प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सकों को बधाई दी
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन अमिस्ताद के अंतर्गत वेनेजुएला में अथक परिश्रम कर रहे भारत के सभी चिकित्सा पेशेवरों की सराहना की
प्रविष्टि तिथि:
01 JUL 2026 12:22PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर देश के चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट सेवा, करुणा तथा प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त किया है।
श्री मोदी ने कहा कि चिकित्सकों की कड़ी मेहनत, करुणा और समर्पण देश की स्वास्थ्य प्रणाली की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उनके अथक प्रयासों ने देश में अनगिनत लोगों का विश्वास और आभार हासिल किया है।
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है, जबकि स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल सीटों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इस अभूतपूर्व वृद्धि से चिकित्सक बनने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए अधिक अवसर सृजित हो रहे हैं, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यबल मजबूत हो रहा है और यह सुनिश्चित हो रहा है कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा देश के हर कोने तक पहुंचे।
श्री मोदी ने ऑपरेशन अमिस्ताद के अंतर्गत वेनेजुएला में सेवा दे रहे भारतीय चिकित्सकों और चिकित्सा पेशेवरों के समर्पण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण समय में उनकी नि:स्वार्थ सेवा यह दर्शाती है कि समाज को जब भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, स्वास्थ्यकर्मी किस प्रकार हमेशा आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालते हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा:
चिकित्सक दिवस के अवसर पर हमारे समर्पित चिकित्सकों को हार्दिक शुभकामनाएं, जिनकी कड़ी मेहनत, करुणा और प्रतिबद्धता देश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं। सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उनके अथक प्रयासों ने अनगिनत लोगों का विश्वास और आभार हासिल किया है।
पिछले एक दशक में देश ने अपने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है, जबकि स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह अभूतपूर्व वृद्धि महत्वाकांक्षी चिकित्सकों के लिए अधिक अवसर पैदा कर रही है, एक मजबूत स्वास्थ्य सेवा कार्यबल का सृजन कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल देश के हर कोने तक पहुंचे।
जैसे-जैसे हम एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं, हमारे चिकित्सक निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने, चिकित्सा अनुसंधान को आगे बढ़ाने, नवाचार को अपनाने और सभी के लिए सस्ती तथा सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
#NationalDoctorsDay
आज, चिकित्सक दिवस के अवसर पर मैं भारत के उन सभी चिकित्सकों और चिकित्सा पेशेवरों की सराहना करना चाहता हूं जो #OperationAmistad के अंतर्गत वेनेजुएला में अथक परिश्रम कर रहे हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जरूरतमंदों की सेवा करने के उनके प्रयास इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण हैं कि कैसे चिकित्सा पेशेवर हर बार समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए आगे आते हैं।
****
पीके/केसी/एचएन/वाईबी
(रिलीज़ आईडी: 2279768)
आगंतुक पटल : 192
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English
,
Urdu
,
Marathi
,
Bengali
,
Bengali-TR
,
Manipuri
,
Assamese
,
Gujarati
,
Odia
,
Tamil
,
Telugu
,
Kannada
,
Malayalam