संस्कृति मंत्रालय
भारत ने ध्वजारोहण करके और 7.50 करोड़ सेल्फी अपलोड करके हर घर तिरंगा मनाया
प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में तिरंगे की भावना की सराहना की
पेयजल और स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के बीच सहयोग से हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता के भाग के रूप में 1.8 करोड़ से अधिक स्वच्छ सुजल गांव प्रतिज्ञाएं ली गई, जिससे नागरिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों को बल मिला
9 लाख स्वयंसेवकों ने स्वैच्छिक पहुंच कार्यों के माध्यम से तिरंगे की भावना लोगों तक पहुंचाई
Posted On:
16 AUG 2025 10:15PM by PIB Delhi
हर घर तिरंगा 2025, एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन का चौथा संस्करण है जो प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर लाने और तिरंगे के साथ अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को गहरा करने के लिए प्रोत्साहित करता है। यह तिरंगे की भावना से बंधी हमारी साझा पहचान, स्वतंत्रता और एकता का उत्सव है। आजादी का अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में 2022 में शुरू किया गया यह अभियान अब एक शक्तिशाली आंदोलन बन गया है जिसमें भारत के कोने-कोने और दुनिया भर के भारतीयों ने भाग लिया है। जमीन से लेकर जल, जल से लेकर आकाश तक - तिरंगे ने अपना जादू बिखेरा और सभी में देशभक्ति की भावना जगाई।
इस वर्ष, हर घर तिरंगा 2 अगस्त से शुरू हुआ और 15 अगस्त तक तीन प्रभावशाली चरणों में आयोजित किया गया जिसमें जागरूकता उत्पन्न करने, जन-सम्पर्क और सहभागी कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज की भावना का उत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया गया। यह भावना हम सभी को एक सूत्र में पिरोती है। इस वर्ष स्वैच्छिक कार्यों, नागरिक गौरव, स्वच्छता अभियान और हमारे सशस्त्र बलों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता पर जोर दिया गया है।
तिरंगा स्वयंसेवक इस वर्ष शुरू किया गया एक नया भाग है। इसका उद्देश्य उम्र, तकनीक तक सीमित पहुंच आदि से विवश लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है ताकि वे विश्व के सबसे बड़े जनभागीदारी आंदोलन का हिस्सा बन सके। हर घर तिरंगा 2025 के दौरान 9 लाख से ज्यादा स्वयंसेवकों ने भाग लिया और तिरंगे और इस उत्सव की भावना को देश भर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में दूसरों तक पहुंचाया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में तिरंगे की भावना का बखान किया और हर घर तिरंगा अभियान में अभूतपूर्व भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘आज 140 करोड़ भारतीय तिरंगे के रंगों में रंगे हुए हैं। ‘हर घर तिरंगा’ लहरा रहा है, चाहे वह रेगिस्तान से हो, हिमालय की चोटियों से हो, समुद्र तटों से हो, या घनी आबादी वाले क्षेत्रों से हो, हर जगह एक ही प्रतिध्वनि, एक ही जयकार है: अपनी मातृभूमि की जय, जो हमें अपने प्राणों से भी अधिक प्रिय है।’’
गृह मंत्री श्री अमित शाह ने एचजीटी2025 में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस (सीएपीएफ) बलों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और राष्ट्र को सदैव सर्वोपरि रखने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। संस्कृति मंत्रालय द्वारा 12 अगस्त को दिल्ली में सांसदों के साथ आयोजित तिरंगा बाइक रैली में सीएपीएफ की विभिन्न इकाइयों के 200 से अधिक सवारों ने भी भाग लिया।
इस वर्ष ‘‘हर घर तिरंगा’’ ने देश और दुनिया भर में तिरंगा से प्रेरित कला, संगीत कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, रंगोली, यात्राएं और रैलियां, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति फिल्मों के प्रदर्शन आदि सहित कई प्रेरक कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से देशभक्ति का उत्सव मनाया। संस्कृति मंत्रालय ने दिल्ली के भारत मंडपम में शान के साथ एक विशेष तिरंगा संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया। पूरे भारत भर के बच्चों ने तिरंगे की भावना से प्रेरित होकर पत्र लिखकर और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को तिरंगा राखी बांधकर पुलिसकर्मियों और सैनिकों की सेवा के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी:
