PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का बुलेटिन

Posted On: 26 APR 2021 6:04PM by PIB Delhi

 

  • दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान का टीके की 14.19 करोड़ खुराकों के साथ 100वां दिन।
  • भारत की कुल रिकवरी आज 1,43,04,382 हुई।
  • देश की रिकवरी दर 82.62 प्रतिशत
  • प्रधानमंत्री ने कोविड प्रबंधन में सहायता के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा की
  • इस्पात संयंत्रों के द्वारा 3131 मीट्रिक टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति

 

#Unite2FightCorona

#IndiaFightsCorona

 

 

भारत में कोविड टीकाकरण के 100 दिन पूरे हुए, विश्व में सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत अब तक टीके की 14.19 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गयीं

  • विश्व में सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत भारत में कोविड-19 टीके की दी जा चुकी खुराक की कुल संख्या आज 14.19 करोड़ से अधिक हो गई है।
  • भारत में आज तक कुल मिलाकर 1,43,04,382 कोविड मरीज ठीक हुए है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 82.62 प्रतिशत है।
  • पिछले 24 घंटों के दौरान 2,19,272 कोविड मरीज ठीक हुए है।
  • बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या में 10 राज्यों का योगदान 78.98 प्रतिशत है।
  • पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण के 3,52,991 नये मामले दर्ज किए गए।
  • कोविड से जुड़ी राष्ट्रीय मृत्यु दर गिर रही है और इस समय 1.13 प्रतिशत है।
  • पिछले 24 घंटों के दौरान पांच राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों में कोविड से किसी रोगी की मौत नहीं हुई है। इन राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों के नाम हैं- दमन दीव और दादर नगर हवेली, त्रिपुरा, लक्षदीप, मिजोरम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह।

जानकारी के लिये

: https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714035

 

प्रधानमंत्री ने कोविड के प्रबंधन में सहायता के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा की

चीफ ऑफ डिफेन्स स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने आज प्रधानमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने कोरोना महामारी से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की तैयारियों और अभियानों की समीक्षा की। जनरल बिपिन रावत ने प्रधानमंत्री को जानकारी दी कि पिछले 2 वर्षों में सेवानिवृत्त या समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने वाले सशस्त्र बलों के सभी चिकित्साकर्मियों को उनके वर्तमान निवास स्थान के निकट स्थित कोविड अस्पतालों में कार्य करने के लिए वापस बुलाया जा रहा है। अन्य चिकित्सा अधिकारियों, जो और पहले सेवानिवृत्त हुए थे, से भी अनुरोध किया गया है कि वे परामर्श के लिए अपनी सेवाएं चिकित्सा आपातकालीन हेल्पलाइन के माध्यम से उपलब्ध कराएं। प्रधानमंत्री को यह भी बताया गया कि कमांड मुख्यालय, कोर मुख्यालय, डिवीजन मुख्यालय और इसी तरह के नौसेना एवं वायु सेना के मुख्यालय में स्टाफ अपॉइंटमेंट पर तैनात सभी चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में नियुक्त किया जाएगा। जनरल बिपिन रावत ने प्रधानमंत्री को सूचित किया कि अस्पतालों में डॉक्टरों के पूरक कार्यों में सहायता करने के लिए बड़ी संख्या में नर्सिंग कर्मियों को नियुक्त किया जा रहा है। प्रधानमंत्री को यह भी जानकारी दी गई कि सशस्त्र बलों के विभिन्न प्रतिष्ठानों में उपलब्ध ऑक्सीजन सिलेंडर अस्पतालों के लिए जारी किए जाएंगे। जनरल बिपिन रावत ने यह भी कहा कि वे बड़ी संख्या में चिकित्सा सुविधाएं तैयार कर रहे हैं और जहां संभव हो सकेगा, सैन्य चिकित्सा से जुड़ी अवसंरचना को नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री ने भारतीय वायुसेना द्वारा भारत और विदेशों में ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन के लिए चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की

 

जानकारी के लिये

:https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714112

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज जापान के प्रधानमंत्री महामहिम सुगा योशीहिदे के साथ फोन पर बातचीत की।

दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के देश में कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा की और इस महामारी के चलते उत्पन्न विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।  इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने इस महामारी से निपटने को लेकर भारत को सहायता प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री सुगा का भी आभार व्यक्त किया। वहीं उन्होंने यह उम्मीद जाहिर की कि निकट भविष्य में कोविड-19 की स्थिति स्थिर होने के बाद वे भारत में प्रधानमंत्री सुगा के भारत आगमन का स्वागत करेंगे।

जानकारी के लिये

: https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714094

 

इस्पात संयंत्रों द्वारा 3131 मीट्रिक टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई

सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के इस्पात संयंत्रों ने 25 अप्रैल, 2021 को विभिन्न राज्यों को 3131.84 मीट्रिक टन तरल मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) की आपूर्ति की।बीते कल यानी 24 अप्रैल, 2021 को 2894 मीट्रिक टन एलएमओ की आपूर्ति की गई थी।एक हफ्ते पहले औसतन 1500/1700 मीट्रिक टन प्रति दिन भेजा जा रहा था।25 अप्रैल को एलएमओ का उत्पादन 3468.60 मीट्रिक टन रहा। इस्पात संयंत्र कई तरह की पहल करके एलएमओ की आपूर्ति को बढ़ाने में सक्षम हुए हैं।इनमें नाट्रोजन एवं आर्गन के उत्पादन में कमी और अधिकांश संयंत्रों में केवल एलएमओ का उत्पादन शामिल हैं।

जानकारी के लिये

:https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714148

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार से संबंधित समस्याओं के लिए डीजीएफटी कोविड-19 हेल्पडेस्क का संचालन शुरू

भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने कोविड-19 मामलों में आयी तेजी को देखते हुए निर्यात एवं आयात की स्थिति और व्यापार हितधारकों के सामने आने वाली कठिनाइयों की निगरानी करने का काम शुरू किया है।

 

जानकारी के लिये: https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714061

 

सीबीआईसी की ओर से व्यापार, उद्योग जगत और व्यक्ति विशेष की सहायता, ऑक्सीजन और ऑक्सीजन से जुड़े उपकरणों आदि सहित कोविड से संबंधित आयातों के कस्टम क्लीयरेंस में तेजी लाने के लिए एक समर्पित हेल्पडेस्क की स्थापना

केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने कोविड से संबंधित आयातों से जुड़े सवालों के बारे में समुचित जानकारी और व्यापार, उद्योग जगत एवं व्यक्ति विशेष को तेजी से सीमा शुल्क के निपटारे (कस्टम क्लीयरेंस) में सहायता देने के लिए एक समर्पित हेल्पडेस्क की स्थापना की है।

 

जानकारी के लिये

: https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714090

 

सीएसआईआर-सीएमईआरआई द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित ऑक्सीजन संवर्धन प्रौद्योगिकी कोविड-19 मरीजों के उपचार में प्रभावी सिद्ध हो सकती है: डॉक्टर वी आर सीर्सथ

सीएसआईआर-सीएमईआरआई द्वारा स्वदेशी स्तर पर विकसित ऑक्सीजन संवर्धन प्रौद्योगिकी कोविड-19 मरीजों के उपचार में प्रभावी सिद्ध हो सकती है। इस प्रौद्योगिकी में अद्भुत क्षमता है। उन्होंने सभी सहभागी उद्योगों और उद्यमियों से इस कठिन घड़ी में आगे आने और चिकित्सा उपयोग हेतु इस यंत्र का शीघ्र अति शीघ्र उत्पादन करने का आग्रह किया।

जानकारी के लिये:https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1714106

 

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से प्राप्त जानकारी

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र को आज ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ के माध्यम से 44 टन लिक्विड ऑक्सीजन मिली। गुजरात के हापा से भारतीय रेलवे की रो रो सेवायें लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन के 3 टैंकर लेकर नवी मुंबई के कलंबोली पहुंचीं। इन 3 टैंकरों में से मुंबई, थाणे और पुणे एक-एक टैंकर भेजा जायेगा। महाराष्ट्र के नागपुर को कल शाम 3 टैंकर मिल चुके हैं। नासिक में 9 अस्पताल अपने खुद के ऑक्सीजन उत्पादन संयत्र स्थापित करने जा रहे हैं। जिले को परियोजना के लिए जिले की वार्षिक योजना से 10 करोड़ 88 लाख रुपये के लिए प्रशासनिक अनुमति मिल चुकी है।

