PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 01 SEP 2020 6:23PM by PIB Delhi

Description: Coat of arms of India PNG images free download

 

 

(पिछले 24 घंटों में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल हैं)

भारत ने पिछले 24 घंटों में 65,081 रिकवरी दर्ज की है। ठीक (रिकवर) हो चुके रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 28,39,882 हो गई है जिससे कोविड-19 रोगियों के बीच ठीक होने (रिकवरी) की दर और अधिक बढ़कर 77 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

69,921 नए मामले दर्ज किए गए, पिछले 24 घंटों में 819 मरीजों की मृत्यु हुई।

कुल 4.33 करोड़ जांचों में से, भारत ने पिछले दो सप्ताहों में 1.22 करोड़ से अधिक जांचें कीं; पिछले 24 घंटों में दस लाख से अधिक कोविड जांचें की गईं।

22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों का राष्ट्रीय औसत की तुलना में बेहतर टीपीएम है।

कोविड संकट के दौरान महत्वपूर्ण चिकित्सा उत्पादों की आपूर्ति के साथ भारत द्वारा सहयोगी के रूप में निभाई गई भूमिका उसकी विश्वसनीयता और स्थिरता को दर्शाते हैं: श्री पीयूष गोयल

Description: C:\Users\VARUN\Desktop\image002MBOL.jpg

Description: C:\Users\VARUN\Desktop\Corona watch 01 Sept.jpg

 

भारत ने पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के रोगियों के ठीक होने संख्या 65,081 दर्ज की जबकि 69,921 नए मामले दर्ज किए गए, पिछले 24 घंटों में 819 मरीजों की मृत्यु हुई

पिछले पांच दिनों से प्रत्येक दिन 60,000 से अधिक रिकवरी दर्ज करने का क्रम बरकरार रखते हुए, भारत ने पिछले 24 घंटों में 65,081 रिकवरी दर्ज की है। ठीक (रिकवर) हो चुके रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 28,39,882 हो गई है जिससे कोविड-19 रोगियों के बीच ठीक होने (रिकवरी) की दर और अधिक बढ़कर 77 प्रतिशत पर पहुंच गई है। स्वस्थ हो चुके रोगियों की संख्या सक्रिय मामलों की तुलना में 3.61 गुना अधिक हो गई है। भारत में सक्रिय मामले, जो आज की तारीख में 7,85,996 है, की तुलना में स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या 20.53 लाख से अधिक है। स्वस्थ हो चुके रोगियों की संख्या में जुलाई के पहले सप्ताह की तुलना में अगस्त 2020 के अंतिम सप्ताह में चार गुनी बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटों में, देश के पांच राज्यों में नए मामलों में सर्वाधिक इजाफा हुआ है। ये राज्य हैं-महाराष्ट्र (11,852), आंध्र प्रदेश (10,004), कर्नाटक (6,495), तमिलनाडु (5.956) तथा उत्तर प्रदेश (4,782)। कुल मिलाकर इन राज्यों का योगदान पिछले 24 घंटों में बढ़े पुष्ट मामलों में 56 प्रतिशत रहा है। जहां महाराष्ट्र ने 11,158 रोगियों की रिकवरी दर्ज की है, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक ने क्रमशः 8,772 और 7,238 रोगियों की रिकवरी दर्ज की है। इसके बाद 6,008 संख्या के साथ तमिलनाडु का स्थान आता है जबकि उत्तर प्रदेश ने 4,597 कोविड रोगियों की रिकवरी दर्ज कराई। पिछले 24 घंटों में 536 मौतों की संचयी संख्या के साथ, उपरोक्त उल्लिखित पांचों राज्यों की भागीदारी एक साथ मिला कर कुल राष्ट्रीय संख्या (819) में 65.4 प्रतिशत है। महाराष्ट्र ने 184 मौतें दर्ज कराईं, जबकि कर्नाटक ने 113, तमिलनाडु ने 91, आंध्र प्रदेश ने 85 एवं उत्तर प्रदेश ने 63 मौतें दर्ज कराई हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1650339

