PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 07 AUG 2020 6:29PM by PIB Delhi

Coat of arms of India PNG images free download

 

 

 

 

 

(पिछले 24 घंटों में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल हैं)

कोविड बीमारी से ठीक होने की दर लगभग 68 प्रतिशत की नई ऊंचाई पर पहुंची; पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 49,769 मरीज स्वस्थ हुए।

पिछले 2 हफ्तों में बीमारी से ठीक होने के दैनिक औसत मामले लगभग 26,000 से बढ़कर 44,000 मामले हो गए हैं।

कोरोना के मामलों में मृत्यु दर (केस फेटलिटी रेट) में गिरावट जारी, आज मृत्यु दर घटकर 2.05 प्रतिशत हो गई।

भारत दुनिया का एकमात्र देश है, जिसने इस महामारी के समय में नाविकों के लिए अपने घरों से सुविधाजनक तरीके से ऑनलाइन परीक्षा की शुरुआत की है।

दिल्ली एयरपोर्ट ने ऐसा पोर्टल विकसित किया है जहां भारत आगमन करने वाले अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्री अनिवार्य स्व-घोषित फार्म भर सकते हैं और अनिवार्य संस्थान क्वारंटाइन प्रक्रिया से छूट प्राप्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

 

कोविड बीमारी से ठीक होने की दर लगभग 68 प्रतिशत की नई ऊंचाई पर पहुंची; कोरोना के मामलों में मृत्यु दर (केस फेटलिटी रेट) में गिरावट जारी, आज मृत्यु दर घटकर 2.05 प्रतिशत हो गई  

भारत दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ कोविड-19 के प्रबंधन के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। पहली, कोविड-19 मरीजों के बीच ठीक होने की दर में लगातार बढ़ोतरी और दूसरी, कम मृत्यु दर जोकि वैश्विक औसत से भी कम बनी हुई है। कोविड मरीजों के ठीक होने की दर 68 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर पर पुहंच गई है जबकि मृत्यु दर भी 2.05 प्रतिशत के निचले स्तर पर पहुंच गई है। इन दोनों की वजह से भारत में इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या और इसके सक्रिय मामलों की संख्या के बीच अंतर (7.7 लाख से अधिक) निरंतर बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 49,769 मरीजों के ठीक होने के साथ ही इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या 13,78,105 हो गई है। अस्पतालों के बुनियादी ढांचे में सुधार और केंद्र द्वारा जारी नैदानिक उपचार प्रोटोकॉल में शामिल देखभाल मानकों के माध्यम से अस्पताल में भर्ती मरीजों के सही उपचार पर जोर देने से इस बीमारी से ठीक होने की दर में सुधार सुनिश्चित हुआ है। पिछले 2 हफ्तों में बीमारी से ठीक होने के दैनिक औसत मामले (7 दिन पर औसत) लगभग 26,000 से बढ़कर 44,000 मामले हो गए हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644069

भारत ने पिछले 24 घंटों में 6,64,949 कोविड जांच करके एक नया रिकॉर्ड बनाया; लगातार तीसरे दिन 6 लाख से अधिक कोविड जांच की गई, प्रति दस लाख की आबादी पर जांच (टीपीएम) की संख्या 16,000 से अधिक हो गई 

 “टेस्ट, ट्रैक और ट्रीटरणनीति पर ध्यान केंद्रित करते हुए, देश में लगातार तीसरे दिन 6 लाख से अधिक कोविड-19 नमूनों की जांच की गई। प्रति दिन कोविड जांच की संख्या में तेजी से वृद्धि करने के संकल्प के परिणामस्वरूप, पिछले 24 घंटों में 6,64,949 परीक्षणों के साथ 10 लाख प्रतिदिन परीक्षण करने की क्षमता की ओर हम सफलतापूर्वक बढ़ रहे हैं। अब कुल जांचे गए नमूनों का आंकड़ा 2,21,49,351 पहुंच गया है। प्रति दस लाख की आबादी पर जांच की संख्या बढ़कर 16050 हो गई है। यह केवल त्वरित परीक्षण से ही संभव हुआ है कि संक्रमित मरीजों की पहचान की जा सकी और उनके संपर्कों का पता लगाकर उन्हें आइसोलेट करने के साथ ही शीघ्र उपचार भी सुनिश्चित किया जा सका। आज की तारीख में कुल 1370 प्रयोगशालाओं में परीक्षण किए जा रहे हैं; जिनमें 921 सरकारी और 449 निजी प्रयोगशालाएं शामिल हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644045

