संस्कृति मंत्रालय
8वीं प्रधानमंत्री स्मृति चिन्ह ई-नीलामी में उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत की धूम
27 स्मृति चिन्ह राज्य के पवित्र स्थलों, लोक परंपराओं और क्षेत्रीय पहचान को दर्शाते हैं
प्रविष्टि तिथि:
13 OCT 2026 1:02PM by PIB Delhi
आठवीं प्रधानमंत्री स्मृति चिन्ह ई-नीलामी में प्रदर्शित 27 स्मृति चिन्हों के संग्रह में देवताओं की भूमि यानी देवभूमि के रूप उत्तराखंड की पहचान झलकती है। प्रधानमंत्री को भेंट किए गए इन उपहारों में फ्रेमयुक्त कलाकृतियां, फोटो प्रिंट, मंदिर के मॉडल और अन्य यादगार वस्तुएं शामिल हैं। ये उपहार आस्था, कला और सांस्कृतिक परिदृश्य के घनिष्ठ सम्बंध को दर्शाते हैं। नीलामी से प्राप्त धनराशि नमामि गंगा कार्यक्रम को सहायता स्वरूप प्रदान की जाएगी।
उत्तराखंड के कुछ पूजनीय पूजा स्थलों को चार मंदिर मॉडल्स द्वारा दर्शाया गया है। इनमें श्री केदारनाथ धाम के दो मॉडल, उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर का एक मॉडल और मुखबा स्थित गंगा जी मंदिर का एक लकड़ी का मॉडल शामिल हैं । ये सभी मॉडल राज्य के सांस्कृतिक जीवन में तीर्थयात्रा और भक्ति के महत्व को दर्शाते हैं।
एक फोटो प्रिंट में चारों तीर्थ धाम - बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनात्री - को एक साथ दर्शाया गया है। हरिद्वार में मनसा देवी की एक फ्रेमयुक्त तस्वीर, आदि कैलाश का दृश्य , महासू देवता मंदिर का चित्र और कार्तिक स्वामी मंदिर को दर्शाने वाला एलईडी-रोशनी वाला कांच का स्मृति चिन्ह इस पवित्र परिदृश्य को और भी भव्य बनाते हैं। नारायण आश्रम और कुमाऊं हिमालय को दर्शाने वाला एक प्रिंट इस क्षेत्र के आध्यात्मिक स्वरूप को आकार देने वाले पर्वतीय परिवेश को चित्रित करता है।
इस क्षेत्र की लोक कला में भी आस्था की अभिव्यक्ति मिलती है। ऐपन कला एक दीवार घड़ी और मां दुर्गा को दर्शाने वाली कलाकृति में दिखाई देती है। ये कलाकृतियां स्थानीय कलात्मक परंपराओं में धार्मिक प्रतीकों के महत्व को दर्शाती हैं। सात उत्तराखंडी/पहाड़ी टोपियां राज्य की क्षेत्रीय पहचान की एक परिचित अभिव्यक्ति प्रस्तुत करती हैं।
इस संग्रह में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन का हस्ताक्षर किया हुआ एक बैडमिंटन रैकेट भी शामिल है। यह राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से काफी हद तक प्रभावित एक समूह के भीतर खेल की उपलब्धि का प्रतिनिधित्व करता है।
मुखबा स्थित गंगा जी मंदिर का मॉडल इस विरासत को प्रधानमंत्री स्मृति चिन्ह पहल के उद्देश्य से जोड़ता है। यह उत्तराखंड के आध्यात्मिक जीवन में गंगा के महत्व को दर्शाता है, जबकि नीलामी से प्राप्त धनराशि नमामि गंगा के माध्यम से नदी के पुनरुद्धार और संरक्षण में सहायक होगी।
वर्तमान में आठवीं प्रधानमंत्री स्मृति चिन्ह ई-नीलामी चल रही है और इसकी अवधि 31 तारीख तक बढ़ा दी गई है। इच्छुक बोलीदाता आधिकारिक पीएम मेमेंटोस ई-नीलामी पोर्टल: https://pmmementos.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन बोली लगा सकते हैं।
***
पीके/केसी/आरटी/वीके/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2322751)
आगंतुक पटल : 76