गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नशामुक्त भारत का यह रोडमैप बहुत महत्वपूर्ण है

देश और दुनिया के लिए गंभीर खतरा बन चुके नारकोटिक्स पर कड़ा और निर्णायक प्रहार करने का समय आ गया है

पूरी दुनिया के युवाओं के कल्याण का लक्ष्य लेकर हमने 2029 तक का यह रोडमैप तैयार किया है

2029 तक हम भारत से नशे के व्यापार को जड़ से उखाड़ फेंकने में सामूहिक रूप से सफल होंगे

न एक ग्राम ड्रग्स भारत में आने देंगे, न भारत को मार्ग बनाकर यहां से एक ग्राम ड्रग्स बाहर जाने देंगे, इसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है

नशे के विरुद्ध लड़ाई को संवेदना के साथ टॉप प्रायोरिटी बनाकर हमें एक साथ लड़ना भी है और जीतना भी है

नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में हम TARGET, TIMELINE और ACCOUNTABILITY तय कर संपूर्ण विजय की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं

अब हमें MEETING से MISSION, REPORTING से RESULT, SEIZURE से NETWORK की समाप्ति और CASE से CONVICTION तक जाना है

हमारा लक्ष्य ANTF को एंटी नारको मिशन कमांड बनाने का होना चाहिए

सीजर-केंद्रित अप्रोच की जगह नेटवर्क ध्वस्त करने का लक्ष्य रखकर आगे बढ़ें

जिले को नशे के विरुद्ध लड़ाई की मूल इकाई बनाना होगा

नशामुक्त मित्र देश के 10 लाख स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों में जाकर युवाओं को जागरूक करेंगे और कैंपस के निदेशकों को संवेदनशील बनाएंगे

बैकवर्ड-फॉरवर्ड इन्वेस्टिगेशन के साथ-साथ फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और डिजिटल लिंक्स ढूंढना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए

कार्टेल पर तीन स्तरों पर प्रहार करना है - एंट्री पॉइंट, अंतरराज्यीय डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम और जिलों में लोकल सेल के नेटवर्क पर

जिलों को तीन क्लस्टर में बांटा जाएगा - ड्रग बनाने वाले या देश में प्रवेश देने वाले जिले, ट्रांसपोर्टेशन कॉरिडोर वाले जिले और उपभोग वाले जिले

भारत में मौजूद विदेशी आरोपियों को वापस भेजने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का अभियान चलाना होगा, ताकि वे दोबारा भारत न आ सकें

विदेशों में बैठकर देश में ड्रग्स सप्लाई कर रहे भगोड़ों को पकड़कर भारत की अदालत के सामने लाना है

हर ANTF सूचना को एक्शनेबल इंटेलिजेंस में बदलने की पूरी प्रक्रिया को अपने राज्य की पुलिस की कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाए

केन्द्रीय गृह मंत्री ने मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता के लिए टेलीविजन कमर्शियल लॉन्च किया, NCB की वेबसाइट का विमोचन किया तथा लखनऊ और देहरादून में NCB के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी

प्रविष्टि तिथि: 22 SEP 2026 5:54PM by PIB Delhi

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले टेलीविजन कमर्शियल (TVC) का लॉन्च, और लखनऊ एवं देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। कार्यक्रम के दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ANTF को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री ने नए स्वरूप में तैयार NCB की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। NCB द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत 5 साल से हम एक के बाद कदम उठाते हुए नशामुक्त भारत के कठिन
लक्ष्य को सिद्ध करने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब देश और दुनिया के लिए सबसे गंभीर खतरा बन चुके नारकोटिक्स पर कड़ा और निर्णायक प्रहार करने और सामूहिक प्रयासों से विजय प्राप्त करने का समय आ गया है। श्री शाह ने कहा कि 31 दिसंबर, 2029 तक हम भारत से नशे के व्यापार को जड़ से उखाड़कर फेंकने में सामूहिक रूप से सफल होंगे।

श्री अमित शाह ने कहा कि विगत 5 साल में हमने कश्मीर में आतंकवाद, नॉर्थईस्ट में उग्रवाद और नक्सलवाद की समस्या जैसी कई चुनौतियों के खिलाफ सफलता हासिल की है। हमने दशकों से देश के सामने खड़ी इन बड़ी समस्याओं को भारत सरकार के गृह मंत्रालय और सभी राज्यों के सहयोग से समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई सभी लड़ाइयों में से सबसे कठिन है, लेकिन हम इस लड़ाई को छोड़ नहीं सकते। श्री शाह ने कहा कि 2047 में विकसित भारत बनाने, भविष्य की पीढ़ियों को बचाने और युवाओं को भारत के विकास के साथ जोड़ने के लिए हमारे सामने एकमात्र विकल्प भारत को नशामुक्त बनाना है। हमें इस समस्या के खिलाफ एकजुट होकर जुनून के साथ लड़ना होगा और विजय प्राप्त करनी होगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि विज़न डॉक्यूमेंट 2026-2029 इस लड़ाई में शामिल सभी लोगों के लिए गीता के समान है। यह विज़न डॉक्यूमेंट 35 से ज्यादा विभागों के साथ चर्चा के बाद बहुत मेहनत से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि हमने सभी स्टेकहोल्डर्स के सुझाव लेकर यह कम्प्लीट रोडमैप बनाने का काम किया है, जो निश्चित लक्ष्यों के साथ सबको दिया गया है। इसमें लक्ष्य और समयसीमा भी निश्चित की गई है। गृह मंत्री ने कहा कि कुछ समय बाद इसका रिव्यू भी करेंगे। श्री शाह ने कहा कि भारत सरकार का गृह मंत्रालय या एनसीबी यह सब अकेला नहीं कर सकते। इस लड़ाई को हम सभी लोगों को टॉप प्रायोरिटी और पूरे मनोयोग के साथ लड़ना भी है और जीतना भी है।

श्री अमित शाह ने कहा कि हमारा साझा दायित्व और संकल्प होना चाहिए कि आने वाली पीढ़ियों को खोखला करने वाली नशे की इस समस्या को हम समाप्त कर दें। हमारा संकल्प होना चाहिए कि न एक ग्राम ड्रग हम दुनिया से देश में आने देंगे और न ही एक भी ग्राम ड्रग हमारे देश से दुनिया में जाएगी। उन्होंने कहा कि दुनियभर के युवाओं के कल्याण का संकल्प लेकर हमने यह रोड मैप बनाया है। श्री शाह ने कहा कि हमें संवेदना के साथ और इसके महत्व को समझकर टॉप मोस्ट प्रायोरिटी पर नशा मुक्त भारत के लिए काम करना होगा। नशे से पीड़ित किसी एक युवा के मां-बाप और उसके भाई-बहन से आप एक बार मिलिए। जब तक आप उनसे नहीं मिलेंगे, तब तक इस लड़ाई के खिलाफ आप में तीव्रता नहीं उत्पन्न हो सकती। रोती-बिलखती मां, छोटी बहन और दसवीं की बोर्ड परीक्षा में टॉप 10 में आने वाला लड़का, धीरे –धीरे मृत्यु की ओर जा रहा है, उसके असहाय मां-बाप यह देख रहे हैं। किसी के लिए इससे बड़ा कोई और दुख नहीं हो सकता है और हमारे लिए भी यह एक राष्ट्रीय क्षति है। एक प्रतिभाशाली बच्चा जो आने वाले दिनों में भारत के विकास में अपना योगदान देने वाला था, उसका जीवन बीच में ही समाप्त हो रहा है। गृह मंत्री ने कहा कि हमारे और देश के लिए इससे बड़ा नुकसान कोई और नहीं हो सकता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को हमें स्पष्टता के साथ लड़ना है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई के फोकल पॉइंट्स चिन्हित किया जा चुके हैं और राज्यस्तर पर खुफिया सूचना, जांच, वित्तीय कार्यवाही, अभियोजन को एक ही दिशा में चलाने के लिए एक रोडमैप भी बन चुका हैं। श्री शाह ने कहा कि हमने पहली एएनटीएफ कॉन्फ्रेंस में संस्थागत व्यवस्था बनाई थी और उसे सुदृढ़ किया। दूसरे एएनटीएफ सम्मेलन में उस व्यवस्था को कार्यवाही में बदलने के लिए योग्यता, उसके एक्शन और एग्जीक्यूशन पर चर्चा की। आज यह तीसरा एएनटीएफ सम्मेलन इस रोडमैप को निर्णायक लड़ाई में परिवर्तित करेगा।

 

श्री अमित शाह ने कहा कि हमने अब तक जो कुछ भी किया है, वह पर्याप्त नहीं है। जब तक हर स्कूल का प्रिंसिपल, गांव का पटवारी, थाने का पीएसआई, राज्य के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव और भारत सरकार के गृह सचिव तक, एक ही दिशा में काम नहीं करते हैं तब तक हमें सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज का सम्मेलन सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि इस बार हम TARGET, TIMELINE और ACCOUNTABILITY तय कर संपूर्ण विजय प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अब हमें MEETING से MISSION, REPORTING से RESULT, SEIZURE से NETWORK की समाप्ति और CASE से CONVICTION तक जाना है। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य सरकारों और भारत सरकार के सभी विभाग इस काम में नहीं लगेंगे, तब तक हम आगे नहीं बढ़ सकते।

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश की 140 करोड़ की जनता के सामने 15 अगस्त, 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है जब भारत पूरे विश्व में हर क्षेत्र में सर्वप्रथम होगा। उन्होंने कहा कि अगर हमें इस लक्ष्य को सिद्ध करना है तो यह नशे से खोखली युवाशक्ति और भावी पीढ़ी को साथ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और इसीलिए खतरा भी हमारे लिए दुनिया के परिप्रेक्ष्य में सबसे बड़ा है। यह हमारी ज़रूरत है क्योंकि युवाओं का स्वास्थ्य, कौशल, श्रम और सोचने की क्षमता ही देश को उस लक्ष्य तक पहुंचा सकती है और इन चारों को ड्रग्स ही हानि पहुंचाता है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उभरती हुई चुनौतियां, जैसे, सिंथेटिक ड्रग्स और प्रीकर्सर केमिकल्स का डायवर्जन, कम्युनिकेशन की नई तकनीकें, डार्कनेट, ड्रग मार्केट, क्रिप्टो, डेड ड्रॉप डिलीवरी प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के लिए आउट ऑफ बॉक्स सोचने वाले अधिकारियों की एक टीम हर राज्य में बनाई जाए और सफलता को साझा कर इसे पूरे देश में लागू किया जाए।

