निर्वाचन आयोग
ईसीआई ने चुनावी अभियानों में मीडिया के लिए वैश्विक सर्वोत्तम प्रणालियों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
03 JUN 2026 4:17PM by PIB Delhi
- भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) 3-4 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) में निर्वाचन प्रक्रियाओं और अभियानों में मीडिया के लिए वैश्विक सर्वोत्तम प्रणालियों और नवाचारों पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।
- सम्मेलन में अपने मुख्य भाषण में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग बीएलओ और बीएलए सहित जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देता है ताकि 10 करोड़ से अधिक मतदाताओं से निर्बाध संपर्क सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों में मतदाताओं की अब तक की सबसे अधिक भागीदारी से निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं का विश्वास स्पष्ट रूप से झलकता है ।
- इस सम्मेलन में डीईओ, ईआरओ, विषयगत विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता और चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी) के सदस्यों सहित 480 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
- इस सम्मेलन का उद्देश्य निर्वाचन प्रबंधन के विभिन्न आयामों में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों, आदर्श मानकों और सर्वोत्तम प्रणालियों को प्रलेखित करने वाले अभ्यासकर्ता-उन्मुख वैश्विक ज्ञान संसाधनों को विकसित करना है, ताकि 23 जनवरी, 2026 को भारत में लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपनाई गई दिल्ली घोषणा के तहत परिकल्पित अंतिम विषयगत रिपोर्ट में योगदान दिया जा सके।
- इन चर्चाओं में मीडिया अभियानों के प्रमुख मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनमें गलत सूचना और भ्रामक जानकारी, एआई-जनित डीपफेक और कृत्रिम मीडिया, गैर-पारदर्शी डिजिटल राजनीतिक विज्ञापन और प्लेटफॉर्म प्रशासन शामिल हैं।
- दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा आईआईआईडीईएम और दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के सहयोग से, भारत की 2026 की इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस (इंटरनेशनल आईडिया) की अध्यक्षता के तहत किया जा रहा है।
***
पीके/केसी/एसकेएस/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2268510)
आगंतुक पटल : 122