युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 - विकसित भारत क्विज़ के साथ शुरू


युवाओं को प्रधानमंत्री से मिलने और विकसित भारत के लिए अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा

प्रविष्टि तिथि: 19 AUG 2026 4:39PM by PIB Delhi

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 का शुभारंभ विकसित भारत क्विज़ के साथ हुआ, जिससे युवा भारतीयों को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की एक संरचित, योग्यता-आधारित यात्रा में भाग लेने का राष्ट्रव्यापी अवसर मिला है, जिसका समापन नई दिल्ली में राष्ट्रीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में होगा और चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

वीबीवाईएलडी 2027 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उस दृष्टिकोण के अनुरूप है जिसके तहत गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से एक लाख युवा नेताओं का निर्माण करना है और राजनीति में पारिवारिक पृष्ठभूमि के बिना प्रतिभाशाली युवा भारतीयों को सार्वजनिक जीवन में प्रवेश करने, विचारों का योगदान करने और राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया में भाग लेने के अवसर प्रदान करना है।

इस पहल का उद्देश्य उन युवाओं की पहचान करना, उन्हें प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है जो 2047 तक विकसित भारत में योगदान देना चाहते हैं। एक पारदर्शी, योग्यता-आधारित और बहुस्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभागी डिजिटल क्विज़ से निबंध प्रतियोगिता, जिला चैंपियनशिप और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर के वीबीवाईएलडी में प्रगति करेंगे और अंत में राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी में पहुंचेंगे।

विकसित भारत क्विज़ से राष्ट्रव्यापी भागीदारी की शुरुआत

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के पहले चरण के रूप में विकसित भारत क्विज का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर, 2026 तक ‘माय भारत पोर्टल’ पर किया जा रहा है।

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भारतीयों के लिए खुली यह प्रश्नोत्तरी कई भाषाओं में डिजिटल रूप से आयोजित की जाएगी, जिससे देशभर के युवा इसमें भाग ले सकेंगे।

अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी अगले चरण - विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे। चयनित प्रतिभागियों को ‘माय भारत पोर्टल’ के माध्यम से निर्धारित ‘विकसित भारत’ विषय पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा।

क्विज़ से लेकर जिला और राज्य स्तरीय चैंपियनशिप तक

विकसित भारत चैलेंज पांच चरणों वाले मार्ग का अनुसरण करेगा:

विकसित भारत क्विज़ निबंध चुनौती जिला चैम्पियनशिप राज्य/केंद्रशासित प्रदेश वीबीवाईएलडी राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों को व्यक्तिगत प्रस्तुति दौर के लिए चुना जाएगा। प्रत्येक जिले से शीर्ष दो प्रस्तुतकर्ता राज्य स्तरीय वीबीवाईएलडी प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 16 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाली हैं।

राज्य/केंद्र शासित प्रदेश वीबीवाईएलडी प्रतियोगिता, जो 17 नवंबर से 7 दिसंबर, 2026 तक आयोजित होने वाली है, राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर वीबीवाईएलडी के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी एक निर्णायक मंडल के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय दौर के लिए राज्य टीमों का गठन किया जाएगा।

युवा प्रतिभा, नेतृत्व और नवाचार को प्रदर्शित करने वाले छह ट्रैक

वीबीवाईएलडी 2027 छह प्रमुख ट्रैकों के माध्यम से युवा भारतीयों के लिए कई रास्ते उपलब्ध कराएगा:

विकसित भारत चैलेंज: यह प्रमुख मंच है जो युवाओं को प्रश्नोत्तरी, निबंध प्रतियोगिता और प्रस्तुति-आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत के लिए अभिनव विचारों और समाधानों को व्यक्त करने में सक्षम बनाता है।

सांस्कृतिक खंड: लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, भाषण कला और कविता लेखन में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जो युवाओं को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करेंगी।

भारत के लिए डिजाइन: वास्तविक दुनिया की विकासात्मक चुनौतियों के लिए उपयोगकर्ता-केंद्रित समाधान विकसित करने पर केंद्रित एक राष्ट्रीय डिजाइन चुनौती।

हैकिंग फॉर सोशल कॉज: एक प्रौद्योगिकी-आधारित नवाचार चुनौती जो सामाजिक और विकासात्मक चुनौतियों के लिए स्केलेबल डिजिटल समाधान आमंत्रित करती है।

युवा उद्यमी चुनौती: वीबीवाईएलडी 2027 के लिए एक नया ट्रैक, जो युवा उद्यमियों को राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप स्टार्टअप पिच और व्यावसायिक योजनाएं प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित करता है।

युवा संसद: इसे वीबीवाईएलडी 2027 में एकीकृत किया गया है, जिसके राष्ट्रीय फाइनलिस्ट राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी में भाग लेंगे।

भारत की विकास प्राथमिकताओं को संबोधित करने के लिए 10-क्षेत्रीय ढांचा

विकसित भारत चैलेंज 10-क्षेत्रीय ढांचा अपनाएगा, जिसमें क्षेत्र-विशिष्ट विषय विविध विकासात्मक प्राथमिकताओं और 2047 तक विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा को दर्शाएंगे।

इन विषयों में भविष्य का शासन, जलवायु सुरक्षा, जनसांख्यिकीय लाभांश, सतत औद्योगीकरण, कनेक्टिविटी, विनिर्माण, जनजातीय नेतृत्व, नवाचार, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और नीली अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।

यह ढांचा देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं को क्षेत्र-विशिष्ट चुनौतियों की पहचान करने, नवीन समाधान विकसित करने और ऐसे विचारों का योगदान करने में सक्षम बनाएगा जो भारत की विकास यात्रा को दिशा दे सकते हैं।

राष्ट्रीय संवाद प्रधानमंत्री के समक्ष विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा

यह यात्रा 10 से 12 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेता संवाद के साथ समाप्त होगी।

सभी छह श्रेणियों में चयनित राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विकसित भारत चैलेंज के तहत क्षेत्रीय टीमें अपने विचार संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों, सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी और क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।

इस प्रकार वीबीवाईएलडी 2027 युवा नेतृत्व के लिए जमीनी स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक का मार्ग प्रशस्त करेगा - जिसकी शुरुआत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी से होगी, निबंध प्रतियोगिता, जिला और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर की चैंपियनशिप के माध्यम से आगे बढ़ेगा और एक राष्ट्रीय मंच पर समाप्त होगा जहां चयनित युवा नेता नीति निर्माताओं के साथ जुड़ सकते हैं और भारत के भविष्य के लिए अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां

विकसित भारत क्विज़: 17 अगस्त - 30 सितंबर, 2026

विकसित भारत निबंध चुनौती: 5 - 19 अक्टूबर, 2026

जिला चैंपियनशिप: 10-16 नवंबर, 2026

राज्य/केंद्र शासित प्रदेश वीबीवाईएलडी: 17 नवंबर – 7 दिसंबर, 2026

राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी, नई दिल्ली: 10-12 जनवरी, 2027

***

पीके/केसी/पीसी/एसके

 


(रिलीज़ आईडी: 2301286) आगंतुक पटल : 150
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Gujarati , Tamil , Kannada