युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 की घोषणा की


राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु, राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के साथ ही ये पुरस्कार प्रदान करेंगी

प्रविष्टि तिथि: 02 SEP 2026 4:23PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 के तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार (टीएनएनएए) की घोषणा कर दी है। ये पुरस्कार चार श्रेणियों – भू, जल तथा वायु साहसिक अभियानों तथा आजीवन उपलब्धि के लिए दिए जाएंगे।

ये पुरस्कार साहसिक अभियानों में व्यक्तिगत उपलब्धियों और चुनौतीपूर्ण स्थितियों में सहनशक्ति, जोखिम लेने की क्षमता, टीम वर्क और त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेने की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है। सरकार ने तेनजिंग नोर्गे 2024 पुरस्कार के लिए निम्नलिखित विजेताओं के नाम घोषित किए हैः

क्रम

नाम

संवर्ग

1.

सुश्री बलजीत कौर

भू साहसिक अभियान

2.

श्री स्कालज़ैंग रिगज़िन

भू साहसिक अभियान

3.

श्री रिमो साहा

जल साहसिक अभियान

4.

श्री शिव प्रसाद चमोली

आजीवन उपलब्धि


राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में 2025 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के साथ ही तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार प्रदान करेंगी। पुरस्कार समारोह की तिथि की घोषणा अलग से की जाएगी। तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार के प्रत्येक विजेता को एक प्रतिमा, प्रमाण पत्र और 15 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। राष्ट्रीय चयन समिति की संस्तुतियों के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया है। समिति ने नामांकनों के मूल्यांकन और समुचित संवीक्षा द्वारा इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए विजेताओं का चयन किया।

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार का उद्देश्य युवाओं में साहस, सहनशीलता, अनुशासन, जोखिम लेने की क्षमता और सहयोगात्मक टीम वर्क की भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही इसका मकसद चुनौतीपूर्ण स्थितियों में तेजी से प्रभावी कदम उठाने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है। ये पुरस्कार देश भर में साहसिक गतिविधियों में व्यापक भागीदारी के प्रति प्रेरित करते हैं और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं में साहस, दृढ़ता और श्रेष्ठता हासिल करने की संस्कृति पोषित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं।

*****

पीके/केसी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2305972) आगंतुक पटल : 235
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Tamil , Telugu , English , Urdu , Marathi , Gujarati , Kannada , Malayalam