प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में अनेक विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री का संबोधन

प्रविष्टि तिथि: 11 MAR 2026 6:58PM by PIB Delhi

श्री पीयूष गोयल जी, डॉ. एल. मुरुगन जी, श्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी, श्री नैनार नागेंद्रन, श्री थंगम तेन्नारासु, मेरे तमिल भाइयो और बहनो, वणक्कम!

दोस्तो,

त्रिचि के इस खूबसूरत शहर में आकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है।

आज का कार्यक्रम तमिलनाडु के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह 5,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से जुड़ा है। इन परियोजनाओं में स्वच्छ ऊर्जा के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, पेट्रोलियम से संबंधित विनिर्माण, राजमार्ग, रेलवे और ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। इनसे ऊर्जा की उपलब्धता और संपर्क में सुधार होगा और तमिलनाडु के युवाओं के लिए हजारों की संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

दोस्तो,

मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि भारत पेट्रोलियम के शहरी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला रखी जा रही है। इसमें लगभग 3,700 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। यह नेटवर्क तमिलनाडु के नीलगिरि और इरोड जिलों को कवर करेगा। इससे लगभग नौ लाख परिवारों और सैकड़ों व्यावसायिक संगठनों को पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस मिलेगी। पाइपलाइन के जरिए गैस सीधे घरों तक पहुंचेगी, जिससे जीवनयापन आसान होगा। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों के लिए रोजगार सृजित होंगे। प्राकृतिक गैस पर्यावरण के अनुकूल ईंधन है जो वायु प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुझे बताया गया है कि मात्र आठ वर्षों में इस परियोजना का पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव चार करोड़ पेड़ लगाने के बराबर होगा!

मित्रो,

आज चेन्नई में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का लुब्रिकेंट ब्लेंडिंग संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किया जा रहा है। आपको यह जानकर गर्व होगा कि यह अपनी तरह की विश्व की सबसे बड़ी संयंत्रों में से एक है। यह संयंत्र तमिलनाडु और उसके बाहर के कई महत्वपूर्ण उद्योगों की मांग को पूरा करेगा। लुब्रिकेंट के स्थानीय उत्पादन में वृद्धि से इसके आयात में कमी आती है और देश को आर्थिक लाभ होता है।

दोस्तो,

आज हम 370 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन कर रहे हैं। यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया गया है। इनमें से प्रत्येक सड़क महज भौतिक ढांचा नहीं है। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्राप्त होगी। छात्र आराम से स्कूल और कॉलेज जा सकेंगे। किसान अपनी पैदावार बेचने या कृषि सामग्री खरीदने के लिए विभिन्न स्थानों पर जा सकेंगे। कुल मिलाकर, प्रत्येक सड़क ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देती है और जीवन को सुगम बनाती है।

दोस्तो,

पिछले वर्ष, आदि तिरुवतिराई उत्सव के लिए गंगईकोंडा चोलपुरम में उपस्थित होकर मुझे बहुत प्रसन्नता हुई थी। हमने सम्राट राजेंद्र चोल द्वारा भव्य मंदिर के निर्माण की शुरुआत के 1,000 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। यह यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त स्थल है जो दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करता है। आज, हम वहां एक महत्वपूर्ण राजमार्ग परियोजना की आधारशिला रख रहे हैं। मौजूदा राजमार्ग मंदिर के बहुत करीब से गुजरता है, जिससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। नए बाईपास के निर्माण से अन्य वाहनों को मंदिर से दूर मोड़ा जा सकेगा। इसका उद्देश्य सभी के लिए बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

मित्रो,

पिछले सप्ताह ही हमने मदुरै से अमृत भारत कार्यक्रम के अंतर्गत आठ आधुनिक और पुनर्निर्मित स्टेशनों का उद्घाटन किया था। आज कई नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जा रहा है। ये सेवाएं नागरकोइल, कोयंबटूर, रामेश्वरम, तिरुनेलवेली, मयिलादुथुराई और कराईकुडी जैसे स्थानों को अन्य क्षेत्रों से जोड़ती हैं। इन नई रेल सेवाओं से पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे। हमारा लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु का निर्माण करना है। केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम राज्य की प्रगति के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

नंद्री!

****

पीके/केसी/एसकेएस/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2238521) आगंतुक पटल : 126
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Manipuri , Bengali , Assamese , Gujarati , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam