष्ट्रीय खेल संघों को सहायता और" खेलो इंडिया- खेल के विकास के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम" को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन दोनों योजनाओं के जारी रहने से खेलों में वैश्विक उत्कृष्टता के लिए देश की प्रयासों को काफी बढ़ावा मिलेगा।

कल्याण के लिए 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अभियान:

आजादी का अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में कल्याण, जीवन शक्ति और फिटनेस के लिए 75 करोड़ की सूर्य नमस्कार अभियान को इस मंत्रालय द्वारा फिट इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से सहायता दी जा रही है। प्रख्यात एथलीटों ने अभियान के बारे में जागरूकता फैलाने में सहायता की। अब तक सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 101 करोड़ से अधिक सूर्य नमस्कार किए जा चुके हैं।

 

खेलों में महिलाओं की समावेशिता को बढ़ावा देना:

खेलों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के विशेष प्रयास के रूप में खेलो इंडिया योजना की 36वीं विभागीय परियोजना अनुमोदन समिति (डीपीएसी) ने विभिन्न खेलों में महिला लीग आयोजित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। इसके भाग के रूप में, खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न आयु वर्ग में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में कई लीग आयोजित की गईं।

राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त, 2022 को पूरे देश में बड़े पैमाने पर मनाया गया। खेल प्रोत्साहन बोर्डों, खेलो इंडिया अकादमियों, राज्य स्तरीय खेलो इंडिया केंद्रों, भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्रों आदि सहित विभिन्न संगठनों द्वारा देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 10 लाख से अधिक उत्साही प्रतिभागियों के साथ 6900 से अधिक उल्लेखनीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अधिकारियों ने भी जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रमुख खिलाड़ियों योगेश्वर दत्त, अखिल कुमार, जफर इकबाल, राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता तेजस्विन शंकर और 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के जूडो कैडेट विश्व चैंपियन लिंथोई चनंबम ने अपनी उपस्थिति के साथ समारोह की शोभा बढ़ाई।

 

सम्बन्धित लिंक:

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1880090

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1848085

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1856708

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1833632

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1850063

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1867058

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1820921

*******

एमजी/एएम/एमकेएस/एसके



(Release ID: 1885362) Visitor Counter : 607