पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डिब्रूगढ़ के बोगीबील से स्वतंत्रता के बाद पहली बार बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई


केंद्रीय मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने बोगीबील से ढाका के लिए 540 टन एपीसीएल मेथनॉल की खेप को रवाना किया; असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए

ब्रह्मपुत्र (राष्ट्रीय जलमार्ग-2) पर यह यात्रा पूर्वोत्तर भारत को विदेशी बाजारों से जोड़ने वाले माल ढुलाई गलियारे के रूप में नदी की क्षमता की परीक्षा

“1956 में थम गई स्टीमर की सीटी आज फिर सुनाई दी” : सरबानंद सोनोवाल

प्रविष्टि तिथि: 05 OCT 2026 4:02PM by PIB Delhi

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने आज डिब्रूगढ़ के बोगीबील टर्मिनल से 540 मीट्रिक टन मेथनॉल के साथ कुशल कोनवार टगबोट द्वारा धकेले जा रहे डीएलबी पटकाई जहाज को हरी झंडी दिखाकर बांग्लादेश के लिए रवाना किया। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा इस अवसर पर वर्चुअल रूप से शामिल हुए। भारत की स्वतंत्रता के बाद (1947 में), लगभग 70 वर्षों बाद (शहर के नदी घाट के बंद होने के बाद), यह ऊपरी असम से किसी विदेशी बंदरगाह पर भेजा गया पहला माल है।

नामरूप स्थित सरकारी स्वामित्व वाली असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड (एपीसीएल) द्वारा उत्पादित मेथनॉल बांग्लादेश के ढाका स्थित पांगाओन बंदरगाह के लिए रवाना हो रहा है। यह पोत भारत में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने राष्ट्रीय जलमार्ग-2 से होते हुए लगभग 768 किलोमीटर की दूरी तय करके भारत-बांग्लादेश सीमा तक पहुंचेगा और फिर भारत-बांग्लादेश प्रोटोकॉल मार्ग (आईबीपीआर) पर आगे बढ़ेगा। यह पोत डिब्रूगढ़ के बोगीबील से ढाका के नारायणगंज तक कुल 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करेगा।

इस यात्रा को इस परीक्षण के रूप में देखा जा रहा है कि क्या ब्रह्मपुत्र पूर्वोत्तर को विदेशी बाजारों से जोड़ने वाले एक व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य माल ढुलाई गलियारे के रूप में कार्य कर सकता है। बांग्लादेश को मेथनॉल की नियमित खेप भेजने की योजना है। बोगीबील और धुबरी में हाल ही में सीमा शुल्क और आव्रजन परिसर स्थापित होने के बाद यह खेप भेजना संभव हो पाया है।

श्री सोनोवाल ने कहा, “हमारे दादा-दादी दिब्रूगढ़ घाट पर स्टीमर की सीटी की आवाज सुनते हुए बड़े हुए। 70 सालों तक इस सीटी की आवाज नहीं सुनाई दी और जहाज़ों का आना-जाना भी बंद हो गया। आज एक जहाज़ डिब्रूगढ़ से फिर से दुनिया के लिए रवाना हो रहा है। नदी ने हमें कभी निराश नहीं किया। दशकों तक इसमें जिस चीज की कमी रही, वह थी इसे पुनर्जीवित करने की इच्छाशक्ति।”

मुख्यमंत्री श्री हेमंत विस्वा सरमा ने इसे असम के लिए गौरव का दिन बताया। उन्होंने कहा, "असम का अपना उत्पाद, जो नामरूप में बना है, अब असम की अपनी नदी के रास्ते अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहा है। पूर्वोत्तर अब सीमांत क्षेत्र नहीं रहा। यह भारत का पूर्व की ओर जाने वाला प्रवेश द्वार है।"

श्री सोनोवाल ने कहा कि यह शिपमेंट एक शुरुआत है। उन्होंने कहा, "यह पहली यात्रा है, आखिरी नहीं। असम के युवाओं से मेरा यही कहना है: इस नदी के साथ सपने देखो। दुनिया अब दूर नहीं है, बल्कि नदी के बहाव के साथ ही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत की चाय राजधानी डिब्रूगढ़ एक महान नदी बंदरगाह के रूप में अपने पुराने गौरव को पुनः प्राप्त कर रहा है। हम इसकी विरासत का सम्मान करते हुए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ इसका निर्माण कर रहे हैं। 1956 के बाद स्टीमर की सीटी फिर से सुनाई दे रही है।"

डिब्रूगढ़ कभी पूर्वी भारत के सबसे व्यस्त नदी बंदरगाहों में से एक था। 1856 तक, कलकत्ता (अब कोलकाता) से सरकारी स्टीमर इस शहर तक पहुँचते थे। 1882 में, डिब्रू-सादिया रेलवे ने दिब्रूगढ़ स्टीमर घाट से परिचालन शुरू किया। 1913 तक, स्टीमर प्रतिदिन ब्रह्मपुत्र नदी के रास्ते इस शहर तक चाय, लकड़ी और यात्रियों को लेकर जाते थे।

