वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीआरआई ने पूरे भारत में सोने की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए लगभग 62 करोड़ रुपये की कीमत का 41 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया; इसमें तीन विदेशी नागरिकों सहित 24 लोग गिरफ्तार किए गए


अभियानों से हवाई अड्डों, रेल मार्गों और भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए चलने वाले गुप्तचरों और संगठित तस्करी नेटवर्कों के जटिल तरीकों का पर्दाफाश हुआ

प्रविष्टि तिथि: 10 SEP 2026 5:30PM by PIB Delhi

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की संगठित तरीके से की जाने वाली तस्करी पर अपनी कार्रवाई निरंतर जारी रखते हुए हाल के दिनों में छः खुफिया अभियानों में लगभग 41 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 62 करोड़ रुपये है। इन अभियानों के चलते तीन विदेशी नागरिकों सहित 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया और हवाई अड्डों, रेल मार्गों और भारत-बांग्लादेश सीमा के माध्यम से संचालित होने वाले गुप्त तरीकों और संगठित तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।

दिल्ली में एक बड़े अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने 07.09.2026 को विदेशी मूल के सोने की खरीद और उसके रूपांतरण में शामिल एक शख्स से जुड़े परिसरों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। एक आवासीय परिसर में सोने को पिघलाने, बेलने और डाई-कटिंग करने वाली मशीनों से लैस एक विनिर्माण संयंत्र मिला। 1 किलोग्राम वजन की चार विदेशी मूल की सोने की छड़ें और तस्करी की गई सोने की छड़ों से बनी लगभग 6.2 किलोग्राम सोने की चेन बरामद की गईं, जिससे कुल जब्त की गई सोने की मात्रा लगभग 10.2 किलोग्राम हो गई। विनिर्माण संयंत्र के मालिक को गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली में जब्त की गईं विदेशी मूल की चार सोने की छड़ें

08.09.2026 को एक अलग अभियान में, दिल्ली में डीआरआई अधिकारियों ने पंजाब से रहे एक वाहन को रोका और उसमें से 1.21 किलोग्राम सोना और लगभग 43.50 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद कर जब्त की; एक शख्स को गिरफ्तार किया गया।

इसके पहले, 05-06.09.2026 को, डीआरआई ने बीएसएफ की मदद से, भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बीओपी हल्दरपारा में एक शख्स से लगभग 11.3 किलोग्राम वजन की विदेशी मूल की 89 सोने की छड़ें जब्त कीं। चूंकि वह शख्स वैध कब्जे के दस्तावेज पेश नहीं कर सका, इसलिए सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के अंतर्गत सोना जब्त किया गया। गिरफ्तार शख्स ने तस्करी में लिप्त होने की बात स्वीकार की और उसे सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।

भारत-बांग्लादेश सीमा पर जब्त किया गया 11.3 किलोग्राम सोना

हावड़ा रेलवे स्टेशन पर जब्त की गई विदेशी मूल की चार विकृत सोने की छड़ें

पश्चिम बंगाल में 3-4 अप्रैल 2026 को हुई एक अलग कार्रवाई में, डीआरआई अधिकारियों ने हावड़ा रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को रोका, जो किसी दूसरे नाम से यात्रा कर रहा था। उसके शरीर में छिपाई गई एक विशेष रूप से तैयार की गई कपड़े की बेल्ट से 4.6 किलोग्राम वजन की चार नकली विदेशी सोने की छड़ें बरामद की गईं। जांच में पता चला कि सोने को पिघलाकर नकली छड़ों में परिवर्तित किया गया था, जिससे उसे मुंबई भेजा जा सके। यात्री और उसके साथी दोनों को गिरफ्तार किया गया।

मुंबई में, डीआरआई अधिकारियों ने हवाई अड्डे के कर्मचारियों और ट्रांजिट यात्रियों/ हैंडलरों से जुड़े एक सुनियोजित गिरोह का भंडाफोड़ किया। 9-10 सितंबर 2026 को, डीआरआई अधिकारियों ने हवाई अड्डे से कार में चुपके से निकले एक कर्मचारी का लगभग 50 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ा। वह कर्मचारी हवाई अड्डे से तस्करी किए गए सोने को प्राप्त करने और गुप्त तरीके से ले जाने में शामिल था। तलाशी लेने पर उसके पास से मोम के रूप में सोने की धूल से भरी तीन कैप्सूलें बरामद हुईं। जांच में पता चला कि सोने के कैप्सूल ट्रांजिट एरिया में एक यात्री की ओर से उसे सौंपे गए थे और इसमें एक अन्य महिला एयरपोर्ट कर्मचारी भी शामिल थी। त्वरित कार्रवाई में मुंबई एयरपोर्ट पर दो यात्रियों को उस समय पकड़ा गया, जब वे हवाई अड्डे के कर्मचारियों को सोने के पांच कैप्सूल सौंप रहे थे। ये यात्री मस्कट और दुबई से तस्करी किए गए सोने की डिलीवरी के बाद बैंकॉक जाने के लिए आए थे। तस्करी किए गए सोने को एयरपोर्ट से गुप्त तरीके से ले जाने में शामिल एक महिला एयरलाइन कर्मचारी और माल प्राप्तकर्ता को भी गिरफ्तार किया गया।

