PIB Headquarters

कोविड-19 पर पीआईबी का दैनिक बुलेटिन

Posted On: 16 AUG 2020 6:25PM by PIB Delhi

 

Coat of arms of India PNG images free download

 

 

 

 

 

 

(पिछले 24 घंटों में जारी कोविड-19 से संबंधित प्रेस विज्ञप्तियां, पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां और पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य शामिल हैं)

भारत की मृत्यु दर विश्व में सबसे कम में से एक है। आज मृत्यु दर 1.93 प्रतिशत है।

पिछले 24 घंटों में 53,322 रोगियों के स्वस्थ होने के साथ रोगियों के ठीक होने की दर करीब 72 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

वर्तमान में सक्रिय मामले (6,77,444) कुल पॉजिटिव मामलों का 26.16 प्रतिशत है।

अब तक कुल 2.93 करोड़ कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है; पिछले 24 घंटों में 7.46 लाख कोविड जांच की गई।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस महामारी से उबरने के बाद हम तेजी से प्रगति और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।   

 

विश्व में निम्नतम में से एक, भारत में कोरोना के मामलों में मृत्यु दर 2 प्रतिशत से कम है और यह लगातार घट रही है; रोगियों के ठीक होने की दर लगातार सुधर रही है, आज करीब 72 प्रतिशत; कोविड जांच की संख्या लगभग 3 करोड़ हुई

भारत में कोविड-19 के मामलों में मृत्यु दर में लगातार गिरावट आ रही है और भारत की मृत्यु दर विश्व में सबसे कम में से एक है। आज यह 1.93 प्रतिशत है।

 

भारत की रिकवरी दर लगभग 72 प्रतिशत तक पहुंच चुकी हैं और अधिक से अधिक रोगियों की रिकवरी सुनिश्चित हो रही है। पिछले 24 घंटों में 53,322 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस संख्या  के साथ स्वस्थ होने वाले कोविड-19 रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 18.6 लाख (18,62,258) से अधिक हो गई है। रोगियों के स्वस्थ होने की बढ़ती संख्या ने देश में मामलों के प्रतिशत में गिरावट को सुनिश्चित किया है। वर्तमान में सक्रिय मामले (6,77,444) देश के वास्तविक केसलोड को तय करते हैं। यह आज कुल पॉजिटिव मामलों का 26.16 प्रतिशत है, जिसमें पिछले 24 घंटों में और गिरावट दर्ज की गई है। ये सभी मामले सक्रिय चिकित्सा पर्यवेक्षण के तहत हैं। प्रभावी एवं त्वरित टेस्टिंग के साथ भारत तेजी से 3 करोड़ कोविड टेस्ट पूरे करने की दिशा में बढ़ रहा है; अभी तक 2,93,09,703 नमूनों की जांच की जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में 7,46,608 टेस्ट किए गए। यह तेजी से बढ़ते नैदानिक प्रयोगशालाओं के राष्ट्रीय नेटवर्क के द्वारा संभव हो पाया है, जिसमें सरकारी क्षेत्र में 969 प्रयोगशालाएं और निजी क्षेत्र में 500 प्रयोगशालाएं अर्थात कुल 1469 प्रयोगशालाएं हैं।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

भारतीय रेलवे ने 6 राज्यों में गरीब कल्याण रोज़गार अभियान के तहत 5.5 लाख से अधिक कार्य दिवसों का सृजन किया

भारतीय रेलवे ने 6 राज्यों अर्थात बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरीब कल्याण रोज़गार अभियान के तहत 5.5 लाख से अधिक कार्य दिवसों का सृजन किया है। रेल, वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल इन परियोजनाओं में हुई प्रगति और इस योजना के तहत इन राज्यों के प्रवासी मजदूरों के लिए जुटाए गए कार्य के अवसरों के बारे में नजदीकी निगरानी कर रहे हैं। इन राज्यों में 2,988 करोड़ रुपये की लागत की लगभग 165 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का निष्पादन किया जा रहा है। 14 अगस्त, 2020 तक, 11,296 श्रमिक इस अभियान में शामिल किए गए हैं और लागू की जा रही इन परियोजनाओं के लिए ठेकेदारों को 1,336.84 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया गया है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

राष्ट्रपति ने आईसीसीआर मुख्यालय में श्री अटलबिहारी वाजपेयी के चित्र का अनावरण किया

राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर आज (16 अगस्त 2020) उनके चित्र का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया। इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि अटल जी हमेशा उदारवादी सोच और लोकतांत्रिक आर्दशों के लिए प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने अपने विलक्षण व्यक्तित्व की अमिट छाप छोड़ी है और अपनी विभिन्न भूमिकाओं के दौरान बहुत योगदान दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि आज पूरी दुनिया कोविड-19 महामारी के कारण संकटग्रस्त है। लेकिन उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि इस महामारी से उबरने के बाद हम तेजी से प्रगति और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे और 21 वीं सदी को भारत की सदी बनाने के अटल जी के सपने को साकार करने में सफल होंगे।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ें-

 

 

पीआईबी के क्षेत्रीय कार्यालयों से मिली जानकारियां

पंजाब : कोविड-19 के दौरान लोगों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए  राज्य सरकार ने जुलाई की देय पेंशन को अगस्त में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियो के  बचत खाते में प्रत्यक्ष हस्तांतरण करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 190 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 25.25 लाख लाभार्थियो को जारी कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश : मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत देश के निर्धन परिवारों को नवबंर, 2020 तक मुफ्त राशन प्रदान किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत 5.90 लाख महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे प्रदान की गई है। इसके साथ ही 8.74 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दो हजार रुपए प्रतिमाह दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कोरोना योद्धाओं का अमूल्य योगदान देने और राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देश का पालन करने में सहयोग देने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।

महाराष्ट्र : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेश टोपे ने मुंबई से प्रवासियो के आने के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच राज्य में बीमारी से ठीक होने वालो की दर संतोषजनक है। महाराष्ट्र में कोविड-19 के  5.84 लाख मामले हैं जिनमें से 1.56 लाख सक्रिय मामले हैं।

गुजरात : राजकोट केंद्रीय जेल के 23 कैदी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 94 बंदियों के त्वरित एंटीजन परीक्षण कराए गए, जिसके बाद 23 विचाराधीन और बंदी शनिवार रात को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए। इससे पहले विभिन्न अवसरों पर 11 बंदी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले थे। इसके बाद जेल में अब कोविड-19 के 34 मामले हो गए हैं। राज्य में कुल 14,359 सक्रिय मामले हैं।

राजस्थान : राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति इंद्रजीत महंती कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा रिकार्ड 1,287 नये मामले सामने आए। 16 लोगो की मृत्यु हुई। इसके साथ ही राज्य में कुल मामले 59,979 हैं और 14,265 सक्रिय मामले हैं।

मध्यप्रदेश : राज्य में सक्रिय मामले 10 हजार से कम रह गए हैं। शनिवार को हालांकि 1,098 नए मामले सामने आए लेकिन सक्रिय मामले 9,986 रह गए।

छत्तीसगढ़ : राज्य में शनिवार को कोविड-19 के 428 नए मामले सामने आए और 4 लोगों की मृत्यु हुई। शनिवार को राज्य में कुल मामले बढ़कर 14,987 हो गए और अब तक 134 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। इसके साथ ही 189 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में अब 4,807 सक्रिय मामले हैं।

गोवा : राज्य में बीते 24 घंटो के दौरान 369 नए मामले सामने आए। बीजेपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के पुत्र उत्पल पर्रिकर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में इस समय 3,753 सक्रिय मामले हैं।

केरल : राज्य में दोपहर तक कोविड-19 से 12 लोगों की मृत्यु हो चुकी थी। अब तक इस बीमारी से 158 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। मल्लापुरम में वायरस के तेजी से फैलने के बाद रविवार का लॉकडाउन लगाया गया है। नए कलस्टर में कमी के बाद कोझिकोड में रविवार का लॉकडाउन आंशिक रूप से हटा लिया गया है। तिरुवनंतपुरम केंद्रीय जेल के 145 और कैदी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। जिले के तटीय क्षेत्रो के कंटेनमेंट में छूट की घोषणा की गई है। केरल में कल 1,608 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में 14,891 रोगियों का उपचार चल रहा हैं और 1,60,169 लोग निगरानी में हैं।

तमिलनाडु : आईएमए की तमिलनाडु शाखा के अनुसार राज्य में कोविड-19 से अब तक 32 डॉक्टरों की मृत्यु हो चुकी है और अन्य मृत 15 डॉक्टरों में कोविड-19 के लक्षण पाए गए थे लेकिन वो परीक्षण में संक्रमण से ग्रसित नहीं मिले हैं। चेन्नई में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान साइबर अपराध शाखा को कोविड-19 संपर्कों का पता लगाने के लिए पुरस्कार दिया गया। चेन्नई में कोविड-19 डयूटी के लिए तैनात सेवारत और गैर-सेवारत पीजी डॉक्टरों को दो माह का वेतन नहीं मिला है। चेन्नई में लगातार दूसरे दिन 1 हजार से ज्यादा मामले सामने आए और कल 1,179 नए मामले दर्ज किए गए। कल 5,860 नए मामले सामने आए, 5,236 बीमारी से ठीक हुए और 127 लोगों की मृत्यु हुई। तमिलनाडु में कुल मामले : 3,32,105, सक्रिय मामले : 54,213, मृत्यु : 5641.

