वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
कनाडा-भारत संयुक्त वक्तव्य 2026 व्यापार और निवेश मंच
प्रविष्टि तिथि:
29 MAY 2026 9:00AM by PIB Delhi
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की है ताकि दोनों देशों में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और व्यवसायों के लिए कारोबारी अवसरों को बढ़ाने वाले मजबूत परिणाम प्राप्त किए जा सकें। हाल ही में हुई मंत्रिस्तरीय बैठकों से मिली गति को आगे बढ़ाते हुए, श्री सिद्धू ने श्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में विश्व के अब तक सबसे बड़े भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि-खाद्य, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकी और कौशल विकास जैसे पूरक क्षेत्रों में सहयोग को परिपुष्ट करने के अवसरों पर बल दिया।
दोनों मंत्रियों ने एक महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस वर्ष के अंत तक वार्ता को पूरा करने के अपने साझा लक्ष्य की पुष्टि की। उन्होंने बाजार पहुंच बढ़ाने, सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं का समर्थन करने और द्विपक्षीय आर्थिक विकास को सक्षम बनाने में सीईपीए के महत्व पर बल दिया।
दोनों मंत्रियों ने कनाडा-भारत व्यापार और निवेश मंच का शुभारंभ एक प्रमुख मंच के रूप में किया। यह कनाडा और भारतीय उद्योगजगत प्रमुखों को एक साथ लाते हुए नई वाणिज्यिक साझेदारियों और व्यापारिक जुड़ाव को बढ़ावा देता है।
दोनों मंत्रियों ने भारत और कनाडा के बीच संपर्क बढ़ाने के महत्व पर भी बल दिया- जिसमें लोगों के बीच संबंध, व्यावसायिक गतिशीलता और प्रत्यक्ष वाणिज्यिक संपर्क शामिल हैं और यह विस्तारित व्यापार और निवेश के लिए आवश्यक कारक हैं।
श्री सिद्धू ने पुष्टि की कि कनाडा इस वर्ष के अंत में भारत में टीम कनाडा व्यापार मिशन का नेतृत्व करेगा, जो भारतीय बाजार में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने में कनाडा के व्यवसायों की मजबूत रुचि और वाणिज्यिक साझेदारी को गहरा करने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
कनाडा और भारत ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में दीर्घकालिक, उच्च गुणवत्ता वाले निवेश को प्रोत्साहित करना जारी रखने और दोनों देशों के व्यवसायों, नवोन्मेषकों और संस्थागत भागीदारों के बीच गहन सहयोग का समर्थन करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों ने नियमित संवाद बनाए रखने और आगामी महीनों में ठोस परिणाम प्राप्त करने की भी प्रतिबद्धता जताई।
****
पीके/केसी/एसएस/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2266508)
आगंतुक पटल : 731
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
Punjabi
,
Malayalam
,
English
,
Urdu
,
Marathi
,
Bengali
,
Bengali-TR
,
Manipuri
,
Gujarati
,
Tamil
,
Telugu
,
Kannada