प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री की श्रीलंका के राष्ट्रपति से मुलाकात
प्रविष्टि तिथि:
20 FEB 2026 9:49PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए भारत पधारे श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री अनुरा कुमारा दिसानायका से आज मुलाकात की। दिसंबर 2024 में राष्ट्रपति पद संभालने के तत्काल बाद की भारत यात्रा के बाद श्री दिसानायका का यह दूसरा भारत दौरा है।
दोनों नेताओं ने अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री की श्रीलंका की राजकीय यात्रा सहित हाल के उच्चस्तरीय दौरों से द्विपक्षीय पहलों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भौतिक, डिजिटल और ऊर्जा कनेक्टिविटी के प्रमुख स्तंभों में सहयोग को और तेजी से बढ़ाने के लिए साझा प्रतिबद्धता रेखांकित की। विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में प्रौद्योगिकी की भूमिका को स्वीकार करते हुए, उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल में तालमेल के बारे में भी विचार-विमर्श किया।
राष्ट्रपति श्री दिसानायका ने चक्रवात दितवाह के बाद प्रदान की गई त्वरित और बिना शर्त सहायता के लिए भारत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सबसे पहले सहायता पहुँचाने वाले देश रूप में भारत ने आपातकालीन राहत सामग्री भेजी और ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत तलाश और बचाव के प्रयासों में सहयोग किया। दोनों नेताओं ने 450 मिलियन डॉलर के सहायता पैकेज के माध्यम से पुनर्निर्माण और पुनर्स्थापना में भारत की ओर से जारी सहायता पर संतोष व्यक्त किया।
हाल ही में श्रीलंका में संपन्न पवित्र देवनीमोरी अवशेषों की प्रदर्शनी की सफलता का स्वागत करते हुए दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि सभ्यताओं के बीच मजबूते रिश्ते भारत-श्रीलंका साझेदारी को अतुलनीय लाभ प्रदान करते हैं।
दोनों नेताओं ने श्रीलंका के टिकाऊ विकास से संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करने और हिन्द महासागर क्षेत्र की स्थिरता में योगदान देने के लिए द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने हेतु संयुक्त रूप से कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।
***
पीके/केसी/आरके
(रिलीज़ आईडी: 2231083)
आगंतुक पटल : 117