वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए अमेरिका की यात्रा करेंगे


श्री गोयल मिलवॉकी, शिकागो और न्यूयॉर्क में अमेरिकी उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों और स्टार्ट-अप समुदाय के साथ संवाद करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 28 SEP 2026 6:19PM by PIB Delhi

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल 29 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। श्री गोयल अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) के निमंत्रण पर 30 सितम्बर और 1 अक्टूबर 2026 को मिलवॉकी, विस्कॉन्सिन में आयोजित होने वाली जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे।

इस बैठक में जी20 सदस्य देशों के व्यापार मंत्री शामिल होंगे। भारत सभी जी20 सदस्य देशों के साथ रचनात्मक रूप से संवाद करेगा और विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) को केन्द्र में रखते हुए नियम-आधारित, खुली, समावेशी, पारदर्शी, न्यायसंगत और गैर-भेदभावपूर्ण बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली के लिए काम करेगा। साथ ही, विकासशील देशों के लिए पर्याप्त नीतिगत गुंजाइश सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा। बैठक के अलावा श्री गोयल अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में किसानों, मछुआरों, महिला उद्यमियों, स्टार्ट-अप, एमएसएमई और अन्य उद्यमों के लिए अवसरों का विस्तार करने पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा।

श्री पीयूष गोयल अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। यह बैठक एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को आगे बढ़ाने और 7 फरवरी 2026 के संयुक्त वक्तव्य के अनुरूप एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए जारी प्रयासों के तहत होगी।

मिलवॉकी और शिकागो में श्री गोयल विनिर्माण, उपभोक्ता वस्तुओं, कृषि-व्यवसाय, खुदरा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों की प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वे व्यवसायों, स्टार्ट-अप और नवोन्मेषी कंपनियों के साथ गोलमेज बैठकों में भी भाग लेंगे। वे विनिर्माण और निवेश के गंतव्य के रूप में भारत द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों को रेखांकित करेंगे और अमेरिकी कंपनियों को भारतीय उद्यमों के साथ अपनी साझेदारियों को और मजबूत करने के लिए आमंत्रित करेंगे।

शिकागो में श्री गोयल गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वे भारतीय समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले पेशेवर संगठनों के साथ भी संवाद करेंगे।

इस यात्रा से भारत और अमेरिका के बीच व्यापार एवं निवेश साझेदारी को और मजबूत करने तथा जी20 के अपने साझेदार देशों के साथ भारत के जुड़ाव को और गहरा करने की उम्मीद है।

***

पीके/केसी/आरटी/केपी/डीके

 


(रिलीज़ आईडी: 2316157) आगंतुक पटल : 50
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Malayalam