श्री अमित शाह ने कहा कि विज़न डॉक्यूमेंट 2026-2029 में चार स्तंभ हैं - इंटेलिजेंस एवं ऑपरेशन-आधारित एनफोर्समेंट, प्रीकर्सर और सिंथेटिक ड्रग पर नियंत्रण, डिमांड और हार्म रिडक्शन और क्षमता निर्माण और समन्वय। इन चार स्तंभों में 100 से ज्यादा लक्ष्यों को विभाजित किया गया है। विज़न डॉक्यूमेंट में दिए गए 1 लाख नशामुक्त मित्र के निर्धारित लक्ष्य अंतर्गत अब तक विभिन्न मंत्रालयों ने 46,780 नशामुक्त मित्र पंजीकृत कर दिए हैं और वे काम भी कर रहे हैं। इस अभियान को ज़मीन तक पहुंचाने के लिए नशामुक्त मित्र आने वाले दिनों में देश के 10 लाख स्कूलों, कॉलेज, इंस्टीट्यूशन्स में जाकर युवाओं को चेताएंगे और कैंपस के डायरेक्टर को सेंसिटाइज करेंगे।

श्री अमित शाह ने कहा कि आज हम रोडमैप को रिजल्ट में बदलने की बात कर रहे हैं, उसके लिए अगले दो दिनों में यहां होने वाले विचार मंथन की सबसे बड़ी बात है संवेदना। हमारा लक्ष्य एएनटीएफ को एंटी नारको मिशन कमांड बनाने का होना चाहिए और मैनपावर, टेक्नोलॉजी, बजट आदि के लिए राज्यों के मुख्य सचिवों को अलग तरीके से सोचना पड़ेगा। गृह मंत्री ने कहा कि भारत सरकार क्षमता निर्माण में तकनीक और फॉरेंसिक पर ध्यान दे रही है।

 

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि हमें seizure-centric approach रखने की जगह नेटवर्क ध्वस्त करने का लक्ष्य रखकर आगे बढ़ना चाहिए। हमारी प्राथमिकता बैकवर्ड-फॉरवर्ड इन्वेस्टिगेशन के साथ-साथ फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और डिजिटल लिंक्स ढूंढना भी होनी चाहिए। नशे के व्यापारियों द्वारा कमाए गए पैसों पर भी हमारा प्रहार होना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि कार्टेल पर तीन स्तरों पर प्रहार करना है - एंट्री पॉइंट, अंतरराज्यीय डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम और जिलों में लोकल सेल के नेटवर्क पर। साथ ही, जिलों को तीन क्लस्टर में बांटा जाएगा - ड्रग बनाने वाले या देश में प्रवेश देने वाले जिले, ट्रांसपोर्टेशन कॉरिडोर वाले जिले और उपभोग वाले जिले।  

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हमें PITNDPS का उपयोग बढ़ाना होगा क्योंकि देश में इसकी ज़रूकत है। इन्वेस्टिगेशन से कनविक्शन तक का पूरा रोडमैप पब्लिक प्रोसिक्यूटर्स के साथ बनाना होगा। भारत में मौजूद विदेशी आरोपियों को वापस भेजने के लिए और वे दोबारा कभी भारत न आएं, इसके लिए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का अभियान चलाना पड़ेगा। साथ ही विदेशों में बैठकर देश में ड्रग्स सप्लाई कर रहे भगोड़ों को पकड़कर भारत की अदालत के सामने लाना है। सीमाओं और उत्पादन केंद्रों को लक्ष्य बनाकर हमें सारे लूपहोल्स समाप्त करने पड़ेंगे। हर एएनटीएफ को इंफॉर्मेशन को एक्शनेबल इंटेलिजेंस बनाने की पूरी प्रक्रिया को अपने राज्य की पुलिस की कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना चाहिए। गृह मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि हम नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सफल होंगे और इसे जीत कर रहेंगे।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले राज्यों, विभागों और एजेंसियों को Whole of Government Approach के तहत अगले तीन वर्षों के दौरान देशभर में ड्रग्स की तस्करी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।

सम्मेलन के दौरान किए गए विचार-विमर्श से ड्रग्स नियंत्रण संबंधी कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन को और सुदृढ़ करने और देश के युवाओं को ड्रग्स से दूर रखने के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। यह राष्ट्रीय आयोजन ड्रग्स के दुरुपयोग से निपटने और नशा-मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए एनसीबी तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एएनटीएफ के बीच भविष्य के लिए तैयार साझेदारी को और मजबूत करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।

*****

आरके / आरआर / पीआर / पीएस                                                                          


(रिलीज़ आईडी: 2313573) आगंतुक पटल : 207
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Gujarati