प्रधानमंत्री कार्यालय

संयुक्त राज्य अमेरिका और मिस्र की अपनी यात्रा पर प्रस्थान करने से पहले प्रधानमंत्री का वक्तव्य

Posted On: 20 JUN 2023 7:15AM by PIB Delhi

मैं राष्ट्रपति श्री जोसेफ जे. बाइडेन और प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडेन के निमंत्रण पर संयुक्त राज्य अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जा रहा हूं। यह विशेष निमंत्रण हमारे लोकतंत्रों के बीच साझेदारी की शक्ति और जीवंतता का प्रतिबिंब है।

मैं न्यूयॉर्क में अपनी यात्रा शुरू करूंगा, जहां मैं 21 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सदस्यों के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाऊंगा। मैं उसी स्थान पर इस विशेष उत्सव की प्रतीक्षा कर रहा हूं जिसने दिसंबर 2014 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता देने के भारत के प्रस्ताव का समर्थन किया था।

उसके बाद मैं वाशिंगटन डीसी की यात्रा करूंगा। राष्ट्रपति श्री बाइडेन और मुझे सितंबर 2021 में संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी पिछली आधिकारिक यात्रा के बाद से कई बार मिलने का अवसर मिला है। यह यात्रा हमारी साझेदारी की गहराई और विविधता को समृद्ध करने का अवसर होगी।

भारत-अमेरिका संबंध बहुआयामी हैं, जिसमें सभी क्षेत्रों में गहरा जुड़ाव रहा है। संयुक्त राज्य अमेरिका वस्तु और सेवाओं में भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और सुरक्षा क्षेत्रों में निकटतापूर्वक सहयोग करते हैं। क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज की पहल ने नए आयाम जोड़े हैं और रक्षा औद्योगिक सहयोग, अंतरिक्ष, दूरसंचार, क्वांटम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बायोटेक क्षेत्रों में सहयोग को व्यापक बनाया है। हमारे दोनों देश मुक्त, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए भी सहयोग कर रहे हैं।

राष्ट्रपति श्री बाइडेन और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी नेताओं के साथ मेरी चर्चा हमारे द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ जी20, क्वाड और आईपीईएफ जैसे बहुपक्षीय मंचों पर मजबूती प्रदान करेगी।

मुझे कई गणमान्य व्यक्तियों के साथ राष्ट्रपति श्री बाइडेन और प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडेन के राजकीय भोज में शामिल होने का भी सौभाग्य प्राप्त होगा।

अमेरिकी कांग्रेस ने हमेशा भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत द्विदलीय समर्थन प्रदान किया है। अपनी यात्रा के दौरान, मैं कांग्रेस नेतृत्व के निमंत्रण पर अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करूंगा।

जन-जन के बीच मजबूत संपर्क हमारे देशों के बीच विश्वास विकसित करने में सहायक रहे हैं। मैं जीवंत भारतीय-अमेरिकी समुदाय से मिलने के लिए उत्सुक हूं जो हमारे समाजों का सर्वोत्तम प्रतिनिधित्व करता है। मैं दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को ऊपर उठाने और लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण के अवसरों पर चर्चा करने के लिए कुछ प्रमुख सीईओ से भी मिलूंगा।

मुझे विश्वास है कि अमेरिका की मेरी यात्रा लोकतंत्र, विविधता और स्वतंत्रता के साझा मूल्यों पर आधारित हमारे संबंधों को मजबूत करेगी। साझा वैश्विक चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए हम एक साथ मजबूती से खड़े हैं।

मैं राष्ट्रपति श्री अब्देल फतह अल-सिसी के निमंत्रण पर वाशिंगटन डीसी से काहिरा की यात्रा करूंगा। मैं एक करीबी और मैत्रीपूर्ण देश की राजकीय यात्रा पर पहली बार जाने को लेकर उत्साहित हूं।

हमें इस वर्ष अपने गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति श्री सिसी का स्वागत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कुछ महीनों के अंतराल में ये दो यात्राएं मिस्र के साथ हमारी तेजी से विकसित हो रही साझेदारी का प्रतिबिंब हैं, जिसे राष्ट्रपति सिसी की यात्रा के दौरान एक 'रणनीतिक साझेदारी' तक बढ़ाया गया था।

मैं दोनों देशों के बीच सभ्यतागत और बहुआयामी साझेदारी को और गति प्रदान करने के लिए राष्ट्रपति श्री सिसी और मिस्र सरकार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ अपनी चर्चा के लिए उत्सुक हूं। मुझे मिस्र में जीवंत भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने का भी अवसर मिलेगा।

***

 

एमजी/एमएस/एसकेएस/एजे



(Release ID: 1933572) Visitor Counter : 460