WAVES BANNER 2025
सूचना और प्रसारण मंत्रालय

एनीमे एसेंडिंग: वेव्‍स-2025 में विशेषज्ञ कहानी कहने की रणनीतियों और उद्योग के विकास को समझेंगे


भारत के पास ऐसे साहसिक मॉडलों को आगे बढ़ाने की अद्वितीय क्षमता है जो अन्यत्र सफल नहीं हुए हैं: जेरेमी लिम, जीएफआर फंड

स्क्रीन के पीछे के विजनरीज: फायरसाइड चैट ने वेव्स-2025 में सिनेमा संसार में वीएफएक्स के भविष्य की खोज की

वीएफएक्स उद्योग में भारत एक महाशक्ति बनने जा रहा है और वेव्स इसे आगे ले जाने की एक बेहतरीन पहल है

 Posted On: 01 MAY 2025 9:39PM |   Location: PIB Delhi

मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में प्रथम वेव्स-2025 शिखर सम्मेलन के उद्घाटन दिवस पर भारत के जीवंत एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्‍स (एवीजीसी) क्षेत्र में गहन विचार-विमर्श करने वाले महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए।

"एनीमे एसेंडिंग: अनलॉकिंग ग्लोबल पोटेंशियल इन स्टोरीटेलिंग, फैंडम एंड इंडस्ट्री ग्रोथ" शीर्षक से इस सत्र में जापानी और भारतीय एनीमेशन उद्योगों के प्रमुख व्यक्ति एक साथ आए, जिसमें एनीमे के विकास, भावनात्मक मूल और वैश्विक प्रक्षेपवक्र पर एक उच्चस्तरीय बातचीत हुई, जिसमें भारत की बढ़ती क्षमता पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया गया।

फिक्की एवीजीसी-एक्सआर फोरम के अध्यक्ष श्री मुंजाल श्रॉफ द्वारा संचालित इस सत्र के पैनल में प्रतिष्ठित सदस्य शामिल थे: नॉनटेट्रा के निदेशक और सीईओ श्री मकोतो तेजका; द एनीमे टाइम्स कंपनी, जापान के अध्यक्ष श्री हिदेओ कट्सुमता; ब्लू राइट्स, जापान के सीईओ श्री मकोतो किमुरा; री एंटरटेनमेंट कंपनी लिमिटेड के सीईओ और अध्यक्ष श्री अत्सुओ नाकायमा; तथा जिओस्टार में किड्स एंटरटेनमेंट और इन्फोटेनमेंट की बिजनेस हेड सुश्री अनु सिक्का।

श्री हिदेओ कट्सुमता ने भारतीय दर्शकों और भाषाओं पर बढ़ते फोकस के बारे में बात की। उन्होंने सामाजिक जुड़ाव और सांस्कृतिक एकीकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, "हम स्थानीय दर्शकों से जुड़ने के लिए जापानी एनीमेशन को भारतीय परंपराओं के साथ मिलाने के तरीके तलाश रहे हैं।"

श्री अत्सुओ नाकायामा ने जापान में एनीमे के आर्थिक प्रभाव के बारे में बहुमूल्य जानकारी दी और उपभोक्ता की महत्वपूर्ण भूमिका पर ध्यान दिलाया। उन्होंने जापानी एनीमेशन के लिए एक बाजार के रूप में भारत के बारे में आशा व्यक्त की। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और वाणिज्यिक संबंधों को जोड़ने में मनोरंजन व्यवसाय की क्षमता पर जोर दिया।

श्री मकोतो तेज्का ने एक विस्तृत प्रस्तुति में एनीमे की उत्पत्ति का पता लगाया। उन्‍होंने इस बात पर बल दिया कि जापानी एनीमेशन की जड़ें मंगा संस्कृति में गहराई से जुड़ी हैं।

सुश्री अनु सिक्का ने युवा दर्शकों के साथ क्या प्रतिध्वनित होता है, इसे बेहतर ढंग से समझने के लिए भारत में किए गए व्यापक शोध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "जापानी सामग्री के साथ सांस्कृतिक समानता और भावनात्मक जुड़ाव ने भारतीय बच्चों के बीच एनीमे की बढ़ती लोकप्रियता में योगदान दिया है। दर्शकों की प्रवृत्तियों के व्यवहार विश्लेषण ने प्रोग्रामिंग निर्णयों को महत्वपूर्ण रूप से निर्देशित किया है।‘’

श्री मकोतो किमुरा ने एनीमे की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति और विभिन्न देशों में इसके प्रभाव पर जोर दिया।

योलोग्राम स्टाइल के सीईओ आदित्य मणि द्वारा संचालित, द न्यू आर्केड: गेमिंग के नए मोर्चे पर वीसी का दृष्टिकोण नामक एक अंतर्दृष्टिपूर्ण सत्र ने भारत के गेमिंग क्षेत्र के अंदर रोमांचक अवसरों और नवाचारों पर गहन जानकारी प्रदान की। इस सत्र में वेंचर कैपिटलिस्ट (वीसी) के एक प्रतिष्ठित पैनल ने भाग लिया, जिन्होंने गेमिंग उद्योग के भीतर प्रमुख रुझानों, चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा की। पैनल में बिटक्राफ्ट वेंचर के पार्टनर अनुज टंडन, जेटापल्ट के संस्थापक शरण तुलसियानी, इनफ्लेक्शन पॉइंट वेंचर्स के संस्थापक और सीईओ विनय बंसल, क्राफ्टन इंडिया में कॉर्पोरेट डेवलपमेंट लीड निहांश भट और जीएफआर फंड के प्रिंसिपल जेरेमी लिम शामिल थे।

पैनल ने कहानीकारों के देश के रूप में भारत की अनूठी स्थिति पर जोर दिया। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक कथा परंपरा तेजी से इंटरएक्टिव मीडिया में समाहित हो रही है। उन्होंने बताया कि गेमिंग न केवल फिल्मों और डिजिटल फैशन के साथ बल्कि मुख्यधारा के मीडिया के साथ भी जुड़ रही है, जिसमें भारतीय गेमिंग स्टूडियो महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में उभर रहे हैं।

जेरेमी लिम ने बताया कि भारत के पास ऐसे साहसिक मॉडलों को अपनाने की अद्वितीय क्षमता है, जो अन्यत्र कारगर नहीं रहे हैं।

सत्र का मुख्य फोकस उभरते बाजारों में सफलता को आगे बढ़ाने में स्थानीयकरण की भूमिका थी। जबकि वैश्विक मॉडल प्रेरणा के रूप में काम करते हैं, पैनल ने स्थानीय अंतर्दृष्टि और उपभोक्ता व्यवहार के लिए गेमिंग अनुभवों को अनुकूलित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।

वर्ष 2025 की ओर देखते हुए, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया गया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता गेमप्ले को निजीकृत करने, उपयोगकर्ता इंटरैक्शन को बढ़ाने और इमर्सिव स्टोरीटेलिंग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

वीएफएक्स पर सत्र ने आधुनिक सिनेमा में दृश्य प्रभावों की महत्वपूर्ण भूमिका और कहानी कहने के तरीके को आकार देने में इसके भविष्य को तलाशने का एक अनूठा अवसर प्रदान किया। फ्रेमस्टोर इंडिया के प्रबंध निदेशक श्री अखौरी पी. सिन्हा द्वारा संचालित इस सत्र में प्रतिष्ठित पैनलिस्ट श्री जयकर अरुद्र, वीएफएक्स सुपरवाइजर, डीएनईजी; श्री संदीप कमल, स्वतंत्र वीएफएक्स सुपरवाइजर; और श्रीनिवास मोहन शामिल थे, जिन्हें बाहुबली और 2.0 में उनके काम के लिए सराहा गया। पैनलिस्टों ने जानकारी दी कि वीएफएक्स किस तरह सिनेमाई कहानियों में क्रांति ला रहा है।

श्री जयकर अरुद्र ने वीएफएक्स प्रस्तुतियों की रचनात्मक मांगों को पूरा करने में अनुसंधान और डिजाइन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "यह केवल तमाशा नहीं है - यह कहानी की अखंडता के बारे में है।" उन्होंने कहा, "भारत वीएफएक्स उद्योग में एक महाशक्ति बनने के लिए तैयार है, और इसको आगे बढ़ाने के लिए वेव्स एक शानदार पहल है।"

श्रीनिवास मोहन ने कहा, "प्रौद्योगिकी एक गेम-चेंजर है।" उन्होंने कहा, "जब इसे समझदारी से लागू किया जाता है, तो यह हमें सीमाओं को तोड़ने और विश्व स्तरीय दृश्य बनाने की क्षमता प्रदान करता है।"

श्री संदीप कमल ने उच्च गुणवत्ता वाले वीएफएक्स उपकरणों की बढ़ती पहुंच पर चर्चा की और बताया कि कैसे सामर्थ्य अब उत्कृष्टता के लिए बाधा नहीं रह गया है। उन्होंने कहा, "एक स्पष्ट अंतरदृष्टि ही हमें गुणवत्ता और समय सीमा दोनों को प्राप्त करने में मार्गदर्शन करती है।"

ब्रेकआउट सत्रों में आशावाद और सहयोग की गहरी भावनाएं समाहित थीं, क्योंकि एनीमे, वीएफएक्स और गेमिंग दुनिया भर में शक्तिशाली सांस्कृतिक और वाणिज्यिक शक्तियों के रूप में विकसित हो रहे हैं। इन क्षेत्रों में भारत के लिए अभूतपूर्व संभावनाएं हैं। वेव्‍स की भावना के अनुरूप, ब्रेकआउट सत्र नवाचार और कहानी कहने का उत्सव था।

****

एमजी/केसी/एचएन/वाईबी


Release ID: (Release ID: 2126097)   |   Visitor Counter: 105