वस्त्र मंत्रालय
भारत टेक्स 2026 में अभूतपूर्व व्यावसायिक सफलता और लोगों की भारी उपस्थिति दर्ज की गई
इसने भारत को विश्व के अग्रणी वस्त्र स्रोत और नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित किया
प्रविष्टि तिथि:
17 JUL 2026 3:11PM by PIB Delhi
भारत टेक्स 2026 के पहले तीन दिनों में भारत मंडपम वैश्विक वस्त्र एवं परिधान उद्योग का केंद्र बन गया है, जहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों से उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। विश्व के सबसे बड़े एकीकृत वस्त्र आयोजन में आगंतुकों की संख्या असाधारण रूप से अधिक रही है, व्यावसायिक गतिविधियां जीवंत रही हैं, खरीदारों और विक्रेताओं के बीच व्यापक संवाद देखने को मिला है और ज्ञान का गतिशील आदान-प्रदान हुआ है। यह वस्त्रों के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक स्रोत, विनिर्माण, नवाचार और निवेश गंतव्य के रूप में भारत के उदय की पुष्टि करता है।

16 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैले भारत टेक्स 2026 में 1,647 प्रदर्शक, लगभग 95,000 व्यावसायिक आगंतुक (जिनमें 20,000 से अधिक बार आने वाले आगंतुक शामिल हैं), 11,315 खरीदार (जिनमें 6,090 अंतरराष्ट्रीय खरीदार शामिल हैं), 3,461 प्रतिनिधि और 138 देशों के प्रतिभागी एकत्रित हुए हैं, जो भारत के तेजी से विकसित हो रहे वस्त्र इकोसिस्टम में अभूतपूर्व वैश्विक विश्वास को दर्शाता है। पहले तीन दिनों तक प्रदर्शनी हॉल में 28,500 से अधिक बी2बी बैठकें, 100 से अधिक बी2जी और जी2जी वार्ताएं और कई रणनीतिक निवेश संबंधी चर्चाएं हुईं, जिससे हॉल में चहल-पहल बनी रही। भारत टेक्स 2026 ने लगभग 14,300 करोड़ रुपये के कपड़ा निवेश प्रतिबद्धताओं को बढ़ावा दिया, जिसमें कर्नाटक (2,821 करोड़ रुपये, 11,020 रोजगार), बिहार (1,476 करोड़ रुपये, 40,500 से अधिक रोजगार), महाराष्ट्र (1,095 करोड़ रुपये) और आंध्र प्रदेश (4,100 करोड़ रुपये) सहित विभिन्न राज्यों द्वारा 30 से अधिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इससे भारत के वस्त्र और परिधान क्षेत्र में विकेंद्रीकृत, राज्य-आधारित वाले विकास को गति देने में इस आयोजन की भूमिका और मजबूत हुई। इसके इसके अतिरिक्त, आरई एंड यूपी ने भारत में 4,800 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। साथ ही, इस आयोजन के दौरान लगभग 2.8 बिलियन डॉलर के गंभीर व्यावसायिक प्रस्ताव प्राप्त हुए।
इस आयोजन में भारतीय राज्यों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिसमें बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु ने राज्य भागीदार के रूप में भाग लिया। कई अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने समर्पित पवेलियनों के माध्यम से वस्त्र उद्योग में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की उपस्थिति के साथ-साथ महाराष्ट्र, तमिलनाडु, असम, उत्तर प्रदेश और बिहार के वरिष्ठ मंत्रियों की उपस्थिति ने भारत के प्रमुख वस्त्र मंच के रूप में भारत टेक्स के महत्व को और भी रेखांकित किया।
अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी भी उतनी ही प्रभावशाली रही, जिसमें न्यूजीलैंड, श्रीलंका, रूस, कंबोडिया और पुर्तगाल के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ-साथ यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि और अमरीका, जापान, ब्रिटेन, स्पेन, इटली, दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और जर्मनी सहित अन्य देशों के 30 से अधिक उद्योग और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल शामिल हैं।
ज्ञान साझा करना इस आयोजन की एक प्रमुख विशेषता रही, जिसमें 600 से अधिक नीति निर्माताओं, वैश्विक विशेषज्ञों, उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तियों, सीईओ और शिक्षाविदों के साथ 100 प्रभावशाली ज्ञान सत्रों का आयोजन किया गया। पैनल चर्चाओं, गोलमेज सम्मेलनों और मास्टरक्लास में वैश्विक व्यापार की गतिशीलता, स्थिरता, चक्रीयता, प्रौद्योगिकीय नवोन्मेषण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जिम्मेदार सोर्सिंग, निवेश के अवसर, टेक्निकल टेक्सटाइल्स आदि प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। टीबीडी पवेलियन में आयोजित संरचना हैकाथॉन एक प्रमुख आकर्षण था, जिसमें टेक्निकल टेस्टटाइल के क्षेत्र में भारत के युवा नवोन्मेषकों की प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। देश भर के छात्रों और नवोन्मेषकों ने किसानों के लिए सुरक्षात्मक वस्त्रों, मधुमेह के घावों की देखभाल के लिए उन्नत उत्पादों से लेकर अत्यधिक जलवायु के लिए हल्के इन्सुलेटेड गद्दों तक के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह और केंद्रीय वस्त्र एवं विदेश राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा द्वारा मान्यता प्राप्त इस पहल ने अगली पीढ़ी के टेक्निकल टेक्सटाइल्स समाधानों को आगे बढ़ाने में शिक्षा जगत, उद्योग और सरकार के बीच सहयोग की परिवर्तनकारी भूमिका को प्रदर्शित किया। समावेशी विकास को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, भारत टेक्स 2026 ने भारत भर के आकांक्षी जिलों के 250 से अधिक उद्यमियों और बुनकरों के लिए विशेष अनुभव यात्राओं का आयोजन किया। इस कार्यक्रम ने लघु एवं मध्यम उद्यमों को खरीदारों, प्रदर्शकों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ सीधे जुड़ने में सक्षम बनाया, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, ब्रांडिंग, उत्पाद नवाचार और निर्यात अवसरों के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्राप्त हुई। इस प्रकार जमीनी स्तर पर उद्यमिता को मजबूती मिली। वैश्विक परिधान विनिर्माण में भारत के बढ़ते प्रभाव को और मजबूत करते हुए, भारत टेक्स 2026 के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय परिधान महासंघ (आईएएफ) की बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया।
इस आयोजन के दौरान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) और विश्व के सबसे प्रतिष्ठित वस्त्र और फैशन सोर्सिंग प्लेटफॉर्मों में से एक, प्रीमियर विजन पेरिस के बीच आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर रही। इस रणनीतिक सहयोग का उद्देश्य बाजार पहुंच, टिकाऊ सोर्सिंग, डिजाइन इंटेलिजेंस और क्रेता-विक्रेता सहभागिता को बढ़ाकर भारत-यूरोपीय संघ वस्त्र साझेदारी को मजबूत करना है, जिससे भारतीय विनिर्माताओं, निर्यातकों और एमएसएमई के लिए नए वैश्विक अवसर सृजित होंगे। भारत टेक्स 2026 में भारत के पारंपरिक वस्त्रों को प्रीमियम वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने पर भी सार्थक चर्चा हुई। जाने-माने डिजाइनर राहुल मिश्रा और वैशाली शादांगुले ने उद्योग जगत के अग्रणियों व्यक्तियों के साथ मिलकर इस बात पर बल दिया कि भारत की समृद्ध हथकरघा, हस्तशिल्प और पारंपरिक बुनाई की विरासत शिल्प कौशल और सांस्कृतिक गाथा के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में देश की सबसे मजबूत पहचान बन सकती है।
प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न थीम पर आधारित पवेलियनों में व्यावसायिक गतिविधियाँ लगातार जारी रहीं। हॉल संख्या 4 में स्थित सीएमएआई के 'ब्रांड्स ऑफ इंडिया पवेलियन' प्रमुख आकर्षणों में से एक बनकर उभरा, जिसमें 70 से अधिक अग्रणी भारतीय परिधान ब्रांड एक साथ आए और खरीदारों के समक्ष भारत के जीवंत फैशन और परिधान जगत की अनूठी झलक प्रस्तुत की। पहली बार, इस पवेलियन में भारत के तेजी से बढ़ते इंटीमेंट और इनरवियर सेगमेंट के लिए भी विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें मुंबई और दिल्ली के प्रमुख ब्रांडों ने अपने नवीनतम उत्पाद नवाचारों को प्रस्तुत किया। वेस्टसाइड, टॉमी हिलफिगर, कैल्विन क्लेन, यूएस पोलो एसोसिएशन, एरो, फ्लाइंग मशीन, लुई फिलिप, वैन ह्यूसेन, एलन सोली, पीटर इंग्लैंड, रीबॉक, अमेरिकन ईगल, राल्फ लॉरेन, सब्यसाची, तरुण तहिलियानी, जयपोर, डब्ल्यू फॉर वुमन, बेवकूफ, डॉलर, बॉडीकेयर, ड्यूक और कई अन्य वैश्विक और भारतीय ब्रांडों ने खरीदारों और खुदरा विक्रेताओं को आकर्षित किया। सीएमएआई और ग्लोबल एलायंस फॉर टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी (जीएटीएस) द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत इको-स्टिच सस्टेनेबिलिटी एंड सर्कुलरिटी हब के माध्यम से भारत टेक्स 2026 के केन्द्र में स्थिरता बनी रही। “सस्टेनेबल, सर्कुलर एंड कंपटीटिव भारत” की थीम पर आधारित इस पवेलियन में रिसाइक्लर, विनिर्माता, ब्रांड, नवप्रवर्तक, प्रौद्योगिकी प्रदाता और इकोसिस्टम पार्टनर विभिन्न विषयगत क्षेत्रों में एक साथ आए। इनमें इंडिया इम्पैक्ट वॉल, सर्कुलरिटी एट स्केल, फ्रॉम वेस्ट टू ग्लोबल वार्डरोब, मेड इन सर्कुलर भारत, मटेरियल एंड इनोवेशन लाइब्रेरी और सर्कुलर भारत फोरम शामिल हैं, जो अधिक टिकाऊ वस्त्र भविष्य की दिशा में व्यावहारिक मार्ग प्रदर्शित करते हैं।
प्रदर्शनी हॉलों में भारी भीड़, सम्मेलन सत्रों में भरपूर उपस्थिति, जीवंत नेटवर्किंग के अवसर और पूरे आयोजन स्थल पर मजबूत व्यावसायिक सहभागिता के साथ, भारत टेक्स 2026 ने वस्त्र विनिर्माण, सोर्सिंग, नवाचार और उत्तरदायी विकास के लिए विश्व का पसंदीदा गंतव्य बनने के भारत के विजन को सुदृढ़ करना जारी रखा है, साथ ही इसने वैश्विक वस्त्र और परिधान मूल्य श्रृंखला में देश की अग्रणी स्थिति को और सुदृढ़ किया है।
***
पीके/केसी/एसकेजे/एम
(रिलीज़ आईडी: 2285812)
आगंतुक पटल : 57