57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

भारत-जापान रचनात्मक सहयोग सुदृढ़ बनाने के लिए 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आईआईसीटी और वाकॉम इंडिया के बीच रणनीतिक समझौता

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 3:06PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2340395Views: 37

एनीमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी क्षेत्र में कौशल विकास, अनुसंधान और नवाचार के लिए मुंबई में स्थापित - भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान – आईआईसीटी ने रचनात्मक प्रौद्योगिकी और कौशल विकास के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग सुदृढ़ बनाने के लिए 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव - इफ्फी-2026 के दौरान वाकॉम इंडिया के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस साझेदारी का उद्देश्य भारतीय विद्यार्थियों को पेशेवर उपकरणों और उद्योग आधारित प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराना है। समझौते के तहत, आईआईसीटी के दो वर्षीय तीन डिप्लोमा कार्यक्रमों- एनीमेशन फिल्म डिजाइन, इंटरैक्टिव वीडियो गेम डिजाइन एवं विकास तथा पोस्ट प्रोडक्शन एवं विजुअल इफेक्ट्स में अध्ययनरत 18 विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत शिक्षण शुल्क छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही, बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पात्र विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा प्रदान की जाएगी।

आईआईसीटी और वाकॉम इंडिया सहयोग के तहत दिसंबर 2027 तक जापानी और भारतीय कलाकारों एवं विशेषज्ञों के नेतृत्व में मंगा, एनीमे और अन्य रचनात्मक विधाओं पर 10 वाकॉम-ब्रांडेड रचनात्मक प्रतियोगिताओं और हर तीन महीने आयोजित होने वाली मास्टरक्लास द्वारा विद्यार्थियों को व्यवस्थित मार्गदर्शन और वैश्विक अनुभव उपलब्ध कराए जाएंगे। मंगा जापानी शैली की कॉमिक्स या ग्राफिक उपन्यास होते हैं, जबकि एनीमे जापान में बनी एनिमेटेड टीवी सीरीज़ या फिल्में होती हैं। दोनों संस्थान मिलकर डिजिटल चित्रांकन, कॉन्सेप्ट आर्ट, कैरेक्टर डिजाइन, एनीमेशन और गेम आर्ट में विद्यार्थियों की रचनात्मक कृतियों का वैश्विक प्रदर्शन मंच विकसित करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को उद्योग अनुरूप पोर्टफोलियो तैयार करने में सहायता मिलेगी। समझौते में पारस्परिक सहमत योजना के तहत आईआईसीटी को वाकॉम टैबलेट की पैकेजिंग और उसके पिक्सेल पर्च क्रिएटर प्लेटफॉर्म में शामिल करने का प्रावधान भी है।

समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर के अवसर पर आईआईसीटी के संस्थापक निदेशक डॉ. आशीष कुलकर्णी ने कहा कि भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था विकसित करने में युवा रचनाकारों को वैश्विक सृजनात्मक तंत्र से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी एनीमेशन, मंगा और गेमिंग के क्षेत्र में जापान की विशेषज्ञता को भारत की विविधतापूर्ण कहानी कहने की समृद्ध परंपरा के साथ जोड़ती है। इससे विद्यार्थी वैश्विक दर्शकों हेतु मौलिक बौद्धिक संपदा तैयार कर सकेंगे।

आईआईसीटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. विश्वास देवसकर ने एवीजीसी-एक्सआर क्षेत्र में रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए व्यावहारिक अनुभव के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं, मास्टरक्लास, पेशेवर उपकरणों और पोर्टफोलियो से विद्यार्थियों को वास्तविक रूप से काम करने और उद्योग में काम करने की तैयारी दिखाने में मदद मिलेगी।

वाकॉम के क्रिएटिव एक्सपीरियंस यूनिट के वैश्विक प्रमुख कोजी यानो ने एनीमेशन, मंगा, गेमिंग और डिजिटल सामग्री के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच रचनात्मक सहयोग तथा ज्ञान के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंक सहित वाकॉम की प्रौद्योगिकी युवा भारतीय रचनाकारों को वैश्विक रचनात्मक साझेदारियों में सहयोग और भाग लेने में सक्षम बनाएंगी।

आईआईसीटी के बारे में:

भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान - आईआईसीटी, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) के लिए भारत का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र है। इसकी स्थापना केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, महाराष्ट्र सरकार, भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ - फिक्की और भारतीय उद्योग परिसंघ – सीआईआई के सहयोग से की गई है। इसका पहला परिसर जुलाई 2025 में मुंबई स्थित राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम - एनएफडीसी परिसर में शुरू हुआ, जबकि इसका स्थायी परिसर फिल्म सिटी में विकसित किया जा रहा है। आईआईसीटी अभी 18 पाठ्यक्रम संचालित करता है और इसकी विश्व की अग्रणी प्रौद्योगिकी एवं मीडिया कंपनियों के साथ साझेदारी है।

आईएफएफआई लॉयड के बारे में यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2340395
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026