नए मामलों, रोगियों के ठीक होने (रिकवर) की संख्या और मौत पर राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के आंकड़े

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1650326

कुल 4.33 करोड़ जांचों में से, भारत ने पिछले दो सप्ताहों में 1.22 करोड़ से अधिक जांचें कीं; पिछले 24 घंटों में दस लाख से अधिक कोविड जांचें की गईं; 22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों का राष्ट्रीय औसत की तुलना में बेहतर टीपीएम है

भारत की संचयी जांचों ने आज 4.3 करोड़ (4,33,24,834) का आंकड़ा पार कर लिया। केवल पिछले दो सप्ताहों में 1,22,66,514 जांचें की गईं। राज्य/केंद्र शासित प्रदेश लगातार अपनी जांच क्षमता बढ़ा रहे हैं। जांचों की समग्र संख्या में जिन राज्यों ने अधिकतम योगदान दिया है, उनमें तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र शामिल हैं। इन तीनों राज्यों की कुल जांचों में से लगभग 34 प्रतिशत की भागीदारी है। भारत की प्रति दिन की जांच क्षमता 10 लाख जांच से अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 10,16,920 जांचें की गईं। प्रति दस लाख की आबादी पर जांच (टीपीएम) में भी तेज उछाल आया है और यह 31,394 तक पहुंच गई है। 22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों का राष्ट्रीय औसत की तुलना में बेहतर टीपीएम है। गोवा, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु एक दिन में सबसे अधिक संख्या में जांच कर रहे हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1650377

कोविड संकट के दौरान महत्वपूर्ण चिकित्सा उत्पादों की आपूर्ति के साथ भारत द्वारा सहयोगी के रूप में निभाई गई भूमिका उसकी विश्वसनीयता और स्थिरता को दर्शाते हैं : श्री पीयूष गोयल

भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने आज आपूर्ति श्रृंखला के लचीलेपन पर एक मंत्रिस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की। बैठक को संबोधित करते हुए वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया को एक परिवार के रूप में मानने की अपनी परंपरा में, भारत ने कोविड संकट के दौरान महत्वपूर्ण चिकित्सा उत्पादों की आपूर्ति के लिए निर्यात उपायों के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो कि समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए रखी गई हैं। श्री गोयल ने कहा, “इन सभी उपायों से एक भागीदार के रूप में हमारी विश्वसनीयता और भरोसे का संकेत मिलता है और मुझे यकीन है कि यह एक महत्वपूर्ण मानदंड है क्योंकि हम आपूर्ति श्रृंखलाओं का लचीलापन सुनिश्चित करने के लिए नई पहल करने का साहस करते हैं। यदि हम इसके पदचिन्ह का विस्तार करना चाहते हैं तो पारदर्शिता और विश्वास को हमारी पहल की पहचान बनना चाहिए। हम दृढ़ता से मानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया और जापान हमारे संयुक्त प्रयास में हमारे लिए महत्वपूर्ण साझेदार हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें- https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1650398

गरीब कल्याण रोजगार अभियान आजीविका के अवसर देकर ग्रामीणों को बना रहा है सशक्त - लाभार्थियों की सफलता की गाथाएं

गरीब कल्याण रोजगार अभियान (जीकेआरए) का शुभारंभ कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर किया गया है, ताकि इसके कारण विवश होकर अपने-अपने गांव लौट चुके प्रवासी श्रमिकों के साथ-साथ इसी तरह से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए भी रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सके। इस अभियान को एक मिशन के रूप में चलाया जा रहा है। यह अभियान दरअसल उन प्रवासी श्रमिकों को रोजगार प्रदान करने के लिए चलाया जा रहा है जो 6 राज्यों यथा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अपने-अपने मूल गांवों में वापस लौट आए हैं। यह अभियान अब इन राज्यों के 116 जिलों में ग्रामीणों को आजीविका के अवसर देकर उन्हें सशक्त बना रहा है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें- https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1650399