 

गुजरात: राज्य सरकार और डीआरडीओ के द्वारा अहमदाबाद में गुजरात विश्वविद्यालय के सम्मेलन एवं प्रदर्शनी सेंटर में स्थापित 900 बेड के धन्वंतरि कोविड केयर अस्पताल का संचालन शुरू हो गया है। अस्पताल ने कल से मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया है। राज्य ने कल कोविड 19 के 14,296 नये मामले दर्ज किये है। बीते 24 घंटे में 6727 लोग संक्रमण से मुक्त हुए हैं और अस्पतालों से डिस्चार्ज किये गये।

 

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश सरकार ने भोपाल में ‘कोरोना कर्फ्यू’ 3 मई तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में लगाये गये ‘कोरोना कर्फ्यू’ से कोरोना सकारात्मकता दर स्थिर हुई है। 22 अप्रैल को 24.29 प्रतिशत से गिरकर ये 25 अप्रैल को 23.01 प्रतिशत पर आ गयी। संक्रमण मुक्त होकर घर वापस जाने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़त दर्ज हो रही है। 19 अप्रैल को ये संख्या 6836 थी, जो कल तक बढ़कर 11,324 हो गयी है।

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ सरकार ने लॉकडाउन को बढ़ाकर 6 मई तक कर दिया है। लॉकडाउन की अवधि तक सभी सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में लोगों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा।

 

राजस्थान:  राजस्थान के जोधपुर में ऑक्सीजन के दो टैंकर पहुंचे। ये टैंकर ग्रीन कॉरीडोर के जरिए शहर पहुंचें और बाद में जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल और महात्मा गांधी अस्पताल के लिक्विड ऑक्सीजन संयत्र पहुंचाये गये। राज्य सरकार ने कोविड -19 हेल्पडेस्क (2225624, 2225000) की शुरूआत कर दी है, जो कि आज से 24 घंटे सातों दिन चलेगी।

गोवा: कोविड 19 के मामलों में बढ़त की वजह से उत्तरी गोवा के शैक ने सीजन खत्म होने से पहले ही कारोबार समेटना शुरू कर दिया है। कलंघटे- केंडोलियम बीच-बेल्ट पर शैक मालिकों के लिए अब तक के सभी सीजन में सबसे परेशानियों वाला सीजन व्यवहारिक रूप से समाप्त हो चुका है।

 

केरल: आज हुई एक सर्वदलीय बैठक में फिलहाल राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन न लगाने का फैसला किया गया। इसके साथ ही कंटेनमेंट जोन में प्रतिबंधों को सख्ती के साथ लागू किया जायेगा और सप्ताहांत में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध जारी रहेंगे। दुकानों को शाम के साढ़े 7 बजे तक संचालन की अनुमति होगी। मतगणना के दिन 2 मई को जीत पर होने वाले समारोहों को रोकने के लिए सख्त प्रतिबंध लगाये जायेंगे। एचएसई और वीएचएसई की प्रैक्टिकल परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। राज्य ने इसी बीच कोविड-19 मरीजों के डिस्चार्ज होने के दिशानिर्देश संशोधित किये हैं। केरल ने 28,469 नये कोविड मामलों के साथ एक दिन की सर्वाधिक बढ़त दर्ज की है। जांच सकारात्मक दर 22.46 प्रतिशत है। कल 1,94,427 लोगों को टीका लगाया गया ।

 

तमिल नाडु: तमिल नाडु के राजनैतिक दलों ने ऑक्सीजन के उत्पादन के लिए तूतूकोडी में स्थित स्टरलाइट प्लांट को फिर से खोलने के लिए हरी झंडी दे दी है। सचिवालय में मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में सर्वसम्मति के साथ ये फैसला लिया गया। पुड्डुचेरी में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 747 नये मामले और 10 मृत्यु दर्ज की गयीं, जिसके साथ केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 54,026 और मृतकों की संख्या 758 पर पहुंच गयी। रविवार को तमिलनाडु में 15,659 नये कोविड-19 मामले और 82 मृत्यु दर्ज की गयीं। रविवार को राज्य में 22,573 लोगों को टीका लगा। इसके साथ पूरे राज्य में 53,51,384 को टीका लगाया जा चुका है।

कर्नाटक:  कर्नाटक ने संक्रमितों की संख्या घटाने और वायरस का क्रम तोड़ने के लिए मंगलवार शाम 6 बजे से 2 हफ्ते के कर्फ्यू का ऐलान किया है। आवश्यक सेवाओं को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक अनुमति रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्फ्यू के दौरान सार्वजनिक परिवहन नहीं चलेंगे।  कैबिनेट ने तय किया है कि वो राज्य चुनाव आयोग को आने वाले सभी चुनावों को कम के कम 3 महीने स्थगित करने के लिये पत्र लिखेगी। दर्ज हुये नये मामले: 34,804; कुल सक्रिय मामले: 2,62,162 । कल 60,693 को टीका लगा, जिसके साथ राज्य में अब तक 86,61,038 को टीका लगाया जा चुका है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के सुधाकर ने कहा “ एक 100 से 150 बेड का अस्थाई अस्पताल बेंगलुरू और जिला केंद्रों में मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित किया जायेगा”। केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि शनिवार को केंद्र ने राज्य को करीब 800 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन और रेमडेसिवर की 1.22 लाख शीशी भेजी हैं।

 

 

आंध्र प्रदेश: राज्य ने बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 12,634 नये मामले और 69 मृत्यु दर्ज की, जबकि 4304 संक्रमण से मुक्त हुए हैं। रविवार तक राज्य में कोविड टीके की 56,78,628 खुराकें दी जा चुकी हैं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया पुणे से रविवार के दिन राज्य को कोविशील्ड की कुल मिलाकर 4 लाख खुराकें, और एक दिन पहले टीके की 1 लाख खुराकें मिली है। रेमडेसिवर की पर्याप्त आपूर्ति के लिए सरकार ने सभी 13 जिलों में नोडल औऱ सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किये हैं। इसी बीच आंध्र प्रदेश सरकार ने अस्पतालों और प्रयोगशालों में सीटी स्कैन को लेकर विशेष निर्देश जारी किये हैं। सरकार ने सीटी स्कैन का शुल्क 3000 रुपये तय कर दिया है।

 

 

तेलंगाना: राज्य में रविवार को कुल मिलाकर 56,499 को कोविड टीके की पहली खुराक और 11,457 को कोविड टीके की दूसरी खुराक मिली। अब राज्य में पहली खुराक पाने वालों की कुल संख्या 35,71,172 और दूसरी खुराक पाने वालों की संख्या 5,03,135 है। इसी बीच राज्य में कल कुल 6551 नये दैनिक मामले और 43 मृत्यु दर्ज की गयीं।  राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या अब बढ़कर 65,597 हो गयी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कोविड मामलों में तेजी की वजह से विभिन्न श्रेणियों में डॉक्टरों सहित 755 पदों को अनुबंध आधार पर और आउटसोर्सिंग के जरिए भरने का फैसला किया है। राज्य में बच्चों के बीच कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, और कुल मामलों में से 2.7 प्रतिशत 10 साल से कम उम्र के बच्चों के हैं।  कोविड मामलों में बढ़त को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी स्कूलों और जूनियर कॉलेजों में 27 अप्रैल से 31 मई तक ग्रीष्मावकाश की घोषणा कर दी है।

 

असम: रविवार को संक्रमण की वजह से 14 कोविड-19 मरीजों की मौत हो गयी, इसके साथ ही राज्य में 5.48 की सकारात्मकता दर के साथ 1,844 नये मामले भी दर्ज किये गये। कोविड 19 संक्रमण में तेजी के साथ, असम का स्वास्थ्य विभाग राज्य में 10 से 15 छोटे ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने के विचार पर भी काम कर रहा है। असम कोविड संकट बढ़ने के साथ 8 ऑक्सीजन संयंत्र लगाये गये हैं, जिसमें जीएमसीएच में 3, जेएमसीएच में 2 और तेजपुर, बरपेटा और दीफू मेडिकल कॉलेज में एक–एक संयंत्र लगा है, और ये सभी हर दिन 5.25 एमटी ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहे हैं। 

