स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
नीट-पीजी 2026 का देश भर में मजबूत सुरक्षा और तत्क्षण निगरानी के साथ सफलतापूर्वक आयोजन किया गया
सभी 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों में 1,111 केंद्रों पर 2.73 लाख उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित की गई; 2.65 लाख से अधिक उम्मीदवार उपस्थित हुए
जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी व्यवधान से प्रभावित 2,445 उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर 2026 को पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी
प्रविष्टि तिथि:
30 AUG 2026 1:56PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने निष्पक्ष, सुरक्षित और निर्बाध परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए व्यापक लॉजिस्टिक, तकनीकी, सुरक्षा और श्रमशक्ति व्यवस्था के साथ आज, 30 अगस्त, 2026 को देश भर में नीट-पीजी 2026 परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की।
परीक्षा सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर 2,73,096 उम्मीदवारों के लिए निर्धारित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 2,65,980 उम्मीदवार उपस्थित हुए, जिसमें लगभग 2,63,535 उम्मीदवारों के लिए परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
राष्ट्रव्यापी परीक्षा के दौरान व्यापक तौर पर तत्क्षण निगरानी और कड़े सुरक्षा उपाय किए गए थे। परीक्षा के संचालन की निगरानी के लिए कुल 2,527 संकाय सदस्यों को स्वतंत्र एप्रेजर के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके अलावा, डीन, निदेशकों, चिकित्सा अधीक्षकों और वरिष्ठ प्रोफेसरों सहित 700 से अधिक वरिष्ठ संकाय सदस्यों को फ्लाइंग स्क्वाड के सदस्यों के रूप में तैनात किया गया था।
समन्वय और निगरानी को मजबूत करने के लिए, देश भर में 16 एनबीईएमएस क्षेत्रीय कमांड केंद्रों को चालू किया गया।
परीक्षा केंद्रों को भी सीसीटीवी की लाइव निगरानी में रखा गया था। एनबीईएमएस कमांड सेंटर के द्वारका स्थित मुख्यालय से इसकी लगातार इस पर नजर रखी जा रही थी। एनबीईएमएस और टीसीएस के 190 कर्मियों की एक समर्पित टीम को तत्क्षण निगरानी और देखरेख के लिए तैनात किया गया था।
एनबीईएमएस मुख्यालय में समर्पित कमांड सेंटर में, एनबीईएमएस, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, बीईएल, ईसीआईएल और टीसीएस के अधिकारियों ने पूरे दिन परीक्षा प्रक्रिया की निकटतापूर्वक निरंतर निगरानी बनाए रखी।
परीक्षा की सुरक्षा को और मजबूत करने और फर्जीवाड़ा को रोकने के उपायों के हिस्से के रूप में, परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों का आधार-संचालित प्रमाणीकरण सफलतापूर्वक किया गया। सरकारी एजेंसियों ने परीक्षा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए अपना पूरा सहयोग दिया।
देश भर में अधिकांश उम्मीदवारों के लिए परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी की गई थी। किंतु आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड सीतापुरा केंद्र, जयपुर, राजस्थान (टीसी नंबर 41682 और 41683) में एक अप्रत्याशित तकनीकी व्यवधान हुआ, जहां परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी मेसर्स टीसीएस लिमिटेड के कारण परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति के मुद्दों के कारण 2,445 उम्मीदवारों के लिए परीक्षा पूरी नहीं की जा सकी।
प्रभावित उम्मीदवारों को हुई असुविधा को लेकर एनबीईएमएस को गहरा खेद है और यह सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाए गए हैं कि उन्हें नीट-पीजी 2026 में उपस्थित होने का समुचित और न्यायसंगत अवसर प्रदान किया जाए।
तदनुसार, सभी प्रभावित उम्मीदवारों की पुन: परीक्षा शनिवार, 5 सितंबर, 2026 को दोपहर 3:00 बजे जयपुर, राजस्थान में आयोजित की जाएगी। स्थान विवरण और परीक्षा से संबंधित अन्य निर्देश संबंधित उम्मीदवारों को अलग से सूचित किए जाएंगे।
339 शहरों में 1,111 केंद्रों पर परीक्षा का सफल आयोजन परीक्षा अधिकारियों, चिकित्सा संस्थानों, संकाय, सुरक्षा एजेंसियों, प्रौद्योगिकी टीमों और राष्ट्रव्यापी क्रियाकलाप में शामिल अन्य हितधारकों के बीच व्यापक समन्वय को दर्शाता है।
एनबीईएमएस उम्मीदवारों के सहयोग, धैर्य और विश्वास की सराहना करता है और नीट-पीजी 2026 के आयोजन से जुड़े सभी कर्मियों और संस्थानों के समर्पित प्रयासों को स्वीकार करता है।
***
पीके/केसी/एसकेएस/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2304665)
आगंतुक पटल : 172