कर्नाटक : आरटी-पीसीआर टेस्ट के परिणाम दो घंटे में प्राप्त करने के लिए राज्य का स्वास्थ्य विभाग प्रयोगशालाओं को अधिक स्वचालित मशीन देगा। बेंगलुरु से कल 976 लोगों को लेकर एक श्रमिक ट्रेन गुवाहाटी के लिए रवाना हुई। मैसूर में एक ही दिन में तीन अंकों में मामले मिलने का सिलसिला जारी है। जिले में शनिवार को 635 नए मामले सामने आए और कुल मामले 9,915 हो गए हैं। राज्य में कल 7,908 नए मामले सामने आए, 6,940 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और 104 लोगों की मृत्यु हुई। राज्य में अब तक कुल मामले : 2,11,108, सक्रिय मामले : 79,201, मृत्यु : 3,717, अस्पताल से छुट्टी दे दी गई : 1,28,182.

आंध्रप्रदेश : कुर्नूल में संक्रमण तेजी से बढ़ने के साथ-साथ अस्पताल से छुट्टी मिलने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। जिले में बीमारी से ठीक होने की दर 72.46 प्रतिशत है जोकि राज्य में दूसरे स्थान पर है। विशाखापट्टनम में कोविड-19 के मामले 25 हजार से अधिक होने वाले हैं जबकि 1,316 कोविड रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कडप्पा जिले में पिछले दिनो में कोविड से स्वस्थ होने वाले दर में सुधार हुआ है। बीते 12 दिनों में कोविड-19 अस्पतालों और देखभाल केंद्रो से 6,907 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। राज्य में कल 8,732 नए मामले और 87 लोगों की मृत्यु हुई। राज्य में कोविड-19 से अब तक 2,562 लोगों की मौत हो चुकी है और 88,138 सक्रिय मामले हैं।

तेलंगाना : राज्य में कोविड-19 के मामले 90 हजार से अधिक हो गए हैं। बीते 24 घंटो में 1102 नए मामले,1930 लोग ठीक हुए और 9 मृत्यु दर्ज की गई। 1102 नए मामलों से से 234 मामले जीएचएमसी में पाए गए। राज्य में अब तक कुल मामले 91,361, सक्रिय मामले 22,542 और 684 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 68,126 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में इस बीमारी से ठीक होने की दर 74.56 प्रतिशत है जबकि देश में यह दर 71.6 प्रतिशत है।

अरुणाचल प्रदेश : राज्य में कोविड के 51 नए मामले सामने आए हैं। 23 लोग बीमारी से स्वस्थ हो गए है और राज्य में अब 882 सक्रिय मामले हैं।

असम : राज्य में कल 1,593 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके साथ अब तक 53,286 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है और 22,087 सक्रिय मामले हैं।

मणिपुर : राज्य में कोविड-19 के 192 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से 131 केंद्रीय सुरक्षा बलों के हैं। राज्य में इस समय 1989 सक्रिय मामले हैं और बीमारी से ठीक होने की दर 55 प्रतिशत है।

मिजोरम : मिजोरम में कल एक दिन में सबसे अधिक 64 नए मामले दर्ज हुए। राज्य में इस समय कुल 777 मामले हैं। इनमें से 421 सक्रिय मामले हैं और 356 लोग ठीक हो चुके हैं।

मेघालय : मेघालय में कोविड-19 के 64 नये मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें ज्यादातर नागरिक है जबकि 15 मरीज स्वस्थ हो चुके है।

नागालैंड: राज्य में शनिवार को एक दिन में सबसे कम 18 मामले सामने आए। राज्य में 1321 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि जून, 2020 तक 6.8 करोड़ रुपए कोविड उपकर के रूप में एकत्र हुए हैं। इस राशि को राज्य की समेकित निधि में जमा किया गया है और इसका प्रयोग कोविड-19 संबंधी गतिविधियों में किया जाएगा।

सिक्किम : राज्य में आज 19 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही अब सिक्किम में 493 सक्रिय मामले हैं और 671 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पीआईबी द्वारा जांचे गए तथ्य

एमजी/एएम/एसके/एजे

 


(Release ID: 1646387) Visitor Counter : 323