प्रविष्टि तिथि:
22 MAR 2022 9:56PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री श्री बोरिस जॉनसन एमपी के साथ फोन पर बात की।
दोनों राजनेताओं ने यूक्रेन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध समाप्त करने तथा संवाद और कूटनीति के रास्ते पर वापस आने के लिए भारत की निरंतर अपील को दोहराया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून तथा सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के रूप में समकालीन विश्व व्यवस्था के आधार के सम्बन्ध में भारत के दृढ विश्वास पर जोर दिया।
दोनों राजनेताओं ने द्विपक्षीय हितों के मुद्दों पर भी चर्चा की और व्यापार, प्रौद्योगिकी, निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा तथा लोगों के परस्पर संबंध सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने की क्षमता पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते पर चल रही वार्ता की सकारात्मक प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने पिछले साल दोनों राजनेताओं के बीच हुए वर्चुअल शिखर सम्मलेन के दौरान अंगीकार किये गए 'इंडिया-यूके रोडमैप 2030' को लागू करने में हुई प्रगति की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने आपसी सुविधा के आधार पर, भारत में पीएम जॉनसन का जल्द से जल्द स्वागत करने की अपनी इच्छा व्यक्त की।
***********
एमजी / एएम / जेके