सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दर्शकों को हंसाना एक गंभीर रचनात्मक कार्य है: इफ्फी 2026 में अनिल रविपुडी

गोवा, 25 नवंबर

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान, अपनी फिल्म माना शंकरा वारा प्रसाद गारू  पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्मकार श्री अनिल रविपुडी ने कहा, "दर्शकों को हंसाना एक चुनौतीपूर्ण रचनात्मक कार्य है।" 164 मिनट की यह तेलुगु फीचर फिल्म, इफ्फी 2026 के भारतीय पैनोरमा के मेनस्ट्रीम सिनेमा खंड के लिए चुनी गई पांच फिल्मों में से एक है। इस मौके पर निर्देशक के साथ निर्माता श्री साहू गरापति और सुश्री के. सुष्मिता तथा अभिनेत्री सुश्री कैथरीन ट्रेसा भी मौजूद थीं।

श्री रविपुडी ने कहा, "कॉमेडी हमेशा एक गंभीर काम होता है।" उन्होंने बताया कि हास्य लिखते समय पारिवारिक भावनाओं और चिरंजीवी जैसे सुपरस्टार से जुड़ी उम्मीदों के बीच संतुलन बनाए रखना कितना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि यह पहले से बता पाना मुश्किल होता है कि कौन से जोक दर्शकों को पसंद आएंगे। अपनी लेखन टीम के सहयोग को सराहते हुए, निर्देशक ने कहा कि उनकी कोशिश हमेशा ऐसी कहानियां गढ़ने की रही है, जो हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-25at3.35.38PM_20261125155018_bb405e.jpeg

श्री रविपुडी द्वारा लिखित और निर्देशित, माना शंकरा वारा प्रसाद गारू  एक राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी की कहानी है, जो अपने काम के प्रति इतने समर्पित हैं कि इस वजह से वे अपनी पत्नी और बच्चों से दूर हो जाते हैं। छह साल बाद, वे अपने परिवार के करीब आने के लिए उनके स्कूल में एक पद स्वीकार कर लेते हैं। हास्य, एक्शन और पारिवारिक भावनाओं के मेल से बनी यह फिल्म पेशेवर कर्तव्य और निजी रिश्तों के बीच के तनाव और फिर से साथ आने की संभावनाओं को दर्शाती है।

चिरंजीवी को निर्देशित करने के अपने अनुभव पर बात करते हुए, श्री रविपुडी ने बताया कि वे इस दिग्गज अभिनेता की फिल्में देखते हुए बड़े हुए हैं। इतने वर्षों में अभिनेता द्वारा निभाए गए अलग-अलग तरह के किरदारों की उन्हें अच्छी समझ थी, जिससे उन्हें एक सरल पारिवारिक कहानी तैयार करने में मदद मिली, जो चिरंजीवी की खास खूबियों को सामने लाती है।

संक्रांति के आसपास रिलीज होने वाली फिल्मों से अपने जुड़ाव पर बात करते हुए, निर्देशक ने कहा कि त्योहारों का यह समय पारिवारिक मनोरंजन के लिए एकदम सही है, क्योंकि इस दौरान परिवार एक साथ आते हैं और सिनेमाघरों में फिल्में देखने जाते हैं। उन्होंने कहा कि सिनेमा दर्शकों को रोजमर्रा की जिंदगी के तनाव से बहुत जरूरी राहत देता है। उन्होंने आगे कहा कि लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने की खुशी ही उन्हें ऐसी फिल्में बनाते रहने के लिए प्रेरित करती है।

फिल्म में एक अहम किरदार निभाने वालीं कैथरीन ट्रेसा ने इस दिग्गज अभिनेता के साथ काम करने को सीखने का एक बेहतरीन अनुभव बताया। गंभीर किरदारों से हल्के-फुल्के किरदारों की ओर अपने बदलाव के बारे में बात करते हुए, उन्होंने अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने की क्षमता और निर्देशक के विजन को समझने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इफ्फी में इस फिल्म के चुने जाने पर भी खुशी जताई, क्योंकि वे एक व्यावसायिक मनोरंजक फिल्म के जरिए ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचना चाहती थीं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/WhatsAppImage2026-11-25at3.35.20PM_20261125155139_3ffcb1.jpeg

फिल्म समारोहों में मुख्यधारा के सिनेमा को मिली मान्यता का स्वागत करते हुए, श्री रविपुडी ने विभिन्न प्रकार की फिल्मों को शामिल करने के लिए जूरी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये समारोह कलात्मक और तकनीकी उत्कृष्टता का जश्न मनाने के साथ-साथ उन व्यावसायिक रूप से सफल फिल्मों को भी मान्यता दे सकते हैं, जो बड़ी संख्या में दर्शकों से जुड़ती हैं।

इफ्फी में इस फिल्म की प्रस्तुति, विविध सिनेमाई परंपराओं के बीच लोकप्रिय सिनेमा के स्थान को रेखांकित करती है। यह उन कहानियों का जश्न मनाती है जो हास्य, भावनाओं और साझा अनुभवों के माध्यम से परिवारों को एक साथ लाती हैं।

इस सत्र का संचालन स्वाति अग्रवाल ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहाँ देखें:

IFFILOID यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/एनएस


(रिलीज़ आईडी: 2341374) आगंतुक पटल : 73
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Nepali , Marathi , Bengali , Assamese , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam