पंचायती राज मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दानवीर: पंचायती राज मंत्रालय ने ग्राम पंचायतों में डिजिटल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया

सरल, सुरक्षित और पारदर्शी डिजिटल प्रक्रिया में मेरी पंचायत ऐप के माध्‍यम से किसी भी पात्र ग्राम पंचायत को सीधे कंप्यूटर द्वारा दान देना संभव हो जाता है

प्रविष्टि तिथि: 27 AUG 2026 12:57PM by PIB Delhi

पंचायती राज मंत्रालय जमीनी स्तर पर डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में योगदान देने के लिए जनता को 'दानवीर' बनने के लिए आमंत्रित करता है। दानवीर, एक जन-नेतृत्व वाली कंप्यूटर क्राउडसोर्सिंग पहल है। यह व्यक्तियों और संगठनों को एक सरल, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-आधारित तंत्र के माध्यम से सत्यापित ग्राम पंचायतों को सीधे डेस्कटॉप कंप्यूटर दान करने में सक्षम बनाती है। यह पहल राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) सहित सरकारी कार्यक्रमों के तहत बनाए गए बुनियादी ढांचे के समर्थन की पूरक है। यह पहल जमीनी स्तर पर डिजिटल शासन और सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए स्वैच्छिक जन भागीदारी का लाभ उठाने का प्रयास करती है।

दानवीर के माध्‍यम से ग्राम पंचायत को कंप्यूटर दान करना ऑनलाइन खरीदारी जितना ही सरल और सुविधाजनक है। मेरी पंचायत ऐप के माध्यम से नागरिक, सम्‍बंधित राज्य सरकारों द्वारा प्रमाणित उन ग्राम पंचायतों की सूची देख सकते हैं। जिन पंचायतों को डेस्कटॉप कंप्यूटर की आवश्यकता है उनके लिए आप अपने फ़ोन से ही अपनी या किसी अन्य पात्र ग्राम पंचायत को दान करने का विकल्प चुन सकते हैं। "कंप्यूटर दान करें" पर क्लिक करते ही, दानकर्ता को बिना किसी अलग पंजीकरण के सीधे ओएनडीसी द्वारा समर्थित डिजिटल बाज़ार डिजि‍-हाट पर भेज दिया जाता है। चयनित पंचायत का वितरण पता और प्राप्तकर्ता का विवरण स्वचालित रूप से भर जाता है, इससे व्‍यक्तिगत रूप से डेटा दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। दानकर्ता निर्धारित तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप मानकीकृत कंप्यूटर बंडलों में से चयन कर सकते हैं, डिजिटल रूप से भुगतान कर सकते हैं और पुष्टि और प्रेषण से लेकर वितरण और पावती तक ऑर्डर को ट्रैक कर सकते हैं। ग्राम पंचायत सचिव द्वारा पावती के बाद, दानकर्ता को डिजिटल रूप से जारी प्रशंसा पत्र प्राप्त होता है। इस प्रकार, इस पहल के तहत, ऑर्डर देने से लेकर वितरण तक, दान प्रक्रिया के हर चरण को वास्तविक समय में ट्रैक किया जा सकता है। इससे पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

दानवीर पहल के माध्यम से दान किया गया एक कंप्यूटर ग्राम पंचायत की योजना, वित्तीय प्रबंधन, अभिलेख-संरक्षण और नागरिक सेवा वितरण के लिए डिजिटल शासन प्लेटफार्मों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने की क्षमता को मजबूत कर सकता है। यह पहल इस प्रभाव को एक पारदर्शी दान प्रक्रिया के साथ जोड़ती है। इससे जनता अपनी ग्राम पंचायत की दान स्थिति देख सकती है और दानकर्ता अपने योगदान को डिजिटल रूप से ट्रैक कर सकते हैं। यह अपने पैतृक गांवों से दूर रहने वाले नागरिकों को जमीनी स्तर पर डिजिटल अवसंरचना में योगदान करने और अपने गांवों से पुनः जुड़ने का एक विश्वसनीय माध्यम भी प्रदान करता है। इनमें भारतीय प्रवासी, परोपकारी संगठन और सीएसआर भागीदार शामिल हैं। अधिक राज्यों में पात्र ग्राम पंचायतों को शामिल करने के साथ, दानवीर में मजबूत और डिजिटल रूप से सशक्त पंचायतों के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन में विकसित होने की क्षमता है। 27 अगस्त 2026 तक, 75 कंप्‍यूटर दान पहले ही किए जा चुके हैं। इससे, इस पहल के प्रति उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया और बढ़ती जन स्वीकृति का पता चलता है। सफल समापन पर, दानकर्ताओं को स्थानीय शासन को मजबूत करने में उनके योगदान को मान्यता देते हुए एक प्रशंसा पत्र प्राप्त होता है। दानवीर सहभागी शासन का एक अभिनव मॉडल प्रस्तुत करता है। यह जमीनी स्तर की संस्थाओं को मजबूत करने में सरकारी प्रयासों के पूरक के रूप में स्वैच्छिक जन भागीदारी को सक्षम बनाता है। नागरिकों, परोपकारियों, संगठनों, सीएसआर भागीदारों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों को आगे आकर दानवीर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

क्यूआर कोड स्कैन करें और मेरी पंचायत ऐप पर पंजीकरण करें। अधिक जानकारी के लिए, https://egramswaraj.gov.in/danveer/ पर जाएं।

दानवीर से संबंधित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न: यहां क्लिक करें

डोनर मॉड्यूल के लिए: यहां क्लिक करें

***

पीके/केसी/वीके/एम

 


(रिलीज़ आईडी: 2303849) आगंतुक पटल : 93
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Bengali-TR , Gujarati , Tamil , Kannada