युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने ओलंपिक खेलों के लिए सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों (एनएसएफ) को 15 जुलाई तक लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक योग्यता और एथलीट चयन प्रक्रिया प्रकाशित करने का निर्देश दिया

खेल मंत्रालय ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए ओलंपिक योग्यता और चयन मानदंडों के पारदर्शी प्रकाशन का आह्वान किया

प्रविष्टि तिथि: 09 JUL 2026 5:32PM by PIB Delhi

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों (एनएसएफ) को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए एथलीटों के चयन हेतु अपनाए जाने वाले मानदंडों और प्रक्रिया सहित ओलंपिक योग्यता और चयन विधि प्रकाशित करने का निर्देश दिया है।

खेल मंत्रालय ने दोहराया है कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल, पैरा एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े खेल आयोजनों के लिए चयन नीति और मानदंड को अच्छी तरह से प्रचारित किया जाना चाहिए और संबंधित खेलों के प्रारंभ होने से कम से कम दो साल पहले संबंधित एनएसएफ की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाना चाहिए।

चयन नीति और मानदंड को राष्ट्रीय खेल संघों की सदस्य इकाइयों और भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ भी साझा किया जाना चाहिए।

लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेल 14 जुलाई से 30 जुलाई 2028 तक आयोजित होने वाले हैं।

मंत्रालय ने सूचित किया है कि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए योग्यता प्रक्रिया संबंधित अंतर्राष्ट्रीय महासंघों द्वारा जारी कर दी गई है, जो निम्नलिखित लिंक पर उपलब्ध है:

https://www.olympics.com/ioc/documents/olympic-games/los-angeles-2028-olympic-games

तदनुसार, सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों (एनएसएफ) से अनुरोध किया गया है कि वे ओलंपिक योग्यता और चयन विधि को, जिसमें खेलों के लिए एथलीटों के चयन हेतु अपनाए जाने वाले मानदंड और प्रक्रिया शामिल हैं, अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर तुरंत और 15 जुलाई 2026 से पहले प्रकाशित करें।

एनएसएफ को सभी संबद्ध राज्य और केंद्र शासित प्रदेश संघों के बीच चयन प्रक्रिया का प्रसार करने के लिए भी कहा गया है।

इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि खेलों के लिए योग्यता विधि, चयन मानदंड और चयन प्रक्रिया सभी हितधारकों के लाभ के लिए काफी पहले सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दी जाए।

****

पीके/केसी/एके/एनजे

 


(रिलीज़ आईडी: 2282973) आगंतुक पटल : 201
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Tamil , English , Urdu , Marathi , Gujarati , Telugu , Kannada , Malayalam