प्रधानमंत्री ने उच्च शिक्षा सम्मेलन में उद्घाटन भाषण दिया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उच्च शिक्षा सम्मेलन में उद्घाटन भाषण दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को 3-4 वर्षों में व्यापक विचार-विमर्श और लाखों सुझावों पर मंथन के बाद मंजूरी दी गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश भर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर स्वस्थ बहस और विचार-विमर्श हो रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्रीय लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करते हुए युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना है। श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह नीति 21वीं सदी के भारत न्यू इंडियाको सशक्त बनाने के लिए युवाओं के लिए जरूरी शिक्षा और कौशल, देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर आगे बढ़ाने और भारत के नागरिकों को और सशक्त बनाने के लिए उन्हें अधिकतम अवसरों के लिए अनुकूल बनाने की नींव रखती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति गुरु रवींद्रनाथ के आदर्शों को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य सभी के साथ सामंजस्य स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि एक समग्र दृष्टिकोण की आवश्यकता थी जिसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644126

उच्च शिक्षा सम्मेलन में प्रधानमंत्री के सम्बोधन का मूल पाठ

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644027

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना चरण-1, भारतीय खाद्य निगम ने मार्च 2020 से जून 2020 के दौरान कुल 139 एलएमटी खाद्यान्न की आपूर्ति की

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अंतर्गत भारतीय खाद्य निगम ने 24 मार्च से 30 जून 2020 की अवधि के दौरान लगभग 5,000 रेक और लगभग 14.7 एलएमटी का उपयोग करके 91,874 ट्रकों के माध्यम से देश भर में कुल 139 एलएमटी खाद्यान्न की आपूर्ति की। इन कार्यों को सुचारु और सफल बनाने में भारतीय वायु सेना के अलावा रेलवे और जहाजरानी जैसे मंत्रालयों के सहयोग की उल्लेखनीय भूमिका रही। लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरण के लिए देश भर में लगभग 5.4 लाख उचित मूल्य की दुकानों (एफपीएस) के नेटवर्क का उपयोग किया गया। सभी राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों में इन केंद्रों पर कोविड-19 की रोकथाम के लिए सभी प्रोटोकॉल का ध्यान रखा गया और एहतियाती उपाय किए गए जिसमें सामाजिक दूरी बनाए रखना,फेस मास्क व हैंड सैनिटाइजर का उपयोग, हाथ धोने के लिए पानी व साबुन की उपलब्धबता, अलग-अलग समय में वितरण, ई-पीओएस उपकरणों को बार-बार सैनिटाइज करना आदि शामिल हैं। इसके अलावा लाभार्थियों को खाद्यान्न देते समय अभिनव प्रथाओं का उपयोग करते हुए उनके बीच सामाजिक दूरी सुनिश्चित की गई।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644068

उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों का बोझ कम करने के लिए नई शिक्षा नीति की सराहना की

उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम का बोझ कम करने के लिए नई शिक्षा नीति की सराहना की। कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजलक्ष्मी पार्थसारथी स्मारक व्याख्यान देते हुए उपराष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि विद्यार्थियों को शारीरिक गतिविधियों और खेलों पर भी समान ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने योग को कम उम्र में स्कूली पाठ्यक्रम का अभिन्न अंग बनाए जाने का आह्वान किया और कहा कि विद्यार्थियों को खेल के मैदानों और कक्षाओं में बराबर समय बिताना चाहिए। हाल में घोषित नई शिक्षा नीति को दूरदर्शी दस्तावेज़ बताते हुए उन्होंने कहा कि उसमें विद्यार्थियों के समग्र विकास पर बल दिया गया है। कोविड महामारी के आलोक में सामान्य शैक्षणिक सत्र में आए व्यवधान पर चिंता व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि वर्चुअल कक्षाएं अस्थायी व्यवस्था हैं और वे एक शिक्षक की जगह नहीं ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की वर्चुअल व्यवस्था से कक्षा जैसा वास्तविक ज्ञान हासिल नहीं हो सकता है। भारत अब आगे बढ़ रहा है, यह आकलन करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि कोविड-19 महामारी से लगा झटका अस्थायी है और उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि यह जल्द ही रफ्तार पकड़ लेगा। प्रधानमंत्री के तीन शब्दों के मंत्र – ‘सुधार-प्रदर्शन-परिवर्तनका उल्लेख करते हुए उन्होंने राष्ट्र के परिवर्तन के लिए हर किसी से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644015

श्री नरेंद्र सिंह तोमर और श्री पीयूष गोयल ने देवलाली (महाराष्ट्र) से दानापुर (बिहार) के लिए एक विशेष पार्सल ट्रेन किसान रेलको दिखाई हरी झंडी

भारतीय रेलवे ने आज देवलाली से पहली किसान रेलका शुभारम्भ किया, जो देवलाली से दानापुर तक चलेगी। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा रेल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, “यह किसानों के लिए महान दिन है। किसान रेल की घोषणा बजट में की गई थी। कृषि उत्पादों को सर्वश्रेष्ठ संभावित वितरण और रिटर्न की आवश्यकता होती है। भारतीय किसानों ने साबित किया है कि वे किसी भी आपदा या चुनौती से हतोत्साहित नहीं होते हैं। किसान रेल कृषि उत्पादों को देश के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचाना सुनिश्चित करेगी। इस ट्रेन से किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को ही फायदा होगा।इस अवसर श्री पीयूष गोयल ने कहा, “भारतीय रेलवे ने किसानों की सेवा में ट्रेनें लगाई हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन और प्रेरणा ही है, जो भारतीय रेलवे ने किसान रेल का शुभारम्भ किया है। यह ट्रेन किसानों की आय दोगुनी करने में एक मील का पत्थर साबित होगी। भारतीय रेल और किसान कोविड चुनौतियों से निपटने में अग्रणी रहे थे।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644334

दिल्ली हवाई अड्डे ने देश भर में आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए पोर्टल विकसित किया

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने आज घोषणा की है कि उसने अपनी तरह का पहला पोर्टल विकसित किया है जहां भारत आगमन करने वाले अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्री अनिवार्य स्व-घोषित फार्म भर सकते हैं और अनिवार्य संस्थान क्वारंटाइन प्रक्रिया से छूट प्राप्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। यह सुविधा 8 अगस्त, 2020 से भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। यह पोर्टल संपर्क रहित तरीके से यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने में मदद करेगा क्योंकि उन्हें आगमन पर फॉर्म की प्रति (कॉपी) भरने की आवश्यकता नहीं होगी। यह नया ऑनलाइन स्व-घोषणा और क्वारंटाइन छूट पोर्टल, सरकारी अधिकारियों के लिए छूट प्रदान करने या आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्री की नवीनतम स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए एक त्वरित और मिली जानकारी के आधार पर निर्णय लेने में फायदेमंद साबित होगा। यात्रियों के छूट आवेदन पर केवल तभी विचार किया जाएगा जब वे पांच छूट प्राप्त श्रेणियों में से किसी एक के अंतर्गत आते हैं- गर्भवती महिलाएं, परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु, गंभीर बीमारी से पीड़ित (विवरण के साथ), 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ माता-पिता और हाल में कोविड-19 के आरटी-पीसीआर परीक्षण में नकारात्मक पाए गए लोग।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644232