1947 के विभाजन ने उस मार्ग को काट दिया, जिससे असम के माल को कोलकाता पहुंचने के लिए पूर्वी पाकिस्तान से होकर गुजरना पड़ा। 1950 में आए भूकंप ने डिब्रूगढ़ में नदी के तल को प्रभावित किया। डिब्रूगढ़ घाट से नियमित बुकिंग 1954 में बंद हो गई और चाय की ढुलाई रेल द्वारा होने के कारण 15 अक्टूबर, 1956 को घाट बंद कर दिया गया। भारत और पाकिस्तान के बीच 1965 के युद्ध ने सीमा पार नदी व्यापार को रोक दिया। भारत और बांग्लादेश ने 1972 में एक नदी व्यापार प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए। 1988 में, सदिया से धुबरी तक ब्रह्मपुत्र नदी के 891 किलोमीटर लंबे हिस्से को राष्ट्रीय जलमार्ग-2 घोषित किया गया। पांडू से धुबरी तक सीमेंट की ढुलाई शुरू होने के बाद भी इस जलमार्ग पर नियमित माल ढुलाई सेवा दिसंबर 2017 तक शुरू नहीं हुई।

श्री सरबानंद सोनोवाल ने कहा, "दशकों तक उस गौरव को धूमिल होने दिया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने डिब्रूगढ़ को उसका उचित स्थान वापस दिलाने का संकल्प लिया। बोगीबील टर्मिनल, सीमा शुल्क एवं आव्रजन परिसर और 'जलवाहक' के अंतर्गत नियमित माल ढुलाई सेवाएं इस ऐतिहासिक शहर को आधुनिक सुविधाएं और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान कर रही हैं। हम भविष्य का निर्माण कर रहे हैं और साथ ही उस विरासत को पुनर्जीवित कर रहे हैं जिसने डिब्रूगढ़ को महान बनाया। आज, जब माल एक बार फिर डिब्रूगढ़ से विदेशी बंदरगाहों के लिए रवाना हो रहा है, तो शहर का गौरवशाली अतीत और उसका उज्ज्वल भविष्य एक ही नदी पर मिल रहे हैं।" 

तब से इस मार्ग पर गतिविधियां बढ़ गई हैं। टाटा स्टील के बजरे फरवरी 2022 में बांग्लादेश होते हुए पांडू पहुंचे, और नदी क्रूज जहाज एमवी गंगा विलास 2023 में वाराणसी से बांग्लादेश होते हुए डिब्रूगढ़ के लिए रवाना हुआ। बोगीबील यात्री और मालवाहक टर्मिनल, जिसकी आधारशिला जुलाई 2023 में रखी गई फरवरी 2024 में इसे खोला गया। वर्ष 2024 में 'जलवाहक' माल प्रोत्साहन कार्यक्रम दिसंबर में शुरू किया गया।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, भारत के राष्ट्रीय जलमार्गों पर माल ढुलाई वित्त वर्ष 2013-14 में 18 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 2025-26 में 218 मिलियन मीट्रिक टन हो गई है। पूर्वोत्तर के जलमार्गों में 68 बिलियन रुपये (लगभग 770 मिलियन डॉलर) से अधिक का निवेश किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय जलमार्ग-2 का विकास, पांडू में जहाज मरम्मत सुविधा और पांडू बंदरगाह तक कनेक्टिविटी शामिल है।

श्री सोनोवाल ने कहा, "नदी के रास्ते माल की आवाजाही से ईंधन की खपत कम होती है और राजमार्गों पर ट्रकों की संख्या भी कम होती है।" उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्रीय जलमार्ग संपर्क के लिए बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और म्यांमार के साथ मिलकर काम कर रहा है।

इस यात्रा में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, असम पेट्रो-केमिकल्स, कोचीन बंकर्स प्राइवेट लिमिटेड और बांग्लादेश में उनके साझेदार शामिल थे।

असम सरकार में मंत्री चरण बोरो, बिमल बोराह और सुशांत बोरगोहेन तथा राज्यसभा सदस्य तेराश गोवाला, डिब्रूगढ़ एलएसी के विधायक प्रशांत फुकन और खोवांग एलएसी के विधायक चक्रधर गोगोई, आईडब्ल्यूएआई के मुख्य अभियंता एके बंसल और असम पेट्रो-केमिकल्स एपीसीएल के अध्यक्ष बिकुल चंद्र डेका एपीसीएल, आईडब्ल्यूएआई और असम सरकार के अधिकारी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उपस्थित थे ।

 

 

 

***

पीके/केसी/आरटी/जेके/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2319306) आगंतुक पटल : 156
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Bengali-TR , English , Urdu , Bengali , Assamese , Tamil , Telugu , Malayalam