लद्दाख और लक्षद्वीप को वन नेशन वन राशन कार्ड के मौजूदा राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी समूह में शामिल किया गया

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री रामविलास पासवान ने हाल ही में वन नेशन वन राशन कार्डयोजना के कार्यान्वयन की दिशा में प्रगति की समीक्षा की और 2 अन्य केंद्र शासित प्रदेशों लद्दाख और लक्षद्वीप के लिए अपेक्षित तकनीकी तैयारी को देखते हुए इन 2 केंद्र शासित प्रदेशों को 24 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मौजूदा राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी समूह में शामिल करने को मंज़ूरी दे दी। दोनों केंद्र शासित प्रदेशों ने राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी समूह में शामिल अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी लेन-देन का परीक्षण कार्य पूरा कर लिया है। इसके साथ ही, कुल 26 राज्य/केंद्र शासित प्रदेश अब एक-दूसरे के साथ निर्बाध रूप से वन नेशन वन राशन कार्डयोजना से जुड़ चुके हैं और अब इन 26 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पीडीएस लाभार्थी 01 सितंबर, 2020 से अपनी पसंद की किसी भी उचित मूल्य की दुकान (एफपीएस) से एक ही पैमाने और केंद्रीय निर्गम मूल्य पर सब्सिडी वाले खाद्यान प्राप्त कर सकते हैं। कुल 65 करोड़ से अधिक लाभार्थी अब वन नेशन वन राशन कार्ड प्रणाली के माध्यम से अपने हिस्से के सब्सिडी वाले अनाज लेने के विकल्प का लाभ लेने में सक्षम हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें- https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1650412

 

पत्र सूचना कार्यालय के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

पंजाब : मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोविड-19 के लगातार बढ़ते मामलों के बीच शहरी क्षेत्रों में रोक जारी रखने की घोषणा की है। राज्य में सितंबर के अंत तक सभी 167 शहरी कस्बों में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन और सभी शहरों में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। मुख्यमंत्री द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका सीमा क्षेत्र में शनिवार और रविवार को पूर्ण रूप से कर्फ्यू रहेगा। इसके साथ ही पंजाब के सभी शहरों में पूरे सप्ताह शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक अनावश्यक कार्यों के लिए लोगों की आवाजाही पर रोक जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश : राज्य के मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को कोरोना वायरस से और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है और बरसात के दिनों के दौरान बीते कुछ दिनो में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने कोरोना वायरस पर नियंत्रण पाने के लिए लोगों से बाहर जाते समय सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनने और नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने का अनुरोध किया।

अरुणाचल प्रदेश : राज्य में 78 और लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में अब 1220 सक्रिय मामले हो गए हैं।

असम : राज्य में कोरोना के 3266 नए मामले सामने आए हैं और सोमवार को 1531 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में अब कोरोना के कुल 1,09,040 मामले हैं, 85,458 लोगो को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। कुल सक्रिय मामले 23,273 है और अब तक 306 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

मणिपुर : राज्य में 140 और लोग कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में 1894 सक्रिय मामले हैं। राज्य में 91 लोग स्वस्थ हुए और रिकवरी दर 69 प्रतिशत है।

मेघालय : लोगों के बेरोक-टोक प्रवेश पर रोक न हटाने संबंधी राज्य सरकार के फैसले पर गृह मंत्रालय की  नाराजगी के बीच इसका बचाव करते हुए उप मुख्यमंत्री प्रिस्टोन तिनसॉन्ग ने कहा कि कोविड महामारी से स्थानीय जनता को बचाना बेहद जरूरी है। श्री तिनसॉन्ग ने कहा कि हम गृह मंत्रालय के फैसले की अवहेलना नहीं कर रहे हैं, लेकिन वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कुछ नियम आवश्यक हैं।

 

