गृह मंत्रालय
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 22 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
केन्द्रीय गृह मंत्री लखनऊ एवं देहरादून में NCB के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगे
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भारत सरकार देश के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है
प्रधानमंत्री मोदी जी ने 2047 में विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और नशामुक्त भारत के निर्माण के बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है
दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए विज़न डॉक्यूमेंट (2026–2029) में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में ANTF की भूमिका पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा
ड्रग कार्टेल को खत्म करना, सिंथेटिक ड्रग्स और गुप्त प्रयोगशालाओं से निपटना तथा डार्कनेट और क्रिप्टो जांच से जुड़े मुद्दे चर्चा के एजेंडे में शीर्ष पर
प्रविष्टि तिथि:
21 SEP 2026 12:53PM by PIB Delhi
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर श्री अमित शाह मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले टेलीविजन कमर्शियल (TVC) का विमोचन करेंगे तथा लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ANTF को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा नए स्वरूप में तैयार NCB की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया जाएगा। NCB द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भारत सरकार देश के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने 2047 में विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और नशामुक्त भारत के निर्माण के बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है। यह सम्मेलन देश की आने वाली पीढ़ियों को नशे के खतरे से बचाने के लिए एक सशक्त माध्यम के रूप में काम करेगा।
“समूहिक संकल्प, साझा दायित्व” थीम पर आधारित यह सम्मेलन, हाल ही में नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए जारी विज़न डॉक्यूमेंट (2026-29) में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF के लिए निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति और देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटने के लिए संबंधित हितधारकों द्वारा किए गए प्रयासों पर केंद्रित होगा। भारत सरकार द्वारा सप्लाई रिडक्शन, डिमांड रिडक्शन और हार्म रिडक्शन से संबंधित उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपयुक्त रणनीतियों की पहचान और उनके क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर भी सम्मेलन के दौरान प्रमुखता से विचार-विमर्श होगा।
विजन डॉक्यूमेंट के चार मुख्य रणनीतिक स्तंभों—(I) प्रवर्तन, आसूचना एवं ऑपरेशंस, (II) प्रीकर्सर एवं सिंथेटिक ड्रग्स नियंत्रण, (III) डिमांड और हार्म रिडक्शन तथा (IV) क्षमता निर्माण एवं समन्वय - के अनुरूप, कार्यक्रम के दौरान निम्नलिखित आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे:
- नारकोटिक्स नियंत्रण हेतु विज़न डॉक्यूमेंट (2026-2029) – भाग-I: संस्थागत तंत्र
- नेटवर्क लिंकेज और कार्टेल्स को तोड़ना भाग-I
- नारकोटिक्स कंट्रोल हेतु विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029) – भाग-II: मांग में कमी, रोकथाम एवं पुनर्वास
- नेटवर्क लिंकेज और कार्टेल्स को तोड़ना भाग-II
- प्रवर्तन (Enforcement) की प्रभावशीलता में सुधार
- प्रीकर्सर, सिंथेटिक ड्रग्स एवं गुप्त प्रयोगशालाएँ
- ड्रग्स की अवैध खेती का विनाश एवं वैकल्पिक फसल
- डार्कनेट एवं क्रिप्टो जांच
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले राज्यों, विभागों और एजेंसियों को Whole of Government Approach के तहत अगले तीन वर्षों के दौरान देशभर में ड्रग्स की तस्करी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।
सम्मेलन के दौरान किए गए विचार-विमर्श से ड्रग्स नियंत्रण संबंधी कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन को और सुदृढ़ करने और देश के युवाओं को ड्रग्स से दूर रखने के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। यह राष्ट्रीय आयोजन ड्रग्स के दुरुपयोग से निपटने और नशा-मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए एनसीबी तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एएनटीएफ के बीच भविष्य के लिए तैयार साझेदारी को और मजबूत करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
*****
RK/RR/PR/PS
(रिलीज़ आईडी: 2312889)
आगंतुक पटल : 321
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
Assamese
,
English
,
Urdu
,
Marathi
,
Bengali
,
Bengali-TR
,
Punjabi
,
Gujarati
,
Tamil
,
Telugu
,
Kannada
,
Malayalam