संचार मंत्रालय
दूरसंचार विभाग और राष्ट्रमंडल दूरसंचार संगठन ने प्रभावी आईसीटी को अपनाने में भारत की सफलताओं को रेखांकित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया
प्रविष्टि तिथि:
18 MAR 2022 9:40AM by PIB Delhi
दूरसंचार विभाग, भारत सरकार और राष्ट्रमंडल दूरसंचार संगठन (सीटीओ) ने एक ऑनलाइन कार्यक्रम - 'डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन सेंटर स्टेज (डीटीसीएस) – इंडिया' का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रभावी सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) अपनाने में भारत की सफलताओं पर प्रकाश डालना था, ताकि सीटीओ सदस्य देशों को परिवर्तनकारी डिजिटल समाधान अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। भारत सीटीओ का एक सदस्य देश है, जिसके सदस्यों में 33 देश शामिल हैं।
इस आयोजन में, आधार (विशिष्ट डिजिटल पहचानकर्ता) और एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) प्रणाली, जो डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के महत्वपूर्ण हिस्से हैं, की सफलता की कहानियों को सीटीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ साझा किया गया। यूआईडीएआई ने आधार पर प्रस्तुति दी और इसकी विशेषताओं जैसे 1.26 बिलियन लाइव आधार, 68+ बिलियन सत्यापन, वित्तीय समावेशन में इसका समर्थन, आधार-सक्षम प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और अन्य उपयोगों के बारे में जानकारी दी। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने उपभोक्ताओं, बैंकों, फिनटेक और व्यापारियों को लाभ पहुँचाने वाले यूपीआई प्रणाली पर प्रस्तुति दी और इसके अन्य उपयोगों के साथ-साथ फरवरी, 2022 में 4.52 बिलियन लेनदेन जैसी इसकी विशेषताओं के बारे में बताया।
दूरसंचार विभाग ने सीटीओ और उसके सदस्यों को धन्यवाद दिया और नागरिकों को सशक्त बनाने के प्रयासों तथा इन समाधानों को अपनाने में उन्हें सहायता प्रदान करने का प्रस्ताव दिया। सीटीओ और सदस्य देशों ने इन सफलता की कहानियों को उनके साथ साझा करने के लिए भारत की सराहना की।
****
एमजी/एएम/जेके
(रिलीज़ आईडी: 1807131)
आगंतुक पटल : 426