आयुष
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी कोलकाता की ऐतिहासिक रेड रोड पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे


आयुष मंत्रालय 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' की थीम पर आधारित भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 कार्यक्रम की तैयारी में जुटा

योग संगम पोर्टल पर छह लाख से अधिक संगठनों ने पंजीकरण करा लिया है और भारत एवं विश्व में लाखों लोग योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तैयार हैं

विश्व भर में लगभग 2,500 स्थानों पर 210 से अधिक भारतीय दूतावास अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 मनाएंगे

प्रविष्टि तिथि: 20 JUN 2026 4:20PM by PIB Delhi

भारत 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है और यह राष्ट्रीय कार्यक्रम 21 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी कॉमन योगा प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अभ्यास में राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे जो स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक वैश्विक पहल के रूप में योग को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

रेड रोड पर योग का राष्ट्रीय कार्यक्रम सुबह 5:00 बजे शुरू होगा जिसमें हजारों योग प्रेमी भाग लेंगे और लाखों नागरिक भारत और विदेश से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। यह आयोजन स्वास्थ्य, सद्भाव और सामूहिक कल्याण को बढ़ावा देने वाली वैश्विक पहल के रूप में योग की बढ़ती भूमिका को और मजबूत करेगा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का विषय, स्वस्थ वृद्धावस्‍था के लिए योग, स्वस्थ , सक्रिय और गरिमापूर्ण वृद्धावस्था के लिए योग को आजीवन अभ्यास के रूप में अपनाने के महत्व का उल्‍लेख करता है। यह विषय योग के योगदान को एक निवारक स्वास्थ्य देखभाल पद्धति के रूप में व्‍यक्‍त करता है जो शारीरिक शक्ति, मानसिक लचीलापन और भावनात्मक संतुलन को बढ़ाता है।

मुख्य समारोहों से पहले, आयुष मंत्रालय के योग संगम पोर्टल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है जिसमें संगठनों का पंजीकरण छह लाख का आंकड़ा पार कर गया है और लगातार बढ़ रहा है। इस जोरदार प्रतिक्रिया से योग को एक वास्तविक जन मुहिम बनाने के प्रति संस्थानों, समुदायों और नागरिकों का उत्साह झलकता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 में वैश्विक भागीदारी उल्लेखनीय रूप से जारी है। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के समन्वित प्रयासों के माध्यम से विदेशों में स्थित 210 से अधिक भारतीय मिशन विश्व भर में लगभग 2,500 स्थानों पर योग समारोहों का आयोजन कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि भारत के प्राचीन ज्ञान में निहित योग, समग्र कल्याण के लिए एक वैश्विक मुहिम के रूप में उभरा है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को सांस्कृतिक आयाम प्रदान करते हुए संस्कृति मंत्रालय भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से देश भर के 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष योग समारोहों का आयोजन कर रहा है जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और योग परंपराओं को आपस में जोड़ते हैं। इस पहल के अंतर्गत, नई दिल्ली में लाल किला, उत्तराखंड में हरिद्वार, ओडिशा में कोणार्क, कर्नाटक में हम्पी, तमिलनाडु में महाबलीपुरम, महाराष्ट्र में मुंबई, बिहार में नालंदा, गुजरात में अहमदाबाद, उत्तर प्रदेश में सारनाथ, लद्दाख में लेह, तेलंगाना में हैदराबाद और असम में सिलचर सहित 12 प्रमुख स्थानों पर बड़े समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य भारत की सभ्यतागत विरासत को प्रदर्शित करना और योग को देश की सांस्कृतिक पहचान के अभिन्न अंग के रूप में उजागर करना है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 में नागरिकों को वर्चुअल रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है ताकि वे सामान्य योग प्रोटोकॉल सत्र के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ जुड़ें, अपने योग के क्षणों को कैद करें और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करें जिससे भारत के सामूहिक योग उत्सव को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जा सके।

आयुष मंत्रालय ने समाज के सभी वर्गों के लोगों को 21 जून सुबह 5:00 बजे से कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। प्रतिभागी कार्यक्रम स्थल पर आयुष आहार का अनुभव भी करेंगे, जो समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के संदेश को बढ़ावा देता है।

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन "स्वस्थ वृद्धावस्‍था के लिए योग" के संदेश को मजबूत करने और दुनिया भर के नागरिकों को योग को जीवन शैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया है।

***

पीके/केसी/जेके/आर

 


(रिलीज़ आईडी: 2275717) आगंतुक पटल : 149
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Assamese , Gujarati , Telugu , Kannada , Malayalam