कुल मिलाकर, 3.47 किलोग्राम शुद्ध वजन के मोम के रूप में सोने की धूल से भरे 8 कैप्सूल बरामद कर जब्त किए गए। दो ट्रांजिट यात्रियों, हवाई अड्डे के दो कर्मचारियों और एक प्राप्तकर्ता सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एक बार फिर इस बात को उजागर करती है कि संगठित गिरोह तस्करी किए गए सोने को गुप्त रूप से ले जाने के लिए ट्रांजिट मार्ग और हवाई अड्डे के कर्मचारियों का तेजी से दुरुपयोग कर रहे हैं।

मुंबई में जब्त की गई सोने के पेस्ट से भरी आठ कैप्सूल

इसके पहले, 31.08.26 और 06.09.2026 को दो अलग-अलग अभियानों में, डीआरआई अधिकारियों ने कोलकाता से मुंबई जा रही एक ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री से 1.6 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे अभियान में, हॉन्ग कॉन्ग से आयातित एक ट्रेडमिल के मोटर से लगभग 700 ग्राम वजन की एक चापाकार 24 कैरेट सोने की छड़ बरामद की गई। मुंबई, चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में की गई तलाशी में अन्य पुर्जों को अलग किया गया और छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए। एक चीनी नागरिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मुंबई में एक ट्रेडमिल की मोटर से बरामद किया गया सोना

8-9.09.26 को, डीआरआई ने उत्तर प्रदेश के चंदौली पुलिस के समन्वय से कार के गियरबॉक्स के नीचे एक बक्से में छिपाकर रखी गई 22 विदेशी मूल की सोने की छड़ों की बरामदगी की कार्यवाही अपने हाथ में ली। कार में सवार लोग बरामद सोने पर वैध कब्जे के सहयोग में कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच से पता चला कि बरामद सोना बांग्लादेश से तस्करी करके लाया गया था। इसके बाद, लगभग 2.56 किलोग्राम बरामद सोना जब्त कर लिया गया और दोनों लोगों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के अंतर्गत डीआरआई की ओर से गिरफ्तार कर लिया गया।

वाराणसी स्थित डीआरआई की ओर से जब्त की गई 22 सोने की छड़ें

8-9.09.26 को, बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू आगमन क्षेत्र में, डीआरआई अधिकारियों ने एक यात्री को रोका, जो फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। उस पर विमान के अंदर छिपाकर रखे गए तस्करी के सोने को निकालने का संदेह था। जांच करने पर, उसके सामान से लगभग 1 किलोग्राम वजन के सोने की पांच छड़ें बरामद हुईं। उस यात्री को गिरफ्तार किया गया।

30 अगस्त 2026 को चेन्नई में, विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने चेन्नई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका की दो अलग-अलग उड़ानों से रहे दो यात्रियों को रोका। मलाशय में छिपाकर रखी गई आठ कैप्सूलों से पेस्ट के रूप में रखा गया सोना बरामद किया गया; निकालने पर 2.5 किलोग्राम 24 कैरेट सोना मिला। जांच में हवाई अड्डे के कर्मचारियों की मिलीभगत का खुलासा हुआ। इस मामले में दो विदेशी यात्रियों सहित छः लोगों को गिरफ्तार किया गया।

चेन्नई में जब्त किए गए 8 कैप्सूल

1 से 2 सितंबर 2026 को कालीकट में दो अलग-अलग अभियानों में, डीआरआई अधिकारियों ने 1.7 किलोग्राम सोना जब्त किया। एक मामले में, कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर, एक यात्री की नवजात बेटी के डायपर के अंदर छिपाई गई दो कैप्सूल और एक पैकेट में रखे सोने के मिश्रण से 770 ग्राम सोना बरामद किया गया। दूसरे मामले में, दुबई से आने वाले एक यात्री के चेक-इन बैगेज में रखी कॉफी मशीन के भारी धातु के छल्ले से लगभग 1 किलोग्राम 24 कैरेट सोने का टुकड़ा बरामद किया गया। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

कालीकट में कॉफी मशीन में छिपा सोना

डीआरआई की खुफिया जानकारी पर आधारित और सम्मिलन से की गई प्रवर्तन कार्रवाइयां तस्करी श्रृंखला के कई चरणों में संगठित सोने की तस्करी के नेटवर्क को बाधित करना जारी रखे हैं और देश में कीमती धातुओं की अवैध आवाजाही को रोक रही हैं।

***

पीके/केसी/एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2308893) आगंतुक पटल : 48
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Telugu , Kannada , Malayalam