वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल और कनाडा के व्यापार मंत्री श्री मनिंदर सिद्धू ने 50 बिलियन डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य और भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता के शीघ्र संपन्न होने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की


श्री पीयूष गोयल ने निवेश, प्रौद्योगिकी साझेदारी और भारत-कनाडा सीईपीए वार्ता को बढ़ावा देने के लिए टोरंटो में कनाडाई व्यापारिक नेताओं के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं

श्री पीयूष गोयल ने टोरंटो में कनाडा-भारत बिल्डिंग ब्रिजेज कार्यक्रम में मुख्य भाषण दिया, कार्यनीतिक सेक्टरों में अवसरों को रेखांकित किया

श्री पीयूष गोयल ने कनाडा-भारत निवेश गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की, कनाडाई निवेशकों को कार्यनीतिक सेक्टरों में भारत के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया

श्री पीयूष गोयल ने भारत के निवेश और विकास के अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए प्रमुख कनाडाई कंपनियों और निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें कीं

श्री पीयूष गोयल ने ब्रैम्पटन में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित किया और भारत-कनाडा व्यापार एवं सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने में समुदाय की भूमिका पर प्रकाश डाला

प्रविष्टि तिथि: 27 MAY 2026 10:42AM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन कनाडा के टोरंटो में वरिष्ठ कनाडाई व्यापारिक नेताओं और संस्थागत निवेशकों के साथ उच्च स्तरीय बैठकों की एक श्रृंखला आयोजित की, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाना और कार्यनीतिक सेक्टरों में निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ावा देना था।

दिन की शुरुआत श्री पीयूष गोयल के मुख्य भाषण से हुई, जो टोरंटो के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में ग्लोबल अफेयर्स कनाडा, सीआईआई और एसोचैम द्वारा आयोजित कनाडा-भारत बिल्डिंग ब्रिजेज कार्यक्रम का हिस्सा थे। इस कार्यक्रम में उन्नत विनिर्माण, फार्मास्यूटिकल्स और जैव प्रौद्योगिकी, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और तेल एवं गैस सहित विभिन्न सेक्टरों के व्यवसायों, निवेशक समूहों और उद्योग संघों के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इसके बाद श्री पीयूष गोयल और कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री श्री मनिंदर सिद्धू के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई, जिसमें श्री गोयल ने भारत और कनाडा के बीच बढ़ते पूरक संबंधों पर प्रकाश डाला और मजबूत सरकारी-उद्योग सहयोग द्वारा संचालित अधिक सुदृढ़ और पूर्वानुमानित व्यापारिक इकोसिस्टम  की आवश्यकता पर बल दिया। श्री मनिंदर सिद्धू ने घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, कनाडा में अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति की सराहना की और इस वर्ष नवंबर में भारत के लिए टीम कनाडा व्यापार मिशन की घोषणा की। प्रस्तावित मिशन का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिज, परमाणु ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, डिजिटल अवसंरचना और उन्नत विनिर्माण जैसे सेक्टरों में सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए कनाडाई कंपनियों को भारत लाना है। दोनों पक्षों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने और वर्ष के अंत तक सीईपीए वार्ता को संपन्न करने के अपने साझा लक्ष्य की पुष्टि की।

इसके बाद दोनों मंत्रियों की सह-अध्यक्षता में कनाडा-भारत निवेश गोलमेज सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में कनाडा के प्रमुख वित्तीय निवेशकों, जिनमें पेंशन फंड और बैंक शामिल थे, के साथ-साथ भारत और कनाडा दोनों देशों के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य केंद्र भारत सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास, वित्तीय क्षेत्र में सुधार और व्यापार करने में सुगमता पर निरंतर जोर देना था, जो वैश्विक निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर पैदा कर रहे हैं। श्री गोयल ने हितधारकों को स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, डिजिटल बुनियादी ढांचे, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला विविधीकरण जैसे सेक्टरों में भारत के साथ साझेदारी करने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही, दोनों देशों के सतत विकास और साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय बाजारों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों की खोज करने पर भी चर्चा की।

श्री पीयूष गोयल ने बीमा, खाद्य प्रसंस्करण, बैंकिंग और महत्वपूर्ण खनिज प्रसंस्करण सहित विभिन्न सेक्टरों की प्रमुख कनाडाई कंपनियों और प्रमुख वित्तीय निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी कीं। इन चर्चाओं का केंद्र बिंदु भारत में उनकी बढ़ती रुचि थी। इसमें भारत के व्यापक आर्थिक परिदृश्य, पिछले डेढ़ वर्षों में व्यापार समझौतों पर सरकार का नया ध्यान, उच्च विकास वाले सेक्टरों में अवसर, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) प्रतिभा की उपलब्धता और इसके परिणामस्वरूप वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) का उदय, रणनीतिक निवेश को प्रोत्साहित करने वाली उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन योजनाएं और भारत का लगातार बेहतर होता नियामक वातावरण जैसे विषय शामिल थे।

श्री पीयूष गोयल ने हंबर बे पार्क स्थित कनिष्क स्मारक का दौरा किया, जहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की, पीड़ितों के परिवारों से बातचीत की और एयर इंडिया एआई 182 आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

दिन का समापन टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा ब्रैम्पटन के पियर्सन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक स्वागत समारोह के साथ हुआ। भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए श्री पीयूष गोयल ने कनाडा में भारतीय समुदाय की शक्ति और भारत-कनाडा व्यापार गलियारे को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय न केवल भारत के साथ व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाने में, बल्कि मजबूत सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सामुदायिक भागीदारी और पूरे कनाडा में भारतीय व्यवसायों के विकास को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

श्री गोयल भारत-कनाडा आर्थिक संबंधों के पूर्ण पुनरुद्धार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, 100 से अधिक भारतीय उद्योगपतियों सहित अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए कनाडा के दौरे पर हैं। 25 मई को ओटावा में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई तीन दिवसीय यात्रा का उद्देश्य भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाना है। इसमें भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए जारी वार्ताओं में तेजी लाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

****

पीके/केसी/एसकेजे/एनजे 

 


(रिलीज़ आईडी: 2265768) आगंतुक पटल : 158
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Telugu , Malayalam , English , Urdu , Marathi , Bengali , Bengali-TR , Gujarati , Tamil