युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
मेरा युवा भारत ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत अभियान’ के अंतर्गत 1,469 जगहों पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट और युवा मेले आयोजित किए
प्रविष्टि तिथि:
12 OCT 2026 12:25PM by PIB Delhi
मेरा युवा भारत ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत अभियान’ के तहत साझेदार संगठनों के सहयोग से 10 अक्टूबर, 2026 को नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट और युवा मेलों का आयोजन किया। यह आयोजन 100 सप्ताह के अभियान का हिस्सा था, जिसमें देशभर के 34 राज्यों की 1,469 जगहें शामिल रहीं। इस व्यापक पहल में 3.65 लाख से अधिक युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया, जिससे नशा-मुक्त भारत बनाने के सामूहिक संकल्प को और अधिक सशक्त किया गया।

इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर युवाओं की भागीदारी को मजबूत करना, मादक पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना था। ब्लॉक स्तर पर आयोजित नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट में मादक पदार्थों के दुरुपयोग से जुड़ी चुनौतियों, जागरूकता को कार्रवाई में बदलने की रणनीतियों और बदलाव की प्रेरक कहानियों पर चर्चा की गई, जिससे युवाओं को एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज के लिए पैरोकार बनने की प्रेरणा मिली।
इन कार्यक्रमों में युवाओं द्वारा संचालित कई गतिविधियां शामिल थीं, जिनमें नशा मुक्त युवा शपथ, नारा लेखन प्रतियोगिताएं, हस्ताक्षर अभियान, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक और संवादात्मक चर्चाएं शामिल थीं। इन गतिविधियों ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया। हार्टफुलनेस, प्रोजेक्ट पॉइंट, सीआईपीयू, एसोचैम, फिक्की और ब्रह्माकुमारीज जैसे आध्यात्मिक संगठनों, विश्वविद्यालय संघों और उद्योग संघों के सहयोग से युवा मेलों का आयोजन किया गया। इस पहल ने बहु-हितधारक भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए अभियान की पहुंच और प्रभाव को और अधिक व्यापक बनाने में मदद की।

इस पहल में जन-प्रतिनिधियों की भी भागीदारी देखी गई, जिनमें एक सांसद और पांच विधायकों सहित छह प्रतिनिधियों ने कार्यक्रमों में भाग लिया। कुल 4,552 गतिविधियां आयोजित की गईं और 4,568 नारे एकत्र किए गए, जो नशा मुक्त भारत के संदेश को बढ़ावा देने में प्रतिभागियों की व्यापक भागीदारी को दर्शाते हैं।

100 सप्ताह के इस अभियान का उद्देश्य मादक द्रव्यों के दुरुपयोग से निपटने के लिए देशभर में सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना और युवाओं की नेतृत्व क्षमता को उजागर करना है। नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट और युवा मेलों के माध्यम से "मेरा युवा भारत" लगातार युवाओं को समाज में बदलाव लाने की जिम्मेदारी उठाने और 'नशामुक्त युवा, विकसित भारत अभियान' के लक्ष्य को साकार करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।
***
पीके/केसी/आरटी/बीयू/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2322175)
आगंतुक पटल : 62