WAVES BANNER 2025
सूचना और प्रसारण मंत्रालय

क्षेत्रीय स्तर से राष्ट्रीय सुर्खियों तक


डब्ल्यूएएम! वेव्स 2025 में भारत के सर्वश्रेष्ठ क्रिएटर्स को पुरस्कारों से नवाज़ा जाएगा

 प्रविष्टि तिथि: 21 APR 2025 4:08PM |   Location: PIB Delhi

कई महीने चली क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं और हज़ारों प्रविष्टियों के बाद देश भर के 11 शहरों से फाइनलिस्टों को वेव्स एनीमे और मंगा कॉन्टेस्ट (डब्ल्यूएएम!) के नेशनल फिनाले में भाग लेने के लिए चयनित किया गया है। देश में अपनी तरह के पहले मीडिया और मनोरंजन शिखर सम्मेलन वेव्स 2025 में 1-4 मई तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में यह विशिष्ट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0038YGV.png

डब्ल्यूएएम! का आयोजन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमईएआई) कर रहा है और वेव्स (वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट सम्मेलन) के हिस्से के रूप में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा इसे समर्थन दे रहा है। वेव्स एवीजीसी-एक्सआर सेक्टर-एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी के क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है। वेव्स के केंद्र में क्रिएट इन इंडिया चैलेंज (सीआईसी) निहित है। सीआईसी के सीजन-वन में 1,100 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागियों सहित लगभग 1 लाख पंजीकरणों के साथ इतिहास बन गया है। विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद 32 अनूठी चुनौतियों में से 750 से अधिक फाइनलिस्टों का चयन हुआ है।

क्रिएट इन इंडिया चैलेंज के अंतर्गत विशिष्ट संवर्ग में वेव्स एनिमे और मंगा कंटेस्ट! (डब्ल्यूएएम!) शामिल है। पिछले दशक में, भारत में एनीमे और मंगा तेजी से लोकप्रिय और विकसित हुआ है। विशेष रुचि के तौर पर आरंभ हुआ एनीमे और मंगा अब प्रमुख सांस्कृतिक लहर बन गया है। भारत में लगभग 180 मिलियन एनीमे प्रशंसक हैं, जिससे यह चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा एनीमे बाजार बन गया है। केवल प्रशंसक ही नहीं, इसकी उत्पाद संख्या भी काफी बढ़ी है। वर्ष 2023 में, भारतीय एनीमे बाजार 1,642.5 मिलियन डॉलर का था, जिसके वर्ष 2032 तक बढ़कर 5,036 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004HPXB.png

डब्ल्यूएएम! भारतीय क्रियेटरों को मूल बौद्धिक संपदा (आईपी) विकसित करने और प्रस्तुत करने के लिए संरचित अवसर प्रदान कर उनकी बढ़ती रचनात्मक ऊर्जा को दिशा प्रदान करता है। यह मूल, सांस्कृतिक रूप से निहित आईपी को बढ़ावा देकर भारत के मीडिया उद्योग में अंतर को पाटता है। वैश्विक एनीमे के उदय और बढ़ती डिजिटल साक्षरता के साथ, छात्रों और पेशेवरों के विचारों को प्रदर्शित करने के लिए डब्ल्यूएएम! कुशल मंच प्रदान करता है। यह विशिष्टता युक्त मूल बौद्धिक संपदा विकसित करने, उद्योग जगत तक इन्हें पहुंचने और सरकार से इस पर सहयोग का एक स्पष्ट माध्यम प्रदान करता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005QPAG.png

इसी विज़न के अनुरूप विभिन्न संवर्गों में प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनमें मंगा (छात्र और पेशेवर), एनीमे (छात्र और पेशेवर), वेबटून (छात्र और पेशेवर), वॉयस एक्टिंग और कॉसप्ले शामिल हैं। प्रतिभागियों को छात्र और पेशेवर संवर्ग में ध्यानपूर्वक चुना गया। डब्ल्यूएएम! में बुनियादी स्तर पर ग्यारह शहरों- गुवाहाटी, कोलकाता, भुवनेश्वर, वाराणसी, दिल्ली, मुंबई, नागपुर, अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रत्येक शहर में प्रतिष्ठित चयन समिति ने विजेताओं का चयन किया। चयन समिति में एनीमेशन, कॉमिक्स, मीडिया और मनोरंजन क्षेत्रों के उद्योग विशेषज्ञ शामिल रहे। विशेषज्ञों ने आवाजों और कहानी कहने की परंपराओं की विविधता के आधार पर उच्च क्षमता युक्त प्रतिभाओं का चयन किया। क्षेत्रीय चयन के दौर में भारत की समृद्ध भाषाई और कलात्मक विविधता संपुष्ट हुई साथ ही यह भी सिद्ध हुआ कि सृजनात्मक क्षमता सीमाओं के बंधन से परे है।

इस मजबूत नींव पर आधारित एनिमे और मंगा कंटेस्ट का नेशनल फिनाले केवल आयोजन भर नहीं, बल्कि यह प्रतिभागियों के लिए एक लॉन्चपैड भी है। यह प्रतिभागियों को संबंधित उद्योग के लिए पेशेवर बनने में मदद के लिए तैयार किया गया है। इसमें विचार और कार्य प्रस्तुत करने के लाइव पिचिंग सत्र, प्रोडक्शन स्टूडियो के साथ नेटवर्किंग और अंतरराष्ट्रीय मीडिया दिग्गजों के साथ संपर्क अवसर मिलेगा।

चयनित क्रिएटर अब वेव्स 2025 में डब्ल्यूएएम! नेशनल फिनाले के लिए मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे अंतरराष्ट्रीय जूरी और दर्शकों के सामने अपने कार्यों की लाइव प्रस्तुति देंगे। इसका फिनाले बहुत उत्साहवर्धक रहने की संभावना है। इसमें विजेताओं को निम्नलिखित पुरस्कार प्राप्त होंगे:

  • टोक्यो में एनीमे जापान 2026 का पूर्ण यात्रा भुगतान
  • गुलमोहर मीडिया द्वारा हिंदी, अंग्रेजी और जापानी में एनीमे डबिंग का अवसर
  • टूनसूत्र द्वारा प्रकाशित वेबटून में काम करने का मौका

डब्ल्यूएएम! प्रतियोगिता से बढ़कर एक सांस्कृतिक आंदोलन है जिसका लक्ष्य भारत के मीडिया परिदृश्य में वैश्विक रूप से स्केलेबल, भारतीय कहानियों पर आधारित मूल सामग्री की कमी की व्यापक खाई को पाटना है। जैसे-जैसे वेव्स 2025 का आयोजन निकट आ रहा है, उत्साह बढ़ता जा रहा है। यह प्रतिभा, मौलिकता और कहानी कहने की परिवर्तनकारी शक्ति का महा-उत्सव है।

संदर्भ

पीडीएफ डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें

***

एमजी/केसी/एकेवी/एसके


रिलीज़ आईडी: 2123238   |   Visitor Counter: 364

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Nepali , Marathi , Bengali , Assamese , Punjabi , Gujarati , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam , Malayalam