युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) को ऑनलाइन क्विज़ में एक सप्ताह के भीतर सबसे अधिक भागीदारी के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की मान्यता


डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, भारत के युवाओं और विकसित भारत@2047 की यात्रा में उनके विश्वास को समर्पित है यह सम्मान

प्रविष्टि तिथि: 04 JUN 2026 2:33PM by PIB Delhi

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के प्रमुख युवा जुड़ाव मंच, मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) को " ऑनलाइन क्विज़ में एक सप्ताह में सबसे अधिक संख्या लोगों के भाग लेने" पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स खिताब से सम्मानित किया गया है। आधिकारिक मूल्यांकन अवधि के दौरान ऑनलाइन क्विज़ में 390,812 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

नई दिल्ली के श्रम शक्ति भवन में आज एक समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक श्री ऋषिनाथ ने 'एमवाई भारत' को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र प्रदान किया। समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे, युवा कार्यक्रम विभाग सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि और युवा प्रतिभागी मौजूद थे।

यह सम्मान विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग  क्विज़ को दिया गया, जो 2047 में विकसित भारत भविष्य योजना के प्रति युवाओं में जागरूकता और भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आरंभ की गई राष्ट्रव्यापी युवा सहभागिता पहल है। एमवाई भारत पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस पहल में सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 50 लाख 42 हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इससे यह देश में आयोजित बड़े डिजिटल युवा सहभागिता अभ्यासों में से एक बन गया।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर एमवाई भारत और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल भारत के युवाओं की आकांक्षाएं पूरी कर रहा है, जिनकी देश में 35 वर्ष से कम आयु की लगभग 65 प्रतिशत आबादी है।

डॉ. मांडविया ने कहा कि पोर्टल पर युवाओं का विश्वास और भरोसा इस तथ्य से स्पष्ट है कि महज तीन वर्षों में, एमवाई भारत पर 2.19 करोड़ पंजीकरण हुए हैं और हर दिन इस पर हजारों नए युवा जुड़ रहे हैं।

डॉ. मनसुख मांडविया ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भारत के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वास्तव में यह सम्मान उन्हीं का है और यह विकसित भारत की यात्रा में उनके विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि एमवाई भारत पोर्टल केवल डिजिटल साधन नहीं बल्कि विश्वसनीय और सशक्त मंच है जहां युवा सार्थक रूप से जुड़ कर अपने विचार साझा कर सकते हैं और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य प्राप्त करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह बात तब स्पष्ट रूप से दिखी जब विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग- वीबीवाईएलडी के माध्यम से युवाओं द्वारा साझा विचारों को केंद्रीय बजट 2026 में शामिल किया गया

युवा कार्यक्रम विभाग सचिव श्रीमती पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि एमवाई भारत पोर्टल पूरे देश में युवाओं की सार्थक भागीदारी का विश्वसनीय मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल युवाओं की स्वाभाविक और स्वैच्छिक भागीदारी द्वारा विभिन्न प्रकार की सहभागिता संभव बनाता है

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा 25 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक आयोजित आधिकारिक मूल्यांकन अवधि में एमवाई भारत प्लेटफॉर्म पर 8.39 लाख से अधिक क्विज़ प्रतिभागियों की रिकॉर्ड संख्या में भागीदारी दर्ज की गई। स्वतंत्र डिजिटल फोरेंसिक ऑडिट (डिजिटल उपकरणों और नेटवर्क से प्राप्त साक्ष्य विश्लेषण, सत्यापन और भागीदारी रिकॉर्ड की विस्तृत जांच सहित व्यापक सत्यापन प्रक्रिया के बाद, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने 390,812 योग्य प्रतिभागियों को प्रमाणित किया, जिससे एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम हुआ।

यह उपलब्धि युवाओं की सहभागिता और भागीदारी अवसरों को बढ़ाने में डिजिटल प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल की भारत सरकार की प्रतिबद्धता रेखांकित करती है। यह स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षा, नेतृत्व विकास और समुदाय-संचालित कार्यों में राष्ट्रीय मंच के तौर पर 'एमवाई भारत' की बढ़ती भूमिका भी दर्शाती है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की मान्यता युवा सशक्तिकरण और नागरिक भागीदारी में भारत के डिजिटल नवाचार उपयोग प्रयासों में महत्वपूर्ण उपलब्धि है साथ ही यह विकसित भारत@2047 के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में सहायक है ।

****

पीके/केसी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2268919) आगंतुक पटल : 212
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Bengali , English , Gujarati , Urdu , Marathi , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam