सूचना और प्रसारण मंत्रालय
'अवतार कौल: द (इन)कंप्लीट स्टोरी' फिल्म निर्माता अवतार कौल के जीवन और उनकी सिनेमाई विरासत पर एक नजर डालती है
57वें आईएफएफआई में एक बातचीत के दौरान, लेखक विनोद कौल ने अवतार कौल के जीवन, उनकी फिल्म '27 डाउन' और उनके अधूरे रचनात्मक सफर के बारे में जानकारी साझा की
भारतीय सिनेमा में ऐसे कई फिल्म निर्माता हुए हैं, जिनका रचनात्मक सफर बहुत जल्दी खत्म हो गया, लेकिन उनका काम आज भी अहमियत रखता है। अवतार कौल भी ऐसे ही एक फिल्म निर्माता थे। उनकी एकमात्र फीचर फिल्म '27 डाउन' (1974) को भारतीय सिनेमा की एक महत्वपूर्ण कृति माना जाता है।
अवतार कौल के जीवन और उनकी सिनेमाई विरासत के बारे में 'अवतार कौल: द (इन) कंप्लीट स्टोरी' नामक किताब में बताया गया है, जिसे 'पब्लिकेशन डिवीजन' ने प्रकाशित किया है। विनोद कौल द्वारा लिखी गई इस किताब में पत्र, तस्वीरें, निजी यादें और बातचीत शामिल हैं, जो इस फिल्म निर्माता के जीवन और उनके रचनात्मक सफर को दर्शाती हैं। इस किताब को विमोचन 21 नवंबर, 2026 को गोवा में आयोजित 57वें 'भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान किया गया था।

23 नवंबर को आईएफएफआई में एक बातचीत के दौरान, लेखक विनोद कौल ने अपनी किताब के पीछे की प्रेरणा और अवतार कौल की कहानी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के अपने प्रयासों के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनका इरादा किसी फिल्म निर्माता पर किताब लिखने का नहीं था। यह तो बस अपने चाचा के बारे में और जानने की एक निजी कोशिश थी, जिनका निधन तब हो गया था जब विनोद कौल दूसरी कक्षा में पढ़ते थे।
उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने चाचा की तस्वीरें, पत्र और अन्य दस्तावेज़ इकट्ठा करना शुरू किया। समय के साथ, उनकी यह निजी खोज अवतार कौल के जीवन और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को गहराई से समझने के एक बड़े प्रयास में बदल गई।
विनोद कौल ने बताया कि जैसे-जैसे वे बड़े हुए, उन्हें '27 डाउन' की अहमियत समझ आने लगी। वह अक्सर सोचते थे कि इतनी प्रतिभा वाले फिल्म निर्माता, जिन्होंने इतनी बेहतरीन फिल्म बनाई थी, क्यों उनके बारे में इतने कम लोग जानते हैं? इसी बात ने उन्हें अवतार कौल के जीवन पर शोध करने और उनकी कहानी को नई पीढ़ी व भविष्य के फिल्म निर्माताओं के सामने लाने के लिए प्रेरित किया।
'द (इन)कंप्लीट स्टोरी' शीर्षक के बारे में बताते हुए विनोद कौल ने कहा कि अवतार कौल और उनके काम के बारे में बहुत कम लिखा गया था। यह किताब उनकी कहानी को एक जगह इकट्ठा करने की कोशिश करती है, जिससे एक तरह से यह पूरी हो जाती है। हालांकि, उनका जीवन और उनकी रचनात्मक यात्रा अधूरी ही रह गई। उनका वैवाहिक जीवन बहुत छोटा रहा और उन्होंने केवल एक ही फिल्म बनाई। लेखक का मानना है कि अगर अवतार कौल और अधिक समय तक जीवित रहते, तो शायद वे और भी कई फिल्में बनाते।
अपने शोध के दौरान मिले एक भावुक अनुभव को साझा करते हुए, विनोद कौल ने बताया कि उन्हें पता चला कि उनकी चाची ऐन कौल (जो अमेरिका से थीं), अब नहीं रहीं। परिवार को उनकी मृत्यु के बारे में पता ही नहीं था। उन्होंने इस बात को एक बड़ा झटका बताया और कहा कि इस शोध के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं, जो बिल्कुल अप्रत्याशित थीं और जिन्होंने उन्हें काफी भावुक कर दिया।
सिनेमा और साहित्य के बीच के रिश्ते पर बात करते हुए, विनोद कौल ने कहा कि ये दोनों हमेशा से एक-दूसरे से गहराई से जुड़े रहे हैं। कई फिल्मों को उपन्यासों, कहानियों और अन्य साहित्यिक कृतियों से प्रेरणा मिली है। उन्होंने इस रिश्ते को उजागर करने और फिल्म निर्माताओं की कहानियों तथा सिनेमा से जुड़ी रचनाओं को पाठकों तक पहुंचाने के लिए 'पब्लिकेशन डिवीजन' के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अवतार कौल की कहानी को एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराने के लिए भी डिवीजन का आभार व्यक्त किया।
युवा फिल्म निर्माता अवतार कौल से क्या सीख सकते हैं, इस पर विनोद कौल ने कहा कि उन्हें अपनी रचनात्मक पसंद पर अडिग रहना चाहिए। ऐसे समय में जब 'जंजीर', 'बॉबी' और 'यादों की बारात' जैसी मुख्यधारा की फिल्में लोकप्रिय थीं, अवतार कौल ने अपनी दिलचस्पी (सरोकारों) को चुना और एक 'आर्ट फिल्म' बनाई। विनोद कौल ने युवा फिल्म निर्माताओं को '27 डाउन' की कहानी कहने के ढंग, शिल्प, संदेश और फिल्म निर्माण शैली का अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

सिनेमाई विरासत को सहेजना
'अवतार कौल: द (इन) कंप्लीट स्टोरी' केवल एक फिल्म निर्माता के जीवन का विवरण नहीं है; बल्कि यह व्यक्तिगत यादों को भारतीय सिनेमा के एक महत्वपूर्ण अध्याय से फिर से जोड़ने का एक प्रयास भी है। एक भतीजे द्वारा अपने चाचा को समझने की जो खोज शुरू हुई थी, वह अब अवतार कौल के जीवन और उनके योगदान को फिर से लोगों की यादों में लाने की एक कोशिश बन गई है।
इस प्रकाशन के माध्यम से, 'पब्लिकेशन डिवीजन' अवतार कौल जैसे फिल्म निर्माताओं के योगदान को दर्ज करना चाहता है और उनकी रचनात्मक विरासत को पाठकों, छात्रों और सिनेमा प्रेमियों की नई पीढ़ी के सामने लाना चाहता है।
इफ्फीलॉइड (IFFILOID) यहां पढ़ें:
https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
* * *
पीके / केसी / आरटी / एमपी |
(रिलीज़ आईडी: 2341023)
आगंतुक पटल : 46
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
Urdu
,
English
,
Assamese
,
Gujarati
,
Marathi
,
Konkani
,
Bengali
,
Tamil
,
Telugu
,
Kannada
,
Malayalam