कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय

अनुभव पुरस्कार 2024


अनुभव से विशेषज्ञता तक: सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों का सम्मान

Posted On: 29 AUG 2024 4:38PM by PIB Delhi

परिचय

'अनुभव' पोर्टल को सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों के अथक योगदान को दर्शाने और पहचानने के लिए एक मंच के रूप में मार्च 2015 में शुरू किया गया था।

यह अभिनव परियोजना सेवानिवृत्त सिविल सेवकों को उनकी सेवा के वर्षों के दौरान प्राप्त अनुभवों और अंतर्दृष्टि का दस्तावेजीकरण करने के लिए प्रोत्साहित करती है। इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य ज्ञान और बुद्धिमत्ता का एक समृद्ध भंडार बनाना है जो भविष्य के प्रशासनिक सुधारों एवं सुशासन कार्यप्रणालियों के लिए आधारशिला के रूप में काम कर सकेगी। यह उन्हें विभिन्न सरकारी नीतियों की प्रभावशीलता बढ़ाने में उनके योगदान से संबंधित जानकारी भी प्रदान करेगा।

सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को अपने अनुभव साझा करने की दिशा में प्रेरित करने के लिए, वर्ष 2016 में एक वार्षिक पुरस्कार शुरू किया गया था। अनुभव पुरस्कार 2024 ने सबसे प्रभावशाली और व्यावहारिक प्रस्तुतियां स्वीकार करके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया।

अनुभव पुरस्कार 2024

 

7वां अनुभव पुरस्कार समारोह 28 अगस्त, 2024 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था। इस समारोह में 33 प्रतिशत महिला पुरस्कार विजेताओं का उच्चतम प्रतिनिधित्व देखने को मिला, जो शासन में उनकी बढ़ती भूमिका को प्रदर्शित करता है।

5 अनुभव पुरस्कार और 10 निर्णायक मंडल प्रमाणपत्रों वाले पुरस्कारों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता दी है। इसकी श्रेणियों में प्रशासनिक कार्य, सुशासन, अनुसंधान, प्रक्रियाओं का सरलीकरण, लेखा, क्षेत्र कार्य योगदान और कार्य सुधार के लिए रचनात्मक प्रतिक्रिया शामिल हैं।

 

पुरस्कारों ने मान्यता के दो स्तर प्रदान किए:

1. अनुभव पुरस्कार: प्राप्तकर्ताओं को एक पदक, एक प्रमाण पत्र और 10,000 रुपये का प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है।

2. निर्णायक मंडल प्रमाणपत्र: सम्मानित व्यक्तियों को एक पदक और एक प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है।

वर्ष 2024 समारोह के लिए 22 विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से योगदान प्राप्त हुआ। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) ने व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए एक व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया, जिसमें नोडल अधिकारियों के साथ बैठकें और दस्तावेज़ीकरण पर ज्ञान-साझाकरण सत्र शामिल हैं।

समारोह में एक लघु फिल्म और प्रशस्ति पुस्तिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें 15 पुरस्कार विजेताओं की व्यावसायिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया, जो भविष्य के शासन सुधारों के लिए मूल्यवान सिविल सेवा अनुभवों को संरक्षित करने और साझा करने में पहल की भूमिका को रेखांकित करता है। वर्ष 2016 में अपनी शुरुआत के बाद से, कार्यक्रम ने 59 अनुभव पुरस्कार और 19 निर्णायक मंडल प्रमाणपत्र प्रदान किए हैं।

यह ध्यान देने योग्य है कि निर्णायक मंडल प्रमाणपत्र 2023 अनुभव पुरस्कार योजना में पेश किए गए थे। इस वृद्धि का उद्देश्य मान्यता के दायरे को व्यापक बनाना और सेवानिवृत्त होने वाले एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा इसक उद्देश्य यह भी सुनिश्चित करना है कि उनके मूल्यवान अनुभवों और अंतर्दृष्टि को व्यापक स्वीकृति एवं प्रचार मिले।

 

 अनुभव पुरस्कारों की शुरुआत और इसकी यात्रा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर, पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) ने 'अनुभव' नामक एक ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म शुरू किया। यह सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए उनकी सेवा अवधि के दौरान महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का एक माध्यम है।

यह उन्हें विभिन्न सरकारी नीतियों की प्रभावशीलता बढ़ाने में उनके योगदान से संबंधित जानकारी देने की भी सुविधा देता है। अनुभव पोर्टल सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को भारत सरकार के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने के दौरान अपने अनुभव साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

 

98 मंत्रालयों/विभागों/संगठनों ने अनुभव पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, और 29 अगस्त, 2024 तक 10,804 लेख प्रकाशित किए गए हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारी यदि आवश्यक हो तो उचित संलग्नकों के साथ 20 परिभाषित क्षेत्रों पर 5000 शब्दों तक का स्वेच्छा से लेख जमा करते हैं। पोर्टल पर संबंधित विभाग प्रस्तुत आलेखों की समीक्षा करते हैं और अनुमोदित आलेखों को अनुभव पोर्टल पर प्रकाशित किया जाता है।

 

 

अनुभव पुरस्कार समारोह वर्ष 2016 में सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति पर अपने सरकारी अनुभव को साझा करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एक वार्षिक सुविधा के रूप में शुरू किया गया था।

वर्ष 2016, 2017, 2018 और 2019 में आयोजित पहले चार अनुभव पुरस्कार समारोहों में, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 35 पुरस्कार विजेताओं को अनुभव पुरस्कार प्रदान किए।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने 18 अक्टूबर, 2022 को आयोजित एक समारोह में 15 पुरस्कार विजेताओं (वर्ष 2019-2020, 2020-2021 और 2021-2022 प्रत्येक के लिए 5 पुरस्कार) को अनुभव पुरस्कार प्रदान किए।

वर्ष 2023 के समारोह में, भागीदारी और उपस्थिति को प्रोत्साहन देने के लिए मौजूदा अनुभव पुरस्कारों के साथ 'निर्णायक मंडल प्रमाणपत्र' पेश किए गए थे। पिछले वर्ष समारोह के दौरान 4 अनुभव पुरस्कार और 9 निर्णायक मंडल प्रमाणपत्र प्राप्तकर्ताओं को सम्मानित किया गया था।

निष्कर्ष

अनुभव पुरस्कार पहल सिविल सेवकों की पीढ़ियों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करती है, जो सेवानिवृत्त अधिकारियों के अमूल्य अनुभवों और अंतर्दृष्टि को संरक्षित करती है। यह कार्यक्रम एक स्थायी विरासत बनाता है जो कड़ी मेहनत से अर्जित सीख और विशेषज्ञता को साझा करने को प्रोत्साहित करके भविष्य के लोक सेवकों का मार्गदर्शन और प्रेरणा देता है। अनुभव पोर्टल, लेखों के अपने बढ़ते संग्रह के साथ, भारतीय सिविल सेवा के भीतर अनुभव से समृद्ध के प्रमाण के रूप में खड़ा है और यह सुनिश्चित करता है कि यह सामूहिक ज्ञान आने वाले वर्षों में सार्वजनिक प्रशासन को आकार देता रहेगा और बढ़ाता रहेगा।

संदर्भ

पीडीएफ में देखने के लिए कृपया यहां पर क्लिक कीजिए:

****

एमजी/एआर/आरपी/एमकेएस/एसके



(Release ID: 2049949) Visitor Counter : 126