श्री मनसुख मंडाविया ने नाविकों के लिए ऑनलाइन एग्जिट परीक्षा प्रणाली का शुभारंभ किया

केंद्रीय नौवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री मनसुख मंडाविया ने आज वर्चुअल समारोह के माध्यम से नाविकों के लिए ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली का शुभारंभ किया। नौवहन महानिदेशालय के तहत विभिन्न समुद्री प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी नाविक अब कोविड-19 महामारी के इस कठिन समय में अपने घरों से सुविधाजनक तरीके से परीक्षा दे सकेंगे। श्री मंडाविया ने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र देश है, जिसने इस महामारी के समय में नाविकों के लिए अपने घरों से सुविधाजनक तरीके से ऑनलाइन परीक्षा की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन परीक्षा के कारण, परीक्षा की सटीकता और उम्मीदवारों के मूल्यांकन में एकरूपता को सुनिश्चित किया जा सकता है। ऑनलाइन परीक्षा के माध्यम से, नाविकों को अपनी सुविधानुसार घरों से परीक्षा देकर उत्तीर्ण होने का मौका मिलेगा।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1644355

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

चंडीगढ़: केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक ने निर्देश दिया कि तीन प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में मौजूदा सुविधाओं का अध्ययन करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया जाना चाहिए और कोविड-19 के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए उपचार के लिए बिस्तरों को बढ़ाने के तरीकों के बारे में संस्तुति की जानी चाहिए। उन्होंने आगे निर्देश दिया कि व्यायामशालाओं और योग संस्थानों को खोलने के लिए अधिसूचित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। किसी भी तरह से उल्लंघन की स्थिति में तुरंत कारवाई करते हुए इसे बंद कर देना चाहिए।

पंजाब: पंजाब सरकार का पर्यटन विभाग कोविड-19 खत्म होने के बाद पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्रों में अपना करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण और कौशल विकास प्रदान करेगा। पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री श्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि 2,000 से अधिक छात्रों को 'हुनर से रोज़गार तक' की योजना के तहत प्रशिक्षित किया जाएगा और उन्हें रोजगार देने में मदद प्रदान की जाएगी। लगभग 1000 छात्रों को उद्यमिता कार्यक्रम के तहत कौशल परीक्षण और प्रमाणन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

हरियाणा: हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ होने वाले मरीजों से आगे आने और इस संक्रमण से पीड़ित लोगों को इस महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। उन्होंने इस कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ होने वाले मरीजों से अपना प्लाज्मा दान करने का भी अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले या जिन मरीजों को परीक्षण की आवश्यकता है, उन्हें मुफ्त में घर से लाने और घर छोड़ने के लिए एम्बुलेंस सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।

अरुणाचल प्रदेश: अरुणाचल प्रदेश में, कोविड-19 परीक्षण के लिए अब तक 98,000 से अधिक नमूने एकत्र किए गए हैं। नामसाई जिला प्रशासन ने रैली से संबंधित 55 लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद सभी शामिल लोगों को कम-से-कम 14 दिनों के लिए सख्त घर में क्वारंटाइन में रहने के लिए पोर्टर्स भर्ती रैली के सभी प्रतिभागियों को एक नोटिस (सूचना पत्र) जारी किया है।

मणिपुर: मणिपुर सरकार ने सभी सार्वजनिक और निजी अस्पतालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे सभी गैर-कोविड मरीजों को उपचार में देरी के बिना स्वास्थ्य सेवाओं देना जारी रखें। मणिपुर सरकार ने स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के माध्यम से सभी अस्पतालों को रैपिड एंटीजन टेस्ट किट प्रदान करेगी।

मिजोरम: मिजोरम में आज सुबह 9 बजे तक, रैपिड एंटीजेन टेस्ट के माध्यम से 18 ट्रक ड्राइवरों सहित 320 संभावित मरीजों का परीक्षण किया गया और एक स्थानीय नागरिक इस परीक्षण में कोविड-19 से संक्रमित पाया गया।