मिजोरम :  राज्य में कोविड-19 के 1,012 कुल मामले और 423 सक्रिय मामले हैं। पश्चिम बंगाल में 7,11 और 12 सितंबर को हवाई अड्डे सहित पूर्ण रूप से लॉकडाउन को देखते हुए मिजोरम का लेंगपुई हवाई अड्डा एक बार के लिए बदलाव करते हुए व्यावसायिक यात्री उड़ान के लिए 8 और 9 सितंबर को खुला रहेगा। पहले यह 7 और 12 सितंबर को खुला रहना था।

नागालैंड : आज से राज्य के भीतर और अन्य राज्यों से होने वाले आवागमन पर रोक हटा ली गई है। कंटेनमेंट क्षेत्रो में 30 सितंबर तक लॉकडाउन जारी रहेगा। राज्य में इस समय कोविड-19 के 3950 सक्रिय मामले हैं। इनमें सुरक्षा बल से जुड़े 1692 मामले 1260 राज्य में बाहर से लौटे लोगों में मिले मामले, 715 पहचान के बाद मिले और  283 फ्रंटलाइन कार्यकर्ता के मामले हैं।

सिक्किम : राज्य में 18 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 1237 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 414 सक्रिय मामले हैं।

केरल : राज्य में आज कोविड-19 से सात और लोगों की मृत्यु हुई। ये मृत्यु कोल्लम, कोझिकोड, कुन्नूर और मल्लापुरम जिलो में हुई और अब तक केरल में 301 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। राजधानी में इस बीमारी से संक्रमित होने वाले पुलिसकर्मियो की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आज जेईई परीक्षा केरल में 13 केंद्रों पर आयोजित की गई। कोल्लम से संबंध रहने केरल के एक परिवार के तीन सदस्यों की ओडिशा में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। राज्य में कल 1,530 लोगों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई। केरल में 23,488 लोगों का उपचार चल रहा है और 1,98,843 लोग विभिन्न जिलो में निगरानी में हैं।

तमिलनाडु : पुडुचेरी में बीते 24 घंटो में कोविड-19 के 363 नए मामले सामने आए और 12 लोगों की मृत्यु हुई। पुडुचेरी में अब कोविड के 14,766 मामले हैं। इनमें से 4,851 सक्रिय मामले हैं और 240 लोगों की मृत्यु हुई है। पुडुचेरी में अनलॉक-4 के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी दुकान, संस्थान, खाने की सुविधा सहित होटल और निजी कार्यालय सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक खुले रहेंगे। शराब की दुकान लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप खुलेंगी और रात 8 बजे बंद होंगी। तमिलनाडु ने नए क्वारंटीन प्रोटोकॉल लागू किेए हैं। इसके अनुसार विदेशी यात्रियों का परीक्षण और बिना लक्षण वाले घरेलू यात्रियों के लिए घर में एकांतवास का नियम अनिवार्य होगा। राज्य सरकार ने पार्क, मॉल और पूजा स्थलों पर थर्मल स्कैनर, मास्क और हाथ के सैनिटाइजर का प्रयोग अनिवार्य कर दिया है।

कर्नाटक :  कर्नाटक विधानसभा के सत्र के पहले सदस्यों के लिए कोविड नेगेटिव प्रमाण पत्र आवश्यक किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विधानसभा में भीड़ से बचने के लिए इस बार लोगों को सत्र की कार्यवाही देखने के अनुमति नहीं होगी। मैसूर में कोविड-19 का संक्रमण फैलने के बाद से अब तक 470 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं।

आंध्रप्रदेश : आईआईटी में प्रवेश के लिए राज्य में आज 52 केंद्रों पर जेईई मेन्स परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 82,748 अभ्यर्थी शामिल हुए और सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रबंध किए गए थे। केंद्र सरकार के अनलॉक 4.0 दिशा-निर्देश के अनुरूप तिरुपति नगर निगम ने लॉकडाउन संबंधी सभी रोक पर ढील देने की घोषणा की है। नए दिशा-निर्देश के अनुसार सुबह से रात 9 बजे तक सभी व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा सकती है। 100 लोगों तक की पुष्टि सुनिश्चित करने के बाद लोग समारोह, राजनीतिक सभा और शादी के लिए पुलिस से अनुमति ले सकते हैं।

