संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत ने पुणे में डिजिटल सहयोग और भविष्य की नेटवर्क प्रौद्योगिकियों को सुदृढ़ करने के लिए 7वीं ब्रिक्स आईसीटी कार्य समूह की बैठक का आयोजन किया, यह बैठक भारत की अध्यक्षता के विषय, "सामर्थ्य, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण" से प्रेरित है


ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि एआई, अगली पीढ़ी के संचार, उद्योग 4.0, विद्युत चुम्बकीय क्षेत्र (ईएमएफ) से संपर्क और डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के एकीकरण पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए

प्रविष्टि तिथि: 17 AUG 2026 8:08PM by PIB Delhi

पुणे में आईसीटी में सहयोग के लिए ब्रिक्स कार्य समूह की 7वीं बैठक के शुभारंभ के साथ ही आज भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत सूचना और संचार प्रौद्योगिकी में सहयोग पर ब्रिक्स ट्रैक के सदस्यों की आमने-सामने बैठकें शुरू हुईं।

दूरसंचार विभाग के सचिव श्री अमित अग्रवाल ने बैठकों का उद्घाटन करते हुए प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत किया और भारत की अध्यक्षता में आईसीटी ट्रैक के विषय "सामर्थ्यवान भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और परिवर्तन (आईसीटी) तथा इसके चार स्तंभों का उल्लेख किया। इस अवसर पर भाग लेने वाले प्रत्येक सदस्य देश के प्रतिनिधि ने उद्घाटन भाषण दिया।

दूरसंचार विभाग के सचिव श्री अमित अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा, "आज बैठकों के उद्घाटन के साथ ही ब्रिक्स आईसीटी ट्रैक के अंतर्गत चर्चा के लिए महत्वपूर्ण सप्ताह का शुभारंभ हो रहा है और यह कई महीनों से जारी मिलकर साथ काम करने की प्रक्रिया को दर्शाता है। इस वर्ष की शुरूआत में जब ब्रिक्स आईसीटी ट्रैक की भारत की अध्यक्षता प्रारंभ हुई उसके बाद से हमने लगातार कार्य समूह की बैठकों, विषयगत वेबिनार, अवधारणा संबंधी बिंदुओं पर चर्चा तथा विशेषज्ञों और अधिकारियों के बीच नियमित आदान-प्रदान के माध्यम से एक साथ मिलकर काम किया है। इन चर्चाओं ने हमें अनुभव साझा करने, अपनी प्राथमिकताओं के बारे में सामान्य समझ बनाने और सामूहिक रूप से आज हमारे सामने एजेंडे को आकार देने में सक्षम बनाया है।"

इस दौरान, ब्रिक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फ्यूचर नेटवर्क्स की परिषद की बैठक हुई और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अगली पीढ़ी के संचार, उद्योग 4.0 में इंटरनेट अनुप्रयोगों और विद्युत चुम्बकीय क्षेत्र के संपर्क संबंधी विषयों पर अध्ययन समूहों के अपडेट के साथ-साथ निर्दिष्ट राष्ट्रीय शाखाओं की गतिविधियों की समीक्षा की गई।

इसके बाद, कार्य समूह ने अध्यक्षता की ओर से निर्धारित मुद्दों पर टिप्पणी की प्राथमिकताओं और प्रत्येक स्तंभ के अंतर्गत चर्चा के लिए प्रश्नों के साथ-साथ सर्वेक्षण प्रश्नावली के लिए सदस्य देशों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं के संकलन पर भी चर्चा की। इस दौरान, सदस्य देशों की ओर से प्रस्तुत अवधारणा संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की गई।

डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना पर फोकस ग्रुप की बैठक और डिजिटल ब्रिक्स कार्य बल की बैठक के साथ सभी बैठकें कल भी जारी रहेंगी।

अधिक जानकारी के लिए दूरसंचार विभाग के हैंडल को देखें: -

X - https://x.com/DoT_India

Insta- https://www.instagram.com/department_of_telecom?igsh=MXUxbHFjd3llZTU0YQ==

Fb - https://www.facebook.com/DoTIndia

Youtube: https://youtube.com/@departmentoftelecom?si=DALnhYkt89U5jAaa

***

पीके/केसी/केके/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2300769) आगंतुक पटल : 54
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Manipuri , Telugu , Kannada , Malayalam