युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

MY भारत 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान के तहत जिला-स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण शुरू करेगा


देशव्यापी तीन-स्तरीय प्रतियोगिता का समापन नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा शिखर सम्मेलन में होगा

प्रविष्टि तिथि: 12 JUL 2026 8:29PM by PIB Delhi

जैसे-जैसे भारत 'विकसित भारत @2047' के विज़न की ओर बढ़ रहा है, युवाओं को सामाजिक बदलाव का निर्माता बनाने के लिए सशक्त करना राष्ट्र की विकास यात्रा का एक प्रमुख आधार बना हुआ है। नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध लड़ाई को जन आंदोलन बनाने के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को और मजबूती प्रदान करते हुए, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) ने मेरा युवा भारत (MY भारत) के माध्यम से देशव्यापी 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान के अगले चरण की शुरूआत की है। इसके अंतर्गत 13 जुलाई 2026 से जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो रही हैं। रचनात्मकता, संस्कृति और सामुदायिक नेतृत्व की शक्ति के माध्यम से यह पहल युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए इस जन आंदोलन का नेतृत्व करने तथा विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।

इस विजन को एक व्यवस्थित देशव्यापी राष्ट्रीय मंच के माध्यम से आगे बढ़ाते हुए, इन प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन-स्तरीय प्रारूप में किया जाएगा। इसकी शुरुआत जिला स्तर से होगी, इसके बाद राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और अंततः राष्ट्रीय स्तर पर इसका समापन होगा। इन प्रतियोगिताओं के लिए 13 जुलाई 2026 से पंजीकरण शुरू होगा। इसके बाद 24 से 27 जुलाई 2026 तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक श्रेणी से शीर्ष तीन प्रविष्टियों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर के विजेता 30 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय चयन चरण में भाग लेंगे। इसके बाद राज्य स्तर के विजेताओं को 12 और 13 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय फाइनल में आमंत्रित किया जाएगा, जहां देशभर के प्रतिभाशाली युवा राष्ट्रीय युवा शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय मंच पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस अभियान के केन्द्र में युवाओं के नेतृत्व वाली रचनात्मक अभिव्यक्ति की शक्ति निहित है। MY भारत पांच रचनात्मक श्रेणियों- नृत्य, संगीत, रील एवं लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक और काव्य प्रस्तुति- में जिला-स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा। संस्कृति, कहानी कहने की कला, संगीत और डिजिटल रचनात्मकता का समन्वय करते हुए, ये प्रतियोगिताएं युवाओं को अपने समुदायों को प्रेरित करने, अपने साथियों को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने और नशा-मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक विशिष्ट मंच प्रदान करती हैं।

व्यापक और समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए, ये प्रतियोगिताएं 15 से 29 वर्ष की आयु-वर्ग के युवाओं के लिए खुली हैं, जिसमें व्यक्तिगत और समूह दोनों तरह की प्रविष्टियों का स्वागत करती है। प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी क्षेत्रीय भाषा में जमा कर सकते हैं, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि देश के हर कोने और हर भाषा के युवा की आवाज को इस राष्ट्रीय आंदोलन का हिस्सा बनने का अवसर मिले।

प्रतियोगिता में सहज एवं सुगम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के पंजीकरण 13 जुलाई 2026 से MY भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पर शुरू हो जाएंगे। युवा इस पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी रचनात्मक प्रविष्टियां अपलोड कर सकते हैं, जहां इन प्रविष्टियों को प्रतियोगिता के पहले चरण के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, MY भारत के माध्यम से देश भर की युवा शक्ति को इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करता है, जिसके माध्यम से वे अपनी रचनात्मकता को सामाजिक बदलाव की ताकत बना सकें, 'नशा मुक्त भारत' के विजन में अपना योगदान दे सकें और अमृत काल के दौरान अपनी ऊर्जा और आकांक्षाओं को विकसित भारत के राष्ट्रीय मिशन के साथ जुड़ सकें।

***

पीके/केसी/पीकेपी


(रिलीज़ आईडी: 2283974) आगंतुक पटल : 222
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Marathi , Gujarati , Kannada , Malayalam