सिक्किम: सिक्किम में आज 25 नए मरीजों में कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब तक राज्य में 3 सौ 99 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं और इसके बाद अब 4 सौ 46 सक्रिय मरीज रह गए हैं।

केरल: राज्य के कासरगोड में एक और कोविड-19 से संक्रमित मरीज की मौत हो गई। कल राज्य में कोविड-19 से संक्रमित 1298 नए मरीज सामने आए जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 30 हजार से अधिक हो गई।  पूरे राज्य में 11,983 मरीजों का अभी भी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है और 1,48,039 लोगों को निगरानी में रखा गया है।

तमिलनाडु: पुडुचेरी में 244 नए कोविड-19 संक्रमितों का पता चला है और 5 मरीजों की मौत भी हो गई है; इसके बाद कुल संख्या 4,862 तक पहुंच गई है,  इस केन्द्र शासित प्रदेश में 1873 मरीज अभी भी संक्रमित हैं और 75 मरीजों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री तिरुनेलवेली कार्यक्रम में आमंत्रितों में से कई इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं; चिकित्सकों सहित 10 से अधिक कर्मचारियों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। मदुरै में आगे आकर कार्य कर रहे वैसे कार्यकर्ताओं, जिनकी इस वायरस के कारण मृत्यु हो गई थी, के परिजनों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए आयोजित हुए एक समारोह में मुख्यमंत्री श्री पलानीसामी ने ई-पास प्रणाली को सरल बनाने के लिए उठाए गए कदम के बारे में बताया। कल राज्य में 5,684 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, 6,272 स्वस्थ हुए और 110 की मौत हुई। कुल मामले: 2,79,144; सक्रिय मामले: 53,486; मृतक: 4571; चेन्नई में सक्रिय मामले: 11,720।

कर्नाटक: राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में राज्य और बेंगलुरु शहर में स्वस्थ होने वालों की दर में मामूली सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को स्वस्थ होने वालों की दर राज्य में 39.36 प्रतिशत और बेंगलुरु शहर में 29.51 प्रतिशत थी, जो एक सप्ताह के अंदर बढ़कर दर क्रमश: 50.72 प्रतिशत और 50.34 प्रतिशत हो गई। कल राज्य में 6,805 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, 5,602 मरीज स्वस्थ हुए और 93 मरीजों की मौत हुई; बेंगलुरु शहर में 2,544 मामले हैं। कुल मामले: 1,58,254; सक्रिय मामले: 75,068; मृतक: 2,897; अस्पताल से छुट्टी दे दी गई: 80,281.

आंध्र प्रदेश: राजमुंदरी केन्द्रीय कारागार में लगभग 265 कैदियों में कोरोना-वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस केन्द्रीय कारागार में कुल 1,675 कैदी हैं। कैदियों के संपर्क में आने वाले लगभग 24 जेल कर्मचारियों का इलाज होम आइसोलेशन (घरेलू अलगाव) के तहत किया जा रहा है। प्रकाशम जिले में लगभग 150 कोरोना संक्रमित मरीज लापता हो गए हैं। भाजपा के राज्यसभा सदस्य श्री सी. एम. रमेश भी कोरोना वायरस संक्रमित हो गए हैं।  विशाखापत्तनम के जिला के अधिकारियों ने बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुए पूर्वी घाट में प्रसिद्ध हिल स्टेशन अराकू वैली में आज से पूरी तरह से लॉकडाउन (पूर्णबंदी) लगा दिया है। राज्य में कल 10,328 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, 8,516 मरीज स्वस्थ हुए और 72 मरीजों की मौत हुई। कुल मामले: 1,96,789; सक्रिय मामले: 82,166; मृतक: 1753.

