संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पीएम मेमेंटोज की ई-नीलामी के 8वें संस्करण की शुरुआत की


ई-नीलामी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी

भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और शिल्प कौशल को दर्शाने वाली 1,498 यादगार वस्तुएं (मेमेंटोज) ई-नीलामी के लिए पेश की जाएंगी

नीलामी से प्राप्त धनराशि 'नमामि गंगे' कार्यक्रम में सहयोग देगी

प्रविष्टि तिथि: 16 SEP 2026 6:26PM by PIB Delhi

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में सचिव, संस्कृति मंत्रालय श्री विवेक अग्रवाल की मौजूदगी में पीएम मेमेंटोज (स्मृति चिह्नों) ई-नीलामी के 8वें संस्करण की शुरुआत की। यह नीलामी नागरिकों, संग्रहकर्ताओं, संस्थानों और कला-संस्कृति के शौकीनों को माननीय प्रधानमंत्री को अलग-अलग मौकों पर भेंट की गई खास यादगार वस्तुओं (मेमेंटोज) को हासिल करने का मौका देती है। पीएम मोमेंटोज ई-ऑक्शन का 8वां संस्करण 17 सितंबर 2026 से आधिकारिक पोर्टल www.pmmementos.gov.in पर शुरू होगा।

मीडिया से बात करते हुए श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि इस बार कुल 1,498 यादगार वस्तुएं (मेमेंटो) पेश की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह संग्रह भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है और इसमें देश की कलात्मक परंपराओं, पारंपरिक कारीगरी, सांस्कृतिक रीति-रिवाजों, आध्यात्मिक परंपराओं और खेल उपलब्धियों को दिखाने वाली वस्तुएं शामिल हैं। ये यादगार वस्तुएं देश के अलग-अलग हिस्सों से लाई गई हैं, जिससे इस संग्रह को पूरे भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली एक खास पहचान मिलती है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संग्रह में अलग-अलग राज्यों की हिस्सेदारी भारत की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता को और भी अच्छी तरह दिखाती है। उन्होंने कहा कि ज्यादा हिस्सेदारी वाली चीजों में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, बिहार और ओडिशा की यादगार वस्तुएं शामिल हैं। श्री शेखावत ने आगे बताया कि 8वें संस्करण में 50 खास 'हीरो ऑब्जेक्ट्स' (मुख्य वस्तुएं) शामिल हैं, जो संग्रह की कुछ अनोखी चीजों को दर्शाती हैं। इनमें कर्नाटक से भगवान राम की चांदी की यादगार वस्तु (आधार मूल्य 13.50 लाख), काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति (आधार मूल्य 9 लाख), 'ट्री ऑफ लाइफ' गोंड आर्ट पेंटिंग (आधार मूल्य 7.50 लाख), रथ पर जगन्नाथ परिवार (आधार मूल्य 6 लाख) और 99.99 फाइन गोल्ड-प्लेटेड राधा-कृष्ण आर्टवर्क (आधार मूल्य 5.40 लाख) शामिल हैं।

श्री शेखावत ने कहा कि पीएम मेमेंटोज ई-नीलामी लगातार संस्करणों के माध्यम से आयोजित की गई है और इसमें नागरिकों, संग्रहकर्ताओं और संस्थानों की भागीदारी देखी गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत की विविध कलात्मक और सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना करने का मौका देते हुए इन स्मृति चिह्नों को जनता के लिए सुलभ बनाने के लिए एक पारदर्शी तंत्र प्रदान करती है। पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, मंत्री ने कहा कि पीएम मेमेंटोज ई-नीलामी की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि नीलामी से प्राप्त आय को नमामि गंगे कार्यक्रम में स्थानांतरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार यह पहल भारत की सांस्कृतिक विरासत और गंगा नदी के कायाकल्प और संरक्षण के राष्ट्रीय मिशन के बीच एक सार्थक संबंध बनाती है।

संस्कृति मंत्रालय के तहत, नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) ने इस पहल के डॉक्यूमेंटेशन, प्रदर्शनी और कामकाज से जुड़े पहलुओं का समन्वय किया है। इस प्रक्रिया में तकनीकी और पोर्टल से जुड़ी सहायता के लिए एनआईसी, मूल्यांकन और कीमत तय करने के लिए संबंधित अधिकारी, पेमेंट गेटवे को समर्थन देने के लिए एसबीआई और सफलतापूर्वक खरीदी गई चीजों की पैकिंग और डिलीवरी के लिए तय की गई फाइन आर्ट हैंडलिंग एजेंसी जैसे कई संबंधित पक्षों के साथ तालमेल शामिल है।

साथ में होने वाली प्रदर्शनी से लोगों को ई-नीलामी में हिस्सा लेने से पहले यादगार चीजों को देखने और उनके कलात्मक और सांस्कृतिक महत्व को समझने का मौका मिलेगा। यह प्रदर्शनी लोगों को इस संग्रह में शामिल भारत की पारंपरिक कलाओं, कलात्मक तौर-तरीकों और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की विविधता को जानने का भी मौका देगी।

संस्कृति मंत्रालय भारत के नागरिकों, संग्रहकर्ताओं, संस्थानों, कॉरपोरेट्स, कला प्रेमियों और आम जनता को आमंत्रित करता है कि वे संग्रह को देखें, प्रदर्शनी में जाएं और पीएम मेमेंटोज ई-नीलामी के 8वें संस्करण में भाग लें।

पीएम मेमेंटोज ई-नीलामी एक ऐसी पहल है जो भारत की विरासत, कला, शिल्पकारी और सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाती है। साथ ही, यह 'नमामि गंगे कार्यक्रम' के माध्य से एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उद्देश्य में योगदान देते हुए लोगों की भागीदारी को भी बढ़ावा देती है।

***

पीके / केसी/ एमपी / डीए

 


(रिलीज़ आईडी: 2311066) आगंतुक पटल : 73
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Kannada , Malayalam