तेलंगाना : बीते चौबीस घंटो में कोविड-19 के 2,734 नए मामले सामने आए, 2,325 लोग स्वस्थ हुए और 9 लोगों की मृत्यु हुई। 2,734 मामलों में से 347 मामले जीएचएमसी में मिले। राज्य में अब कोविड के 1,27,697 कुल मामले,  31,699 सक्रिय मामले और 836 लोगों की मृत्यु और 95,162 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। राज्य में हैदराबाद से दूर विशेष रूप से पूर्वी जिलों में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते कुछ सप्ताह में यदाद्रि,कोटागुडम, खम्मम, महाबुबाबाद और नालगोंडा में सबसे कोविड-19 के मामले सामने आए हैं।

महाराष्ट्र : सोमवार को कोविड-19 के 1,935 नए मामले सामने आने के बाद पुणे अब कोविड-19 संक्रमण के मामले में दिल्ली से ज्यादा प्रभावित क्षेत्र बन गया है। दिल्ली में कोविड के 1,75,105 मामले हैं। दिल्ली में कोविड-19 के 1.74 लाख मामले हैं जबकि मुंबई में 1.45 लाख मामले हैं। पुणे में 52,172 सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र में सोमवार को 11,852 नए मामले सामने आए और कुल मामले 7,92,541 हो गए हैं। इस बीच राज्य सरकार ने एक जिले से दूसरे जिले में पर रोक और ई-पास की आवश्यकता को समाप्त कर दिया है।

गुजरात : कोविड-19 के मामले बढ़ने के बाद प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि के नेतृत्व में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों और डॉक्टरों का एक दल राजकोट पंहुचा। यह विशेषज्ञ कोविड-19 रोगियों के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में सुविधाओं की निगरानी करेंगे और अन्य कदमों के साथ-साथ डॉक्टरों को कोरोना वायरस और टेली-निगरानी के लिए उपचार प्रोटोकॉल पर सलाह देंगे। राजकोट में कोविड-19 रोगियो के लिए राज्य सरकार अतिरिक्त वेंटिलेटर और बेड प्रदान करेंगी। इस बीच गुजरात में बीते 24 घंटो में कोविड-19 के 1,280 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब 15,631 सक्रिय मामले हैं।

राजस्थान : राज्य में बीते 24 घंटो में कोविड-19 के 670 नए मामले सामने आए 117 लोग स्वस्थ हुए और 6 लोगों की मृत्यु हुई। राजस्थान में अब कोरोना के 82,363 मामले हैं। इनमें 14,372 सक्रिय मामले हैं और 66,929 स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अब तक 1,062 लोगों की कोरोना संक्रमण से मृत्यु हुई है।

मध्यप्रदेश : राज्य में अगस्त माह में कोविड-19 के 32,159 मामले सामने आए और यह 31 जुलाई तक कुल मामलों के दोगुने से भी थोड़ा अधिक है। 31 अगस्त की शाम तक राज्य में कोविड-19 के 63,965 मामले थे, जबकि जुलाई माह की समाप्ति तक 31,806 मामले थे। राज्य में कोरोना के मामलो की बढ़ने की पुष्टि इस बात से भी होती है कि बीते दो दिनो से प्रतिदिन 1,500 से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। बीते 24 घंटो में सोमवार शाम तक 1,532 मामले सामने आए। राज्य में कोविड-19 से अब तक 1,394 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और सिर्फ अगस्त में 37.8 प्रतिशत यानी 527 लोगों की मृत्यु हुई है।

पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य

 

Description: C:\Users\VARUN\Desktop\image004SPQV.jpg

एमजी/एएम/एसके/एजे

 



(Release ID: 1650604) Visitor Counter : 195