संचार मंत्रालय
अब यूपीआई से संचालित पोसट्रांसफर पर आधारित कतर-भारत डाक धन-प्रेषण सेवा कतर में डाक केन्द्रों के माध्यम से उपलब्ध है
नई डिजिटल डाक प्रेषण सेवा के माध्यम से कतर से भारत में तेजी से, सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से धन भेजना संभव
प्रविष्टि तिथि:
17 AUG 2026 4:20PM by PIB Delhi
यूपीआई से संचालित पोसट्रांसफर पर आधारित कतर-भारत धन-प्रेषण सेवा अब कतर में उपलब्ध है। इस सेवा से कतर में ग्राहकों को कतर डाक केंद्रों के माध्यम से भारत में यूपीआई-सक्षम बैंक खातों में सीधे रकम भेजना संभव हो गया है।
इस सेवा को कतर पोस्ट, इंडिया पोस्ट, यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के इंटरकनेक्शन प्लेटफॉर्म (यूपीयू-आईपी) और एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) के सहयोग से विकसित किया गया है। यह पहल सीमा पार धन भेजने के लिए कुशल और सुविधाजनक माध्यम प्रदान करने के उद्देश्य से डाक नेटवर्क की व्यापक पहुंच को भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के साथ जोड़ती है।
15 अगस्त 2026 को भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कतर में इस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कतर स्थित भारतीय दूतावास में माननीय कार्यवाहक राजदूत संदीप कुमार ने दोहा के लुलु मॉल में कतर डाक केंद्र पर जाकर हितधारकों के साथ बातचीत की। इस बातचीत में भारत और कतर के बीच डिजिटल वित्तीय संपर्क और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने में इस पहल के महत्व पर बल दिया गया।

कतर में यूपीआई धन-प्रेषण सेवा से संचालित पोसट्रांसफर
उपभोक्ता इस सेवा के अंतर्गत आवश्यक ग्राहक पहचान विवरण के साथ भारत में प्राप्तकर्ता की यूपीआई आईडी प्रदान करके कतर डाक केंद्र पर धन भेजना शुरू कर सकते हैं। इसके लिए प्राप्तकर्ता को उपयोग किए जा रहे यूपीआई ऐप के माध्यम से विदेश से आने वाली रकम को प्राप्त करने की सुविधा को सक्रिय करना आवश्यक है। एक बार सक्रिय होने के बाद भेजी गई राशि लाभार्थी के यूपीआई-सक्षम बैंक खाते में तत्काल जमा हो जाती है।
इस सेवा के अंतर्गत 10 कतरी रियाल (क्यूएआर) से 4,000 कतरी रियाल (क्यूएआर) तक की राशि के लिए लेनदेन शुरू किया जा सकता है जो अधिकतम 1 लाख रुपये प्रति लेनदेन के समतुल्य है। इस पर प्रति लेनदेन 15 कतरी रियाल (क्यूएआर) का निश्चित सेवा शुल्क लागू होता है।
यह सेवा कतर में बड़े भारतीय समुदाय के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है जो भारत में उनके परिवारों को पैसे भेजने के लिए विश्वसनीय, सुलभ और सस्ता माध्यम प्रदान करती है। यह पहल यूपीआई की क्षमताओं के साथ डाक नेटवर्क की पहुंच को जोड़कर दोनों देशों के बीच अधिक वित्तीय समावेशन और निर्बाध डिजिटल वित्तीय संपर्क में योगदान देती है।
भारत और कतर के बीच अंतरराष्ट्रीय डाक वित्तीय सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल वित्तीय सहयोग में कतर-भारत कॉरिडोर महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यूपीआई के साथ यूपीयू-आईपी का एकीकरण समावेशी, अंतर-संचालित और कुशलतापूर्वक सीमा पार वित्तीय सेवाओं की सुविधा के लिए डाक नेटवर्क और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की क्षमता को प्रदर्शित करता है।
यूपीआई से संचालित पोसट्रांसफर अंतरराष्ट्रीय धन-प्रेषण सेवा है जिसके माध्यम से विदेशों से राशि प्राप्त की जा सकती है। यह भारत के यूपीआई के अनुकूल परिवेश के साथ यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के इंटरकनेक्शन प्लेटफॉर्म (यूपीयू-आईपी) के एकीकरण के माध्यम से सक्षम की गई है। यह सेवा इसमें भाग लेने वाले डाक ऑपरेटरों को भारत में यूपीआई-सक्षम बैंक खातों में धन भेजने के लिए ग्राहकों को सरल और सुरक्षित तंत्र प्रदान करने में सक्षम बनाती है।
भारतीय डाक विभाग अन्य देशों में भी डाक ऑपरेटरों के साथ काम कर रहा है ताकि यूपीआई कॉरिडोर से संचालित अतिरिक्त पोसट्रांसफर को चालू किया जा सके ताकि प्रवासी भारतीयों के लिए अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संपर्क और मजबूत हो सके।

***
पीके/केसी/केके/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2300759)
आगंतुक पटल : 19