तेलंगाना: राज्य में कोविड-19 मामलों में तेजी से वृद्धि स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे पर बोझ बढ़ा रही है। फिक्की (तेलंगाना) और फेडरेशन ऑफ तेलंगाना चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफटीसीसीआई) के साथ-साथ एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया (एएससीआई) ने सिफारिश की है कि सरकार राज्य में कोरोना-वायरस मरीजों के लिए अस्पताल में प्रवेश प्रणाली को विनियमित और केंद्रीकृत करे। पिछले 24 घंटों में 2,207 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, 1,136 स्वस्थ हुए और 12 की मौत हुई; 2,207 में से 532 सिर्फ जीएचएमसी में दर्ज किए गए। कुल मामले: 75,257; सक्रिय मामले: 21,417; मृतक: 601; अस्पताल से छुट्टी दे दी गई: 53,239.

महाराष्ट्र: मुंबई और पुणे जिलों के बाद, ठाणे जिले में गुरुवार को संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख को पार करते हुए कुल 1,00,875 पहुंचकर राज्य में तीसरे स्थान पर आ गया। राज्य में कुल मामले अब 4.79 लाख हैं, जिनमें से 1.46 लाख सक्रिय मामले हैं। मुंबई में गुरुवार को 910 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद कुल मरीज 1,20,150 हो गए। हालांकि, राज्य में प्रतिदिन बढ़ने वाले मामलों में मुंबई में कमी देखी गई है, जो गुरुवार को घटकर केवल 8 प्रतिशत रह गईराज्य में पिछले 24 घंटों में 11,514 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

गुजरात: अहमदाबाद, सूरत और राजकोट में नगर निकायों ने गुरुवार को अहमदाबाद में नामित कोविड-19 अस्पताल में गुरुवार को आठ मरीजों की मौत होने के बाद इन सभी जिलों के नामित अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा तंत्र की जांच शुरू की है। अहमदाबाद नगर निगम के अग्नि सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, नवरंगपुरा इलाके में कोविड नामित अस्पताल, जहां गुरुवार को यह घटना घटी, वहां फायर सेफ्टी (अग्नि सुरक्षा) एनओसी नहीं थी। इस बीच, गुजरात में 1,034 नए मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 67,818 हो गई है। इनमें से 14,905 सक्रिय मामले हैं।

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के कोरोना-वायरस से प्रभावित जिलों में रात के कर्फ्यू में दो घंटे और आंशिक रूप से सप्ताहांत में लॉकडाउन (पूर्णबंदी) हटा दिया है। अब रात के कर्फ्यू रात 10.00 बजे से सुबह 5.00 बजे तक रहेगा जबकि यह पहले रात 8.00 बजे से सुबह 5.00 बजे तक रहता था। राज्य में गुरुवार को 830 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, और 838 मरीज स्वस्थ हुए हैं, उसके बाद कुल सक्रिय मामले 8,716 रह गए।

छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरी हिस्सों में दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में शुक्रवार से संचालन फिर से शुरू हो गया, क्योंकि गुरुवार को दो सप्ताह के लंबे लॉकडाउन के बाद उन्हें कुछ प्रतिबंधों के साथ काम करने की अनुमति दी गई थी। राज्य की राजधानी रायपुर में सड़कों पर यातायात में वृद्धि देखी गई क्योंकि सभी राज्य सरकार के और निजी कार्यालय, जो 22 जुलाई से बंद थे, शुक्रवार से फिर से काम करना शुरू कर दिया।

गोवा: गोवा कोविड-19 रोगियों को रेमेडिसीवर एंटी-वायरल दवा देना शुरू करने के लिए तैयार है। गोवा के स्वास्थ्य विभाग ने आज प्रमुख दवा निर्माता कंपनी सिप्ला से 1008 शीशियाँ रेमेडिसीवर प्राप्त की हैं। वर्तमान में गोवा में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या में निरंतर वृद्धि देखी गई है। राज्य में 7,614 कोरोना-वायरस के संक्रमित मरीज हैं, जिनमें से 2095 सक्रिय मरीज हैं।

Description: Image

***

एमजी/एएम/एसके/पीकेपी



(Release ID: 1644365) Visitor Counter : 261