 

मणिपुर: 140 सकारात्मक मामलों के साथ मणिपुर ने साल का सबसे उच्च दैनिक स्तर दर्ज किया। मणिपुर के कोविड मामले बढ़कर 30,421 पर और संक्रमण से दो और मृत्यु की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 385 पर पहुंच गयी। राज्य में कोरोना का टीका लगवाने वालों की कुल संख्या 1,29,099 पर पहुंच गयी। कुल मिलाकर 24 जिला स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों को कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग गतिविधियों के लिये जिला नोडल अधिकारी (डीएनओ) नियुक्त किया गया है। कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए निरंतर जारी प्रयास में राज्य सरकार ने रविवार को 5 ऑक्सीजन जनरेटर स्थापित किये हैं जो 10 जंबो सिलेंडर का उत्पादन करने में सक्षम हैं।

 

मेघालय: राज्य ने रविवार को 208 नये मामले दर्ज किये- जो कि 2021 में अब तक किसी एक दिन में दर्ज सबसे अधिक बढ़त है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 1338 पर पहुंच गयी। साथ ही रविवार को कोविड की वजह से 2 और मृत्यु के साथ मरने वालों की कुल संख्या 160 पहुंच गयी। कोविड 19 टीके से जुड़े डर खत्म होने के साथ शिलांग में बड़ी संख्या में लोग वैक्सीन लेने के लिए आ  रहे हैं।

सिक्किम:  कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए पालजोर स्टेडियम में 100 बेड का कोविड वार्ड बनाया जाना है। सिक्किम में कोरोना के 148 नये मामले और एक मृत्यु दर्ज की गयी।

 

त्रिपुरा: अगरतला में कोविड की वजह से कल एक मृत्यु दर्ज हुई। जबकि राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान अगरतला में 100 नये मामले जुड़े। कोविड मामलों में तेजी को देखते हुए बोर्ड, विश्वविद्यालय की परीक्षायें रद्द कर दी गयी हैं।

 

नागालैंड: नागालैंड ने रविवार को 180 नये कोविड मामले दर्ज किये जिससे कुल संख्या 13,183 पहुंच गयी। दीमापुर ने अकेले 154 नये मामले दर्ज किये। सक्रिय मामले 679 हैं। नागालैंड में अब तक कुल 1,80,437 लाभार्थियों को टीका लगाया जा चुका है।

 

पंजाब: संक्रमित पाये गये मरीजों की कुल संख्या 3,39,090 है। सक्रिय मामलों की संख्या 48,154 हैं। मरने वालों की कुल संख्या 8432 है। कोविड टीके की पहली खुराक पाने वालों (स्वास्थ्य कर्मी+फ्रंटलाइन कर्मचारी) की संख्या 582275 है। कोविड टीके की दूसरी खुराक पाने वालों (स्वास्थ्य कर्मी+फ्रंटलाइन कर्मचारी) की कुल संख्या 169344 है। 45 साल से ऊपर टीके की पहली खुराक पाने वालों की कुल संख्या 2092480 है। 45 साल से ऊपर टीके की दूसरी खुराक पाने वालों की कुल संख्या 142269 है।

 

चंडीगढ़: जांच में संक्रमित पाये गये कोविड मामले 38692 हैं। सक्रिय मामलों की कुल संख्या 5236 है। अब तक कोविड 19 से मरने वालों की कुल संख्या 435 है।

हिमाचल प्रदेश: अब तक कोविड से संक्रमित पाये गये मरीजों की कुल संख्या 87501 है। सक्रिय मामलों की कुल संख्या 13,577 है। अब तक दर्ज की गयीं कुल मौतें 1323 हैं। 

 

 

पीआईबी तथ्यों की जांच

 

 

 

 


एमजी/एएम/एसएस



(Release ID: 1714309) Visitor Counter : 206