राज्य और केंद्र शासित प्रदेश, मंत्रालय और विभाग, उद्योग निकाय और खुदरा संघ, कॉर्पोरेट और निजी नागरिक, सभी ने आगे आकर हर घर तिरंगा के आह्वान को अपनाया है और स्थानीय गतिविधियों जैसे तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा मेला, तिरंगा यात्रा और रैलियां, हर डेस्क तिरंगा जैसी अनुकूल पहल आदि के आयोजन और भागीदारी के माध्यम से समारोहों को गति और रंग दिया है।
स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी:
देश भर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने पिछले कुछ महीनों में तिरंगे की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय तक काम किया है, साथ ही तिरंगे और उससे जुड़े सामान बनाने वाली छोटी-बड़ी निर्माण इकाइयों ने भी आय बढ़ाने के अवसर पैदा किए हैं। कई स्थायी ब्रांडों ने भी झंडों की सिलाई से बची हुई सामग्री के पुनर्चक्रण के माध्यम से अवसर खोजे हैं।
हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता:
पेयजल और स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के बीच सहयोग से यह पहल नागरिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों को प्रोत्साहित करती है। 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) का उद्देश्य सार्वभौमिक स्वच्छता कवरेज प्राप्त करना और पूरे भारत में स्वच्छता को बढ़ावा देना है और 15 अगस्त, 2019 को, माननीय प्रधानमंत्री ने हर घर में नल से स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन: हर घर जल कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जैसा कि भारत 15 अगस्त (दोनों प्रमुख मिशनों की वर्षगांठ) को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाता है, यह स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण के लिए हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का एक उपयुक्त क्षण है। हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के भाग के रूप में 1.8 करोड़ से अधिक स्वच्छ सुजल गांव प्रतिज्ञाएं ली गई।
तिरंगे के साथ सेल्फी:
लोकप्रिय ‘‘हर घर तिरंगा’’ सेल्फी अभियान को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और 16 अगस्त 2025 को शाम 6 बजे तक 7.50 करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी अपलोड की गई। इस शानदार भागीदारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, ‘‘हर घर तिरंगा’’ के लिए नोडल मंत्रालय संस्कृति मंत्रालय के सचिव, श्री विवेक अग्रवाल ने कहा, ‘‘हर घर तिरंगा न केवल एक जनभागीदारी आंदोलन बन गया है बल्कि लोगों के लिए एक सामाजिक-सांस्कृतिक उत्सव भी बन गया है। इस तरह की स्वैच्छिक कार्य और राष्ट्रीय गौरव का प्रदर्शन अभूतपूर्व है। यह विशाल भागीदारी ‘‘हर घर तिरंगा’’ को दुनिया के सबसे बड़े सहभागी उत्सवों में से एक बनाती है।’’
पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तिरंगे की विरासत को आगे बढ़ाने और हर घर तिरंगा आंदोलन में पूरे दिल से भागीदारी करने के लिए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे जो खुशी हो रही है, उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। तिरंगा रैलियां, यात्राएं, पत्र लेखन और अपनी सेनाओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए राखी बनाने और अब तिरंगा सेल्फी अपलोड करने में सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया जिससे हर घर तिरंगा वास्तव में एक जन-उत्सव बन गया।’’
तिरंगा प्रदर्शनी
संस्कृति मंत्रालय ने तिरंगे पर एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की है, जो ध्वज के विकास, तिरंगे के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों की कहानियों को दर्शाती है और हर घर तिरंगा आंदोलन का उत्सव मनाती है।
निष्कर्ष
हर घर तिरंगा आंदोलन के माध्यम से तिरंगे की विरासत को नई गति मिली है। इसने 1.4 अरब भारतीयों के दिलों में तिरंगे के साथ एक व्यक्तिगत जुड़ाव के बीज बोए हैं। हर घर तिरंगा हमें अपने इतिहास के और करीब लाया है, साथ ही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के योगदान और बलिदान का सामूहिक सम्मान भी किया है।
अधिक देखने के लिए यहां क्लिक करें:-
***
पीके/केसी/पीपी/वीके
(Release ID: 2157274)